टी20 सिरीज़ के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया

टी20 के चार मैचों की सिरीज़ के दूसरे मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को रविवार को हरा दिया है

सारांश

  • बांग्लादेश की अंतरिम सरकार शेख़ हसीना को वापस लाने के लिए इंटरपोल की मदद लेगी
  • कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले में शनिवार को चरमपंथियों के साथ हुई सेना की मुठभेड़ में एक सिपाही की मौत हो गई है.
  • रूस और यूक्रेन ने किए एक दूसरे पर ड्रोन हमले
  • क़तर, हमास और इसराइल के बीच मध्यस्थता से पीछे हट गया है.
  • डोनाल्ड ट्रंप को एरिज़ोना में मिली जीत, सातों स्विंग स्टेट में हारीं कमला हैरिस.
  • दिल्ली में ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में पहुंचा एक्यूआई, पाकिस्तान में भी हवा का हाल बेहाल.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. पाकिस्तान में बढ़ाई गई सेना प्रमुखों के कार्यकाल की सीमा, रोहान अहमद, बीबीसी उर्दू इस्लामाबाद

    पाकिस्तानी आर्मी के चीफ़ सैय्यद आसिम मुनीर अहमद शाह (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी आर्मी के चीफ़ सैय्यद आसिम मुनीर अहमद शाह (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान सरकार ने संसदीय मंज़ूरी के बाद, थल सेना, नौसेना और वायु सेना के प्रमुखों के कार्यकाल को बढ़ा दिया है.

    संसदीय मंज़ूरी के बाद अब तीनों सेनाओं के प्रमुखों का कार्यकाल पांच साल का हो गया है. इससे पहले यह कार्यकाल तीन सालों तक का हुआ करता था.

    पाकिस्तानी सेना के नियमों के मुताबिक़, जनरल के रिटायर होने की उम्र 64 साल तक निर्धारित थी. लेकिन अब इस मंज़ूरी के बाद सेना प्रमुख पर यह नियम लागू नहीं हो सकेगा.

    पाकिस्तान के पहले सेना अधिनियम के तहत सेना प्रमुखों का कार्यकाल तीन साल के लिए तय किया गया था और संसद इसे तीन साल के लिए विस्तारित कर सकती थी.

    भारत में सेना प्रमुखों के कार्यकाल की बात करें तो यह तीन साल या 62 वर्ष की आयु, जो भी पहले हो, तक का होता है.

    पाकिस्तान में भी एक समय तक सेना प्रमुख का कार्यकाल चार साल तक का होता था.

    पाकिस्तान के पूर्व रक्षा सचिव लेफ़्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) ख़ालिद नईम लोधी ने बीबीसी उर्दू को बताया कि अयूब ख़ान के वक़्त पाकिस्तानी सेनाओं के प्रमुखों का कार्यकाल चार साल तक का होता था.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- ‘नए मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगी निक्की हेली’

    डोनाल्ड ट्रंप के साथ निक्की हेली (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप के साथ निक्की हेली (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के नए चुने गए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वे अपने प्रशासन में निक्की हेली और माइक पोम्पियो को शामिल नहीं करेंगे.

    ट्रंप चुनावी जीत के बाद अपने मंत्रिमडल का गठन कर रहे हैं. ट्रंप ने कहा, "मैंने पहले उनके साथ काम करके बहुत आनंद लिया है और सराहना की है. हमारे देश के लिए उनकी सेवा के लिए मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहूंगा.”

    ट्रंप के क़रीबी सहयोगियों ने, निक्की हेली और माइक पोम्पियो पर कथित तौर पर ट्रंप के ख़िलाफ़ काम करने का आरोप लगाया है.

    ट्रंप के क़रीबी सहयोगियों का यह भी मानना है कि वे दोनों ही ट्रंप के अमेरिका फर्स्ट के एजेंडे को कमज़ोर कर सकते हैं.

    इस साल की शुरुआत में रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति दावेदारों में निक्की हेली ट्रंप की सबसे मज़बूत प्रतिद्वंद्वियों में से थीं.

    निक्की हेली ने ट्रंप की आलोचना करते हुए उनको 'पागल' भी कह डाला था.

  3. वक़्फ़ संशोधन बिल: जेपीसी के सदस्य मोहम्मद जावेद ने पीएम मोदी पर क्या आरोप लगाया

    कांग्रेस के सांसद और वक़्फ़ संशोधन बिल के लिए बनी जेपीसी के सदस्य डॉ. मोहम्मद जावेद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस के सांसद और वक़्फ़ संशोधन बिल के लिए बनी जेपीसी के सदस्य डॉ. मोहम्मद जावेद

    बिहार के किशनगंज से कांग्रेस के सांसद और वक़्फ़ संशोधन बिल के लिए बनी जेपीसी के सदस्य डॉ. मोहम्मद जावेद ने, जेपीसी (जॉइंट पार्लियामेंट्री कमिटी) मीटिंग पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.

