अमेरिका पहुंचे कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी

कनाडा के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए अमेरिका पहुंच चुके हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, कीर्ति रावत

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. अमेरिका पहुंचे कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी

    मार्क कार्नी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने के ट्रंप के बयान से दोनों देशों के बीच तनाव है

    कनाडा के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए अमेरिका पहुंच चुके हैं.

    यह मार्क कार्नी की प्रधानमंत्री के तौर पर ट्रंप से पहली मुलाकात है इस पर दुनिया की नज़रें टिकी हुई हैं.

    इस मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा, "कनाडा उनके लिए एक ख़ास जगह हैं."

    उन्होंने ये भी कहा कि वो कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने वाले अपने बयान पर क़ायम हैं.

    ट्रंप को जवाब देते हुए मार्क कार्नी ने कहा "कुछ जगहें कभी बिकाऊ नहीं होतीं."

    पिछले कुछ महीनों से कनाडा और अमेरिका के बीच संबंध तनावपूर्व चल रहे हैं. दोनों देशों के बीच व्यापार को लेकर तनातनी बनी हुई है.

    अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद से ही ट्रंप कई बार कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात कर चुके हैं.

    हालांकि ट्रंप की इस इच्छा का मार्क कार्नी विरोध करते रहे हैं.

    29 अप्रैल को मार्क कार्नी के नेतृत्व में लिबरल पार्टी ने कनाडा के आम चुनावों में जीत हासिल की.

    चुनाव जीतने के बाद कार्नी ने कहा था कि अगर कनाडा-अमेरिका के बीच कोई व्यापार या सुरक्षा समझौता होगा, तो वह केवल उनकी शर्तों पर ही होगा.

  3. पहलगाम हमला: ओआईसी के बयान पर भारतीय विदेश मंत्रालय क्या बोला

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फ़ाइल फोटो)

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने पहलगाम हमले पर इस्लामिक देशों के संगठन ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) की ओर से जारी किए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "ओआईसी का बयान पाकिस्तान के कहने पर जारी किया गया है और यह पूरी तरह गलत है क्योंकि इसमें पहलगाम आतंकी हमले और उसके सीमा पार संबंधों की सच्चाई को नज़रअंदाज़ किया गया है.”

    “पाकिस्तान लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद में शामिल रहा है और ओआईसी को भटकाकर अपने पक्ष में बयान दिलवाने की उसकी ये एक और कोशिश है. हम ओआईसी के भारत के आंतरिक मामलों में दखल को खारिज करते हैं."

    ओआईसी ने 2 मई को दक्षिण एशिया में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताते हुए बयान जारी किया था.

    जारी बयान में ओआईसी ने कहा था, "हमने भारत और पाकिस्तान से कहा है कि वे संयम बरतें और जल्द से जल्द आपसी बातचीत फिर से शुरू करें."

    ओआईसी ने दोनों देशों को आपसी मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से और अंतरराष्ट्रीय कानून व संयुक्त राष्ट्र के नियमों के तहत हल करने की सलाह दी.

  4. इसराइल ने यमन की राजधानी सना के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर किया हमला

    यमन के एयरपोर्ट पर हमला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रॉयटर्स के मुताबिक, इसराइल की ओर किए गए इस हमले में तीन नागरिक विमान, डिपार्चर हॉल, रनवे और एक सैन्य एयरबेस को निशाना बनाया गया.

    इसराइल की सेना ने यमन की राजधानी सना के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई हमला किया है.

    इसराइल डिफेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) ने दावा किया है कि इस हमले में यमन के हूती विद्रोहियों के कई ठिकाने तबाह हो गए हैं और एयरपोर्ट पूरी तरह से बंद हो गया है.

    हमले से पहले मंगलवार को आईडीएफ़ ने वहां के लोगों को एयरपोर्ट खाली करने और इलाके से दूर जाने के लिए कहा था.

    दिसंबर में भी इसराइल ने सना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को निशाना बनाया था.

