You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उद्घाटन भाषण में बोले ट्रंप- 'भविष्य हमारा है, स्वर्णिम युग शुरू'

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है. वो दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने हैं.

सारांश

  • डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति पद की शपथ ली.
  • जेडी वांस ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली है.
  • ट्रंप के शपथ समारोह में कई उद्योगपती, नेता और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति शामिल हुए.
  • भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है.

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, इफ़्तेख़ार अली

  1. सैफ़ अली ख़ान पर हमले के मामले में पंकजा मुंडे ने क्या कहा?

    अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर हुए हमले के मामले में अभियुक्त के बांग्लादेश के होने के शक पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे ने प्रतिक्रिया दी.

    पंकजा मुंडे ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "पुलिस की जाँच पर कुछ बोलना उचित नहीं है, लेकिन एक बड़े स्टार पर हमला हुआ."

    उन्होंने कहा कि हम जिस क्षेत्र में रहते हैं, उसके बारे में सोचते हैं कि वो सुरक्षित है. हम भी घर लॉक नहीं करते थे, लेकिन ऐसा होने पर लग रहा है कि घर बंद करके सोना चाहिए.

    सैफ़ अली ख़ान पर हुए हमले के संबंध में मुंबई पुलिस ने कहा है कि हमलावर अभियुक्त बांग्लादेश का हो सकता है.

    मुंबई पुलिस के मुताबिक़ सैफ़ पर हमला करने वाले अभियुक्त की उम्र क़रीब 30 साल है और उसका नाम मोहम्मद शरीफ़ुल इस्लाम शहज़ाद है. वह चोरी के इरादे से घर में घुसा था.

    सैफ़ अली ख़ान पर गुरुवार तड़के उनके बांद्रा स्थित घर में चाकू से हमला किया गया था. इसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    ये भी पढ़ें-

  2. एस जयशंकर जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री से मिले, क्या चर्चा हुई?

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका में ऑस्ट्रेलिया और जापान के अपने समकक्षों से मुलाक़ात की.

    एस जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया और जापान के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक के दौरान द्विपक्षीय मुद्दों और ‘क्वाड’ से जुड़े हुए मुद्दों पर चर्चा की.

    इसकी जानकारी एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोटो शेयर कर दी.

    क्वाड भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान का एक समूह है. माना जाता है कि भारत-प्रशांत क्षेत्र में चीन के दबदबे को कम करने के लिए चार देशों के इस संगठन का गठन हुआ है.

    क्वाड को चीन हमेशा अपने ख़िलाफ़ साज़िश बताता रहा है.

    ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे. भारत की ओऱ से इसमें शामिल होने के लिए एस जयशंकर अमेरिका के दौरे पर हैं.

  3. दक्षिण कोरिया: महाभियोग का सामना कर रहे राष्ट्रपति यून सुक योल की हिरासत 20 दिनों तक बढ़ी

    दक्षिण कोरिया में महाभियोग का सामना कर रहे राष्ट्रपति यून सुक योल की हिरासत अवधि बढ़ा दी गई है.

    सोल की एक अदालत के जज ने वारेंट जारी कर कहा कि योल को जाँचकर्ता अन्य 20 दिनों के लिए और हिरासत में रख सकते हैं.

    यून सुक योल को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था.

    जाँचकर्ता यून सुक योल को गिरफ्तार करने के लिए सीढ़ियों और तार काटने वाली मशीनों का इस्तेमाल कर उन तक पहुँचे थे.

    गिरफ्तारी को रोकने के लिए प्रेसिडेंशियल सिक्योरिटी सर्विस (पीएसएस) के कर्मियों ने बैरिकेड्स लगा दिए थे. इस दौरान यून सुक योल के समर्थक भी जमा हो गए थे.

    पिछले साल दिसंबर में यून सुक योल ने देश में मार्शल लॉ लगाने का एलान किया था और विवाद होने पर उन्होंने इसे वापस ले लिया.

    फिर यून सुक योल के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव लाया गया और ये संसद में पास हो गया. यून के ख़िलाफ़ राजद्रोह के आरोपों की भी जाँच हो रही है.

