You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लखनऊ टी20 मैच पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष बोले- 'दर्शकों का पूरा पैसा वापस होगा'

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि लखनऊ टी20 मैच के दर्शकों का पूरा पैसा वापस किया जाएगा.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. अमेरिका में कितने दिन रह सकते हैं यात्री, अमेरिकी दूतावास ने नियम बताए

    अमेरिका जाने वाले लोग वहां कितने दिन रह सकते हैं और इससे जुड़े क्या नियम हैं, इसे लेकर भारत में अमेरिकी दूतावास ने एक बयान जारी किया है.

    बयान में बताया गया, "किसी अंतरराष्ट्रीय यात्री को अमेरिका में कितने समय तक रहने की अनुमति मिलेगी, यह आगमन के समय कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन अधिकारियों की ओर से तय किया जाता है."

    अमेरिकी दूतावास का कहना है कि यह अवधि वीज़ा की समाप्ति तारीख़ से तय नहीं होती.

    साथ ही दूतावास ने कहा है कि आप अमेरिका में कितने समय तक रह सकते हैं, यह जानने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आई-94 पर दर्ज 'एडमिट अनटिल डेट' देखें.

  2. ट्रंप ने टैरिफ़ से आने वाली रकम को लेकर क्या एलान किया?

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 14 लाख 50 हज़ार अमेरिकी सैनिकों को 1,776 डॉलर का 'वॉरियर डिविडेंड' (सैनिकों को दिया जाने वाला विशेष भत्ता) भुगतान देने का एलान किया है.

    ट्रंप के मुताबिक़ इस भुगतान के लिए आने वाली रकम का एक हिस्सा उनके लगाए गए टैरिफ़ से जुटाया जाएगा.

    अमेरिकी समयानुसार बुधवार रात देश के नाम टेलीविज़न संबोधन में ट्रंप ने कहा कि क्रिसमस से पहले लोगों तक ये रकम पहुंच जाएगी..

    अपने संबोधन में ट्रंप ने अर्थव्यवस्था और अप्रवासन को लेकर अपनी सरकार के रिकॉर्ड की तारीफ़ की. साथ ही उन्होंने डेमोक्रेट्स पर भी तंज कसा.

    इस भाषण में ट्रंप यह भरोसा दिलाते नज़र आए कि देश सही दिशा में जा रहा है और हालात और बेहतर होंगे. उन्होंने यह दावा भी किया कि महंगाई घट रही है.

    हालांकि सर्वे बताते हैं कि अमेरिका में कई लोग आवास, बच्चों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत को लेकर असंतुष्ट हैं.

  3. बोंडी बीच हमले के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने किया ये एलान

    ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने गुरुवार को कहा है कि उनकी सरकार देश में बढ़ते यहूदी विरोधी हमलों से निपटने के लिए कई क़दम उठाएगी.

    इसमें नफ़रत फैलाने वाली भाषा और कट्टरपंथ पर लगाम लगाने के लिए सुधारों का एक पैकेज भी शामिल है.

    पीएम अल्बनीज़ ने यह घोषणा ऐसे समय में की है जब बीते रविवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच पर यहूदी समुदाय के एक कार्यक्रम के दौरान एक हमला हुआ. इसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अल्बनीज़ ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में यहूदी विरोधी भावना के लिए कोई जगह नहीं है.

    अल्बनीज़ ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के लोग इस घटना से हैरान और नाराज़ हैं. उन्होंने कहा कि वह खुद भी नाराज़ हैं और यह साफ़ है कि इस बुराई से लड़ने के लिए और ज़्यादा करने की ज़रूरत है.

    प्रधानमंत्री ने यहूदी विरोधी भावना के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करने की बात कही है.

    उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे संगठनों को सूचीबद्ध करने की व्यवस्था भी तैयार करेगी, जिनके नेता नफ़रत फैलाने वाली भाषा का इस्तेमाल करते हैं.

    अल्बनीज़ ने कहा कि गृह मामलों के मंत्री को भी ऐसे लोगों के वीज़ा रद्द करने या ख़ारिज करने के नए अधिकार दिए जाएंगे, जो देश में नफ़रत और विभाजन फैलाते हैं या फैलाने का इरादा रखते हैं.

    प्रधानमंत्री ने यह भी एलान किया कि 12 महीने के लिए एक टास्कफोर्स बनाई जाएगी जिसका काम होगा ऑस्ट्रेलिया की शिक्षा व्यवस्था में यहूदी विरोधी भावना को रोकना और उससे प्रभावी तरीके से निपटना.

  4. शामली ट्रिपल मर्डर केस पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शामली ट्रिपल मर्डर केस पर दुख जताते हुए इस मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कही है.

