कनाडा: वैंकूवर में कार के भीड़ में घुसने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हुई
कनाडा के वैंकूवर में एक कार के भीड़ में घुसने के मामले मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 11 हो गया है. भारतीय समय के अनुसार यह घटना सुबह साढ़े आठ बजे लापु लापु दिवस के उत्सव के दौरान हुई.
सारांश
कनाडा: वैंकूवर में कार के भीड़ में घुसने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हुई
कनाडा: वैंकूवर में कार के भीड़ में घुसने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हुई
इमेज स्रोत, POOL
इमेज कैप्शन, वैंकूवर घटना की जानकारी देते हुए पुलिस प्रमुख स्टीव राय
कनाडा के वैंकूवर में एक कार के भीड़ में घुसने के मामले मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 11 हो गया है.
भारतीय समय के अनुसार यह घटना सुबह साढ़े आठ बजे लापु लापु दिवस के उत्सव के दौरान हुई.
वैंकूवर पुलिस के कार्यवाहक पुलिस प्रमुख स्टीव राय ने बताया है कि इस घटना में मरने वालों में पुरुष और महिलाएं दोनों ही शामिल हैं. यह संख्या अभी और भी बढ़ सकती है.
राय ने बताया है कि इस मामले की 100 से अधिक पुलिस अधिकारी जांच कर रहे हैं. वह घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रहे हैं.
इस घटना में शामिल 30 वर्षीय संदिग्ध को पकड़ लिया गया है. जांच में पता चला है कि उसका मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित एक इतिहास रहा है.
राय ने बताया कि इस घटना के पीछे का कारण तो स्पष्ट नहीं है लेकिन साक्ष्य और अपने विश्वास के आधार पर वह कह सकते हैं कि यह आतंकवादी घटना नहीं है.
वैंकूवर सिटी काउंसिलर पीटर फ्राई ने बीबीसी से कहा है कि उन्हें इस घटना पर "गहरा दुख हो रहा है. हमारे शहर में इससे पहले ऐसा नहीं हुआ है."
फिलीपींस में हर साल 27 अप्रैल को लापु-लापु दिवस मनाया जाता है. लापु लापु स्पेनिश उप निवेशवाद के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वाले राष्ट्रीय नायक थे.
पहलगाम हमले पर बोले सिद्धारमैया- पाकिस्तान के पास खोने को कुछ नहीं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि पाकिस्तान को इतना गहरा सबक सिखाना चाहिए कि वो फिर ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे.
पहलगाम हमले के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि किसी देश के लिए युद्ध हमेशा आख़िरी विकल्प होना चाहिए.
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा युद्ध पहला या एकमात्र विकल्प नहीं होना चाहिए, दुश्मन को हराने के लिए इसका इस्तेमाल तभी किया जाए जब बाकी सारे तरीके़ नाकाम हो जाएं.
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा है, "पहलगाम के हमले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हमारे ख़ुफ़िया और सुरक्षा तंत्र में गंभीर खामियां थीं. सरकार सुनिश्चित करे कि इस तरह त्रासदी भविष्य में न हो."
उन्होंने लिखा है,"सरकार ने सिंधु जल समझौता निलंबित करने सहित कई कूटनीतिक कदम उठाए हैं. हम इनका खुले मन से स्वागत करते हैं. हमें भरोसा है कि कुछ और भी कठोर कदम उठाए जाने वाले हैं."
उन्होंने लिखा, "सरकार को हर कदम के बारे में दुनिया को बताने की ज़रूरत नहीं है. निश्चिंत रहें आपके हर निर्णायक कदम के साथ देश पूरी तरह से एकजुट है."
सिद्धारमैया ने आगे लिखा है, "कुछ शरारती तत्व देश की एकता को भंग करने के लिए अशांति और विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. सरकार को ऐसी ताकतों के ख़िलाफ़ भी सख्ती से काम लेना चाहिए."