    एक दिन पहले इसराइल ने यमन के हुदैदाह शहर पर भी हमले किए थे.

    ये कार्रवाई उस मिसाइल हमले के जवाब में की गई है, जिसमें ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इसराइल के मुख्य एयरपोर्ट के पास हमला किया था.

    इसराइल ने इससे पहले भी जनवरी में हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ यमन में कई हमले किए थे, जिनमें बिजलीघर और बंदरगाह शामिल थे.

    इसराइली सेना का दावा है कि हूती इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल हथियार सप्लाई करने के लिए कर रहे थे.

    रॉयटर्स के मुताबिक, इसराइल की ओर किए गए इस हमले में तीन नागरिक विमान, डिपार्चर हॉल, रनवे और एक सैन्य एयरबेस को निशाना बनाया गया.

    हूती विद्रोहियों ने इस हमले के लिए अमेरिका और इसराइल को संयुक्त रूप से दोषी ठहराया, लेकिन एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि उनकी सेना यमन पर हुए हमले में शामिल नहीं है.

  5. इसराइल के बड़े सैन्य अभियान के एलान के बाद हमास ने बातचीत से किया इनकार

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि ग़ज़ा की 21 लाख आबादी को 'बचाने के लिए स्थानांतरित किया जाएगा.'

    हमास के सीनियर अधिकारी ने कहा है कि अब ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई को लेकर बातचीत करने का कोई फ़ायदा नहीं है.

    यह बयान तब आया है जब इसराइल ने ग़ज़ा पर बड़ा सैन्य अभियान चलाने की योजना को मंजूरी दी है.

    हमास के अधिकारी बासेम नईम ने बीबीसी से कहा कि जब तक इसराइल भुखमरी वाली जंग जारी रखेगा, तब तक हमास किसी भी नए समझौते पर बातचीत नहीं करेगा.

    सोमवार को इसराइली सेना ने बताया कि इस अभियान का मक़सद हमास से बंधकों को छुड़ाना और उसे पूरी तरह हराना है.

    इसराइली अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान में ग़ज़ा की अधिकतर आबादी को हटाना, ज़रूरी सहायता पर क़ब्ज़ा करना और दो महीने से चल रही नाकेबंदी को आगे बढ़ाना शामिल होगा.

    संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि इस नाकेबंदी की वजह से ग़ज़ा में खाने की भारी कमी हो गई है.

    इसराइल ने यह भी कहा है कि यह अभियान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अगले हफ़्ते क्षेत्रीय दौरे के बाद शुरू किया जाएगा. इससे पहले तक हमास के पास समझौता करने का मौका है.

    हालांकि, मंगलवार को बासेम नईम ने साफ़ कहा कि 'हमास अब किसी भी नई बातचीत में शामिल नहीं होगा.'

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने चेतावनी दी है कि अगर इसराइल का सैन्य अभियान बढ़ा, तो ग़ज़ा में बड़ी संख्या में आम लोग मारे जाएंगे.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने भी हालात पर चिंता जताई और कहा कि अब शांति प्रक्रिया फिर से शुरू करने की ज़रूरत है.

    वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ग़ज़ा के लोगों को खाने-पीने की चीज़ें पहुंचाने में मदद करेगा.

  6. मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर क्या बोले बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर

    बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि पहलगाम हमले के तीन दिन पहले केंद्र सरकार को ख़ुफ़िया जानकारी मिली थी

    पहलगाम हमले को लेकर केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा करने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं. यह भाषा पाकिस्तान की है, नेता कांग्रेस का है. यह पहली बार नहीं हुआ है. हमें कांग्रेस के ऐसे कई उदाहरण देखने को मिलते हैं जहां कांग्रेस और पाकिस्तान की भाषा एक जैसी होती है."

    "कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह बयान अपने आप में एक बड़ा सवाल खड़ा करता है. पाकिस्तान के बोल और कांग्रेस के बोल एक जैसे कैसे हैं?"

    मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झारखंड में 'संविधान बचाओ' रैली के दौरान पहलगाम में हुए हमले को लेकर केंद्र सरकार पर ख़ुफ़िया एजेंसियों की विफलता का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा,"मुझे जानकारी मिली है कि पहलगाम हमले से तीन दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी को एक ख़ुफ़िया रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसके आधार पर उन्होंने कश्मीर जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया था. मैंने यह बात अख़बार में भी पढ़ी."

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने सवाल किए थे कि ख़ुफ़िया रिपोर्ट मिलने के बावजूद क्यों सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए उचित क़दम नहीं उठाए?

  7. भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ अहम समझौता, मोदी ने बताया- ऐतिहासिक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस समझौते से दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी

    भारत और ब्रिटेन मंगलवार को मुक्त व्यापार समझौते (एफ़टीए) पर सहमत हो गए हैं.

    इसके बाद दोनों देशों ने एक व्यापक व्यापार समझौते की घोषणा की है, जो अधिकांश वस्तुओं और सेवाओं पर से टैरिफ़ हटाने का प्रावधान करता है.

    यह क़दम भारत और अमेरिका सहित अन्य देशों के बीच इसी तरह के समझौतों के लिए आगे का रास्ता खोल सकता है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इस समझौते को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी.

    उन्होंने लिखा, "अपने दोस्त प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से बात करके खुशी हुई. भारत और ब्रिटेन ने एक ऐतिहासिक क़दम के तहत एक मज़बूत और फायदेमंद फ़्री ट्रेड समझौता और डबल कंट्रीब्यूशन समझौते को पूरा कर लिया है."

    "यह ऐतिहासिक समझौता हमारे राजनीतिक रिश्तों को और भी मज़बूत करेगा और दोनों देश व्यापार, निवेश, विकास, रोज़गार और इनोवेशन को बढ़ावा देंगे. मैं प्रधानमंत्री स्टार्मर का जल्द भारत में स्वागत करने के लिए उत्साहित हूं."

  8. ग़ज़ा के बच्चों के लिए पोप फ़्रांसिस की पोपमोबाइल बनेगी मोबाइल हेल्थ क्लीनिक

    पोपमोबाइल

    इमेज स्रोत, Caritas Jerusalem

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी के मुताबिक, इसराइल ने दो महीने से ग़ज़ा में मानवीय मदद रोक रखी है

    दिवगंत पोप फ़्रांसिस की इस्तेमाल की गई पोपमोबाइल में से एक को अब ग़ज़ा के बच्चों की मदद के लिए मोबाइल हेल्थ क्लीनिक में बदला जा रहा है.

    पोपमोबाइल वह गाड़ी है जिसका इस्तेमाल पोप फ़्रांसिस हजारों लोगों से मिलने के लिए किया करते थे.

    साल 2014 में पोप फ़्रांसिस ने बेथलेहम का दौरा किया था. इस दौरे मे इस्तेमाल की गई पोपमोबाइल को हेल्थ क्लीनिक में बदला जा रहा है.

    इस प्रोजेक्ट को कैरिटस नाम की चैरिटी संस्था संभाल रही है.

    उन्होंने अपने बयान में कहा, "इस हेल्थ क्लीनिक में रेपिड टेस्ट किट, इंजेक्शन, वैक्सीन, ऑक्सीजन और दवाइयों के लिए एक छोटा फ्रिज होगा."

    वेटिकन ने कहा कि यह गाड़ी भेजना पोप फ़्रांसिस की ग़ज़ा के बच्चों के लिए आखिरी इच्छा थी, जो उन्होंने अपनी मौत से पहले जताई थी.

    यह गाड़ी फिलहाल बेथलेहम में है और तब तक वहीं रहेगी जब तक इसराइल दोबारा से ग़ज़ा के लिए मानवीय मदद का रास्ता नहीं खोलता.

    यूनिसेफ़ की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में इसराइल और हमास के बीच शुरू हुए युद्ध की वजह से ग़ज़ा पट्टी में अब तक 15,000 से ज़्यादा बच्चों की मौत हो चुकी है और लगभग 10 लाख लोग अपने घरों से बेघर हो चुके हैं.

    संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने बताया कि इसराइल ने दो महीने से ग़ज़ा में मानवीय मदद रोक रखी है, जिससे वहां खाने, साफ पानी और दवाओं की भारी कमी हो गई है और लोग ज़िंदगी बचाने के लिए जूझ रहे हैं.

  9. पीएम मोदी का जम्मू कश्मीर दौरा रद्द होने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा

    मल्लिकार्जुन खड़गे

    इमेज स्रोत, Congress/X

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार ने ख़ुफ़िया एजेंसियों से चूक होने की बात स्वीकार की है.

    पहलगाम में चरमपंथी हमले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर ख़ुफ़िया एजेंसियों की विफलता के आरोप लगाए हैं.

    उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जम्मू कश्मीर दौरा रद्द करने के पीछे ख़ुफ़िया जानकारी मिलने का दावा किया.

    खड़गे ने झारखंड में 'संविधान बचाओ' रैली के दौरान कहा, "मुझे जानकारी मिली है कि पहलगाम हमले से तीन दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी को एक ख़ुफ़िया रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसके आधार पर उन्होंने कश्मीर जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया था. मैंने यह बात अख़बार में भी पढ़ी."

    उन्होंने कहा, "अगर ख़ुफ़िया जानकारी यह चेतावनी दे सकती थी कि आपका (प्रधानमंत्री मोदी) वहां जाना सुरक्षित नहीं है, तो आपने ख़ुफ़िया एजेंसी ने वहां (जम्मू-कश्मीर) की पुलिस और बॉर्डर फ़ोर्स को सूचना क्यों नहीं दी? क्यों लोगों की सुरक्षा के लिए उचित क़दम नहीं उठाए?"

    कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, "आपने (प्रधानमंत्री मोदी) ऑल पार्टी मीटिंग में ये मान लिया था कि ख़ुफ़िया एजेंसी से चूक हो गई है. अगर आप चूक को मान रहे हैं तो जो लोग इस हमले में मारे गए उनकी भी ज़िम्मेदारी आपको लेनी चाहिए."

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि 'पाकिस्तान के ख़िलाफ़ सरकार जो भी फै़सला लेगी, वे उसके साथ खड़े हैं.'

    19 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी कश्मीर का दौरा करने वाले थे लेकिन इसे रद्द कर दिया गया था.

  10. बांग्लादेश लौटीं ख़ालिदा ज़िया, सियासी हलचल बढ़ी

    ख़ालिदा ज़िया

    इमेज स्रोत, BSS

    पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की चेयरपर्सन ख़ालिदा ज़िया लंदन में चार महीने इलाज करवाने के बाद वतन लौट आई हैं.

    मंगलवार की सुबह वह हज़रत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची.

    ख़ालिदा ज़िया के साथ उनकी बहू ज़ुबैदा रहमान भी बांग्लादेश लौटी हैं. उनकी बहू करीब 17 साल बाद बांग्लादेश आई हैं.

    उनके साथ तीन निज़ी डॉक्टर भी थे.

    बीएनपी के नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट के पास बैनर, पोस्टर और झंडों के साथ खड़े थे.

    ख़ालिदा ज़िया 8 जनवरी को इलाज के लिए लंदन गईं थीं.

    79 साल की ख़ालिदा ज़िया लिवर सिरोसिस, किडनी की समस्या और हृदय रोग जैसी कई बीमारियों से पीड़ित थीं. उन्हें इलाज के लिए लंदन क्लिनिक में भर्ती किया गया था.

    बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता

    बांग्लादेश में पिछले साल अगस्त में छात्रों के विरोध के बाद शेख़ हसीना की सरकार गिर गई थी. इसके बाद से बांग्लादेश में अंतरिम सरकार कामकाज संभाल रही है. इस सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस हैं.

