अमेरिकी उप राष्ट्रपति ने कहा: युद्ध के बीच में अमेरिका नहीं होगा शामिल

अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष पर प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. धर्मशाला में आज होने वाले आईपीएल मैच को लेकर चेयरपर्सन ने दिया ये अपडेट

    आईपीएल पंजाब किंग्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, धर्मशाला में 8 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच होना है

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चेयरपर्सन अरुण धूमल के मुताबिक़ हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आज होने वाला मैच तय कार्यक्रम के अनुसार होगा.

    हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आज यानी 8 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच होना है.

    इस मैच को लेकर अनिश्चितता थी क्योंकि पाकिस्तान पर कल भारत के हमले के बाद कई भारतीय एयरपोर्ट्स पर कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन फ़िलहाल रोक दिए गए हैं. धर्मशाला का एयरपोर्ट भी उन एयरपोर्टों में से एक है. इंडिगो और स्पाइसजेट ने इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी दी है.

    आईपीएल के चेयरपर्सन अरुण धूमल ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा है कि यह मैच तय कार्यक्रम के अनुसार होगा.

    इसके अलावा, 11 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच होना है. इस मैच को लेकर धूमल ने कहा, "जहां तक ​​पंजाब बनाम मुंबई इंडियंस के मैच (11 मई को) का सवाल है, यह अभी दूर है."

    धूमल ने कहा कि अगर सरकार की ओर से कोई सलाह दी जाती है, तो आगे उसी के अनुसार फ़ैसला लिया जाएगा.

  2. पाकिस्तानी पीएम ने की तुर्की के राष्ट्रपति से बात

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ ने कहा कि उन्होंने तुर्की के राष्ट्रपति का धन्यवाद किया

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि उनकी तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन से बात हुई है. उन्होंने कहा कि भारत की ओर से किए गए हमलों में मरने वालों के लिए तुर्की की प्रार्थनाओं की वो सराहना करते हैं.

    शहबाज़ शरीफ ने एक्स पर लिखा, "इस नाज़ुक समय में पाकिस्तान के साथ तुर्की की एकजुटता और समर्थन के लिए उनका (अर्दोआन का) धन्यवाद किया."

    पाकिस्तानी पीएम ने लिखा, "हम हर कीमत पर अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करेंगे. पाकिस्तान दक्षिण एशिया में तनाव कम करने और शांति बनाए रखने के तुर्की के प्रयासों के लिए आभारी है."

    7 मई को पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर भारत के हवाई हमले के बाद तुर्की के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया था.

    इसमें भारत और पाकिस्तान के बीच चल रही स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा गया, "हम आम लोगों और नागरिक भवनों पर किसी भी तरह की उकसावे वाली कार्रवाई और हमलों की निंदा करते हैं. हमें उम्मीद है कि तनाव कम करने के लिए यथाशीघ्र कदम उठाए जाएंगे."

    बयान में दोनों पक्षों से एकतरफा कार्रवाई से बचने की भी अपील की गई और ये भी कहा गया कि तुर्की पहलगाम हमले की जांच की पाकिस्तान की मांग का समर्थन करता है.

  3. पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत की कार्रवाई के बाद आज होगी सर्वदलीय बैठक, कांग्रेस ने क्या कहा?

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हमले के बाद केंद्र सरकार ने पहली बार सर्वदलीय बैठक बुलाई है. यह बैठक आज यानी 8 मई को होनी है.

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर इस बैठक की जानकारी देते हुए लिखा, "सरकार ने 8 मई, 2025 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली में पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग की कमिटी रूम: जी-074 में सर्वदलीय नेताओं की बैठक बुलाई है."

    वहीं कांग्रेस ने इस बैठक को लेकर उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी दलों से बात कर उन्हें विश्वास में लेंगे.

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद ये पहली सर्वदलीय बैठक होगी.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमने 24 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक की मांग की थी. उसी दिन सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी. हमने उम्मीद की थी कि प्रधानमंत्री उसकी अध्यक्षता करेंगे, लेकिन किसी कारणवश प्रधानमंत्री मौजूद नहीं थे."

    जयराम रमेश ने 8 मई को होने वाली बैठक को लेकर कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री इस बैठक की अध्यक्षता करें. इस बैठक में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद रहेंगे. हम उम्मीद करते हैं पीएम मोदी सभी दलों से बात करके उन्हें विश्वास में लेंगे."

  4. अमेरिका: कोलंबिया यूनिवर्सिटी से कई फ़लस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारी गिरफ़्तार

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोलंबिया यूनिवर्सिटी की बटलर लाइब्रेरी से फ़लस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों को बाहर निकाला गया

    न्यूयॉर्क पुलिस ने दर्जनों फ़लस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया है, जिन्होंने बुधवार को कोलंबिया यूनिवर्सिटी की मेन लाइब्रेरी के एक हिस्से पर कब्ज़ा कर लिया था.

