You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

स्पेन ट्रेन हादसा: पीएम पेद्रो सांचेज़ ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने रविवार को हुए ट्रेन हादसे के बाद तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. इस रेल हादसे में कम से कम 39 लोगों की मौत हुई है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टी20 सिरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का एलान

    टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ने 17 खिलाड़ियों की टीम का एलान कर दिया है. दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सिरीज़ खेली जानी है.

    ऑस्ट्रेलिया ने चोटिल पैट कमिंस, जॉश हेज़लवुड और टिम डेविड को आराम दिया है, जिससे उन्हें टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी फिटनेस पर काम करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है.

    ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश लीग में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले माहली बीयर्डमैन और जैक एडवर्ड्स को मौक़ा दिया है.

    बीयर्डमैन और एडवर्ड्स ने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन दोनों पिछले साल भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अलग-अलग समय पर ऑस्ट्रेलिया की व्हाइट-बॉल टीमों का हिस्सा थे.

    ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिच मार्श (कप्तान), शॉन एबट, ज़ेवियर बार्टलेट, माहली बीयर्डमैन, कूपर कॉनली, बेन ड्वारशुइस, जैक एडवर्ड्स, कैमरन ग्रीन, ट्रैविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैथ्यू कुनेमैन, मिच ओवेन, जॉश फ़िलिप, मैथ्यू रेनशॉ, मैट शॉर्ट, मार्कस स्टॉइनिस, एडम ज़ैम्पा.

  2. 'यूरोप ब्लैकमेल नहीं होगा', ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की धमकी पर बोलीं डेनमार्क की पीएम, कैथरिन आर्मस्ट्रांग

    ग्रीनलैंड पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों पर डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ़्रेडरिक्सन ने कहा है कि "यूरोप को ब्लैकमेल नहीं किया जा सकता".

    यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब यूरोपीय देशों के नेता ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की टैरिफ़ धमकियों पर प्रतिक्रिया देने पर विचार कर रहे हैं.

    ट्रंप का कहना है कि अगर डेनमार्क, फ़िनलैंड, फ़्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड्स, नॉर्वे, स्वीडन और ब्रिटेन उनके प्रस्तावित क़दम का विरोध करते हैं, तो वह फ़रवरी में इन आठ अमेरिकी सहयोगी देशों पर नए टैरिफ़ लगाएंगे.

    ट्रंप का प्रस्ताव ग्रीनलैंड को अमेरिका के क़ब्ज़े में लेने से जुड़ा है. ग्रीनलैंड, डेनमार्क का अर्ध-स्वायत्त वाला क्षेत्र है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि ग्रीनलैंड अमेरिका की सुरक्षा के लिए अहम है और उन्होंने इसे ज़बरदस्ती लेने के विकल्प से भी इनकार नहीं किया है. उनके इस रुख़ की व्यापक तौर पर आलोचना हुई है.

    ट्रंप ने जिन देशों को टैरिफ़ की धमकी दी गई है, उन्होंने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि ट्रंप की योजना संबंधों में एक "ख़तरनाक गिरावट" का जोखिम पैदा करती है.

    इन देशों ने एक संयुक्त सैन्य अभ्यास भी किया है.

  3. चीन में फैक्टरी में हुए विस्फोट में दो की मौत, 84 घायल

    चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, उत्तरी चीन में एक फैक्टरी में हुए ज़ोरदार विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई है और 84 अन्य घायल हुए हैं. इसके अलावा पांच लोग लापता हैं.

    यह धमाका रविवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर क़रीब तीन बजे इनर मंगोलिया में बाओगांग यूनाइटेड स्टील प्लांट में हुआ. धमाके की वजह से आसपास के इलाक़े में तेज़ झटके महसूस किए गए.

    वीडियो में विस्फोट के बाद आसमान में धुएं के बड़े-बड़े गुबार और ज़मीन पर मलबा बिखरा दिखा. इसमें छतों और पाइपों का मलबा दिखा.

    सरकारी मीडिया के मुताबिक़, अस्पताल में भर्ती दर्जनों लोगों में से पांच को गंभीर चोटें आई हैं. अधिकारी विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं.

    बाओगांग यूनाइटेड स्टील एक बड़ी सरकारी स्वामित्व वाली लौह और इस्पात कंपनी है.

    चीन में औद्योगिक हादसों का लंबा इतिहास रहा है, जिसमें फैक्टरी विस्फोट, खदान धंसने की घटनाएं और कीचड़ धंसने जैसी घटनाएं शामिल हैं.

  4. एकनाथ शिंदे की नवनिर्वाचित पार्षदों से मुलाक़ात, मुंबई के मेयर के सवाल पर ये बोले

    बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के चुनाव में महायुति की जीत के बाद मेयर पद को लेकर चर्चा तेज़ है और अब तक मेयर का नाम तय नहीं हो पाया है.

    शनिवार को एकनाथ शिंदे ने शिवसेना के 29 नवनिर्वाचित पार्षदों को मुंबई के एक पांच सितारा होटल में ठहराया. इसके बाद रविवार को उन्होंने इन नवनिर्वाचित पार्षदों से मुलाक़ात की.

