भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन नासा मिशन पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे

इमेज स्रोत, NASA
नासा के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन और रूस के दो कॉस्मोनॉट सोयुज एमएस-29 अंतरिक्ष यान से बुधवार तड़के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे.
वो तीन घंटे से अधिक की यात्रा के बाद यहां पहुंचे. यहां पहुंचने पर उनका गले मिलकर और हाथ हिलाकर स्वागत किया गया.
मेनन और रूसी कॉस्मोनॉट प्योत्र दुब्रोव और अन्ना किकिना को लेकर रोस्कोस्मोस का अंतरिक्ष यान मंगलवार रात 8:17 बजे भारतीय समय के मुताबिक़ बैकोनूर से रवाना हुआ.
उस समय अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन कॉस्मोड्रोम के ऊपर से गुजर रहा था.
करीब आठ मिनट में शुरुआती कक्षा में पहुंचने के बाद सोयुज एमएस-29 ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने के लिए करीब तीन घंटे की यात्रा शुरू की.
अंतरिक्ष यान रात 11:52 बजे स्टेशन के प्रिचल मॉड्यूल से जुड़ गया.











