You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने राणा सांगा पर दिए बयान पर दी सफ़ाई

समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने राज्यसभा में राणा सांगा पर दिए बयान पर सफ़ाई दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और कीर्ति रावत

  1. महाराष्ट्रः मुंबई में बीबीसी मराठी का कार्यक्रम 'राष्ट्र महाराष्ट्र' का आयोजन आज

    बीबीसी न्यूज़ मराठी महाराष्ट्र में महायुति सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम 'राष्ट्र महाराष्ट्र' का आयोजन कर रहा है.

    इस कार्यक्रम में मंत्री और नेता चुनावी वादों को पूरा करने के साथ-साथ आगामी योजनाओं पर भी चर्चा करेंगे.

    इसके अलावा, विपक्षी पार्टी के नेता भी मौजूदा सरकार के कामकाज पर अपने विचार व्यक्त करेंगे. यह कार्यक्रम मुम्बई के यशवंतराव चव्हाण केंद्र में दोपहर 12 बजे से रात 9.30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है.

    'राष्ट्र महाराष्ट्र' कार्यक्रम में राज्य मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्री और विपक्षी दलों के नेता भी उपस्थित रहेंगे.

    सरकार की ओर से इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, उद्योग मंत्री उदय सामंत, पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे मौजूद रहेंगे.

    वहीं, विपक्ष की ओर से शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता जयंत पाटिल इस आयोजन में अपनी बात रखेंगे.

  2. आईपीएलः हरभजन सिंह के जोफ़्रा आर्चर पर कमेंट से विवाद, क्या है मामला?

    भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर रहे हरभजन सिंह आईपीएल 2025 में कमेंट्री को लेकर विवादों में हैं.

    यह मामला रविवार को खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के मैच से जुड़ा है.

    इस मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के तेज़ गेंदबाज़ जोफ़्रा आर्चर ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से 18वां ओवर फेंका था. तब पिच पर ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन बल्लेबाज़ी कर रहे थे.

    जब क्लासेन ने आर्चर की दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार चौके लगाए, तो हरभजन सिंह ने टिप्पणी की.

    उन्होंने कहा, “लंदन में काली टैक्सी का मीटर तेज़ भागता है, और यहां पर आर्चर साहब का मीटर भी तेज़ भागा है.”

    इस टिप्पणी को सोशल मीडिया यूज़र्स ने नाराज़गी जताई. यूज़र्स ने मांग की कि हरभजन सिंह को आईपीएल 2025 की कमेंट्री पेनल से हटाया जाए.

    बिस्वजीत नामक यूज़र्स ने लिखा, "हरभजन सिंह आर्चर को काली टैक्सी कह रहे हैं." उन्होंने इसकी एक क्लिप भी एक्स पर पोस्ट की.

    वहीं, अन्य यूज़र ने लिखा, "हरभजन सिंह ने जोफ़्रा आर्चर को हिंदी कमेंट्री में काली टैक्सी कहा. यह बहुत ही ख़राब बात है. कृपया इन्हें बैन कीजिए."

  3. बिहारः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत पर क्या बोले जेडीयू सांसद संजय झा?

    बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता नीतीश कुमार की सेहत को लेकर टिप्पणी की थी.

    शनिवार रात इस मामले पर जेडीयू सांसद संजय झा ने बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी एक्टिव हैं. उनका लगातार कार्यक्रम चलता रहता है. चुनावी साल के कारण ऐसी बयानबाजी की जा रही है. मुख्यमंत्री हमेशा कहते हैं कि हम काम करते हैं, उसके नाम पर वोट मांगते हैं. बिहार की जनता बहुत समझदार है. वो सारी बातों को देखती है.”

    सांसद झा ने कहा, “इन सब चीज़ों में नॉर्मली मैं देखता हूं, लोग राजनीति नहीं करते हैं. लेकिन, जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. बिहार की जनता हर बात पर नज़र रख रही है. लोकसभा का रिजल्ट लोग देख चुके हैं. उपचुनाव का रिजल्ट भी लोग देख चुके हैं. दीवाल की लिखावट पता है कि चुनाव में क्या होना, क्या रिजल्ट होना है.”

    सांसद झा ने कहा, “बीस साल का हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है. जब से नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री बने हैं. छोटा-मोटा ट्रैक रिकॉर्ड नहीं है.”

    क्या है ताज़ा घटना

    दरअसल, 20 मार्च की शाम पटना के पाटलिपुत्र स्टेडियम में सेपक टाकरा वर्ल्ड कप 2025 के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रगान के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने बगल में खड़े प्रधान सचिव दीपक कुमार से बात करने की कोशिश कर रहे थे.

    इसे लेकर, नेता प्रतिपक्ष और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा था, "मुख्यमंत्री की हम व्यक्तिगत रूप से इज़्ज़त करते हैं, लेकिन राष्ट्रगान के मुद्दे पर चुप नहीं रह सकते."

    "भारत के इतिहास में ये पहली घटना है, सीएम वाकई अचेत अवस्था में आ गए हैं, उन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए."

