You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला गया टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच था.

सारांश

  • भारत ने बारबाडोस के मैदान में दक्षिण अफ़्रीका को 7 रनों से हराकर टी20 क्रिकेट विश्व कप 2024 का ख़िताब अपने नाम कर लिया है
  • हाई कोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची में एक जनसभा को संबोधित किया
  • नई दिल्ली में हुई जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पार्टी नेता संजय झा को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया
  • लद्दाख़ में एलएसी के नज़दीक एक नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच जवानों की मौत
  • डिप्टी एनएसए विक्रम मिसरी भारत के नए विदेश सचिव होंगे

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और अरशद मिसाल

  1. कोर्ट ने केजरीवाल को 12 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा

    दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 12 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

    सीबीआई ने बुधवार को शराब नीति से जुड़े कथित घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री को पूछताछ के बाद तिहाड़ जेल से गिरफ़्तार किया था.

    बुधवार को राउज़ एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज अमिताभ रावत ने सीबीआई को उन्हें गिरफ़्तार करने की अनुमति दी थी.

    गिरफ़्तारी के बाद सीबीआई ने कोर्ट से केजरीवाल की रिमांड मांगी थी. कोर्ट ने 3 दिनों के लिए सीबीआई रिमांड पर भेजा था.

    आज यानी शनिवार को केजरीवाल की सीबीआई रिमांड पूरी हो गई जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

    केजरीवाल को इससे पहले कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 21 मार्च को गिरफ़्तार किया था. राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में 20 जून को केजरीवाल को ज़मानत दी थी.

    लेकिन ईडी ने ट्रायल कोर्ट के इस फ़ैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी थी जिसके बाद हाई कोर्ट ने केजरीवाल की ज़मानत पर रोक लगा दी थी.

  2. सोनिया गांधी के लेख के जवाब में बिहार के डिप्टी सीएम ने क्या कहा

    बीजेपी नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 140 करोड़ लोगों का जनादेश मिला है, जबकि सोनिया गांधी की पार्टी कांग्रेस ने तो संविधान को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है.

    कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने 'द हिंदू' को लिखे अपने लेख में लिखा है कि 'पीएम मोदी कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं.'

    उन्होंने लिखा है, ''प्रधानमंत्री ऐसे काम कर रहे हैं जैसे कुछ हुआ ही न हो. वे आम सहमति का पाठ पढ़ाते हैं लेकिन टकराव को महत्व देते रहते हैं."

    "इस बात का ज़रा भी सबूत नहीं है कि उन्होंने चुनावी नतीजों को स्वीकार किया है या जनादेश को समझा है और लाखों मतदाताओं की ओर से उन्हें दिए गए संदेश पर विचार किया है.''

  3. टी-20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल से पहले रोहित शर्मा के बचपन के कोच क्या बोले

    टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मैच में आज भारत का मुक़ाबला दक्षिण अफ़्रीका से होगा.

    मैच की शुरुआत से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड ने कहा है कि वो आज के मैच में भी रोहित शर्मा को बढ़िया तरीक़े से खेलते देखना चाहते हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में दिनेश लाड ने कहा, “मैच के पहले यही कहूंगा कि जिस तरह से आप सेमीफ़ाइनल तक जीतते आए हैं उसी तरह से अब एक ही मैच है तो इसे भी जीतो और वर्ल्ड कप भारत लेकर आओ.”

    “अच्छा क्रिकेट खेलें बस यही चाहूंगा. जिस तरह से रोहित ने बीते दो मैचों में बल्लेबाज़ी की है, स्टार्ट अच्छी दी है तो मैं यहीं चाहूंगा कि अच्छे से बल्लेबाज़ी करें और भारत को मैच जिताकर दें.”

    “हमारे सब बल्लेबाज़ फ़ॉर्म में हैं. विराट कोहली का आज बल्ला अच्छा चलेगा मुझे लग रहा है. बल्लेबाज़ी हमारी अच्छी है और गेंदबाज़ी भी अच्छी है. हम फ़ाइनल में पहुंचे हैं क्योंकि संतुलित टीम है. ये टीम गेम है.”