    उन्होंने सीधे सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला है. कांग्रेस के सांसद ने कहा, “मोदी जी के राज में वे हर चीज़ अपने मनमानी तरीके से कर रहे हैं. मीटिंग में ऐसे-ऐसे लोगों को बुलाया जाता है जिनका वक़्फ़ से कोई ताल्लुक़ नहीं होता है.”

    मोहम्मद जावेद ने आरोप लगाते हुए कहा, “ये लोग जेपीसी के ज़रिए वक़्फ़ क़ानून ख़त्म कर देना चाहते हैं. इससे उनको मौका मिल जाएगा मुसलमानों की लाखों एकड़ की ज़मीन को कब्ज़ा करने का.”

    किशनगंज़ के सांसद ने कहा, “जेपीसी मीटिंग के नाम पर दिखावा हो रहा है. इसे देखते हुए हमने स्पीकर साहब से समय मांगा है और उन्होंने समय देते हुए हमारी बातें गंभीरता सुनी है. उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि मीटिंग हफ़्ते में एक बार या दो हफ़्ते में दो बार हो.”

    अपनी राय व्यक्त करते हुए वे बोले, “हमारा यही कहना है कि यह जल्दबाज़ी का नहीं, बल्कि एक गंभीर मामला है. यह सीधे तौर पर 20 करोड़ लोगों से जुड़ा हुआ मसला है. इसमें दूसरे धर्मों के लोगों का भी हित जुड़ा हुआ है.”

    किशनगंज के सांसद ने मीटिंग पर कहा, “मीटिंग में जो लोग संस्था से जुड़े हुए हैं या फ़िर ज़मीनें दी हैं उनको बुलाया जाना चाहिए. ऐसे लोगों को ना बुलाया जाए जो इसके हितधारक नहीं हैं. क्योंकि वे केवल सरकार की बात ही रखते हैं और इससे माहौल ख़राब होता है. दुनिया की नज़रें भी इस पर टिकी हैं. क्योंकि वे यह देखना चाह रहे हैं कि बीजेपी और मोदी सरकार में किस तरह से अल्पसंख्यकों का हक़ छीना जा रहा है.”

  4. डोनाल्ड ट्रंप को एरिज़ोना में मिली जीत, सातों स्विंग स्टेट में हारीं कमला हैरिस

    डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    सात स्विंग राज्यों में से एक एरिज़ोना में भी ट्रंप की जीत हो गई है. इसके साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के सभी स्विंग राज्यों में जीत हासिल कर ली है.

    इस जीत के साथ ट्रंप के 312 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हो गए हैं. वहीं हैरिस के कुल 226 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हो गए हैं.

    अमेरिका के दक्षिण-पश्चिम में स्थित राज्य एरिज़ोना में वोटों की गिनती चार दिनों तक चलती रही. चुनावी नतीजे रविवार की सुबह जारी किए गए.

    पांच नवंबर को जारी हुए अमेरिकी चुनावी नतीजों में डोनाल्ड ट्रंप को जीत मिली थी. इसी जीत के साथ डोनाल्ड ट्रंप दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए हैं.

  5. स्पेन में आई बाढ़ के बाद अब प्रशासन के ख़िलाफ़ आक्रोश, सड़कों पर उतरी जनता

    स्पेन में सड़कों पर उतरी जनता

    इमेज स्रोत, shutterstock

    इमेज कैप्शन, स्पेन में सड़कों पर उतरी जनता

    स्पेन में आई भीषण बाढ़ के बाद अब स्थानीय जनता का प्रशासन के ख़िलाफ़ आक्रोश देखने को मिल रहा है.

    स्पेन के वेलेंसिया में हज़ारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने, क्षेत्रीय प्रमुख के इस्तीफ़े की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया.

    स्थानीय लोगों ने नारे लगाए, “हम कीचड़ से सने हैं और आप खून से सने हैं.”

    अक्टूबर में वेलेंसिया और पड़ोसी प्रांतों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में 200 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई थी. बाढ़ की वजह से अभी भी 80 लोग लापता हैं.

    प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय अधिकारियों पर बाढ़ की चेतावनी बहुत देर से जारी करने का आरोप लगाया है. प्रदर्शन के अंत में गुस्साए प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प भी हो गई.

    वेलेंसिया की मेयर मारिया जोस कैटाला ने सोशल मीडिया पर टूटी खिड़कियों की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, "बर्बरता कोई समाधान नहीं है."

    वेलेंसिया सिटी काउंसिल ने प्रदर्शन के दौरान हुई बर्बरता की निंदा भी की है.

  6. दिल्ली में ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में पहुंचा एक्यूआई, पाकिस्तान में भी हवा का हाल बेहाल

    दिल्ली में 400 के करीब पहुंचा एक्यूआई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में 400 के करीब पहुंचा एक्यूआई

    रविवार की सुबह दिल्ली में हवा की सेहत शनिवार के मुक़ाबले बेहद कम अच्छी रही.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट के मुताबिक़, रविवार को दिल्ली के लगभग सभी इलाक़ों में हवा में प्रदूषण का स्तर, ‘ख़राब’ से ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में रहा.

