इसराइली सेना ने बताया- ग़ज़ा में तीन बंधकों के शव मिले

इसराइल की सेना ने बताया है कि सुरक्षाबलों को तीन बंधकों के शव उत्तरी ग़ज़ा के जबालिया में मिले हैं.

सारांश

  • कथित मारपीट का मामला: आतिशी बोलीं- स्वाति मालीवाल बीजेपी की साजिश का चेहरा. मालीवाल बोलीं- गुंडा पार्टी को धमका रहा है.
  • इसराइली सेना ने बताया- ग़ज़ा में तीन बंधकों के शव मिले
  • रायबरेली में बोलीं सोनिया गांधी- अपना बेटा सौंप रही हूं, राहुल निराश नहीं करेंगे.
  • पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हुई हिंसा पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा- ये संसाधनों की लूट का नतीजा है.
  • अमेरिकी सेना ने ग़ज़ा में पहुंचाई मदद की पहली खेप.
  • इसराइल ने दक्षिण अफ्रीका पर वास्तविकताओं को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया.

लाइव कवरेज

प्रवीण, विकास

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइली सेना ने बताया- ग़ज़ा में तीन बंधकों के शव मिले

    शानी लूक

    इमेज स्रोत, Shani Louk Instagram

    इमेज कैप्शन, शानी लूक

    इसराइल की सेना ने बताया है कि सुरक्षाबलों को तीन बंधकों के शव उत्तरी ग़ज़ा के जबालिया में मिले हैं.

    जिन लोगों के शव मिले हैं, उनकी पहचान शानी लूक, अमित बुस्किला और इट्ज़हाक के रूप में हुई है. इसराइली डिफेंस फोर्सेज़ ने कहा कि इन लोगों की सात अक्तूबर को ही हत्या कर दी गई थी और इन्हें ग़ज़ा ले जाया गया था.

    स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक़, बंधकों के शव ग़ज़ा की एक सुरंग में मिले हैं.

    सात अक्तूबर को हमास ने इसराइल पर हमला किया था. इस हमले में 1200 लोग मारे गए थे. हमास के लड़ाके तब 252 लोगों को बंधक बनाकर ग़ज़ा लेकर गए थे.

    इसके जवाब में इसराइली सैन्य कार्रवाई में अब तक 34 हज़ार से ज़्यादा लोग ग़ज़ा और वेस्ट बैंक में मारे जा चुके हैं.

    जिन तीन लोगों के शव मिले हैं उनमें से एक जर्मनी की शानी लूक भी हैं.

    शानी लूक जर्मनी की एक टूरिस्ट थीं, जो ग़ज़ा सीमा के पास आयोजित एक सुपरनोवा म्युज़िक फ़ैस्टिवल में शामिल थीं.

    तभी हमास चरमपंथियों ने चौरतरफ़ा हमला बोला तो घबराए और डरे लोग पार्टी से जान बचाने के लिए रेगिस्तान की ओर भागने लगे.

    शानी लूक की मां रिकार्डा ने कहा था कि उन्होंने पकड़े जाने के बाद का शानी का एक वीडियो देखा था. बाद में उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला था कि सिर में गंभीर चोट के चलते शानी की ग़ज़ा में हालत बहुत ख़राब थी.

    अब शानी लूक का शव मिला है.

  2. इसराइल ने दक्षिण अफ़्रीका पर झूठे दावे करने का आरोप क्यों लगाया?

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Reuters

    इसराइल ने दक्षिण अफ्रीका पर वास्तविकताओं को तोड़मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया है.

    इसराइल का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका ग़ज़ा के रफ़ाह शहर में उसके मिलिट्री कैम्पेन को संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत के जरिए रुकवाने की कोशिश के तहत ऐसा कर रहा है.

    इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस ने गुरुवार को इस मामले पर सुनवाई शुरू की. ये सुनवाई दो दिनों तक चलनी है.

    गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका ने आईसीजे को कहा कि इसराइल 'धरती से फ़लस्तीनी लोगों को मिटा देने का इरादा' रखता है और रफ़ाह 'आख़िरी मोर्चा' है.

    इसराइल के वकीलों ने शुक्रवार को आईसीजे में अपना पक्ष रखा. दक्षिण अफ्रीका ने जनवरी में भी इसराइल के ख़िलाफ़ आईसीजे में मुक़दमा दायर किया था जो अभी विचाराधीन है.