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने लिखा है,"पाकिस्तान आज एक दिवालिया, बीमार और कमज़ोर मुल्क है. उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं बचा है. वहीं भारत विश्व व्यवस्था में उभरती हुई महाशक्ति है इसलिए हमें समझदारी और सावधानी से चलना चाहिए."
उन्होंने लिखा है, "दुनिया भर के देश पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए भारत के साथ मज़बूती से खड़े हैं. हमें इस अभूतपूर्व वैश्विक समर्थन का लाभ उठाना चाहिए और पाकिस्तान को इतना गहरा सबक सिखाना चाहिए ताकि वो फिर कभी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे."
पहलगाम हमले के बाद बोले उमर अब्दुल्लाह- दोषियों को सज़ा दो, निर्दोष को नहीं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह
पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने "आतंक के ख़िलाफ़ निर्णायक लड़ाई" की अपील की है.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, "दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों को नुक़सान नहीं पहुंचाना चाहिए."
उन्होंने लिखा, "कश्मीर के लोग आतंकवाद और निर्दोष लोगों की हत्या के ख़िलाफ़ खुलकर सामने आए हैं. इस समय हमें समर्थन बढ़ाने की ज़रूरत है. किसी भी विभाजनकारी ग़लत कार्रवाई से बचा जाए."
पहलगाम में मंगलवार को चरमपंथियों ने हमला किया था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी. इसके बाद कई शहरों में कश्मीरियों पर हमले होने की ख़बरें आई थीं.
पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना के नाम से भेजे जा रहे फर्जी संदेश, रक्षा मंत्रालय ने किया आगाह
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था में लगी भारतीय सेना
पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना के आधुनिकीकरण, युद्ध में घायल और शहीद सैनिकों के नाम पर व्हाट्सऐप पर फर्जी संदेश भेजकर लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं.
रक्षा मंत्रालय ने इस संदेश को भ्रामक बताया है और एक बयान जारी कर कहा है कि लोगों के इस तरह के फर्जी संदेशों से बचना चाहिए.
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस संदेश में एक विशेष बैंक खाते में पैसा दान देने की बात कही जा रही है. इस संदेश में कैबिनेट के फ़ैसले और एक जानेमाने फ़िल्म अभिनेता के नाम का भी हवाला दिया गया है.
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि व्हाट्सएप के माध्यम से जो संदेश जारी किया जा रहा है उसमें ग़लत खाता नंबर दिया गया है. इसके कारण किया जा रहा ऑनलाइन दान अस्वीकृत हो रहा है.
मंत्रालय ने कहा कि सभी को ऐसे संदेशों से सतर्क रहना चाहिए.
रक्षा मंत्रालय ने आगे इस बारे में और जानकारी देते हुए लिखा है कि सरकार ने युद्ध में मारे गए हुए और घायल हुए सैनिकों के लिए कई तरह की कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं.
इसके तहत साल 2020 में 'सशस्त्र सेना युद्ध हताहत कल्याण कोष (AFBCWF)' की स्थापना की गई है. यहां से सैनिकों को वित्तीय सहायता दी जाती है.
इसका रखरखाव रक्षा मंत्रालय का भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग करता है.
मध्य प्रदेश: मंदसौर ज़िले में कुएं में गिरी वैन, 10 लोगों की मौत, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Salman Qureshi
इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश के मंदसौर ज़िले में एक वैन कुएं में गिर गई
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के बूढ़ा-टकरावत फंटे इलाके में रविवार को एक वैन कुएं में गिर गई. इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है.
यह घटना मंदसौर के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में दोपहर क़रीब दो बजे हुई.
रतलाम रेंज के डीआईजी मनोज कुमार सिंह के मुताबिक़, “रविवार को दोपहर में यह हादसा हुआ है. बचाव कार्य अभी जारी है. अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और चार घायलों को भी बचाया गया, जिन्हें मंदसौर ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं. इसके अलावा एक व्यक्ति की मौत कुएं में गिरे लोगों को बचाते समय हो गई.
