You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका ने किया चीन के साथ व्यापार समझौते का एलान

अमेरिका का चीन के साथ व्यापार समझौता हो गया है. व्हाइट हाउस ने जेनेवा में हुए इस समझौते की घोषणा भी कर दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत, इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. हालिया भारत-पाकिस्तान संघर्ष और 1971 युद्ध की तुलना पर शशि थरूर ने क्या कहा?

    केरल के तिरुवनंतपुरम से सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भारत- पाकिस्तान 1971 युद्ध पर एएनआई से बात की है.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि 1971 का युद्ध हमारे इतिहास की एक महान उपलब्धि थी और एक भारतीय के रूप में मुझे उस पर गर्व है. इंदिरा गांधी ने उपमहाद्वीप का नक्शा बदल दिया था, लेकिन उस समय परिस्थितियां अलग थीं."

    "आज पाकिस्तान की स्थिति अलग है. उसके सैन्य हथियार, जो नुकसान पहुंचा सकते हैं, सब कुछ अलग हैं."

    शशि थरूर ने कहा कि 1971 में युद्ध का लक्ष्य बांग्लादेश को आज़ादी दिलाना था.

    भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम को संघर्ष विराम पर सहमति बनने का एलान किया गया.

    जिसके बाद कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल से इंदिरा गांधी और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की तस्वीर साझा की गई.

    इस तस्वीर के साथ कांग्रेस ने लिखा था, ''इंदिरा गांधी ने निक्सन से कहा था- हमारी रीढ़ की हड्डी सीधी है. हमारे पास इच्छाशक्ति और संसाधन हैं कि हम हर अत्याचार का सामना कर सकते हैं. वो वक़्त चला गया जब कोई देश तीन-चार हज़ार मील दूर बैठकर ये आदेश दे कि भारतीय उसकी मर्ज़ी के हिसाब से चलें.''

    कांग्रेस ने पोस्ट में लिखा, ''ये थी हिम्मत. यही था भारत के लिए डटकर खड़ा होना और देश की गरिमा के साथ कोई समझौता ना करना.''

    इसके बाद से सोशल मीडिया पर भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम की तुलना भारत-पाकिस्तान के 1971 के युद्ध से होने लगी.

  2. भारत-पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर पर असदुद्दीन ओवैसी ने क्या कहा?

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भारत-पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "जब तक पाकिस्तान भारत के ख़िलाफ़ आतंकवाद के लिए अपनी ज़मीन का इस्तेमाल करता रहेगा, तब तक स्थायी शांति संभव नहीं है."

    "सीज़फ़ायर हो या न हो, हमें पहलगाम हमले के लिए ज़िम्मेदार आतंकवादियों का पीछा नहीं छोड़ना चाहिए. जब जब बाहरी आक्रमण हुआ है मैं सरकार और सशस्त्र बलों के साथ खड़ा रहा हूं. यह समर्थन हमेशा रहेगा."

    ओवैसी ने भारतीय सशस्त्र सेनाओं की पराक्रम की सराहना की और इस संघर्ष में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी.

    उन्होंने भारतीय एकजुटता पर ज़ोर दिया.

    साथ ही, सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भारत सरकार से सीज़फ़ायर का एलान ट्रंप की ओर से आने पर सवाल किया.

  3. चीन के विदेश मंत्री और भारत के एनएसए अजित डोभाल के बीच क्या हुई बातचीत?

    चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से शनिवार को फ़ोन पर बात की.

    दोनों के बीच हुई बातचीत की जानकारी पर चीन के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    जारी बयान में लिखा गया, “10 मई 2025 को, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और केंद्रीय विदेश मामलों के कार्यालय के निदेशक वांग यी ने भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से फोन पर बातचीत की.”

    “डोभाल ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में भारतीयों को गंभीर क्षति पहुंची है, जिससे भारत को सख़्त आतंकवाद विरोधी कदम उठाने की ज़रूरत पड़ी. युद्ध भारत की पसंद नहीं है और यह किसी भी पक्ष के हित में नहीं है. भारत और पाकिस्तान सीज़फ़ायर के लिए प्रतिबद्ध हैं और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को जल्द बहाल करने की दिशा में प्रयासरत हैं.”

    वांग यी ने चीन की ओर से पहलगाम हमले की निंदा करते हुए कहा कि चीन हर तरह के आतंकवाद का विरोध करता है.

    उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में हालात काफी मुश्किल हैं और एशिया में शांति बनाए रखना बहुत ज़रूरी है.

    वांग यी ने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान ऐसे पड़ोसी हैं जिन्हें बदला नहीं जा सकता और दोनों चीन के भी पड़ोसी हैं, चीन भारत के इस रुख की सराहना करता है कि वह युद्ध नहीं चाहता.

    इस बयान के मुताबिक, चीन चाहता है कि भारत और पाकिस्तान मिलकर बातचीत के ज़रिए स्थायी शांति की ओर बढ़ें, क्योंकि यही दोनों देशों और दुनिया के हित में है.

  4. अमृतसर में बिजली हुई बहाल, लेकिन अभी भी रेड अलर्ट

    बीती रात अमृतसर में तेज़ सायरन की आवाज़ें सुनी गईं. इसके बाद डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने रविवार तड़के एक एडवाइज़री जारी की.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार रविंदर सिंह रॉबिन के मुताबिक़, फिलहाल अमृतसर में बिजली तो बहाल कर दी गई है, लेकिन ज़िला अभी भी रेड अलर्ट पर है.

    डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि वे घर से बाहर न निकलें, अपने घर के अंदर ही रहें और खिड़कियों से दूर रहें.

    "जब हालात पूरी तरह सुरक्षित होंगे, तब प्रशासन की ओर से ग्रीन सिग्नल दिया जाएगा. कृपया घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें और प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करें."

    10 मई की शाम को भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम पर सहमति बनी.

    दोनों देशों के बीच बीते कई दिनों से संघर्ष चल रहा था. भारत और पाकिस्तान की सेनाओं ने एक-दूसरे के हमलों को नाकाम करने की बातें कही थीं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.