You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नाइजीरिया: अपहर्ताओं ने फिरौती मिलने के बाद भी 38 बंधकों की हत्या की

एक स्थानीय अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि नाइजीरिया में अपहर्ताओं ने कम से कम 38 लोगों को अगवा कर उनकी हत्या कर दी है, जबकि उनकी रिहाई के लिए फिरौती की रकम दी जा चुकी थी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. ग़ज़ा में हवाई मार्ग से सहायता सामग्री गिराने के बीच डब्ल्यूएचओ ने जारी की यह चेतावनी, रथ कॉमरफ़ोर्ड, बीबीसी न्यूज़

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चेतावनी जारी की है कि ग़ज़ा में कुपोषण 'ख़तरनाक स्तर' पर पहुंच गया है और यह तेज़ी से बढ़ रहा है.

    डब्ल्यूएचओ की यह चेतावनी ऐसे वक़्त पर आई है जब ग़ज़ा में फिर से हवाई मार्ग से सहायता सामग्री गिरानी शुरू हो गई है.

    जॉर्डन ने कहा है कि उसने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ मिलकर रविवार को ग़ज़ा में 25 टन सहायता सामग्री गिराई है.

    वहीं, इसराइल ने कहा है कि वह ग़ज़ा के कुछ हिस्सों में हर रोज़ 10 घंटे के लिए सैन्य अभियान रोकेगा और संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की ओर से सहायता सामग्री भेजे जाने के लिए कॉरिडोर खोलेगा.

    इसराइल ने कहा है कि वह यह इसलिए कर रहा है जिससे कि 'जानबूझकर भुखमरी के झूठे दावे का खंडन' किया जा सके. वहीं, हमास ने इस मामले पर 'उसकी छवि ख़राब करने' का आरोप लगाया है.

    संयुक्त राष्ट्र सहायता प्रमुख टॉम फ़्लेचर ने रविवार को बताया कि इसराइल ने कुछ आवागमन प्रतिबंधों में ढील दी है.

    रॉयटर्स के मुताबिक़, फ़्लेचर ने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स से पता चला है कि ग़ज़ा में 100 से अधिक ट्रकों से सहायता सामग्री पहुंच गई है.

  2. यूपी: बाराबंकी में शिव मंदिर में करंट फैलने से मची भगदड़, दो लोगों की मौत, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक शिव मंदिर में करंट फैलने से भगदड़ मच गई. इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं.

    सीएमओ अवधेश यादव ने दो लोगों के मरने की पुष्टि की है.

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवार वालों के प्रति शोक प्रकट किया है और घायलों के इलाज के लिए ज़िला प्रशासन को निर्देशित किया है.

    इस घटना के बारे में बाराबंकी के डीएम शशांक त्रिपाठी ने बताया, "अवसानेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालु दर्शन कर रहे थे. मंदिर परिसर में एक बरगद का पेड़ है जिसमें बहुत सारे बंदर रहते हैं. बंदर के बिजली के तार पर कूदने से तार टूट गया और शेड में करंट उतर आने की वजह से कुछ लोगों को इलेक्ट्रिक शॉक लगा है."

    डीएम ने बताया, "दो लोग गंभीर हैं, उन्हें ज़िला अस्पताल रेफ़र किया गया है. बाक़ी लोगों का इलाज सीएससी हैदरगढ़ और सीएससी त्रिवेदीगंज में चल रहा है. बाक़ी लोगों की स्थिति सामान्य है."

    घायलों की संख्या पूछे जाने पर डीएम शशांक त्रिपाठी ने कहा, "कुल 19 लोग सीएससी पहुंचे थे. इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है, बाक़ी सब की स्थिति सामान्य है."

    एक चश्मदीद ने बताया कि तार कटने की वजह से यह घटना हुई है. उनके भतीजे को भी चोट लगी है.

    अवसानेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालु सावन के तीसरे सोमवार को पूजा करने के लिए इकट्ठा हुए थे.

  3. अमेरिका और यूरोपीय संघ ट्रेड डील पर हुए राज़ी, अब इतना फ़ीसदी लगेगा टैरिफ़, सारा स्मिथ, बीबीसी नॉर्थ अमेरिका एडिटर

    अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है. दोनों पक्ष यूरोपीय संघ के सभी उत्पादों पर 15 फ़ीसदी अमेरिकी टैरिफ़ लगाने पर राज़ी हुए हैं.

    यह समझौता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के बीच स्कॉटलैंड में हुई मुलाक़ात के दौरान हुआ.