    उस मामले में भी दक्षिण अफ्रीका ने इसराइल पर ग़ज़ा में फ़लस्तीनी लोगों का नरसंहार करने का आरोप लगाया था.

    इसराइल ने इन दावों को 'ग़लत और बढ़ा-चढ़ा कर लगाए गए आरोप' बताते हुए खारिज किया था.

  3. 'रमज़ान के दौरान ग़ज़ा में बमबारी रुकवाने' वाले पीएम मोदी के बयान पर ओवैसी ने क्या कहा?

    ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ओवैसी

    पीएम मोदी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में रमज़ान के दौरान ग़ज़ा में बमबारी रुकवाने के विषय पर बात की थी.

    पीएम मोदी ने कहा, ''ग़ज़ा में रमज़ान का महीना था. मेरे विशेष दूत को इसराइल भेजा. इसराइल के पीएम, राष्ट्रपति से मिलिए... समझाइए इनको कि ग़ज़ा में बमबारी ना करें. उन्होंने पालन करने का भरपूर प्रयास किया. आख़िर में आकर दो तीन दिन लड़ाई हो गई. लेकिन मैंने विशेष दूत भेजा था.''

    पीएम मोदी बोले, ''यहां तो आप मुझे मुसलमानों को लेकर घेर लेते हैं. लेकिन मोदी रमज़ान के महीने में ग़ज़ा में बम...अब मैं इसकी पब्लिसिटी नहीं करताा हूं. कई लोगों ने प्रयास किया होगा. मैंने भी प्रयास किया. भारत ने भी किया.''

    अब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी के इस इंटरव्यू को शेयर करते हुए लिखा, ''मोदी हर बार संयुक्त राष्ट्र में सीज़फायर के ख़िलाफ़ अनुपस्थित रहे. हैदराबाद से अदानी-एलबिट इसराइल को ड्रोन एक्सपोर्ट कर रही है.''

    ओवैसी ने दावा किया, ''कुछ ही दिन पहले भारत से इसराइल 27 हज़ार टन विस्फोट शिप से भेजे जा रहे थे और स्पेन की सरकार ने उस शिप को स्पेन के पोर्ट में रुकने की इजाज़त नहीं दी थी.''

    मुसलमानों के मुद्दे पर घेरने को लेकर ओवैसी ने कहा, ''आपको घेरा जाता है क्योंकि आप ऐसी बातें करते हो. चुनाव मुसलमानों से नफ़रत पर लड़ रहे हो और आपको घेरा भी नहीं जाना चाहिए?''

    ओवैसी बोले, ''इस चुनाव में मोदी ने अपनी कई दोस्तियों को ठुकरा दिया. पहले अपने यारों पर टैम्पू में काला धन वाला आरोप लगाया और अब अपने रोल-मॉडल नेतन्याहू को भी शर्मिंदा कर दिया. ये बताइए कि नेतन्याहू ने आपकी बात क्यों नहीं सुनी? हमें तो लगा था आपकी तमाम विदेशी नेताओं से बहुत क़रीबी दोस्ती है.''

  4. रायबरेली में बोलीं सोनिया गांधी- अपना बेटा सौंप रही हूं, राहुल निराश नहीं करेंगे

    सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, INC

    इमेज कैप्शन, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी

    रायबरेली से सांसद रहीं सोनिया गांधी इस बार चुनावी मैदान में नहीं हैं. सोनिया की जगह इस बार रायबरेली के चुनावी मैदान में राहुल गांधी होंगे.

    सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने रायबरेली में शुक्रवार को एक साझा जनसभा की.

    इस सभा में सोनिया गांधी ने कहा, ''मैं आज आपको अपना बेटा सौंप रही हूं. जैसे आपने मुझे अपना माना, वैसे ही राहुल को अपना मानकर रखना है. राहुल आपको निराश नहीं करेंगे.''

    सोनिया गांधी बोलीं, ''मुझे खुशी है कि आज काफी समय के बाद आपके बीच आने का मौका मिला है. मैं हृदय से आपकी आभारी हूं. 20 साल से एक सांसद के रूप में आपने मुझे सेवा का मौका दिया है. ये मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है.''