    अंतरिम सरकार पर देश में चुनाव कराकर विजेता दल को सत्ता सौंपने की जिम्मेदारी है, लेकिन कई विश्लेषक अंतरिम सरकार की चुनाव कराने की प्रतिबद्धता पर संदेह जताते रहे हैं.

    मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने चुनावों की कोई तारीख नहीं बताई है.

    कहा गया था कि कुछ सुधारों के बाद चुनाव कराए जा सकते हैं, लेकिन इसकी तारीख़ नहीं बताई गई थी. अब ख़ालिदा ज़िया के बांग्लादेश लौट आने के बाद अंतरिम सरकार पर चुनाव कराने का दबाव बनेगा.

  11. मॉक ड्रिल: बीजेपी ने देश के नागरिकों से क्या अपील की?

    जगत प्रकाश नड्डा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बीजेपी ने मॉक ड्रिल को लेकर देश के नागरिकों, बीजेपी कार्यकर्ताओं, नेताओं और छात्रों से अपील की है कि वो आगे आकर वालंटियर करें.

    बीजेपी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को 7 मई को एक मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. इसका उद्देश्य यह देखना है कि किसी आपात स्थिति में हमारी तैयारियां कितनी मजबूत हैं."

    बीजेपी ने बताया कि इस ड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए जाएंगे, लोगों और छात्रों को सिखाया जाएगा कि हमले जैसी स्थिति में ख़ुद को कैसे सुरक्षित रखें. इसके अलावा, ज़रूरी सरकारी और महत्वपूर्ण इमारतों को छिपाने (कैमोफ्लाज) की तैयारी जैसी गतिविधियां शामिल होंगी.

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. रूस और यूक्रेन ने ड्रोन हमले को लेकर एक-दूसरे पर क्या आरोप लगाए हैं?

    रूस-यूक्रेन हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी ड्रोन हमले के बाद खारकीएव में आग बुझाते कर्मी

    रूस का दावा है कि कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेन के हमले में 3 लोगों की मौत हुई है. वहीं यूक्रेन ने दावा किया है कि रूसी हमले में 4 लोगों की मौत हुई है.

    कुर्स्क के गवर्नर अलेक्जेंडर खिनश्टाइन ने कहा कि कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेन के हमले में 3 लोगों की मौत हुई है और 7 लोग घायल हुए हैं.

    उन्होंने बताया कि यूक्रेनी हमले के बाद 7 लोगों को अस्पताल ले जाया गया.

    वहीं यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन में रातभर और आज सुबह रूसी हमलों में चार लोगों की मौत हुई है.

    स्थानीय सैन्य अधिकारियों के अनुसार, रूस ने गाइडेड हवाई बमों, मोर्टारों और रॉकेटों से गांवों पर हमला किया. उनके मुताबिक़ इस हमले में उत्तरी सुमी क्षेत्र में 3 लोग मारे गए और 7 घायल हो गए.

    यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी शहर ओडेसा में ड्रोन हमले में 1 व्यक्ति की मौत हो गई, और पूर्वी शहर खारकीएव में ड्रोन हमले में 4 लोग घायल हो गए.

  14. मॉक ड्रिल को लेकर उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने दी ये जानकारी

    उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार (फ़ाइल फ़ोटो) ने कहा कि तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है

    उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया है कि राज्य को 7 मई को सिविल डिफेंस के मॉक ड्रिल को लेकर भारत सरकार से निर्देश मिला है.

    प्रशांत कुमार ने कहा, "(यूपी में) 19 जिलों की पहचान की गई है, जिनमें एक ज़िला ए कैटेगरी में है, 2 ज़िले सी कैटेगरी में हैं और बाक़ी बी कैटेगरी में हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "लेकिन यहां की संवेदनशीलता के मद्देनज़र शासन ने निर्देश दिया है कि सभी जिलों में सिविल प्रशासन, पुलिस प्रशासन, अग्निशमन सेवा और डिज़ास्टर रेस्पॉन्स फ़ोर्स के साथ मिलकर यह मॉक ड्रिल की जाए."