    शामली के एसएसपी एनपी सिंह ने बुधवार को कहा है कि एक शख़्स ने 'बुर्क़ा न पहनने' की वजह से अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है.

    पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, "अभियुक्त ने पत्नी की हत्या के अपराध को छिपाने के लिए अपनी दो बेटियों की भी हत्या की है. इसके बाद अभियुक्त ने तीनों के शवों को अपने ही घर में दफ़ना दिया."

    इस घटना पर ब्रजेश पाठक ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए जो घर के अंदर अपने परिवार, अपनी पत्नी के साथ इतनी क्रूरता बरतते हैं."

    उन्होंने कहा, "हम पुलिस अधिकारियों से कहेंगे कि किसी भी व्यक्ति को न छोड़ा जाए और जो भी दोषी है उसके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई हो."

    शामली पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्त फ़ारूक़ के कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे शामिल हैं.

    एसएसपी एनपी सिंह ने बताया, "फ़ारूक़ की पत्नी एक महीने पहले मायके जाने के लिए कुछ पैसे मांग रही, इसको लेकर विवाद हुआ और वह बिना बुर्का पहने मायके चली गई. इससे फ़ारूक़ को लगा कि उसकी पत्नी उसकी इज़्ज़त नहीं करती है. इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई."

    पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, "9-10 दिसंबर की रात लगभग 12 बजे जब फ़ारूक़ के पांचों बच्चे सो रहे थे, तभी उसने चाय के बहाने पत्नी को जगाया. जैसे ही पत्नी आंगन में आई उसने गोली मार दी."

    एसएसपी ने बताया, "गोली की आवाज़ सुनकर फ़ारूक़ की 14 साल की बेटी बाहर आई. फ़ारुक़ ने उसे भी गोली मार दी. इसके बाद छह वर्षीय छोटी बेटी बाहर आई. फ़ारुक़ ने उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी."

  5. भारत-दक्षिण अफ़्रीका मैच रद्द होने पर बोले अखिलेश, 'दिल्ली का प्रदूषण अब लखनऊ तक'

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना है कि दिल्ली का प्रदूषण अब लखनऊ तक पहुंच गया है.

    उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में घने कोहरे के कारण बुधवार को दक्षिण अफ़्रीका और भारत के बीच क्रिकेट मैच रद्द हो गया.

    बुधवार को अंपायरों ने कई बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन हर बार टॉस के समय को बढ़ाया गया. आख़िर में इस मैच को रद्द करना पड़ा.

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "दिल्ली का प्रदूषण अब लखनऊ तक पहुंच गया है. इसलिए लखनऊ में आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं हो पा रहा है."

    उनका कहना है कि इसकी वजह कोहरा या फ़ॉग नहीं, 'स्मॉग' है.

    सपा नेता ने लिखा, "हमने जो पार्क लखनऊ की शुद्ध हवा के लिए बनवाए थे, भाजपा सरकार वहां भी इंवेटबाजी करवाकर उन्हें बर्बाद करना चाहती है. भाजपाई न इंसान के सगे हैं, न पर्यावरण के."

    उन्होंने उत्तर प्रदेश की सरकार पर तंज कसते हुए कहा, "मुंह ढक लीजिए कि आप लखनऊ में हैं."

  6. शहबाज़ शरीफ़ बोले, 'पाकिस्तान ने भारत को जो हार दी उसे वह भूलेगा नहीं'

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि पाकिस्तान की सेनाओं ने 'सच की लड़ाई' में जीत हासिल की है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, उन्होंने कहा, "भारत को दिल्ली से मुंबई तक ऐसी हार दी जिसे वह कभी नहीं भूलेगा."

    हरिपुर में एक समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के लोगों को 'साहसी और बहादुर' बताया और कहा कि प्रांत के लोग दशकों से 'आतंकवादियों' के ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं और उनके 'बलिदानों' के कारण ही देश में शांति स्थापित हुई है.

    अपने भाषण में शहबाज़ शरीफ़ ने दावा किया कि पाकिस्तान 'दिवालियापन' से बच गया है और मंदी से उबरने के बाद अर्थव्यवस्था अब स्थिर हो रही है.

    इसी साल छह और सात मई की दरमियानी रात भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में "ऑपरेशन सिंदूर" चलाया.

    भारतीय सेना का कहना था कि इस दौरान उन्होंने कई ठिकानों पर 'आतंकवादियों के कैंपों' पर हमले करके उन्हें 'तबाह' कर दिया.

    इस संघर्ष के बाद भारत और पाकिस्तान दोनों ने एक दूसरे के लड़ाकू विमान गिराने का दावा किया.

    ये भी पढ़ें:

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.