    राहुल गांधी ने इस मौके का वीडियो शेयर कर सोशल मीडिया पर लिखा, ''यह पल मेरे लिए बहुत ही भावुक कर देने वाला था! मां ने रायबरेली की 100 वर्षों की सेवा की परंपरा का ध्वज आज मुझे भरोसे के साथ सौंप दिया. मैं गर्व के साथ यह ज़िम्मेदारी स्वीकार करता हूं और वादा करता हूं कि मां के कहे एक-एक शब्द का मान रखूंगा.''

  5. आतिशी के आरोपों पर बोलीं स्वाति मालीवाल- 'ये गुंडा पार्टी को धमका रहा है'

    स्वाति मालीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, स्वाति मालीवाल

    आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के आरोपों का जवाब दिया है.

    स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, "पार्टी में कल के आए नेताओं से 20 साल पुरानी कार्यकर्ता को बीजेपी का एजेंट बता दिया. दो दिन पहले पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सब सच क़बूल लिया था और आज यू-टर्न."

    स्वाति ने आरोप लगाया, "ये गुंडा पार्टी को धमका रहा है कि मैं अरेस्ट हुआ तो सारे राज़ खोलूँगा. इसलिए ही लखनऊ से लेकर हर जगह शरण में घूम रहा है. आज उसके दबाव में पार्टी ने हार मान ली और एक गुंडे को बचाने के लिए पूरी पार्टी से मेरे चरित्र पर सवाल उठाए गए."

    स्वाति बोलीं, "कोई बात नहीं, पूरे देश की महिलाओं के लिए अकेले ही लड़ती आई हूँ, अपने लिए भी लड़ूँगी. जमकर चरित्र हनन करो, वक़्त आने पर सब सच सामने आएगा."

    आतिशी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था, "बीजेपी ने साज़िश रची. इसी षड्यंत्र के तहत बीजेपी ने स्वाति को केजरीवाल के आवास पर भेजा. इस साज़िश का मक़सद था केजरीवाल पर झूठा आरोप लगाना. स्वाति इस साज़िश का चेहरा थीं. स्वाति बिना अपॉइंटमेंट लिए मुख्यमंत्री आवास पहुंची थी. उनका इरादा था कि सीएम पर आरोप लगाए जाएं."

    13 मई को स्वाति मालीवाल दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के घर गई थीं. इस दौरान स्वाति मालीवाल के साथ कथित तौर पर केजरीवाल के क़रीबी बिभव कुमार ने मारपीट की.

    स्वाति ने वहीं से पुलिस को भी कॉल किया था और ख़ुद के साथ मारपीट होने की बात की थी.

    स्वाति ने गुरुवार को पुलिस को अपना बयान दर्ज करवाया था.

  6. पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हुई हिंसा पर भारत के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल

    बीते कुछ दिनों से पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

    ये प्रदर्शन आटे समेत ज़रूरी चीज़ों की बढ़ी कीमतों के कारण हो रहे हैं.

    इस दौरान हुई हिंसा में एक पुलिसकर्मी की मौत भी हुई.

    इस बारे में भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने शुक्रवार को कहा, "हमने रिपोर्ट देखी है कि पिछले कुछ दिनों में वहां विरोध प्रदर्शन हुआ. उसमें कुछ लोग हताहत हुए.''

    जयसवाल बोले, ''वहां जिस प्रकार की नीतियां चल रही हैं, जिस तरह संसाधनों को लूटा जा रहा है. लोगों को उन संसाधनों से दूर रखा जा रहा है, उसका लाभ इन लोगों तक नहीं पहुंच रहा है. ये प्रदर्शन उसी का नतीजा है.''

    बीते कुछ दिनों से कई चुनावी सभाओं में बीजेपी नेता पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बता रहे हैं.

    जयसवाल ने भी इस बारे में कहा, ''जहां तक पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की बात है, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू, लद्दाख, कश्मीर भारत के अभिन्न अंग हैं और हमेशा रहेंगे."

  7. स्वाति मालीवाल से कथित मारपीट का मामला: दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी क्या बोलीं?