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं. उन्होंने बताया “इस हादसे में कुल 13 लोग शामिल थे, जिनमें दो बच्चे भी थे. सभी को अस्पताल पहुंचाया गया है.”
वैन में सवार लोग सीमावर्ती ज़िले नीमच के मनासा क्षेत्र में आंतरी माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे.
इस दौरान वैन एक बाइक से टकरा गई और संतुलन बिगड़ने की वजह से कुएं में गिर गई.
अलीगढ़ में सपा सांसद रामजी लाल सुमन के काफ़िले पर हमला, नसीम अहमद, अलीगढ़ से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Anup Sharma
इमेज कैप्शन, रामजी लाल सुमन के काफ़िले की एक कार पर टायर फेंकते लोग
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के काफ़िले पर हमला हुआ है.
पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.
यह हमला उस समय हुआ जब रामजी लाल सुमन एक दलित परिवार से मुलाक़ात करने के लिए बुलंदशहर जा रहे थे.
इसी दौरान जब वो अलीगढ़ के गबाना टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो सोमना गांव के पास लोगों ने उनके काफ़िले में शामिल गाड़ियों पर टायर फेंके.
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके़ पर पहुंची और मामले को शांत कराने की कोशिश की.
रामजी लाल सुमन ने पिछले दिनों राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर एक बयान दिया था, जिस पर काफ़ी विवाद हुआ था.
इस मामले को लेकर अलीगढ़ के एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने कहा, "कुछ लोगों ने सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर टायर फेंका था. इस संबंध में क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है. सांसद रामजी लाल सुरक्षित हैं और काफिले में शामिल किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है."
कनाडा: वैंकूवर में कार के भीड़ में घुसने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हुई
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, कनाडा के वैंकूवर में एक कार के भीड़ में घुसने से नौ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं
कनाडा के वैंकूवर में एक कार के भीड़ में घुसने से नौ लोगों की मौत हो गई है. यह घटना भारतीय समय के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे लापु लापु दिवस के उत्सव के दौरान हुई.
वैंकूवर पुलिस ने बताया है कि इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई है.
घटना में शामिल 30 वर्षीय संदिग्ध को पकड़ लिया गया है.
दक्षिण वैंकूवर में हुई इस घटना के बाद 24 घंटे का सहायता केंद्र स्थापित किया गया है.
इस घटना के पीछे का कारण तो स्पष्ट नहीं है लेकिन पुलिस का कहना है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह आतंकवादी घटना नहीं है.
घटनास्थल के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
इसमें पुलिस की कार और एम्बुलेंस दिख रही है. हालांकि अभी ये साफ नहीं हुआ है कि ये वीडियो सही है या नहीं.
वैंकूवर सिटी काउंसिलर पीटर फ्राई ने बीबीसी से कहा है कि उन्हें इस घटना पर "गहरा दुख हो रहा है. हमारे शहर में इससे पहले ऐसा नहीं हुआ है."
फिलीपींस में हर साल 27 अप्रैल को लापु-लापु दिवस मनाया जाता है. लापु लापु स्पेनिश उप निवेशवाद के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वाले राष्ट्रीय नायक थे.
ईरान: बंदरगाह विस्फोट में अब तक कम से कम 28 की मौत, 800 लोग घायल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के दक्षिणी शहर बंदर अब्बास के शहीद रजाई बंदरगाह पर हुए विस्फोट के बाद बचाव कार्य में लगा हेलीकॉप्टर
ईरान के दक्षिणी शहर बंदर अब्बास के शहीद रजाई बंदरगाह पर हुए विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर कम से कम 28 हो गई है और 800 लोग घायल हुए हैं.
ईरानी प्रशासन ने इस भीषण विस्फोट के बाद तीन दिन के शोक की घोषणा की है. ये विस्फोट शनिवार की सुबह हुआ था.
विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि आसपास के दफ्तरों की खिड़कियां टूट गई थीं.
विस्फोट से लगी भीषण आग पर अब काबू पा लिया गया है.