  4. राजकोट एयरपोर्ट के बाहर छत का एक हिस्सा गिरा, मरम्मत का काम जारी

    दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की छत (कैनोपी) का एक हिस्सा शुक्रवार को गिर गया जिसके बाद ऐसी ही एक घटना शनिवार को देखने को मिली है.

    इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की कोई ख़बर नहीं है और मरम्मत का काम जारी है.

    दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के बाहर शुक्रवार को छत गिरने से एक शख़्स की मौत हो गई थी. इसके बाद से टर्मिनल-1 से उड़ानों का परिचालन नहीं हो रहा है.

  5. ईरान के राष्ट्रपति चुनाव में अब इस सुधारवादी उम्मीदवार ने बनाई बढ़त

    ईरान में शुक्रवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के मतदान के बाद उसकी मतगणना के रुझान आ रहे हैं जिनमें अब सुधारवादी नेता कहे जा रहे मसूद पेज़ेशकियान को बढ़त मिलती दिख रही है.

    अभी तक बढ़त बनाए हुए सईद जलीली को पेज़ेशकियान ने पछाड़ दिया है और मसूद पेज़ेशकियान उनसे 10 लाख वोटों से आगे हैं.

    कल हुए मतदान में रिकॉर्ड रूप से गिरावट देखी गई थी. संवाददाताओं का कहना है कि इसके ज़रिए ईरान की सरकारी प्रणाली की वैधता में गिरावट का संकेत मिलता है.

    ईरान के चुनावों में जो चार उम्मीदवार मैदान में थे उनको धुर रूढ़िवादी गार्डियन काउंसिल ने चुना था. इस काउंसिल को सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली ख़ामेनेई तय करते हैं

    69 साल के मसूद पेज़ेशकियान के चुनाव लड़ने को काफ़ी बड़ा फ़ैसला बताया जा रहा है क्योंकि वो सुधारवादी हैं.

    वो पूर्व हार्ट सर्जन और हेल्थ मिनिस्टर रहे हैं. इसके अलावा ईरान में महिलाओं के कड़े ड्रेस कोड पर ईरान की मोरैलिटी पुलिस की कार्रवाई को वो अनैतिक बता चुके है.

  6. संजय झा बने जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हुआ फ़ैसला

    नई दिल्ली में हुई जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी नेता संजय झा को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया है.

    जेडीयू नेता नीरज कुमार ने बैठक के बाद इस फ़ैसले कीजानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फ़ैसले किए गए हैं.

    नीरज कुमार ने कहा, “राष्ट्रीय कार्यकारिणी में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय मुख्यमंत्री जी ने पार्टी के राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय झा जी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है.”

    “इसके अलावा नीतीश कुमार जी के प्रति राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने आभार व्यक्त किया कि हमने चुनावों में जीत दर्ज की और एनडीए में भागीदार बने. राजनीति सेवा के लिए है, मेवे के लिए नहीं है, इसलिए एनडीए गठबंधन के साथ हम रहेंगे ये भी तय हुआ है.”

    इसफ़ैसले के बाद संजय झा ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी दी है जिसके लिए मैं कृतज्ञता व्यक्त करता हूं. निश्चित रूप से नीतीश कुमार ने बीते 20 सालों में बिहार को ट्रांसफ़ॉर्म किया है, इस बात को लेकर लोगों के बीच में जाना उद्देश्य रहेगा.”

  7. टी-20 वर्ल्ड कप: भारत और दक्षिण अफ्रीका के मैच में बारिश हुई तो क्या होगा, कौन होगा विजेता, क्या कहते हैं नियम?

    टी-20 वर्ल्ड कप में बारबाडोस में शनिवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले फाइनल मैच में बारिश का साया मंडरा रहा है.

    मौसम पूर्वानुमान देने वाली एजेंसियों ने बारिश के कयास लगाए हैं. एक्यूवेदर ने कहा है कि थोड़ी बारिश हो सकती है.