    शनिवार की सुबह दिल्ली के अधिकतर इलाक़ों की हवा में प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया था.

    रविवार की सुबह दिल्ली के न्यू मोतीबाग इलाक़े की हवा सबसे ज़्यादा प्रदूषित रही. न्यू मोती बाग में एक्यूआई 398 दर्ज किया गया.

    यह हवा में प्रदूषण के स्तर की ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी है. दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रण में रखने की कोशिशों के मद्देनज़र सड़कों पर लगातार पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है. हवा के साथ-साथ दिल्ली में यमुना में भी प्रदूषण लगातार बना हुआ है.

    भारत के अलावा पाकिस्तान को भी वायु प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में हवा की सेहत सबसे ज़्यादा ख़राब है. जिसकी वजह से सरकार को स्कूलों को बंद करने का आदेश देना पड़ा है.

  7. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी: पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम घोषित की

    वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की ट्रॉफ़ी के साथ रोहित शर्मा और पैट कमिंस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की ट्रॉफ़ी के साथ रोहित शर्मा और पैट कमिंस (फाइल फोटो)

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाली बॉर्डर-गवस्कर ट्रॉफ़ी के लिए भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलियाई दौरा 22 नवंबर से शुरू होने वाला है.

    इस ट्रॉफ़ी के पहले टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को 13 खिलाड़ियों के स्क्वॉड का एलान कर दिया है.

    ऑस्ट्रेलिया ने भारत के ख़िलाफ़ होने वाले टेस्ट मैच के लिए दो अनकैप्ड (जिसने कोई भी इंटरनेशनल मैच ना खेला हो) खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है.

    दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होगा. ऑस्ट्रेलिया में ही भारत ए के साथ खेली गई अनौपचारिक टेस्ट सिरीज़ में अच्छा प्रदर्शन करने वाले नाथन मैकस्वीनी को टीम में संभावित ओपनर बल्लेबाज़ के तौर पर चुना गया है.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही टीमों के लिए यह सिरीज़ और ख़ासतौर पर पहला मैच काफ़ी अहम है. क्योंकि पहला टेस्ट मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वाइंट्स के लिए खेले जाने वाले मैचों में से है.

    वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वाइंट्स टेबल में भारत पहले और ऑस्ट्रेलिया दूसरे पायदान पर है.

    भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में बेहतर प्रदर्शन करके वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में लगातार तीसरी बार एंट्री करना चाहेगी.

    इस सिरीज़ से ठीक पहले भारत घरेलू ज़मीन पर न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 3-0 से सिरीज़ हार चुका है.

    ऐसे में अगर भारतीय टीम का प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया में भी निराशाजनक रहता है तो उसे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंचने के लिए मुश्किलों का सामना भी करना पड़ सकता है.

    ऑस्ट्रेलियाई स्क्वॉड- पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, उस्मान ख़्वाजा, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जॉश हेज़लवुड, जॉश इंग्लिश, नाथन लेयॉन, मिचेल मार्श, नाथन मैकस्वीनी और मिचेल स्टार्क.

  8. डोनाल्ड ट्रंप की आगवानी करेंगे जो बाइडन, व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी ने क्या बताया

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)

    अमेरिकी व्हाइट हाउस ने शनिवार को जारी अपने एक बयान में बताया है कि, राष्ट्रपति जो बाइडन आने वाले बुधवार को ओवल ऑफ़िस में चुने गए नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आगवानी करेंगे.

    व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जीन पियरे ने भी इस मुलाकात को लेकर एक संक्षिप्त बयान जारी किया है.

    उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति बाइडन के न्योते पर, डोनाल्ड ट्रंप उनसे बुधवार को सुबह 11 बजे ओवल ऑफ़िस में मिलेंगे. आगे की जानकारी बाद में दी जाएगी."

    ग़ौरतलब है कि अमेरिकी चुनाव में जीत के बाद अभी भी डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे.

    अमेरिका में सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया के तहत नए राष्ट्रपति को कार्यभार संभालने में क़रीब दो महीनों तक का वक़्त लग जाता है.

  9. नमस्कार

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - इसराइल और हमास के बीच मध्यस्थता से क्यों पीछे हटा क़तर? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी ख़बर.

    - ट्रंप को मारने की साज़िश से जुड़े अमेरिका के आरोपों पर आया ईरान का जवाब- यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी ख़बर.

    - प्रदूषण के मामले में भारत के शहर क्यों हैं दुनिया में टॉप पर?- यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी ख़बर.

    - संजू सैमसन: एक पिता के संघर्ष और बच्चे को टॉप क्रिकेटर बनाने की चाहत की कहानी- यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी ख़बर.