    आतिशी

    इमेज स्रोत, AAP

    इमेज कैप्शन, आतिशी

    आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से कथित मारपीट के मामले में शुक्रवार शाम दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    आतिशी ने कहा, ''बीजेपी ने साजिश रची. इसी षड्यंत्र के तहत बीजेपी ने स्वाति को केजरीवाल के आवास पर भेजा. इस साजिश का मकसद था केजरीवाल पर झूठा आरोप लगाना. स्वाति इस साजिश का चेहरा थीं. स्वाति बिना अपॉइंटमेंट लिए मुख्यमंत्री आवास पहुंची थी. उनका इरादा था कि सीएम पर आरोप लगाए जाएं. मगर वो उस समय उपलब्ध नहीं थे तो वो बच गए. इसलिए स्वाति ने बिभव कुमार पर आरोप लगाए. ''

    आतिशी बोलीं, ''स्वाति ने जो शिकायत की थी. इस शिकायत में स्वाति कहती हैं कि उनकी बेरहमी से मार पिटाई हुई. उन पर मुक्के मारे गए. चोट लगी. वो कहती हैं कि उस चोट के बाद वो दर्द में कराह रही हैं. वो अपनी शिकायत में कहती हैं कि उनके कपड़े फाड़े गए. मगर आज जो वीडियो आया, उसमें उनकी हालत अलग दिखी. वो पुलिसवालों को डरा धमका रही हैं. वो आराम से बैठी दिख रही हैं. उनके कपड़े नहीं फटे हुए हैं. सिर्फ एक चीज दिख रही है कि वो सबको धमका रही हैं.''

    आतिशी ने स्वाति मालीवाल के आरोपों को गलत बताया है.

    आतिशी से पूछा गया कि मारपीट की बात सही नहीं है तो संजय सिंह ने स्वाति के साथ बदसलूकी की बात क्यों कही थी.

    आतिशी ने इस पर जवाब दिया- ''तब संजय सिंह को पूरी बात पता नहीं थी. उनको सिर्फ एक पक्ष पता था.''

    क्या है मामला

    13 मई को स्वाति मालीवाल दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के घर गई थीं. इस दौरान स्वाति मालीवाल के साथ कथित तौर पर केजरीवाल के क़रीबी बिभव कुमार ने मारपीट की.

    स्वाति ने वहीं से पुलिस को भी कॉल किया था और ख़ुद के साथ मारपीट होने की बात की थी.

    स्वाति ने गुरुवार को पुलिस को अपना बयान दर्ज करवाया था.

  8. अमेरिकी सेना ने ग़ज़ा में पहुंचाई मदद की पहली खेप

    अमेरिकी सेना

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमेरिकी सेना ने ग़ज़ा में समंदर के रास्ते मदद की पहली खेप पहुंचने की पुष्टि की है.

    अमेरिका सेंट्रल कमांडर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

    अमेरिका की ओर से बताया गया, "ग़ज़ा में फ़लस्तीनी नागरिकों की मदद के लिए ये बहुराष्ट्रीय कोशिशें जारी रहेंगी. समंदर के रास्ते पहुंचाई जा रही ये मदद पूरी तरह से मानवीय हैं."

    हालांकि संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया है कि प्रभावी ढंग से मदद करने के मामले में समंदर वाले रास्ते ज़मीनी रास्तों की जगह नहीं ले सकते.

    सड़क से पहुंचाई जाने वाली मदद जल्दी और ज़्यादा प्रभावी तरीके से पहुंच सकती है.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक़, आने वाले दिनों में ग़ज़ा में 500 टन राहत सामग्री पहुंचने की उम्मीद है.

  9. राहुल गांधी बोले- रायबरेली और अमेठी से वादा है, मोदी बीजेपी ने जितना छीना है...

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में शुक्रवार को रैली की.

    इस रैली का वीडियो राहुल गांधी के हैंडल से शेयर करते हुए लिखा गया, ''आज मैं अमेठी और रायबरेली से वादा करता हूं. नरेंद्र मोदी और भाजपा ने जितना आपसे छीना है, मैं उससे ज्यादा आपको वापस लौटाऊंगा. हम अमेठी और रायबरेली को एक बार फिर से रोज़गार का केंद्र बनाएंगे.''

    रैली में राहुल गांधी ने कहा, ''बीजेपी ने अमेठी का नुकसान किया है. आपसे फूड पार्क छीना, एके-47 की फैक्ट्री थी, उसका कॉन्ट्रेक्ट छीना. पब्लिक सेक्टर की फैक्ट्री का निजीकरण कर रहे हैं. आईआईआईटी छीन लिया. जो भी हमने यहां दिया, वो नरेंद्र मोदी ने छीनने की कोशिश की.''