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी की अध्यक्ष क्लेयर शिपमैन के एक बयान के अनुसार, बुधवार को प्रदर्शनकारी जबरन बटलर लाइब्रेरी में घुस गए. उन्होंने बताया कि इस दौरान यूनिवर्सिटी के दो सुरक्षा अधिकारी घायल हो गए.

    शिपमैन ने कहा कि उन्होंने न्यूयॉर्क पुलिस से सहायता मांगी थी. न्यूयॉर्क सिटी पुलिस डिपार्टमेंट ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी.

    पुलिस की ओर से कहा गया कि कोलंबिया यूनिवर्सिटी के अनुरोध पर न्यूयॉर्क पुलिस ने कैंपस की स्थिति पर कार्रवाई की, जहां कई लोगों ने एक लाइब्रेरी पर कब्ज़ा कर लिया था.

    कैंपस के एक न्यूज़पेपर 'कोलंबिया स्पेक्टेटर' के मुताबिक़ पुलिस ने 70 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया. वहीं क्लेयर शिपमैन ने कहा कि प्रदर्शनकारियों में से ज़्यादातर यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट नहीं थे.

  5. ट्रंप आज करेंगे एक 'बड़े व्यापार सौदे' की घोषणा, क्या बताया

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप की पोस्ट से ये स्पष्ट नहीं है कि वो किस देश के साथ व्यापार समझौते की बात कर रहे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वह गुरुवार को एक "बड़े और बहुत सम्मानित देश" के साथ "बड़े व्यापार समझौते" की घोषणा करेंगे.

    अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि वह सुबह 10:00 बजे (भारतीय समयानुसार गुरुवार शाम 7:30 बजे) व्हाइट हाउस न्यूज़ कॉन्फ़्रेंस में इस सौदे की घोषणा करेंगे.

    उन्होंने लिखा, "कल सुबह 10:00 बजे ओवल ऑफिस में एक बड़ा न्यूज़ कॉन्फ़्रेंस होगा, जिसमें एक बड़े और बहुत सम्मानित देश के प्रतिनिधियों के साथ एक प्रमुख व्यापार समझौते के बारे में चर्चा होगी. यह कई (समझौतों) में से पहला है!!!"

    ट्रंप ने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है और उनकी पोस्ट से ये भी स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने किस देश की बात की है. ट्रंप के इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट व्हाइट हाउस ने भी एक्स पर शेयर किया है.

  6. भारत-पाकिस्तान तनाव, हवाई हमले के बाद से अब तक क्या-क्या हुआ?

    भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत ने कहा कि उसने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में नौ जगहों को निशाना बनाया.

    भारत ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर हवाई हमले किए. भारत की ओर से कहा गया कि उसने पाकिस्तान में 'आतंकी ठिकानों' को निशाना बनाया. वहीं पाकिस्तान ने अपनी धरती पर 'आतंकी कैंप' होने के भारत के दावे को ख़ारिज किया है.

    अब तक क्या-क्या हुआ?

    • भारत ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर हवाई हमले किए जाने की जानकारी दी. भारत ने इस कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया.
    • भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा, "पहलगाम हमले की जांच से पाकिस्तान के साथ आतंकवादियों के संपर्क उजागर हुए हैं." उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आधारित 'आतंकवादी' मॉड्यूल्स पर भारत की ख़ुफ़िया निगरानी से संकेत मिला था कि भारत के ख़िलाफ़ आगे भी हमले हो सकते हैं, इसलिए इससे निपटना ज़रूरी समझा गया.
    • भारत ने कहा कि उसने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में नौ जगहों को निशाना बनाया. वहीं पाकिस्तान ने बाद में कहा कि छह जगहों पर हमला हुआ.
    • पाकिस्तान ने कई बार दावा किया है कि उसने पाँच भारतीय जेट और एक ड्रोन को मार गिराया है, जिसकी भारत ने पुष्टि नहीं की है.
    • बुधवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में इस दावे का संदर्भ देते हुए, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान ने अपना 'जवाब' दे दिया है.
    • पाकिस्तान ने कहा है कि भारत की कार्रवाई में 31 लोग मारे गए और 57 लोग घायल हुए हैं.
    • इस बीच, भारतीय सेना का कहना है कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तानी गोलाबारी में कम से कम 15 नागरिक मारे गए.
    • दुनिया भर के नेताओं ने भारत और पाकिस्तान से शांति बनाए रखने की अपील की है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर वो किसी तरह की मदद कर सकते हैं, तो करेंगे.
  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.