इस इलाक़े के सभी स्थानीय स्कूल और कार्यालय बंद हैं. शहर के निवासियों से घर के अंदर रहने या सुरक्षात्मक मास्क पहनने का निर्देश दिया गया है.
विस्फोट के कारणों की जांच चल रही है.
माना जा रहा है कि यह विस्फोट लापरवाही से एकत्रित किए गए रसायन के कारण हो सकता है.
घटनास्थल से कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं. इसमें दिख रहा है कि लोग भाग रहे हैं और कई लोग सड़कों पर घायल अवस्था में पड़े हैं.
पहलगाम हमले के बाद बढ़े तनाव के बीच भारतीय नौसेना ने किया युद्धाभ्यास
इमेज स्रोत, INDIAN NAVY
इमेज कैप्शन, एंटी-शिप फायरिंग करते हुए भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत
पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के मध्य बढ़े तनाव के बीच भारतीय नौसेना ने युद्धाभ्यास किया.
भारतीय नौसेना का कहना है कि इस युद्धाभ्यास में भारतीय युद्धपोतों ने लंबी दूरी पर सटीक हमले कर दुश्मन जहाज को डूबोया.
भारतीय नौसेना प्रवक्ता ने कहा, "भारतीय नौसेना के जहाज़ों ने लंबी दूरी के सटीक हमलों के लिए प्लेटफ़ॉर्म, उपकरणों और चालक दल की तत्परता को पुनः प्रमाणित करने और प्रदर्शित करने के लिए कई सफल एंटी-शिप मिसाइलें फायर कीं."
नौसेना प्रवक्ता ने युद्धाभ्यास से जुड़ी कुछ तस्वीरें और एक वीडियो जारी किया. साथ ही लिखा, "कहीं भी, कभी भी और किसी भी तरह देश के हितों की रक्षा के लिए भारतीय नौसेना तैयार है."
भारत-पाकिस्तान की मीडिया में जंग को लेकर कैसी-कैसी बातें हो रही- वुसअत डायरी
वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान की मीडिया पर टिप्पणी
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है.
ऐसे में दोनों देशों की मीडिया भी पीछे नहीं है और उनमें जंग को लेकर अलग-अलग तरह की बयानबाज़ियां चल रही हैं.
इसी पर पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान ने की यह ख़ास टिप्पणी.
वीडियो एडिटिंगः सदफ़ ख़ान
नमस्कार!
अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
पहलगाम हमले को लेकर 'मन की बात' में पीएम मोदी बोले- पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि, "पूरा विश्व आतंकवाद के ख़िलाफ़ हमारी लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले का ज़िक्र करते हुए कहा है कि 'पीड़ितों को भरोसा दिलाता हूँ कि न्याय मिलेगा.'
पीएम मोदी ने कहा, "22 अप्रैल को पहलगाम में हुई आतंकी वारदात ने देश के हर नागरिक को दुख पहुंचाया है. पीड़ित परिवारों के प्रति हर भारतीय के मन में गहरी संवेदना है."
"मैं पीड़ित परिवारों को फिर भरोसा देता हूं कि उन्हें न्याय मिलेगा, न्याय मिलकर रहेगा. इस हमले के दोषियों और साज़िश रचने वालों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा."
प्रधानमंत्री ने कहा, "पहलगाम में हुआ ये हमला, आतंक के सरपरस्तों की हताशा को दिखाता है, उनकी कायरता को दिखाता है."
"भारत के लोगों में जो आक्रोश है, वो आक्रोश पूरी दुनिया में है. इस आतंकी हमले के बाद लगातार दुनिया भर से संवेदनाएं आ रही हैं."
उन्होंने बताया कि पूरा विश्व आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है.
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए चरमपंथी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है.
ईरान के बंदरगाह पर विस्फोट में अब तक 18 की मौत, 800 लोग घायल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बंदरगाह पर विस्फोट शनिवार की सुबह हुआ था
ईरान के दक्षिणी शहर बंदरअब्बास के शहीद रजाई बंदरगाह पर हुए विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है और 800 लोग घायल हुए हैं. प्रशासन ने ये जानकारी दी है.