    एजेंसी ने कहा है कि तड़के चार बजे से लेकर सुबह नौ बजे तक 50 फीसदी आर्द्रता की संभावना है.

    लेकिन सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक ये गिर कर 30 फीसदी तक आ सकती है. हालांकि इसमें फिर बढ़ोतरी की संभावना है.

    आर्द्रता बढ़ने के साथ ही बारिश की संभावना बढ़ जाती है..

    नियम क्या कहते हैं?

    अगर बारिश होती है तो मैच पूरा होने के लिए अतिरिक्त 190 मिनट का समय दिया जाएगा. विजेता बनने के लिए किसी टीम को कम से कम दस ओवर की बैटिंग करनी होगी. अगर शनिवार को एक्सट्रा टाइम में भी दस ओवर की बैटिंग नहीं हो पाती है तो रविवार को रिज़र्व डे के दिन मैच वहीं से शुरू होगा जहां से छोड़ा गया था.

    हालांकि रविवार को भी बारिश की संभावना जताई जा रही है. लेकिन इसकी संभावना 20 फीसदी है.

    अगर रिज़र्व डे के दिन भी मैच का नतीजा नहीं निकलता है तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा.

    अगर मैच टाई हो जाता तो सुपरओवर में इसका फैसला होगा. अगर सुपरओवर में भी मैच टाई हो जाता है तो एक और सुपरओवर होगा. सुपरओवर तब तक दिया जाएगा जब तक मैच का फैसला नहीं हो जाता.

    अगर बारिश की वजह से सुपरओवर नहीं होता है तो दोनों टीम को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा.

  8. पाकिस्तानी रक्षा मंत्री के अफ़ग़ानिस्तान में घुसकर कार्रवाई करने वाले बयान पर बोला तालिबान

    अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ के बयान को नासमझी बताया है.

    ख़्वाजा आसिफ़ ने अफ़ग़ानिस्तान के अंदर घुसकर कार्रवाई करने की बात कही थी.

    कुछ रोज़ पहले एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया संगठन को दिए गए इंटरव्यू में ख़्वाजा आसिफ़ का कहना था कि ऑपरेशन 'अज़मे इस्तेहकाम' के तहत अगर ज़रूरत महसूस हुई तो अफ़ग़ानिस्तान में मौजूद तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर जारी एक बयान में अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय का कहना है कि पाकिस्तानी मंत्री का अफ़ग़ानिस्तान की राष्ट्रीय संप्रभुता के संभावित उल्लंघन से संबंधित बयान नासमझी भरा है जो असद्भाव पैदा कर सकता है और ये किसी के हक़ में नहीं है.

    रक्षा मंत्रालय का कहना है कि पाकिस्तान के नेतृत्व को चाहिए कि किसी को भी संवेदनशील मामलों पर इस तरह के बयान देने की अनुमति न दे.

    दूसरी ओर दोहा में अफ़ग़ान तालिबान के राजनीतिक दफ़्तर के प्रमुख सुहैल शाहीन ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय के हालिया बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि वो किसी को अफ़ग़ानिस्तान को नुक़सान पहुंचाने की इजाज़त नहीं देंगे.

    टोलो न्यूज़ से बात करते हुए सुहैल शाहीन का कहना था कि अफ़ग़ानिस्तान की सरज़मीन किसी दूसरे मुल्क के ख़िलाफ़ इस्तेमाल नहीं हो रही है और दूसरे देशों के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप अफ़ग़ान नीति का हिस्सा नहीं है.

    "हम न तो किसी को नुक़सान पहुंचाते हैं और न ही किसी को नुक़सान पहुंचाने की इजाज़त देते हैं, और न ही हम किसी के अंदरूनी मामले में हस्तक्षेप करते हैं."

    सुहैल शाहीन का कहना था कि इस तरह की कार्रवाई करने का इरादा रखने वालों को अतीत के हमलों का अच्छी तरह से अध्ययन करना चाहिए और ऐसे अभियान के नतीजों पर ग़ौर करना चाहिए.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, लद्दाख़ में एलएसी के पास नदी में आई बाढ़ में पांच भारतीय सैनिकों की मौत

    लद्दाख़ में वास्तविक नियंत्रण रेखा के नज़दीक अचानक आई बाढ़ में पांच भारतीय सैनिकों की डूबकर मौत हो गई है.