    संवैधानिक अदालत ने यून सुक योल को महाभियोग के ज़रिए पद से हटाए जाने की वैधता पर आदेश नहीं दिया है.

    इस कारण यून सुक योल तकनीकी तौर पर अभी भी दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति बने हुए हैं.

    ये भी पढ़ें-

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से कुछ घंटे पहले की रैली, क्या कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से कुछ घंटे पहले वाशिंगटन डीसी में एक रैली की और उन्होंने इस दौरान कई वादे किए.

    ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में मौजूद अपने हज़ारों समर्थकों के बीच चुनाव में जीतने का जश्न मनाया और कहा, "मैं ऐतिहासिक गति और ताक़त के साथ काम करूंगा. हमारे देश के सामने आने वाले हर संकट को ठीक करूंगा."

    ट्रंप ने कहा, "मैं पद की शपथ लेने के कुछ घंटे के भीतर ही बाइडन प्रशासन के हर कट्टरपंथी और मूर्खतापूर्ण कार्यकारी आदेश को निरस्त करूंगा."

    ट्रंप ने वादा किया कि वो एग्ज़िक्युटिव ऑर्डर जारी करेंगे, जिसमें आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा मिलेगा.

    ये भी पढ़ें-

  5. इसराइल ने युद्धविराम समझौते के तहत 90 फ़लस्तीनी क़ैदियों को छोड़ा

    ग़ज़ा में युद्धविराम और फ़लस्तीनी क़ैदियों के बदले इसराइली बंधकों की रिहाई का समझौता लागू हो गया.

    इस बीच इसराइल ने कहा कि उसने समझौते के पहले चरण के तहत 90 फ़लस्तीनी क़ैदियों को रिहा कर दिया है.

    हमास ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इन 90 लोगों में 69 महिलाएं और 21 किशोर बच्चे हैं.

    रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़ इनमें से ज़्यादातर लोगों को हाल ही में हिरासत में लिया गया था. इन पर कोई मुक़दमा नहीं चलाया गया या उन्हें किसी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया था.

    युद्धविराम के लागू होने के कुछ घंटों बाद हमास ने भी तीन इसराइली बंधकों को छोड़ा था.

    समझौते के पहले चरण में इसराइल को 1,900 फ़लस्तीनी क़ैदियों को छोड़ना है. वहीं, हमास इसके बदले 33 इसराइली बंधकों को रिहा करेगा.

    दरअसल इसराइल और हमास के बीच यह युद्धविराम समझौता तीन चरणों में लागू होना है. पहले चरण में इसराइल की जेलों में बंद फ़लस्तीनी क़ैदियों के बदले हमास के कब्ज़े में मौजूद बंधकों को रिहा किया जाएगा.

    फिर ग़ज़ा से इसराइली सेना धीरे-धीरे पीछे हटेगी और आख़िरी चरण में ग़ज़ा के पुनर्निर्माण का काम होगा.

    ये भी पढ़ें-

  6. डोनाल्ड ट्रंप के आश्वासन के बाद टिक-टॉक ने उठाया ये कदम, टॉम मैकआर्थर, बीबीसी न्यूज़

    डोनाल्ड ट्रंप के आश्वासन के बाद सोशल मीडिया ऐप टिक-टॉक अमेरिका में अपनी सेवाएं फिर से शुरू कर रहा है.

    टिक-टॉक ने ये कदम नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस आश्वासन के बाद उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वो राष्ट्रपति पद संभालने के बाद ऐप को प्रतिबंध से राहत देने के लिए एक कार्यकारी आदेश जारी करेंगे.

    टिक-टॉक ने अमेरिका में अपनी गतिविधियां बंद कर ली थी.

    टिक-टॉक को ऐसा कदम उस अमेरिकी क़ानून के आधार पर उठाना पड़ा था, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए ऐप पर प्रतिबंध की बात कही गई थी.

    ट्रंप ने ये भी कहा कि वो टिक-टॉक को प्रतिबंध से 90 दिन की छूट दे सकते हैं. अतीत में ट्रंप टिक-टॉक पर प्रतिबंध के पक्ष में रहे हैं.

    दरअसल, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को टिक-टॉक पर प्रतिबंध लगाने वाले क़ानून के पक्ष में फ़ैसला सुनाया था.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.