ये विस्फोट शनिवार की सुबह हुआ था. विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि आसपास के दफ्तरों की खिड़कियां टूट गई थीं.
घटनास्थल से कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं. इसमें दिख रहा है कि लोग भाग रहे हैं और कई लोग सड़कों पर घायल अवस्था में पड़े हैं.
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, बंदरगाह में हुए विस्फोट के बाद की तस्वीर
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, विस्फोट के बाद कई लोग घायल हुए हैं
मोहन भागवत ने क्यों कहा अपने पड़ोसियों का अपमान या हानि नहीं करते?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि राजा का कर्तव्य प्रजा की रक्षा करना है
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शनिवार को पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि अगर कोई बुराई पर उतर आए तो राजा का कर्तव्य लोगों की रक्षा करना है.
मोहन भागवत ने कहा, "हम कभी भी अपने पड़ोसियों का अपमान या हानि नहीं करते, लेकिन अगर कोई बुराई पर उतर आए तो दूसरा इलाज क्या है? राजा का कर्तव्य प्रजा की रक्षा करना है, राजा अपना कर्तव्य करेगा."
मोहन भागवत ने ये बयान ऐसे समय में दिया है जब मंगलवार को ही जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में चरमपंथी हमला हुआ था और इसमें 26 लोगों की मौत हुई है.
इसके बाद भारत ने सिंधु जल समझौता निलंबित करने सहित कई फ़ैसले लिए. इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी कई क़दम उठाए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, पहलगाम हमले की जांच करेगा एनआईए, गृह मंत्रालय ने दिया आदेश
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती है
केंद्रीय जांच एजेंसी एनआईए (राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण) ने बताया है कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले की जांच अपने हाथ में ले ली है.
एनआईए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने ये जांच अपने हाथ में गृह मंत्रालय के आदेश पर ली है.
इमेज स्रोत, @NIA_India
इमेज कैप्शन, एनआईए का बयान
एनआईए ने बताया कि आईजी, डीआईजी और एसपी की निगरानी में गठित टीम पहलगाम की बैसरन घाटी में मंगलवार को हुए हमले के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है.
पहलगाम में मंगलवार को चरमपंथी हमला हुआ था और इसमें 26 लोगों की मौत हुई है.
ब्रेकिंग न्यूज़, कनाडा के वैंकूवर में एक कार के भीड़ में घुसने से कई लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कनाडा के वैंकूवर में एक कार के भीड़ में घुस जाने का मामला सामने आया है (सांकेतिक तस्वीर)
कनाडा के वैंकूवर में एक कार के भीड़ में घुस जाने से कई लोगों की मौत हो गई है. स्थानीय पुलिस ने ये जानकारी दी है.
वैंकूवर पुलिस ने बताया है कि कई लोग घायल भी हुए हैं और ये घटना शनिवार की शाम को स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान हुई है. ड्राइवर को पकड़ लिया गया है.
वैंकूवर पुलिस ने हालांकि अभी ये नहीं बताया है कि कितने लोग घायल हुए हैं या कितनी मौत हुई है.
घटनास्थल के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. इसमें पुलिस की कार और एम्बुलेंस दिख रही है. हालांकि अभी ये साफ नहीं हुआ है कि ये वीडियो सही है या नहीं.
पहलगाम हमले को लेकर एफ़बीआई के डायरेक्टर काश पटेल क्या बोले?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, काश पटेल ने कहा है कि प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करिए
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले को लेकर अमेरिका के फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन यानी एफ़बीआई के डायरेक्टर काश पटेल ने प्रतिक्रिया दी.
काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "एफ़बीआई हाल ही में कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के सभी पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करती है और भारत सरकार को अपना पूरा समर्थन प्रदान करना जारी रखेगी."
