You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरान के विदेश मंत्री बोले- समझौते के लिए तैयार लेकिन ये धमकियों के दम पर नहीं होगा

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि ईरान को समझौता करने में कोई हर्ज नहीं हैं, लेकिन समझौते धमकियों के दम पर नहीं होते हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, प्रवीण

  1. अमेरिका ने ईरान से जुड़ा लिया एक अहम फ़ैसला

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान के सीनियर अधिकारियों और उनके परिवारों को अमेरिका में रहने का विशेषाधिकार ख़त्म कर दिया गया है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है.

    बयान में कहा गया है, "ऐसे समय में जब ईरानी लोग अपने बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इस हफ़्ते अमेरिका में सीनियर ईरानी अधिकारियों और उनके परिवारों के निवास अधिकारों को रद्द करने के लिए कार्रवाई की है."

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "जो लोग ईरानी शासन के क्रूर दमन से फ़ायदा उठा रहे हैं, उन्हें हमारे देश की इमिग्रेशन व्यवस्था से लाभ उठाने का कोई अधिकार नहीं है."

    पिछले हफ़्ते अमेरिका के अटलांटा स्थित एमोरी विश्वविद्यालय ने ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी की बेटी को निष्कासित कर दिया था.

    विश्वविद्यालय के एक फैकल्टी सदस्य ने बीबीसी पर्शियन को इसकी पुष्टि की.

    फ़ातिमा अर्देशिर लारीजानी अटलांटा स्थित एमोरी विश्वविद्यालय के कैंसर अनुसंधान विभाग में कार्यरत थीं.

    ये भी पढ़ें:

  2. महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी और खड़गे ने क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन. पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधारस्तंभ है."

    उन्होंने कहा, "उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा."

    वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, "जिस नफ़रत ने हमें बापू से जुदा किया, उसका तोड़ भी बापू की ही राह है... सत्य का उजाला, अहिंसा की ताक़त, और प्रेम की करुणा. बलिदान दिवस पर राष्ट्रपिता को नमन."

    भारत में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के रूप में मनाई जाती है.

    ये भी पढ़ें:

  3. चीन के साथ समझौता करना ब्रिटेन के लिए बहुत ख़तरनाक: ट्रंप

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ब्रिटेन के लिए चीन के साथ समझौते करना 'बहुत ख़तरनाक' है. यह बयान ऐसे समय आया है, जब ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर चीन दौरे पर हैं.

    ट्रंप की यह प्रतिक्रिया पीएम स्टार्मर और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक के बाद सामने आई है.

    यह तीन दिन का दौरा ब्रिटेन और चीन के रिश्तों को नए सिरे से मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.

    दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का मक़सद व्यापार और निवेश को बढ़ाना है.

    फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री के प्रीमियर के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि ब्रिटेन के चीन के साथ कारोबारी रिश्ते बढ़ाने पर उनकी क्या राय है, तो उन्होंने कहा, "यह उनके लिए बहुत ख़तरनाक है."

    यह बयान उस समय आया है, जब पीएम स्टार्मर ने कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात के बाद ब्रिटेन और चीन के रिश्ते 'अच्छी और मज़बूत स्थिति' में हैं.

    शुक्रवार को ब्रिटेन के पीएम ने कहा कि राष्ट्रपति शी के साथ हुई 'बहुत अच्छी बैठकों' से वही स्तर का संवाद हुआ, जिसकी उन्हें उम्मीद थी.

  4. 14 साल बाद बांग्लादेश से पाकिस्तान के कराची पहुंची उड़ान

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका से उड़ान भरने वाला एक विमान गुरुवार को पाकिस्तान के कराची स्थित जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई और पाकिस्तानी अख़बार डॉन के मुताबिक़, दोनों देशों के बीच 14 साल बाद बिना रुके सीधी हवाई सेवा बहाल हुई है.

    पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की उड़ान बीजी-341 गुरुवार शाम ढाका से कराची पहुंची.

    अथॉरिटी ने बयान में कहा, "यह ढाका से आने वाली पहली उड़ान है, जो 14 साल बाद जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी है."

  5. ट्रंप ने कनाडा को फिर दी धमकी, जानिए अब क्या हुआ विवाद

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को एक नई चेतावनी दी है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा है, ''कनाडा ग़लत और अवैध रूप से और लगातार गल्फ़स्ट्रीम 500, 600, 700 और 800 जेट विमानों को सर्टिफाई करने से इनकार किया है. ये जेट अब तक बनाए गए सबसे बेहतरीन और तकनीकी रूप से उन्नत विमानों में से हैं. हम उनके बॉम्बार्डिएर ग्लोबल एक्सप्रेस विमानों और कनाडा में निर्मित सभी विमानों का सर्टिफिकेशन रद्द कर रहे हैं.''

    ''यह तब जारी रहेगा जब तक गल्फ़स्ट्रीम, जो एक बेहतरीन अमेरिकी कंपनी है, को पूरी तरह सर्टिफाई नहीं कर दिया जाता. इसे कई वर्ष पहले किया जाना चाहिए था. इसके अलावा कनाडा इसी सर्टिफिकेशन प्रक्रिया के माध्यम से अपने यहाँ गल्फस्ट्री के उत्पादों की बिक्री को प्रभावी रूप से प्रतिबंधित कर रहा है.''

    ट्रंप ने कहा, ''अगर किसी भी कारण से इस स्थिति को तत्काल ठीक नहीं किया गया तो मैं अमेरिका में बेचे जाने वाले किसी भी और सभी कनाडाई विमानों पर कनाडा से 50 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने जा रहा हूँ."

    ये भी पढ़ें:

  6. ट्रंप ने कहा- पुतिन ने यूक्रेन को लेकर उनकी एक बात मानी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 'अत्यधिक कड़ाके की ठंड' के कारण एक हफ़्ते तक यूक्रेन की राजधानी कीएव और अन्य शहरों पर हमला न करने पर सहमति जताई है.

    वॉशिंगटन डीसी में कैबिनेट की एक टेलीविज़न बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "मैंने व्यक्तिगत तौर पर राष्ट्रपति पुतिन से अपील की थी कि वे एक हफ़्ते तक कीएव और अन्य शहरों पर हमला न करें और उन्होंने इस पर सहमति जताई है."

    हालांकि रूस ने इस तरह के किसी समझौते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

    वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने ट्रंप के बयान का स्वागत किया है और कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि रूस अपना वादा निभाएगा.

    ट्रंप ने हमले को रोकने की समयसीमा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी.

    गुरुवार रात से राजधानी में कीएव में तापमान तेज़ी से गिरने वाला है और अगले कुछ दिनों में यह माइनस 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

    रूस ने कड़ाके की सर्दी के दौरान यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले तेज़ कर दिए हैं. ऐसा वह 2022 में शुरू हुए युद्ध के बाद से हर ठंडे मौसम में करता रहा है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.