छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में अख़बारों के दफ़्तरों में आगजनी
इमेज स्रोत, MD Abu Sufian Jewel/NurPhoto via Getty Images
बांग्लादेश के छात्र नेता शरीफ़ उस्मान हादी की मौत के बाद राजधानी ढाका के कई इलाक़ों में हिंसा भड़क गई, इसके बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है.
बीबीसी बांग्ला के अनुसार, उनके निधन की ख़बर से ढाका के, धानमंडी, शाहबाग समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई हैं.
इमेज स्रोत, Maruf Hasan / AFPTV / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, शरीफ़ उस्मान हादी की मौत की ख़बर के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच ढाका में सैन्यकर्मी तैनात
इमेज स्रोत, Maruf Hasan / AFPTV / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने गुरुवार रात 11:20 बजे राष्ट्र को संबोधित करते हुए लोगों से धैर्य रखने की अपील की है
इमेज स्रोत, Abdul Goni/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, पिछले शुक्रवार को हादी को ढाका की एक मस्जिद से निकलते वक़्त गोली मारी गई थी. गोली सिर में घुसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे
इमेज स्रोत, MD Abu Sufian Jewel/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, भीड़ ने गुरुवार रात भर ढाका में कई जगहों पर हमला किया. इनमें बांग्लादेश के दो प्रमुख अख़बारों के दफ़्तर भी शामिल हैं
यूक्रेन को 90 अरब यूरो का कर्ज़ देने पर सहमति
इमेज स्रोत, Reuters
यूरोपीय संघ के नेताओं ने यूक्रेन को 90 अरब यूरो का कर्ज़ देने पर सहमति बना ली है.
इससे पहले यूरोपीय नेता इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि क्या रूस की उन संपत्तियों का इस्तेमाल किया जाए जिन्हें युद्ध की वजह से फ्रीज़ कर दिया गया है.
नेताओं का कहना है कि यह समझौता अगले दो वर्षों तक यूक्रेन की सैन्य और आर्थिक ज़रूरतों को पूरा करेगा. यह फै़सला ब्रसेल्स में हुए शिखर सम्मेलन में एक दिन से ज़्यादा चली बातचीत के बाद लिया गया.
यूरोपीय संघ के प्रमुख एंतोनियो कोस्टा ने एक्स पर लिखा, 'हमने प्रतिबद्धता जताई और उसे पूरा किया'. उन्होंने बताया कि यह कर्ज़ यूरोपीय संघ के साझा बजट की गारंटी पर दिया जाएगा.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने नेताओं से 200 अरब यूरो की फ्रीज़ हुई रूसी संपत्तियों के इस्तेमाल की अपील की थी.
बोंडी बीच हमले के बाद ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने लिया ये फ़ैसला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया की संघीय पुलिस इस योजना को लागू करने में मदद करेगी
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने बोंडी बीच हमले के बाद गन बायबैक (बंदूकों को वापस खरीदने) योजना की घोषणा की है. बीते हफ़्ते हुआ यह हमला कई दशकों में वहां हुई गोलीबारी की सबसे घातक घटना मानी जा रही है.
यह योजना 1996 के 'पोर्ट आर्थर मास शूटिंग' के बाद से अब तक की सबसे बड़ी योजना है. पोर्ट आर्थर हमले में 35 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दुनिया के सबसे सख़्त बंदूक नियंत्रण क़ानून लागू किए थे.
रविवार को बोंडी बीच पर आयोजित एक यहूदी उत्सव के दौरान दो बंदूकधारियों ने फ़ायरिंग की, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए.
माना जा रहा है कि हमलावर "चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट की विचारधारा" से प्रेरित थे.
इस बीच, शुक्रवार को पुलिस ने यह भी कहा कि सिडनी में ‘चरमपंथी इस्लामिक विचारधारा’ के आरोप में गिरफ़्तार किए गए कुछ लोगों को हिरासत में रखने की अब कोई ज़रूरत नहीं है.
'गौतम गंभीर कोच नहीं हैं...', कपिल देव ने ऐसा क्यों कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कपिल देव ने कहा कि कोच वही होता है, जिससे स्कूल और कॉलेज में खिलाड़ी सीखता है
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने गुरुवार को कोच की भूमिका को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के काम करने के तरीक़े को लेकर आलोचनाएं सामने आती रहती हैं.
दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में भारत की 0-2 से हार के बाद गौतम गंभीर पर सवाल उठे हैं.
कपिल देव का कहना है कि आधुनिक क्रिकेट में 'कोच' शब्द को अक्सर ग़लत समझा जाता है.
भारतीय चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के आईसीसी शताब्दी सत्र में बोलते हुए कपिल देव ने कहा, "आजकल कोच शब्द बहुत आम हो गया है."
उनके मुताबिक़ गौतम गंभीर कोच नहीं, बल्कि टीम के मैनेजर हो सकते हैं.
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई खिलाड़ी लेग स्पिनर है या विकेटकीपर है, तो कोई एक व्यक्ति उसका कोच कैसे हो सकता है. उनके मुताबिक़ इस स्तर पर असली ज़रूरत मैनेजमेंट की होती है.
कपिल देव ने कहा कि मैनेजर की भूमिका खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की होती है. जब कोई मैनेजर बनता है, तो युवा खिलाड़ी उसकी ओर उम्मीद से देखते हैं.
उनका कहना है कि कप्तान या कोच की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी खिलाड़ियों को सहज महसूस कराना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है. खासकर उन खिलाड़ियों का, जो ख़राब फ़ॉर्म से जूझ रहे हों.
कपिल देव ने कहा कि मैनेजर या कप्तान का काम यही होता है कि वह टीम को भरोसा दिलाए और हमेशा यह कहे कि आप और बेहतर कर सकते हैं.