    सेना के अधिकारियों के मुताबिक़ यह हादसा लद्दाख़ के पास दौलत बेग ओल्डी इलाक़े में हुआ.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ''हम अपने इन बहादुर सैनिकों की देश के प्रति अनुकरणीय सेवा को कभी भूल नहीं पाएंगे. इन सैनिकों के परिजनों के साथ दुख की इस घड़ी में साथ खड़े हैं. पूरा देश इस घड़ी में उनके साथ खड़ा है.''

    हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ जब ये सैनिक टैंकों के साथ किए जाने वाले एक अभ्यास के दौरान नदी पार कर रहे थे.

    उसी समय नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया.

    हादसे के वक़्त टैंक पर पांच सैनिक सवार थे. इनमें एक जेसीओ और चार जवान शामिल हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, लेह में डिफ़ेंस पीआरओ ने बताया है कि 28 जून 2024 की रात को एक मिलिट्री ट्रेनिंग गतिविधि के दौरान पूर्वी लद्दाख़ में सासेर ब्रांग्सा के नज़दीक श्योक नदी में एक आर्मी टैंक फंस गया था.

    “ये टैंक अचानक आई बाढ़ की वजह से फंस गया था. बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा लेकिन तेज़ी से बढ़ते जलस्तर की वजह से बचाव दल अपने अभियान में कामयाब नहीं हो सका और टैंक क्रू के सभी सदस्यों ने अपनी जान गंवा दी.”

    “भारतीय सेना पूर्व लद्दाख़ में तैनात अपने पांच बहादुर जवानों को खोने पर दुख जताती है.”

  10. जेडीयू नेता ने बताया 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाएगा?

    नई दिल्ली में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने आए पार्टी नेता केसी त्यागी ने पत्रकारों से कहा है कि साल 2025 में होने वाला बिहार विधानसभा का चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा.

    उन्होंने कहा,''नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में 2025 का चुनाव लड़ा जाएगा. इसकी घोषणा न केवल प्रधानमंत्री जी ने की है बल्कि राज्य के बीजेपी पार्टी अध्यक्ष और जो सदन के नेता हैं वो भी सार्वजनिक तौर पर घोषणा कर चुके हैं.''

    '' लिहाज़ा में यहां इस बहस को विराम देना चाहता हूं कि नेतृत्व को लेकर बिहार में कोई विवाद है. नीतीश कुमार न केवल जेडीयू के बल्कि एनडीए के सर्वमान्य नेता हैं.''

    वहीं संजय झा को जेडीयू कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर भी केसी त्यागी ने बयान दिया है.

    इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी के लिखित एजेंडे में ये शामिल नहीं है लेकिन नीतीश कुमार की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव आता है तो पूरी पार्टी को ये स्वीकार होगा.

  11. विक्रम मिसरी कौन हैं जो डिप्टी एनएसए से विदेश सचिव बनने जा रहे हैं?

    राष्ट्रीय सुरक्षा के उप सलाहकार (डिप्टी एनएसए) विक्रम मिसरी भारत के नए विदेश सचिव होंगे.

    मिसरी चीन मामलों में विशेषज्ञ माने जाते हैं. मिसरी को शुक्रवार को विदेश सचिव नियुक्त किया गया.

    मिसरी 1989 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफ़एस) के अफ़सर हैं. वो विदेश सचिव विनय क्वात्रा की जगह लेंगे.

    क्वात्रा को अमेरिका में भारत का राजदूत बनाया जा सकता है.

    एक सरकारी अधिसूचना में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति कमेटी ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में राष्ट्रीय सुरक्षा के उप सलाहकार (डिप्टी एनएसए) विक्रम मिसरी की विदेश सचिव के तौर पर नियुक्ति की मंज़ूरी दे दी है.

    ये नियुक्ति 15 जुलाई से प्रभावी होगी.