    इस मुलाक़ात पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह नवनिर्वाचित पार्षदों का मार्गदर्शन करने गए थे. उन्होंने कहा कि इस दौरान वॉर्डों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.

    जब उनसे मुंबई और अन्य जगहों पर मेयर चेहरे को लेकर सवाल किया गया तो एकनाथ शिंदे ने कहा, "ठाणे, कल्याण, डोम्बिवली, उल्हासनगर सभी जगह महायुति का मेयर होगा. मुंबई में भी महायुति का मेयर होगा."

    बीएमसी चुनावों में बीजेपी 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन उसे अकेले दम पर बहुमत नहीं मिला है. हालांकि उसकी सहयोगी शिवसेना (शिंदे) को 29 सीटें मिली हैं.

  5. ग्रीनलैंड के समर्थन वाले यूरोप के आठ देशों का सैन्य अभ्यास, साझा बयान में क्या कुछ कहा

    ग्रीनलैंड के समर्थन वाले यूरोप के आठ देशों ने एक संयुक्त सैन्य अभ्यास किया है. डेनमार्क के विदेश मंत्रालय ने एक साझा बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है.

    इस अभ्यास में डेनमार्क, फ़िनलैंड, फ़्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड्स, नॉर्वे, स्वीडन और ब्रिटेन शामिल हुए.

    साझा बयान में कहा गया, "नेटो सदस्य के रूप में हम एक साझा ट्रांसअटलांटिक हित को देखते हुए आर्कटिक क्षेत्र की सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. पहले से समन्वित "आर्कटिक एंड्योरेंस" अभ्यास इसी ज़रूरत को ध्यान में रखते हुए सहयोगी देशों के साथ मिलकर किया गया डेनमार्क का अभ्यास है. इससे किसी को कोई ख़तरा नहीं है."

    बयान में कहा गया, "हम डेनमार्क और ग्रीनलैंड के लोगों के साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं. पिछले हफ़्ते शुरू हुई प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए, हम संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उन सिद्धांतों के आधार पर बातचीत के लिए तैयार हैं, जिनका हम मज़बूती से समर्थन करते हैं."

    शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन आठ देशों पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़ की घोषणा की थी. साझा बयान में टैरिफ़ को लेकर भी टिप्पणी की गई है.

    बयान में कहा गया, "टैरिफ़ की धमकियां ट्रांसअटलांटिक रिश्तों को कमज़ोर करती हैं और एक ख़तरनाक गिरावट के जोखिम को बढ़ाती हैं. हम अपनी प्रतिक्रिया में एकजुट और समन्वित बने रहेंगे. हम अपनी संप्रभुता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बीते दिनों कई बार ग्रीनलैंड को अमेरिका में मिलाने पर ज़ोर दे चुके हैं. उन्होंने इस संबंध में कई बयान दिए, जिसका डेनमार्क समेत यूरोप के कई देशों ने विरोध किया.

    ट्रंप का तर्क है कि ग्रीनलैंड उनके देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ज़रूरी है. उनका कहना है कि अगर अमेरिका ग्रीनलैंड को अपने में नहीं मिलाएगा तो चीन और रूस उस पर क़ब्ज़ा कर लेंगे.

    ग्रीनलैंड, डेनमार्क के अर्ध-स्वायत्त वाला द्वीप है. इसकी ख़ुद की अपनी सरकार है.

  6. स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 21 की मौत, रकेल हैगन और हैरी सेकुलिच

    अधिकारियों के मुताबिक़, दक्षिणी स्पेन में रविवार शाम दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं.

    रेल नेटवर्क ऑपरेटर एडीआईएफ़ ने बताया कि यह हादसा कॉर्डोबा शहर के क़रीब आदामुज़ कस्बे के पास हुआ, जब मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन पटरी से उतर गई और पास के दूसरे ट्रैक पर क्रैश हुई.

    विपरीत दिशा में मैड्रिड से हुएल्वा जा रही दूसरी ट्रेन भी पटरी से उतर गई.

    एंडलूसिया की आपातकालीन सेवा ने कहा कि कम से कम 73 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि राहतकर्मी पटरी से उतरे डिब्बों में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी रखे हुए हैं.

    एडीआईएफ़ के मुताबिक़, ट्रेन के मलागा से स्थानीय समय के अनुसार 18:40 बजे (17:40 जीएमटी) रवाना होने के क़रीब दस मिनट बाद यह हादसा हुआ. कंपनी ने कहा कि वह पीड़ितों के रिश्तेदारों के लिए अतोचा, सेविला, कॉर्डोबा, मलागा और हुएल्वा स्टेशनों पर जगह तैयार कर रही है.

    हादसे के बाद मैड्रिड और एंडलूसिया के बीच सभी रेल सेवाएं निलंबित कर दी गईं और कंपनी ने कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए टर्मिनल रात भर खुले रखे जाएंगे.

    मलागा से यात्रा का संचालन करने वाली निजी रेल कंपनी इर्यो ने पटरी से उतरने की पुष्टि की और कहा कि ट्रेन में क़रीब 300 यात्री सवार थे.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.