    राहुल गांधी बोले, ''हम चाहते हैं कि अमेठी चमकता हुआ सितारा रहे. जो पहले विकास होता था, वही होगा. जो रायबरेली के लिए होगा, वही आपके लिए भी होगा. मैं वादा करता हूं कि जो रायबरेली में आएगा, वही अमेठी में आएगा.''

    राहुल कहते हैं, ''बहुत काम किया हमने यहां पर. नेशनल हाईवे का जाल मैंने फैलाया. अमेठी को बाक़ी देश से जोड़ा.''

    अपनी उपलब्धियों को गिनवाते हुए राहुल गांधी ने कहा, "एक बात तो तय है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी. गारंटी करके कह रहा हूं कि फूड पार्क यहां लगेगा. मैं लगाऊंगा."

  10. स्वाति मालीवाल बोलीं- 'राजनीतिक हिटमैन ने ख़ुद को बचाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं'

    स्वाति मालीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, स्वाति मालीवाल

    आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने ख़ुद के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में नया ट्वीट किया है.

    स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार दोपहर ट्वीट कर कहा, ''हर बार की तरह इस बार भी इस राजनीतिक हिटमैन ने ख़ुद को बचाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं.''

    वो बोलीं, ''अपने लोगों से ट्वीट्स करवाकर, आधा बिना संदर्भ के वीडियो चलाकर इसे लगता है, ये इस अपराध को अंजाम देकर ख़ुद को बचा लेगा. कोई किसी को पीटते हुए वीडियो बनाता है भला? घर के अंदर की और कमरे की सीसीटीवी फ़ुटेज की जाँच होते ही सत्य सबके सामने होगा.''

    स्वाति लिखती हैं, ''जिस हद तक गिर सकता है गिर जा, भगवान सब देख रहा है, एक न एक दिन सब की सच्चाई दुनिया के सामने आएगी.''

    दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो को स्वाति मालीवाल से कथित मारपीट वाले दिन का बताया जा रहा है.

    वीडियो में सुना जा सकता है कि कुछ सुरक्षाकर्मी स्वाति को बाहर जाने के लिए कह रहे हैं. मगर वो जाने से इनकार करती सुनाई देती हैं.

    स्वाति मालीवाल ने ख़ुद के साथ मारपीट के मामले में गुरुवार शाम को दिल्ली पुलिस को अपना बयान दर्ज करवाया है.

    आरोप है कि 13 मई को स्वाति मालीवाल जब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर गई थीं, तब उनके साथ केजरीवाल के क़रीबी बिभव कुमार ने मारपीट की थी.

    आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने कहा था कि केजरीवाल ने इस मामले का संज्ञान लिया है.

  11. पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस, एसपी के लिए सिर्फ परिवार और सत्ता ही मायने रखती है

    पीएम नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम नरेंद्र मोदी

    पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लिए सिर्फ परिवार और सत्ता ही मायने रखती है.

    पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक रैली को संबोधित करते हुए ये आरोप लगाए.

    पीएम मोदी ने कहा, ''किसी भ्रम में मत रहिए. देश जब आज़ादी का आंदोलन लड़ रहा था और उस वक्त देश के टुकड़े करने की बात आती थी, तो देश का हर व्यक्ति कहता था कि देश के टुकड़े थोड़ी होते हैं.''

    ''लेकिन देश के टुकड़े हो गए ना. इन्होंने (कांग्रेस) देश के टुकड़े कर दिए. ये किसी भी हद तक जा सकते हैं. इनका ट्रैक रिकॉर्ड ही ऐसा है.''

    पीएम मोदी ने कहा, ''इनके लिए (कांग्रेस और एसपी) देश कुछ नहीं है, इनके लिए परिवार और पावर ही सबकुछ है. एसपी और कांग्रेस वाले पावर में आए तो रामलला को फिर से टेंट में भेज देंगे और मंदिर पर बुलडोजर चला देंगे.''

    ''जरा योगी जी से ट्यूशन लो कि बुलडोजर कहां चलाना है और कहां नहीं चलाना है.''

    पीएम मोदी ने यह भी दावा किया कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे इंडिया गठबंधन में बिखराव शुरू हो गया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  12. बीजेपी पर मनोज झा का पलटवार, बोले- नौकरियां ख़त्म तो क्या आरक्षण ख़त्म

    मनोज झा (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मनोज झा (फाइल फोटो)

    आरडेजी नेता मनोज झा ने आरोप लगाया है कि बीजेपी के पास संविधान को ख़त्म करने के कई तरीके हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई से मनोज झा ने कहा, ''मंडल कमीशन में गै़र हिंदू समुदाय के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है. इसे न पीएम ने पढ़ा है, न ही अमित शाह ने. वो इसे बिना पढ़े हिंदू-मुस्लिम कर रहे हैं.''

