यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने
एक्स पर अमेरिका को लेकर टिप्पणी की. उन्होंने लिखा, “हम अमेरिका के समर्थन के लिए बहुत आभारी
हैं.”
“मैं
राष्ट्रपति ट्रंप और कांग्रेस के साथ ही अमेरिकी लोगों का शुक्रगुज़ार हूं कि
उन्होंने हमारा साथ दिया. यूक्रेनी लोगों ने हमेशा इस सहयोग की सराहना की है, ख़ासतौर पर इस आक्रमण के बाद बीते तीन सालों के दौरान.”
शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय में अमेरिका
के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और यूक्रेन के राष्ट्रपति
वोलोदिमीर ज़लेंस्की के बीच हुई मुलाक़ात में तीनों नेताओं में तीखी बहस हुई थी.
इस पर दुनियाभर के राजनेताओं ने इस मामले पर
प्रतिक्रिया दी थी. अब इस पर राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने एक्स पर अपना पक्ष रखा है.
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने लिखा, “हमारा अस्तित्व बनाए रखने में अमेरिका का
सहयोग अहम था और मैं इसे स्वीकार करना चाहता हूं. तीखी वार्ता के बावजूद, हम रणनीतिक साझीदार रहेंगे. लेकिन हमें अपने साझा लक्ष्यों को सही
मायने में समझने के लिए एक-दूसरे के साथ ईमानदार और स्पष्ट रहने की ज़रूरत है.”
उन्होंने
लिखा, “हमारे
लिए राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन पाना बेहद ज़रूरी है. वो युद्ध को ख़त्म करना
चाहते हैं, लेकिन हमसे ज़्यादा शांति कोई और नहीं
चाहता. हम ही यूक्रेन में इस जंग को जी रहे हैं. ये हमारी आज़ादी और हमारे
अस्तित्व की लड़ाई है.”
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने लिखा, “हम खनिज वाले समझौते पर हस्ताक्षर करने को तैयार हैं और ये सुरक्षा गारंटियों की ओर पहला कदम होगा. लेकिन ये नाकाफ़ी है और हमें इससे ज़्यादा की ज़रूरत है.”
“बिना सुरक्षा गारंटियों के सीज़फ़ायर यूक्रेन के लिए ख़तरनाक है. हम तीन साल से लड़ रहे हैं और यूक्रेनी लोगों को ये जानने की ज़रूरत है कि अमेरिका हमारी तरफ़ है.”
उन्होंने लिखा, “मैं रूस पर यूक्रेन का रुख नहीं बदल सकता. रूसी लोग हमें मार रहे हैं. रूस दुश्मन है और इस हक़ीकत का हम सामना कर रहे हैं. यूक्रेन शांति चाहता है लेकिन ये स्थायी होनी चाहिए.”
“इसके लिए हमें बातचीत के दौरान मज़बूत होना होगा. शांति तभी आएगी जब हमें सुरक्षा गारंटीयां मिलेंगी, जब हमारी सेना मज़बूत होगी और हमारे सहयोग हमारे साथ होंगे.”