    उन्होंने कहा कि ड्रिल के समय वगैरह को लेकर स्थानीय स्तर पर विस्तृत निर्देश शासन और मुख्यालय की ओर से जल्द ही जारी किया जाएगा.

    बता दें कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 7 मई को मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए हैं.

  15. मॉक ड्रिल पर संजय राउत बोले- 'क्या मोदी जी की ये तैयारी है?'

    संजय राउत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संजय राउत ने कहा कि मोदी सरकार को सभी दलों से बात करनी चाहिए

    पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. वहीं भारत के गृह मंत्रालय ने देश में मॉक ड्रिल कराने का निर्देश दिया है. इस पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है.

    संजय राउत ने कहा, "अगर सरकार मॉक ड्रिल करना चाहती है, तो ठीक है. लेकिन मॉक ड्रिल क्या होता है? कल पूरा ब्लैकआउट हो जाएगा. सायरन बजते हैं, वो बजेंगे. यातायात रुक जाएगा. ये हमने 1971 में देखा है."

    उन्होंने कहा कि उस वक़्त कम्युनिकेशन का कोई साधन नहीं था, लेकिन अभी है और लोगों को बताया जा सकता है कि क्या करना है.

    संजय राउत ने कहा, "युद्ध तो होता है, लेकिन युद्ध के बाद जो परिस्थिति पैदा होती है...वो बहुत गंभीर होती है. उसके लिए भी सभी दलों को अभी से साथ लेकर चर्चा करनी होगी."

    उन्होंने सवाल किया, "क्या मोदी जी की ये तैयारी है? अगर सच में युद्ध करना है, तो सबको साथ लेना चाहिए. राहुल गांधी ने कहा है कि विशेष सत्र बुलाइए, हमारी ये मांग पहले से रही है, बातचीत करिए. देश संकट में है, युद्ध की स्थिति में है, तो हम आपके साथ हैं."

  16. मॉक ड्रिल को लेकर दिल्ली कितनी तैयार? सीएम रेखा गुप्ता ने बताया

    दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली की जनता और सरकार देश के साथ खड़ी है

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गृह मंत्रालय की ओर से देश में मॉक ड्रिल कराने के निर्देश पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया है कि केंद्र के हर निर्देश का पालन किया जा रहा है.

    सीएम रेखा गुप्ता ने मॉक ड्रिल को लेकर पत्रकारों के सवाल पर कहा, "दिल्ली इसके लिए पूरी तरह तैयार है. दिल्ली की जनता और दिल्ली की सरकार देश के साथ खड़ी है और केंद्र सरकार के दिशानिर्देश पर हर तरह का काम किया जा रहा है."

    भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 7 मई को मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए हैं.

    पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच इसे काफ़ी अहम माना जा रहा है.

  17. गृह मंत्रालय के मॉक ड्रिल के निर्देश पर यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर क्या बोले?

    उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि 'जब हमारे लड़ाकू विमान रिहर्सल करें, तो उसकी आवाज़ से लोग घबराएं नहीं'

    भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 7 मई को मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए हैं. इस पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया दी है.

    ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि गृह मंत्रालय लोगों को अलर्ट कर रही है, ताकि लोग लड़ाकू विमानों के अभ्यास के दौरान घबराए नहीं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से राजभर ने कहा, "देश की सुरक्षा के मद्देनज़र पहलगाम घटना के बाद देश की जनता चाहती है कि आतंकवादियों का सफ़ाया किया जाए."

    वो बोले, "जब हमारे लड़ाकू विमान रिहर्सल करें, तो उसकी आवाज़ से लोग घबराएं नहीं और उससे कैसे संतुलन बनाएं, इसकी जानकारी देने के लिए गृह मंत्रालय की ओर से सबको अलर्ट किया जा रहा है."