    ''संविधान को ख़त्म करने के इनके (बीजेपी) पास कई तरीके हैं. एक 'बंच ऑफ़ थॉट्स' नाम की क़िताब गोलवलकर की आई थी, क्या इन्होंने (बीजेपी) ने उसे कभी खारिज़ किया?''

    मनोज झा ने कहा, ''2014 में ये लोग दो करोड़ प्रति वर्ष नौकरी का नारा देकर आए थे. लेकिन कितनी नौकरियां दी? नौकरियां ख़त्म कर दी तो आरक्षण यूं ख़त्म हो गया.''

    ''अमित शाह जी आपके तेवर से पता चलता है कि उनके हाथ में देश या संविधान सुरक्षित नहीं है.''

    समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में अमित शाह ने दावा किया है कि बीजेपी को संविधान बदलने के लिए 400 सीट नहीं चाहिए.

    अमित शाह का कहना है कि बीजेपी के पास 10 साल से संविधान बदलने का बहुमत है, उन्हें देश की राजनीति में स्थिरता लाने के लिए 400 सीटें चाहिए.

    लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और विपक्षी दल ये आरोप लगा रहे हैं कि बीजेपी का इरादा संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने का है.

  13. स्वाति मालीवाल के मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने क्या बताया?

    राष्ट्रीय महिला आयोग की चीफ रेखा शर्मा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रीय महिला आयोग की चीफ रेखा शर्मा

    राष्ट्रीय महिला आयोग की चीफ रेखा शर्मा ने कहा है कि महिला आयोग ने स्वाति मालीवाल के मामले में स्वत: संज्ञान लिया है.

    रेखा शर्मा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''हम ने उसी दिन मामले पर स्वत: संज्ञान लिया. मैंने स्वाति मालीवाल को भी कहा कि वो बाहर आएं और शिकायत दर्ज करवाएं.''

    ''उन्हें शायद सदमा लगा था. कोई उम्मीद नहीं कर सकता कि अपने ही घर एक राज्यसभा सांसद की मार पिटाई हो जाए. वो हमेशा महिलाओं की आवाज़ उठाती रही हैं.''

    रेखा शर्मा ने कहा, ''मैंने उन्हें कहा कि मैं तुम्हारे साथ हूं. जब उन्हें लगा कि वो बात कर सकती हैं तो उन्होंने पुलिस से बात की. एफआईआर दर्ज हो गई है.''

    ''एफआईआर के साथ चार्ज भी दर्ज हो गए हैं. आज उनका (स्वाति मालीवाल) का मेडिकल भी करवाया गया है.''

    दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री आवास पर 14 मई को हुई 'घटना' को लेकर कहा है कि "उन्होंने पुलिस को अपना बयान दे दिया है."

    14 मई की इस घटना को लेकर दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखा.

    गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरे साथ जो हुआ वो बहुत बुरा था. मेरे साथ हुई घटना पर मैंने पुलिस को अपना स्टेटमेंट दिया है. मुझे आशा है कि उचित कार्रवाई होगी."

  14. अफ़ग़ानिस्तान: अचानक आया सैलाब, ग़ायब हो गए मकान

    वीडियो कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान के कई इलाक़ों में फ़्लैश फ़्लड ने मचाई तबाही

    दुनिया में कहीं बेमौसम बरसात तबाही मचा रही है तो कई इलाक़े भयंकर सूखे की मार झेल रहे हैं.

    माना जा रहा है कि ये सब जलवायु परिवर्तन के कारण हो रहा है. ऐसा ही कुछ देखने को मिल रहा है अफ़गा़निस्तान में.

    पहले से ही मुसीबतें झेल रहे इस मुल्क़ के कुछ इलाक़ों में अचानक आई बाढ़ से कई जानें गई हैं. लेकिन अभी भी मुसीबत टली नहीं है. अधिकारियों के मुताबिक़, मौसम अभी और क़हर बरपा सकता है.