    ट्रंप ने शुक्रवार को 30 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की धमकी दी थी. हालांकि, उससे आधे में दोनों साझेदारों के बीच सहमति बन गई.

    ट्रंप ने कहा है कि 27 सदस्यों वाला यूरोपीय संघ कुछ उत्पादों पर ज़ीरो टैरिफ़ के साथ अमेरिकी निर्यातकों के लिए अपने बाज़ार खोलेगा.

    यूरोपीय संघ की अध्यक्ष ने भी इस समझौते की तारीफ़ की. उन्होंने कहा है कि इस समझौते से दोनों सहयोगियों के बीच स्थिरता आएगी.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका के व्यापार घाटे को कम करने के लिए प्रमुख अमेरिकी साझेदारों के ख़िलाफ़ टैरिफ़ लगाया है.

    यूरोपीय संघ के अलावा भी उन्होंने ब्रिटेन, जापान, इंडोनेशिया, फिलीपींस, और वियतनाम के साथ व्यापार समझौते किए हैं. हालांकि, ट्रंप अपने '90 दिनों में 90 समझौते' के लक्ष्य को नहीं पा सके हैं.

  4. जर्मनी में पटरी से उतरी ट्रेन, तीन लोगों की मौत और कई घायल, एमिली एटकिंसन और बेथनी बेल, बीबीसी न्यूज़

    जर्मनी के दक्षिण-पश्चिम इलाक़े में एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई है. पुलिस के मुताबिक़, इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.

    ट्रेन ऑपरेटर डॉयचे बान ने बताया है कि 'अज्ञात कारणों' से श्टुटगार्ट के पास रीटलिंगेन में ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई. स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक़, हादसे के कुछ वक्त पहले इस इलाक़े में तूफ़ान आया था.

    जर्मनी की समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक़, ट्रेन में लगभग 100 यात्री सवार थे. स्थानीय समयानुसार शाम 6:10 बजे एक जंगली इलाक़े में ट्रेन के कम से कम दो डिब्बे पटरी से उतर गए.

    जर्मनी के चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ ने एक्स पर पोस्ट किया कि वह हादसे के पीड़ितों के प्रति शोक व्यक्त करते हैं और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताते हैं.

    मर्त्ज़ ने कहा कि वह गृह मंत्री और परिवहन मंत्री के साथ संपर्क में हैं. उन्होंने आपातकालीन सेवाएं मुहैया कराने के लिए सभी ज़रूरी मदद करने का अनुरोध किया है.

    घटनास्थल से जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें ट्रेन के डिब्बे पलटे हुए दिखाई दे रहे हैं और भारी संख्या में आपातकालीन टीमें राहत बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.

  5. थाईलैंड-कंबोडिया विवाद के बहाने ट्रंप ने फिर किया भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम का ज़िक्र

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच संघर्ष विराम कराना उनके लिए आसान होगा क्योंकि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराया था.

    अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच हुई ट्रेड डील के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बात कही. इस दौरान यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी मौजूद रहीं.

    ट्रंप ने कहा, "हम थाईलैंड और कंबोडिया के साथ व्यापार करते हैं. फिर भी मैं पढ़ रहा हूं कि वे एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं... मैं कहता हूं कि यह मेरे लिए आसान होना चाहिए क्योंकि मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच समझौता कराया था."

    उन्होंने कहा, "मैंने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों को फ़ोन किया और कहा कि जब तक आप युद्ध नहीं सुलझा लेते, हम कोई व्यापार समझौता नहीं करेंगे. मुझे लगता है कि अब वे समझौता करने के लिए तैयार हैं."

    ट्रंप ने कहा कि अगर वह व्यापार के ज़रिए संघर्ष विराम करा पाते हैं तो यह उनके लिए सम्मान की बात होगी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर दोहराया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराया था. हालांकि, भारत इन दावों को नकारता रहा है.

    भारत का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से पहल होने के बाद दोनों देशों के बीच सहमति से संघर्ष विराम हुआ.

    ये भी पढ़ें:

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    - राजस्थान: स्कूल बिल्डिंग गिरने से मारे गए बच्चों के अंतिम संस्कार में क्या टायरों का इस्तेमाल हुआ?

    - प्रधानमंत्री मोदी के मालदीव दौरे पर चीन और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में क्या कहा जा रहा है

    - कोल्डप्ले कॉन्सर्ट में वीडियो के बाद सुर्ख़ियों में आई कंपनी का नया दांव जिसकी हो रही चर्चा

    - हल्दी के कई फ़ायदे बताए जाते हैं, लेकिन क्या इससे कोई नुक़सान भी है