उन्होंने कहा कि यह आतंकवाद की बुराइयों से हमारे विश्व को लगातार होने वाले ख़तरों की याद दिलाता है. प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करिए. ऐसे कठिन समय में सेवा देने वाले सभी क़ानूनी प्रवर्तन अधिकारियों का धन्यवाद.
पहलगाम में मंगलवार को चरमपंथी हमला हुआ था और इसमें 26 लोगों की मौत हुई है.
मुंबई के ईडी कार्यालय की इमारत में लगी आग, किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आग लगने के कारणों के बारे में अभी पता नहीं लग सका है
मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाक़े में स्थित उस इमारत कैसर-ए-हिंद में रविवार को आग लग गई, जिसमें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का कार्यालय स्थित है.
मुंबई स्थित इस ईडी के ऑफिस में भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी और उनके भांजे नीरव मोदी से जुड़े मामलों की जांच चल रही है.
मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में लगे हुए हैं. अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है.
इसके अलावा आग लगने के कारण के बारे में अभी पता नहीं लग सका है.
हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी और उनके भांजे नीरव मोदी पर सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक से करीब 13,500 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है.
उत्तराखंड में मज़ार को बुलडोज़र से ध्वस्त करने का मामला क्या है?, आसिफ़ अली, उत्तराखंड से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Asif Ali/ BBC
इमेज कैप्शन, ऋषिकेश के रहने वाले पंकज गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मज़ार अवैध रूप से बनाई गई है
उत्तराखंड के देहरादून के दून अस्पताल परिसर में स्थित एक मज़ार को प्रशासन ने शुक्रवार देर रात बुलडोज़र से ध्वस्त कर दिया.
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज उस शिकायत के बाद की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि मज़ार अवैध रूप से बनाई गई थी.
वहीं, मज़ार के मुतवल्ली महफ़ूज़ अहमद ने बताया कि ये वक़्फ़ बोर्ड में पंजीकृत थी.
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और अस्पताल मार्ग को पूरी तरह से सील कर दिया गया.
शनिवार को मुस्लिम समुदाय ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा है और मामले में कार्रवाई की मांग की है.
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने वक़्फ़ संपत्तियों के संबंध में यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है.
इसके बावजूद प्रशासन ने मज़ार कोबुलडोज़र से ध्वस्त कर दिया.
इमेज स्रोत, Asif Ali/ BBC
इमेज कैप्शन, देहरादून के दून अस्पताल परिसर में स्थित मज़ार
ऋषिकेश के रहने वाले पंकज गुप्ता का दावा है कि उन्होंने सीएम हेल्पलाइन और बाद में पीएमओ में शिकायत दर्ज कराई थी.
उनका कहना है, “चार वर्ष पुरानी शिकायत के निस्तारण के बाद मज़ार ध्वस्त की गई है. पीएमओ में शिकायत के बाद गठित एक समिति ने मज़ार को अवैध पाया था.”
मज़ार के मुतवल्ली महफ़ूज़ अहमद का कहना है, “यह दरगाह वक़्फ़ बोर्ड में वक़्फ़ नंबर 55 के तहत पंजीकृत थी. बिना किसी नोटिस के ये कार्रवाई हुई."
वे धार्मिक सामग्री और चंदे के पैसों के लापता होने का भी आरोप लगा रहे हैं.
देहरादून के डीएम सबिन बंसल ने बताया, "राज्य सरकार के 2016 के अधिनियम के तहत बिना अनुमति के किसी भी सार्वजनिक परिसर में धार्मिक ढांचा बनाना प्रतिबंधित है.”
“दून मेडिकल कॉलेज द्वारा मज़ार के अवैध निर्माण की जानकारी देने पर पुलिस और मजिस्ट्रेट सहायता के साथ कार्रवाई की गई.”
एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए गठित प्रशासनिक समिति के निर्णय के बाद यह कदम उठाया गया.
उन्होंने कहा, "चूँकि यह मामला शहर के बीचों-बीच था तो इस कारण क़ानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए जो मांग पुलिस से की गई थी, वह मुहैया करा दी गई.”