पाकिस्तानी टीवी का दावा, आईएसकेपी के मीडिया प्रमुख सुल्तान अज़ीज़ गिरफ़्तार
इमेज स्रोत, @PTVNewsOfficial/X
इमेज कैप्शन, सुल्तान अज़ीज़ आज़म (फ़ाइल फोटो)
पाकिस्तान के सरकारी टीवी ने खु़फ़िया सूत्रों का हवाला देते हुए बताया है कि इस साल मई में पाकिस्तान ने 'इस्लामिक स्टेट ख़ुरासान प्रॉविंस' (आईएसकेपी) के मीडिया प्रमुख सुल्तान अज़ीज़ आज़म को गिरफ़्तार किया था.
बीबीसी उर्दू ने बताया, पाकिस्तान टीवी के अनुसार, सुल्तान अज़ीज़ आज़म का जन्म 1978 में अफ़ग़ानिस्तान के नंगरहार प्रांत में हुआ था. वह नंगरहार विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट हैं और आईएसकेपी के 'अल-अज़ैम' मीडिया चैनल के प्रमुख रहे हैं.
नवंबर 2021 में अमेरिका की ओर से सुल्तान अज़ीज़ को 'ग्लोबल टेररिस्ट' घोषित किया गया था.
पाकिस्तानी टीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया, सुल्तान अज़ीज़ 2016 में आईएसआईएस ख़ुरासान में शामिल हुए थे और मई 2025 में पाकिस्तान में प्रवेश करते समय उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया था.
पाकिस्तान की आधिकारिक समाचार एजेंसी, एसोसिएटेड प्रेस ऑफ़ पाकिस्तान ने भी यह ख़बर प्रकाशित की है, "सूत्रों के अनुसार, गिरफ़्तारी कई महीने पहले हुई थी, लेकिन इसके बारे में हाल ही में बताया गया."
टिकटॉक ने अपने व्यापार को लेकर किया ये फ़ैसला
इमेज स्रोत, NurPhoto via Getty Images
टिकटॉक की चीनी मूल कंपनी बाइटडांस ने अमेरिका और दुनिया भर के निवेशकों के साथ समझौते किए हैं. समझौते के तहत अमेरिका में कारोबार का बड़ा हिस्सा बेचा जाएगा.
टिकटॉक के प्रमुख ने गुरुवार को कर्मचारियों को यह जानकारी दी.
मुख्य कार्यकारी शौ ज़ी च्यू की ओर से भेजे गए एक मेमो के मुताबिक़, बनने वाले जॉइंट वेंचर का आधा हिस्सा निवेशकों के एक समूह के पास होगा. इसमें ओरेकल, सिल्वर लेक और अमीराती निवेश कंपनी एमजीएक्स शामिल हैं.
यह सौदा 22 जनवरी को पूरा होने की उम्मीद है. इसके साथ ही अमेरिका की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के चलते बाइटडांस पर अमेरिकी कारोबार बेचने के लिए बनाए जा रहे दबाव का सिलसिला ख़त्म हो जाएगा.
यह समझौता सितंबर में सामने आए प्रस्ताव के अनुसार है. उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस क़ानून को कुछ समय के लिए टाल दिया था, जिसके तहत टिकटॉक को न बेचने पर ऐप पर प्रतिबंध लगाया जाना था.
ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने रचा इतिहास, पहली बार जीती सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईशान किशन ने टूर्नामेंट के फ़ाइनल मुक़ाबले में अच्छा प्रदर्शन किया है
विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी जीत ली है.
ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल में 49 गेंदों पर 101 रनों की आक्रामक पारी खेली. पुणे में खेले गए फ़ाइनल में झारखंड ने हरियाणा को 69 रन से हराकर अपना पहला टी20 ख़िताब जीता.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए झारखंड ने 3 विकेट पर 262 रन बनाए. झारखंड की पारी में कुल 20 छक्के लगे.
ईएसपीएन क्रिकइन्फ़ो के मुताबिक़, ईशान किशन टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे और सबसे अधिक छक्के भी उन्होंने ही लगाए.
फ़ाइनल में अपनी शतकीय पारी के दौरान ईशान ने 10 छक्के और 6 चौके लगाए.
लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा ने पावरप्ले के अंदर अपने शीर्ष तीन विकेट गंवा दिए. आख़िर में हरियाणा की टीम 18.3 ओवर में 193 रन पर ऑल आउट हो गई.
संसद में 'वीबी- जी राम जी' बिल पास, रातभर धरने पर बैठे रहे कई विपक्षी सांसद
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, 'वीबी- जी राम जी' विधेयक को लेकर धरने पर बैठे तृणमूल कांग्रेस के सांसद
संसद ने गुरुवार को विपक्ष के ज़ोरदार विरोध के बीच 'वीबी- जी राम जी' विधेयक पारित कर दिया. यह विधेयक यूपीए दौर में शुरू हुई मनरेगा योजना की जगह लेगा.
मनरेगा और केंद्र सरकार के नए अधिनियम में नाम के अलावा भी कई बदलाव किए गए हैं और विपक्षी दल सरकार के इस फ़ैसले का विरोध कर रहे हैं.
विधेयक के पारित होने के बाद विपक्षी नेता गुरुवार रात संसद परिसर में धरने पर बैठे रहे.
वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पुरानी योजना की कमियों को दूर करने के लिए यह विधेयक ज़रूरी था.
विपक्ष ने कहा है कि वह इस मुद्दे पर देशभर में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगा.
केंद्र सरकार ने नए अधिनियम को 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' यानी 'वीबी- जी राम जी' नाम दिया है.