    वहीं, एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख़्तरुल ईमान ने नीतीश कुमार का मेडिकल बुलिटेन जारी करने की मांग की.

  4. सुप्रीम कोर्ट के जजों का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा मणिपुर, राज्य के हालात पर क्या कहा?

    मणिपुर पहुँचे सुप्रीम कोर्ट के जजों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई है कि जल्द राज्य में दोनों पक्षों के बीच एक समाधान निकाल लिया जाएगा.

    शनिवार को सुप्रीमकोर्ट के जजों का एक प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय दौरे पर मणिपुर पहुंचा था. इसका नेतृत्व जस्टिस बीआर गवई ने किया. उनके साथ जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस एमएम सुंद्रेश और जस्टिस केवी विश्वनाथ भी थे.

    इस प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के चूड़ाचांदपुर ज़िले में राहत शिविर का दौरा किया. इस दौरे का मकसद मणिपुर के लोगों को एक साथ लाकर राज्य में शांति स्थापित करना है.

    राज्य के हालात पर जस्टिस बीआर गवई ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “राहत शिविरो में मौजूद लोग अब अच्छा महसूस कर रहे हैं. वे सभी शांति और सामान्य जनजीवन चाहते हैं.”

    “मैंने दोनों समूहों से बातचीत की है. मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द एक समाधान निकाल लिया जाएगा.”

    राज्य में हिंसा

    9 फरवरी, 2025 को मणिपुर में एन बीरेन सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़े दे दिया था. इसके बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया.

    मणिपुर में मई 2023 से राज्य में जातीय संघर्ष चल रहा है. इसमें 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. हिंसा की वजह से मैतेई और कुकी, दोनों समुदाय के हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है.

    दरअसल, 27 मार्च, 2023 को मणिपुर हाई कोर्ट ने एक आदेश में राज्य सरकार से मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की बात पर जल्दी विचार करने को कहा था.

    इसे लेकर तीन मई, 2023 को राज्य में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच जातीय हिंसा भड़क गई थी. इसमें कई लोगों की जान भी गई थी.

  5. कुणाल कामरा की एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी के बाद शिव सैनिकों ने स्टूडियो पर किया हमला, क्या है मामला

    कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने एक शो में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी की थी. इसके बाद रविवार रात शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार में हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की.

    इसका एक वीडियो समाचार एजेंसी एएनआई ने शिव सेना (एकनाथ शिंदे गुट) के हवाले से साझा किया.

    कुणाल कामरा ने अपने शो में एक बॉलीवुड गीत की पैरोडी गाई थी. इसी दौरान, उन्होंने जो टिप्पणी की, वो शिंदे गुट के नेताओं को नागवार गुज़री है.

    इस घटना के बाद उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना के नेता ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया.

    संजय राउत ने एक्स पर लिखा, “कुणाल कामरा एक जानेमाने लेखक और स्टैंडअप कॉमेडियन हैं. कुणाल ने महाराष्ट्र की राजनीति पर व्यंग्यात्मक गाना लिखा, तो शिंदे गैंग को मिर्ची लगी. उनके लोगों ने कामरा का स्टूडियो तोड़ दिया. देवेंद्र जी, आप कमज़ोर गृह मंत्री हो.”

    इससे पहले, मुंबई के ठाणे में शिव सेना (एकनाथ शिंदे गुट) की युवा सेना ने वागले एस्टेट पुलिस स्टेशन के बाहर कॉमेडियन कुणाल कामरा के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने कॉमेडियन के फ़ोटोग्राफ़्स भी जलाए.

    दरअसल, संजय राउत ने कॉमेडियन कुणाल कामरा का वीडियो पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा था, “कुणाल का कमाल. जय महाराष्ट्र.”

    इसको लेकर, शिव सेना (एकनाथ शिंदे गुट) के सांसद नरेश म्हस्के ने कहा, “कुणाल कामरा पैसे के लिए हम पर और हमारे नेता पर टिप्पणी कर रहे हैं. कुणाल कामरा अब तुम मुंबई में नहीं, हिंदुस्तान में भी घूम नहीं सकते. हमारे शिवसैनिक आपको आपकी जगह दिखाएंगे.”

    शिंदे की पार्टी के प्रवक्ता ने संजय राउत पर भी हमला बोला.

    उन्होंने कहा, “संजय राउत अगर आप में हिम्मत है, तो आप हम पर टिप्पणी करो.”

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - औरंगज़ेब के ऊपर दारा शिकोह को क्यों तरजीह दे रहा है आरएसएस?

    - रूस-यूक्रेन युद्ध विराम कराने में डोनाल्ड ट्रंप को क्यों करना पड़ रहा संघर्ष?

    - महेंद्र सिंह धोनी क्या आईपीएल में इस रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे?

    - क्रांतिकारियों के प्रमुख रणनीतिकार और भगत सिंह के अभिन्न दोस्त सुखदेव के बारे में लोग बहुत कम जानते हैं. जानिए भगत सिंह के अभिन्न दोस्त सुखदेव के बारे में.

    - ग्रोक, चैटजीपीटी और डीपसीक, राजनीति का अखाड़ा क्यों बन रहे हैं एआई टूल्स?