  12. ईरान के राष्ट्रपति चुनाव में ये उम्मीदवार मामूली अंतर से आगे

    ईरान के राष्ट्रपति चुनाव में रूढ़िवादी सईद जलीली ने अपने प्रतिद्वंद्वियों से हल्की बढ़त बना ली है.

    सरकार की ओर से जारी शुरुआती नतीजों में पूर्व परमाणु वार्ताकार जलीली लगभग 42 फ़ीसदी वोटों के साथ आगे चल रहे हैं. अब तक 8 लाख मत पत्रों की गिनती हो चुकी है. लेकिन नतीजे चौंकाने वाले रहे हैं.

    सुधारवादी नेता मसूद पेज़ेशकियान शुरुआत में आगे चल रहे थे लेकिन अब 40 फ़ीसदी वोटों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं

    पेज़ेशकियान पूर्व हार्ट सर्जन हैं और स्वास्थ्य मंत्री हैं. उन्होंने मोरल पुलिस पुलिसिंग पर लगाम लगाने का वादा कया है.

    उन्होंने महिलाओं पर कड़े ड्रेस कोड लागू करने को ‘अनैतिक’ क़रार दिया है.

    अगर ईरानी राष्ट्रपति चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को 50 फ़ीसदी से ज़्यादा वोट नहीं मिले तो दोबारा मतदान होगा.

    ईरान में पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की 19 मई को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत की वजह से नए राष्ट्रपति चुनाव हो रहे हैं.

  13. ओवैसी ने भारत-चीन सीमा के हालात पर क्या कहा, सरकार से किस सवाल का मांगा जवाब

    एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने लद्दाख में भारत और चीन सीमा पर चरवाहों को कथित तौर पर अपनी ही जमीन में जाने से रोके जाने का सवाल उठाया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ''क्या नरेंद्र मोदी इस बात का जवाब देंगे कि भारतीय चरवाहों को अपनी ही जमीन पर जाने की इजाजत क्यों नहीं दी जा रही है.''

    ''अगर चुसुल में 450 वर्ग किलोमीटर में भारतीयों को नहीं जाने दिया जा रहा है तो कल्पना कीजिए की लद्दाख में कितने इलाके में उन्हें जाने से रोका जा रहा है.''

    उन्होंने लिखा है, ''चार साल से अधिक समय से जमीन पर हमारी सबसे संवेदनशील सीमाओं में से एक का ये हाल है. हमारे सैनिक लद्दाख की 65 गश्ती चौकियों में से 26 पर नहीं जा सकते हैं. लेकिन 56 इंच छाती वाले हमारे पीएम ने चुप्पी साध रखी है.''

    उन्होंने लिखा है कि नई संसद का गठन हो चुका है और वो सरकार को बाध्य कर देंगे कि वह बॉर्डर पर चल रहे हालात के बारे में सच बताए.

  14. फ़्रांस में कल चुनाव, मैक्रों की पार्टी ने कहा- दक्षिणपंथी देश को बर्बाद कर देंगे

    फ्रांस में आम चुनाव प्रचार ख़त्म हो गया है. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की पार्टी की ओर से धुर दक्षिणपंथी पार्टी नेशनल रैली का समर्थन न करने की अपील की गई है.

    लेकिन ऐसा लगता है कि वोटर संसदीय चुनाव में नेशनल रैली को ऐतिहासिक जनादेश दे सकते हैं.

    फ्रांस में 30 जून को पहले दौर का चुनाव होगा. दूसरे दौर का चुनाव 7 जुलाई को होगा.

    फ्रांस के प्रधानमंत्री गैब्रियल अटाल ने चेतावनी दी है कि वोटरों ने अगर नेशनल रैली को वोट दिया तो नफ़रत और आक्रामकता की लहर आ सकती है. लेकिन मेरीन ली पेन और 28 वर्षीय जॉर्डन बार्देला की पार्टी को ओपिनियन पोल में आगे दिखाया गया है.

    हालांकि दक्षिणपंथी नेशनल रैली ने अपने ऊपर लग रहे नस्लवाद के आरोपों को ख़ारिज किया है. लेकिन सवाल ये है कि क्या इसे इतने वोट मिल पाएंगे कि ये अपने दम पर सरकार बना सके.