    बीबीसी संवाददाता कैलिन डेविस उन सुदूर इलाकों में पहुंची, जहां बाढ़ का असर हुआ है. देखिए अफ़ग़ानिस्तान के बग़लान से उनकी रिपोर्ट.

  15. अमित शाह बोले- हमारे पास पिछले 10 साल में संविधान बदलने का बहुमत था, लेकिन...

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि केंद्र की बीजेपी सरकार को पिछले 10 साल में संविधान बदलने का बहुमत हासिल था.

    समाचार एजेंसी एएनआई से 'अब की बार 400 पार' के नारे पर अमित शाह ने कहा, ''संविधान बदलने का बहुमत हमारे पास 10 साल से है. आप क्या समझते हैं राहुल बाबा एंड कंपनी कुछ बोलेगी और देश मान लेगा?''

    ''देश ने ही हमें बहुमत दिया है. देश की जनता को मालूम है कि मोदी जी के पास 10 साल से संविधान बदलने का बहुमत है.''

    अमित शाह ने कहा, ''हमें 400 सीट ज़रूर चाहिए क्योंकि हमें देश की राजनीति में स्थिरता लेकर आना चाहते हैं. देश की सीमा को सुरक्षित रखना है और देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है.''

    ''बहुमत के दुरुपयोग का इतिहास कांग्रेस का है. इंदिरा के समय में कांग्रेस ने बहुमत का दुरुपयोग किया. आर्टिकल बदल दिए और इमरजेंसी लगा दी. किसी भी कारण के बिना 1.25 लाख लोगों को जेल में डाल दिया.''

    लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल 400 पार के नारे को लेकर बीजेपी को निशाने पर ले रहे हैं.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कई मौकों पर आरोप लगाया है कि बीजेपी 400 सीटें इसलिए जीतना चाहती है क्योंकि उसे संविधान बदलना है और आरक्षण ख़त्म करना है.

  16. 'अमेरिका का रवैया दोहरा और गै़र ज़िम्मेदाराना'- चीन ने ऐसा क्यों कहा?

    वांग वेनबिन

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, वांग वेनबिन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन के चीन के दौरे पर हैं.

    पुतिन की यात्रा के दौरान चीन ने अमेरिका को निशाने पर लिया है और आरोप लगाया है कि अमेरिका ग़ैर ज़िम्मेदाराना और दोहरा रवैया अपनाता है.

    इससे पहले अमेरिका ने आरोप लगाया था कि चीन यूक्रेन के ख़िलाफ़ लड़ाई में रूस की मदद कर रहा है.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा, ''जो भी हो रहा है वो आग को भड़काने की कोशिश है. यूक्रेन के संकट को हल करने का एकमात्र तरीका राजनीतिक समाधान है.''

    अमेरिका ने यह भी आरोप लगाया है कि चीन दोनों तरफ नहीं रह सकता है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, ''एक तरफ चीन के यूरोप के साथ संबंध हैं. दूसरी तरफ यूरोप की सुरक्षा के लिए जो (रूस) सबसे बड़ा ख़तरा है वो उसकी मदद कर रहा रहा है.''

    पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद पुतिन चीन के दौरे पर पहुंचे हैं.

    पिछले कुछ दिनों से पुतिन पश्चिमी देशों पर अलोकतांत्रिक होने का आरोप लगा रहे हैं.

  17. यूक्रेन जंग में बढ़त बना रहा है रूस?

    वीडियो कैप्शन, पुतिन चीन में हैं लेकिन यूक्रेन के खारकिएव में रूस को बढ़त मिलती दिख रही है

    रूस यूक्रेन जंग में खारकीएव में रूसी सेना को बढ़त मिलती दिख रही है.

    वोवचांस्क के आसपास से हज़ारों लोगों को वहां से सुरक्षित निकाला गया है.

    फिलहाल रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के दौरे पर हैं. रूस के पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु भी उनके साथ हैं.

  18. नेपाल ने कुछ भारतीय ब्रांड्स के मसालों पर बैन लगाया

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    नेपाल ने कुछ भारतीय ब्रांड्स के मसालों की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद उन पर "तुरंत प्रभाव" से अस्थायी बैन लगा दिया है.

    नेपाल ने दो भारतीय कंपनियों के चार प्रकार के मसालों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है और इनके आयात पर भी रोक लगा दी है.

    नेपाल के खाद्य प्रौद्योगिकी और गुणवत्ता नियंत्रण विभाग ने इस बारे में जानकारी मुहैया करवाई है.