  18. पोप के तौर पर अपनी एआई फ़ोटो पर बोले ट्रंप- मुझे नहीं पता तस्वीर किसने बनाई

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा है कि पोप वाली तस्वीर से उनका कोई लेना-देना नहीं है

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पोप के तौर पर सोशल मीडिया पर शेयर की गई अपनी एआई फ़ोटो पर प्रतिक्रिया दी है. ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं पता वो तस्वीर कहां से आई.

    हाल ही में ट्रंप के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल और व्हाइट हाउस के एक्स अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की गई थी.

    तस्वीर में ट्रंप को पोप जैसी सफे़द पोशाक और टोपी पहने, गले में बड़ा क्रॉस है और गंभीर भाव में एक उंगली ऊपर उठाए दिखाया गया था.

    ट्रंप की एआई तस्वीर

    इमेज स्रोत, @realDonaldTrump

    इमेज कैप्शन, ट्रंप की एआई तस्वीर, जिस पर कैथोलिक समूह ने आपत्ति जताई

    इस पर कैथोलिक समूह ने कड़ी आपत्ति जताई थी. न्यूयॉर्क स्टेट कैथोलिक कॉन्फ्रेंस ने ट्रंप पर उनकी आस्था का मज़ाक बनाने का आरोप लगाया था.

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ पोप के तौर पर ट्रंप की तस्वीर पर 5 मई को एक रिपोर्टर ने उनसे सवाल किया. इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि वो तस्वीर उन्होंने नहीं बनाई.

    ट्रंप ने कहा, "मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है. किसी ने पोप की तरह कपड़े पहने हुए मेरी तस्वीर बनाई और इसे इंटरनेट पर डाल दी. यह मैंने नहीं किया है. मुझे नहीं पता कि यह (तस्वीर) कहां से आई. हो सकता है कि तस्वीर एआई से बनाई गई, लेकिन मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता."

  19. पाकिस्तान की नेशनल असेंबली आज फिर करेगी बैठक, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की नेशनल असेंबली ने सोमवार को भी बैठक की थी

    पाकिस्तान की नेशनल असेंबली मंगलवार, 6 मई को सुबह 11 बजे फिर बैठक करेगी. इस बैठक में पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर चर्चा की जाएगी.

    इसके अलावा, भारत की ओर से सिंधु जल संधि के निलंबन से जुड़ी घोषणा से बनी स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी.

    इससे पहले, सोमवार को आयोजित सत्र में पाकिस्तान की नेशनल असेंबली ने सभी तरह के आतंकवाद की निंदा की और इस बात पर ज़ोर दिया कि निर्दोष नागरिकों की हत्या पाकिस्तान के मूल्यों के ख़िलाफ़ है.

    वहीं सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी भारत-पाकिस्तान तनाव पर बंद कमरे में एक बैठक की. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इस बैठक में राजदूतों ने संयम और बातचीत की अपील की.

    सुरक्षा परिषद की ये बैठक क़रीब डेढ़ घंटे तक चली, हालांकि बैठक के बाद परिषद की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया.

  20. रूस बोला- यूक्रेनी ड्रोन हमलों के बाद मॉस्को के सभी एयरपोर्ट बंद किए गए

    मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने 5 मई को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक बैठक की.

    रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने लगातार दूसरी रात मॉस्को को निशाना बनाकर रातभर ड्रोन हमला किया.

    रूस के एविएशन वॉचडॉग रोसावियात्सिया ने टेलीग्राम पर कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजधानी के सभी चार प्रमुख हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

    मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने सोशल मीडिया पर कहा कि कम से कम 19 यूक्रेनी ड्रोन 'अलग-अलग दिशाओं से' शहर में पहुंचने से पहले ही नष्ट हो गए थे.

    उन्होंने कहा कि नष्ट हुए ड्रोन का कुछ मलबा शहर में आने वाले प्रमुख राजमार्गों में से एक पर गिरा था, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ.

    यूक्रेन ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है. लेकिन यूक्रेन के शहर खारकिएव के मेयर ने कहा कि रूस ने रातभर शहर में और साथ ही कीएव क्षेत्र में भी ड्रोन हमले किए.