You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

किसानों के पंजाब बंदः पूरे राज्य में रेलवे और सड़क मार्ग जाम, कई ट्रेनें रद्द

सोमवार को पंजाब बंद के दौरान किसान संगठनों ने रेलवे और सड़क मार्ग जाम कर दिया, जिसका पूरे राज्य में व्यापक असर देखने को मिला.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. दक्षिण कोरिया विमान हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों ने क्या कहा?

    दक्षिण कोरिया में रविवार को हुए भयानक विमान हादसे में 179 लोगों की जान गई है. मारे गए लोगों के परिजनों ने मीडिया में बातचीत की है.

    78 साल के मैंग गी-सू के भतीजे और भतीजे के दो बेटों की भी इस हादसे में मौत हुई है. उनके भतीजे के दोनों बच्चे कॉलेज इंट्रेंस एग्जाम के ख़त्म होने का जश्न मना रहे थे.

    मैंग बीबीसी को बताया, "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि पूरा परिवार खत्म हो गया."

    जेजू एयर में सवार कई यात्री थाईलैंड में क्रिसमस मनाने के बाद घर लौट रहे थे.

    इस हादसे की एक पीड़िता की चचेरी बहन जोंगलुक डौंगमनी ने बीबीसी थाई से कहा कि जब उन्होंने यह ख़बर सुनी तो वह हैरान रह गईं.

    71 साल के बुजुर्ग पिता जियोन जे-यंग ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि उनकी बेटी मि-सूक की पहचान अंगूठे के निशान से की गई. वह अपने दोस्तों के साथ बैंकॉक से लौट रही थी.

    जियोन ने कहा, "मेरी बेटी अभी लगभग 40 साल की थी.आखिरी बार मैंने अपनी बेटी को 21 दिसंबर को देखा था. तब वह अगले साल का कैलेंडर और खाना लेकर घर आई थी. यह हमारे लिए आखिरी मुलाकात बन गई.”

    एक महिला ने अपनी बहन के बारे में बताया कि वह कठिन समय से गुजर रही थी. इसलिए वह थाईलैंड चली गई क्योंकि उसके जीवन में सुधार होने लगा था.

    उन्होंने दक्षिण कोरिया की सरकारी न्यूज़ एजेंसी योनहाप को बताया, "उसे बहुत सारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और वह यात्रा पर गई क्योंकि उनकी स्थिति में अभी सुधार होना शुरू ही हुआ था.”

    हादसे में मारे गए कुछ लोगों के डीएनए की पहचान करने के लिए उनके मुंह के लार के नमूने लिए गए.

    कब हुआ था हादसा

    दक्षिण कोरिया के मुआन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को लैंडिंग के वक़्त एक बड़ा विमान हादसा हो गया. जिसमें 179 लोगों की मौत हो गई.

    इस विमान में 181 लोग सवार थे, जिनमें 175 यात्री और चालक दल के छह सदस्य शामिल थे.

    इस हादसे में दो लोगों को मलबे से जीवित निकाला गया है और अस्पताल ले जाया गया है. ये दोनों चालक दल के सदस्य हैं.

  2. पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर के निधन पर जो बाइडन ने क्या कहा?

    रविवार को अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति रहे जिमी कार्टर का 100 साल की उम्र में निधन हो गया है. वह अमेरिका के इतिहास में ऐसे राष्ट्रपति बन गए जो सबसे लंबे समय तक जीवित रहे.

    उनके निधन पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने लोगों से जिमी कार्टर जैसा बनने की बात कही.

    अपने पुराने दोस्त के निधन पर जिमी कार्टर की सराहना करते हुए जो बाइडन ने उन्हें ‘बीते युग का व्यक्ति’ बताया, जिनके मूल्य अमेरीकियों और दुनिया भर के लोगों के लिए एक उदाहरण हो सकते हैं.

    बाइडन ने याद दिलाया कि कार्टर एक अनुभवी सैनिक, जॉर्जिया के गवर्नर और अमेरिकी राष्ट्रपति थे. उन्होंने बताया कि वह रविवार को भी छुट्टी नहीं लेते थे, इस दिन वह स्कूल में पढ़ाते थे.

    बाइडन ने आगे कहा, “वो ना सिर्फ़ हमारे युग के, बल्कि सभी युग के व्यक्ति हैं. हम कभी भी ऐसे इंसान के मूल्यों को ख़त्म नहीं होने दे सकते."

  3. अनशन पर बैठे किसान नेता डल्लेवाल 'पंजाब बंद' से पहले क्या बोले?

    किसानों ने सोमवार, 30 दिसंबर को पंजाब बंद का एलान किया है. किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने अपील की है कि आज सुबह सात बजे से शाम के चार बजे तक 'पंजाब बंद' रहेगा.

    उधर, अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने रविवार देर रात कहा कि सरकार किसानों की बात सुनने की बजाय आंदोलन को कुचलने पर तुली हुई है. डल्लेवाल के अनशन का आज 35वां दिन है.

    जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा, "पंजाब सरकार भी मोर्चे पर हमला करने की तैयारी में है. दुख की बात ये है कि जब हमने ये अनशन शुरू किया हमारा ये मानना था कि जो गांधीवादी तरीका है, शांतिपूर्ण तरीके से जो सत्याग्रह करने का तरीका है, जिसमें अंग्रेज सरकार भी मानती रही है और सत्याग्रह करने वाले लोगों की बात सुनती रही है."

    "लेकिन ये सरकार हमारी बात सुनने की बजाय हमारे आंदोलन को कुचलने पर तुली हुई है. आज जो सूचना मिली है, उससे पता चला है कि बहुत भारी संख्या में सुरक्षा बल के साथ पंजाब सरकार और केंद्र सरकार के इशारे पर इस आंदोलन के ऊपर हमला करने की तैयारी है."

    क्या बंद रहेगा, क्या नहीं?

    • बीबीसी पंजाबी के अनुसार, सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं को पंजाब बंद के दौरान छूट दी जाएगी.
    • पेपर देने जाने वाले छात्रों को भी छूट दी जाएगी
    • पंजाब बंद को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कई रेल रद्द कर दी है और कई के रूट बदले गए हैं. किसान नेताओं ने लोगों से रेल से यात्रा नहीं करने की अपील की है.
    • किसान नेता सुरजीत फुल ने कहा कि हमें सरकारी बस यूनियनों का समर्थन मिला है. ऐसे में सरकारी बसें नहीं चलेगी. हम प्राइवेट बस के मालिकों से बात कर रहे हैं.
    • सुरजीत फुल ने दावा किया कि ट्रक यूनियनों का भी साथ मिला है.
    • उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेजों में छुट्टियां चल रही हैं, इसलिए स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे.
    • सुरजीत फुल ने कहा है कि अस्पताल बंद नहीं होंगे.
  4. जिमी कार्टर का 100 साल की उम्र में निधन, 1977 में बने थे अमेरिका के राष्ट्रपति

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का 100 साल की उम्र में निधन हो गया है. इसकी जानकारी उनके फाउंडेशन कार्टर सेंटर ने दी.

    जिमी कार्टर 1977 से 1981 तक अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति रहे. सौ साल तक जीवित रहने के कारण कार्टर अमेरिका के इतिहास में सबसे लंबी उम्र तक जीवित रहने वाले पूर्व राष्ट्रपति बने हैं.

    कार्टर सेंटर की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक़ जिमी कार्टर ने रविवार को जॉर्जिया स्थित अपने घर में परिवार के बीच आखिरी सांस ली.

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने उनके निधन पर शोक जताया है.

    एक बयान जारी करते हुए उन्होंने लिखा, "आज अमेरिका और दुनिया ने एक असाधारण नेता, राजनेता और मानवतावादी खो दिया है."

    अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

    उन्होंने लिखा, "हमारे देश के लिए महत्वपूर्ण समय पर जिमी ने राष्ट्रपति के रूप में चुनौतियों का सामना किया और अमेरिकी लोगों की ज़िंदगी को बेहतर बनाने के लिए काम किया."

    "मेलानिया और मैं इस कठिन समय में कार्टर परिवार और उनके प्रियजनों के लिए संवेदना व्यक्त कर रहे हैं. हम सभी से आग्रह करते हैं कि उन्हें अपने दिल और प्रार्थना में रखें.'

  5. मेलबर्न टेस्ट: 340 रनों का पीछा करते हुए भारत ने खोये रोहित शर्मा और केएल राहुल के विकेट

    मेलबर्न टेस्ट में पांचवे दिन की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई टीम ऑलआउट हो गई. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरी पारी में 234 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 340 रन का लक्ष्य दिया.

    दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने सधी हुई शुरुआत की लेकिन 40 गेंद खेलने के बाद कप्तान रोहित शर्मा पैट कमिंग की गेंद पर मार्श को कैच थमा बैठे. उनके बाद खेलने आए केएल राहुल बिना कोई रन बनाए ही आउट हो गए.

    इससे पहले मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए थे. ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज़्यादा रन मार्नस लाबुशेन ने बनाए.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाउंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - दक्षिण कोरिया: विमान दुर्घटना में 179 लोगों की मौत, हादसे के बारे में अब तक जो पता है. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - बिहारः पटना में बीपीएससी परीक्षार्थियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई छात्र घायल. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - शिशु के दिल की धड़कन सामान्य थी, लेकिन कैसे पकड़ में आई दिल की एक दुर्लभ बीमारी. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - पुतिन को सत्ता में रहते 25 साल हुए, एक चौथाई सदी में 'रूस का कितना ध्यान' रख पाए? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - इस देश में लोग रोज़ाना 11 बजकर 52 मिनट पर क्यों कर रहे विरोध प्रदर्शन. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.