    विभाग ने कहा है, ''भारत के एमडीएच और एवरेस्ट ब्रांडों से सांबर मसालों, करी पाउडर और मछली करी मसालों के आयात को तुरंत रोकने के लिए संबंधित सरकारी एजेंसियों को एक पत्र भेजा गया है.''

    विभाग की महानिदेशक मतीना जोशी वैद्य ने बीबीसी नेपाली सेवा को बताया, "एक पत्र हासिल हुआ है और कुछ मसालों को फिलहाल के लिए आयात नहीं किया जा सकता."

    विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, ''नेपाल ने जिन मसालों के आयात परमिट को रोकने के लिए पत्र लिखा है, उनमें एमडीएच के तीन और एवरेस्ट का एक प्रकार का मसाला शामिल है.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    हाल ही में हॉन्ग कॉन्ग के फूड सेफ़्टी विभाग ने भारतीय कंपनी एमडीएच और एवरेस्ट के कुछ पैकेटबंद मसालों में कीटनाशक एथिलीन ऑक्साइड पाए जाने का दावा किया.

    हांगकांग ने अपने नागरिकों को इनका इस्तेमाल न करने की सलाह दी है.

    सिंगापुर ने देश की फूड एजेंसी की ओर से एथिलीन ऑक्साइड पाए जाने पर एवरेस्ट के फिश करी मसाले को बाज़ार से वापस लेने का निर्देश दिया.

    इन सवालों पर एवरेस्ट का कहना है कि वो पचास साल पुराना और प्रतिष्ठित ब्रांड है.

    एवरेस्ट का यह भी दावा है कि उसके सभी प्रोडक्ट कड़ी जांच के बाद ही तैयार और एक्सपोर्ट किए जाते हैं और वो साफ-सफाई और फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड का कड़ाई से पालन करते हैं.

    • भारत में बेचे जाने वाले मसालों में एथाइल ऑक्साइड का इस्तेमाल नहीं, एफ़एसएसएआई ने बीबीसी को बताया
  19. मगरमच्छ से लड़कर अपनी बहन को बचाने वाले लड़की

    वीडियो कैप्शन, मगरमच्छ को मुक्के मारकर अपनी जुड़वां बहन की जान बचाने वाली लड़की

    मगरमच्छ को मुक्के मारकर अपनी जुड़वां बहन की जान बचाने वाली लड़की को ब्रिटेन में शाही परिवार की ओर से बहादुरी दिखाने के लिए मेडल मिलने जा रहा है.

    मेलिसा और जॉर्जिया नाम की ये बहनें साल 2021 में छुट्टियां मनाने मेक्सिको गई थीं. मकसद था- मौज मस्ती करना.

    लेकिन एक दिन दोनों मौत से पाला पड़ गया. क्या हुआ था इनके साथ?

    देखिए बीबीसी संवाददाता जूडिथ मॉरित्ज़ की रिपोर्ट.

  20. अमित शाह बोले- अरविंद केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत मिली है, क्लीनचिट नहीं

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अमित शाह

    बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत मिलने पर प्रतिक्रिया दी है.

    अमित शाह का कहना है कि अरविंद केजरीवाल को सिर्फ अंतरिम ज़मानत मिली है, उन्हें शराब घोटाले में क्लीनचिट नहीं मिली है.

    समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में अमित शाह ने कहा, ''सुप्रीम कोर्ट के फै़सले पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं.''

    ''लेकिन आम आदमी पार्टी और कुछ मीडिया ग्रुप इस फै़सले को जीत की तरह दिखा है. ऐसा नहीं है केजरीवाल को सिर्फ अंतरिम जमानत मिली है.''

    अमित शाह ने कहा, ''पहले इनकी अपील थी कि गिरफ़्तारी गैरक़ानूनी है. सुप्रीम कोर्ट ने वो बात नहीं मानी. फिर ज़मानत मांगी गई, सुप्रीम कोर्ट ने उसे भी नहीं माना.''

    ''बाद में प्रचार की बात आई तो सुप्रीम कोर्ट ने एक जून तक अंतरिम जमानत दी. अरविंद केजरीवाल को क्लीनचिट नहीं दी गई है.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के कथित शराब घोटाले में एक जून तक अंतरिम ज़मानत मिली है.

    दो जून को अरविंद केजरीवाल को सरेंडर करना होगा.