    जून की शुरुआत में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अचानक संसद को भंग करके मध्यावधि चुनाव कराने का एलान कर दिया था.

    राष्ट्रपति मैक्रों ने संसदीय चुनावों का एलान उस वक़्त किया था, जब यूरोपीय संसद के चुनावों में कट्टर दक्षिणपंथी नेशनल रैली पार्टी को को बड़ी कामयाबी मिली थी.

    चुनावों की घोषणा करते हुए मैक्रों ने अपने देश के नागरिकों से अपील की थी कि वो ‘कट्टरपंथियों को तवज्जो न दें’.

    फ्रांस में कैसे होता है चुनाव

    इन चुनावों में फ्रांस की संसद के निचले सदन, नेशनल असेंबली के 577 सदस्यों का चुनाव होगा. ये सदन ही देश के क़ानून बनाता है.

    संसद के ऊपरी सदन यानी सीनेट के सदस्यों का चुनाव नेशनल असेंबली और स्थानीय अधिकारी मिलकर करते हैं.

    30 जून को फ्रांस की मुख्य भूमि और फ्रांस से दूर आबाद इलाक़ों और विभागों के सभी 577 संसदीय इलाक़ों में वोट डाले जाएंगे.

    इन चुनावों में विदेश में रह रहे फ्रांसीसी नागरिक भी वोट डाल सकते हैं. हर ज़िले से एक संसद सदस्य चुना जाता है.

    7 जुलाई को सभी सीटों पर दोबारा वोट डाले जाएंगे, जिसमें मतदाताओं को पहले दौर में सबसे ज़्यादा वोट पाने वाले दो उम्मीदवारों में से एक का चुनाव करना होगा.

    पहले दौर में जिन उम्मीदवारों को 12.5 प्रतिशत से अधिक वोट मिलेंगे, वो अगले दौर के चुनाव में दाख़िल हो सकता है.

    ऐसे में आम तौर पर दूसरे दौर के मतदान में हर सीट पर दो या तीन उम्मीदवारों के बीच मुक़ाबला होता है.

    संसद में बहुमत के लिए किसी दल या गठबंधन के लिए 289 सीटों पर जीत हासिल करनी होती है.

  15. टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में आज भिड़ेंगे भारत और दक्षिण अफ्रीका

    आईसीसी के टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में आज भारत का मुक़ाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा.

    मैच केंसिंग्टन ओवल, ब्रिजटाउन, बारबाडोस में खेला जाएगा.

    टीम इंडिया ने सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को हराया है और तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई है.

    जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम अफ़ग़ानिस्तान को हराकर फाइनल में पहुंची है. दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार फाइनल में जगह पक्की की है.

    भारतीय टीम ने अपने सभी सात मैच जीते हैं.भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अभी तक 26 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं.

    इनमें से 14 में भारत ने जीत हासिल की है. वहीं में दक्षिण अफ्रीका ने 11 मैच जीते हैं.

  16. यूजीसी नेट समेत इन परीक्षाओं के लिए नई तारीखों का एलान

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट 2024, संयुक्त सीएसआईआर यूजीसी नेट और एनसीईटी परीक्षाओं के लिए नई तारीखों का एलान किया है.

    नीट-यूजी परीक्षा में गड़बड़ी के बाद ये परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं.

    एनटीए के मुताबिक़ यूजीसी नेट 2024 की परीक्षाएं 21अगस्त 2024 से लेकर 4 सितंबर 2024 के बीच होंगीं.

    वहीं संयुक्त सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा 25 से 27 जुलाई 2024 तक होगी. एनसीईटी 2024 की परीक्षा 10 जुलाई 2024 को होगी.

    इस बीच, नीट-यूजी परीक्षा में गड़बड़ी की जांच तेजी से चल रही है. सीबीआई की ओर से जांच शुरू होते ही इसमें कई गिरफ़्तारियां हुई हैं

  17. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    28 जून की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.