You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अफ़ग़ानिस्तान: तालिबान ने पाकिस्तान पर हमले का दावा किया, बताया- जवाबी कार्रवाई

तालिबान ने दावा किया है कि इस हमले में पाकिस्तानी अर्द्धसैनिक बल का कम से कम एक सैनिक मारा गया है और सात घायल हो गए हैं. यह कार्रवाई शनिवार को सुबह की गई.

सारांश

  • भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का दिल्ली के निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी, अमित शाह और राहुल गांधी समेत शीर्ष नेता रहे मौजूद.
  • पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर भारत सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है
  • राहुल गांधी ने कहा- मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध पर करवाना सरासर अपमान
  • अफ़ग़ानिस्तान: तालिबान ने पाकिस्तान पर हमले का दावा किया, बताया- जवाबी कार्रवाई
  • इसराइली हमले में बाल-बाल बचे डब्ल्यूएचओ प्रमुख, वीडियो शेयर कर बताई आपबीती

लाइव कवरेज

संदीप राय और दीपक मंडल

  1. मनमोहन सिंह के स्मारक को लेकर लालू और मायावती ने क्या कहा

    पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के मुद्दे पर बढ़ते विवाद के बीच लालू यादव और मायावती ने प्रतिक्रिया दी है.

    आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा है, “उन्हें यह सम्मान मिलना चाहिए. देश को मनमोहन सिंह जैसा नेता कभी नहीं मिलेगा. मैं उनकी सरकार में मंत्री था. मैं उनके काफ़ी क़रीब था.”

    इस मामले पर उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी बयान दिया है.

    सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर मायावती ने लिखा है, “केन्द्र सरकार देश के पहले सिख प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह के देहांत होने पर उनका अन्तिम संस्कार वहाँ कराए और उनके सम्मान में भी स्मारक आदि वहीं बनवाए जहाँ उनके परिवार की दिली इच्छा है.”

    मायावती का कहना है, “इसके लिए कोई भी राजनीति करना ठीक नहीं है और इन मामलों में केन्द्र सरकार पूर्व प्रधानमंत्री के परिवार और सिख समाज की भी भावनाओं का ज़रूर सम्मान करे, तो यह उचित होगा.”

    कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ‘भारत के पहले और एकमात्र सिख प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक की जगह न ढूंढ पाना जानबूझकर किया गया अपमान है.’

    इस बीच बीजेपी ने कहा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में स्मारक बनाए जाने का फैसला लिया गया है और इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और मनमोहन सिंह के परिवार को सूचना दे दी गई है.

    बीजेपी के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “कल कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया गया कि मनमोहन सिंह की स्मृति में एक स्मारक और समाधि स्थल बनाया जाएगा और इसमें जो भी समय लगेगा, उस बारे में कांग्रेस पार्टी को अवगत कराया गया था.”

    गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को निगमबोध घाट पर होगा.

  2. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा, निगमबोध घाट पर होगा अंतिम संस्कार

    शनिवार को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को दिल्ली के निगमबोध घाट पर ले जाया जा रहा है.

    उनके पार्थिव शरीर को सुबह उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था.

    यहां लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.

    यहां से मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा राजकीय सम्मान के साथ निगमबोध घाट तक ले जाई जा रही है.

    यहां दोपहर साढ़े 11 बजे के क़रीब उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

    मनमोहन सिंह का स्मारक स्थल बनाए जाने को लेकर कांग्रेस की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सहमति जताई है.

    लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि स्मारक और समाधि स्थल आवंटित न करके जानबूझकर अपमान किया गया.

    बीजेपी ने कांग्रेस पर सम्मान को लेकर सियासत करने का आरोप लगाया है.

  3. मनमोहन सिंह के निधन पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल को किया याद

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शोक संदेश जारी किया है.

    व्हाइट हाउस की ओर जारी किए गए बयान में कहा गया है, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर भारत के लोगों के दुख में जिल और मैं शामिल हैं. इस मुश्किल घड़ी में, हम उस विज़न के प्रति फिर से प्रतिबद्धता ज़ाहिर करते हैं जिसके लिए प्रधानमंत्री सिंह ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया था. पूर्व फ़र्स्ट लेडी गुरशरन कौर, उनके तीनों बच्चों और पूरे भारत के लोगों के प्रति जिल और मैं गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.”

    बयान के अनुसार, “अमेरिका और भारत के बीच आज जिस अभूतपूर्व स्तर का सहयोग है, वह प्रधानमंत्री के रणनीतिक विज़न और राजनीतिक साहस के बिना संभव नहीं हुआ होता. अमेरिका-भारत नागरिक परमाणु समझौते से लेकर भारत-प्रशांत साझेदारों के बीच पहली क्वाड बैठक शुरू करने तक उन्होंने जैसा अभूतपूर्व खाका तैयार किया, वह आने वाले पीढ़ियों के लिए हमारे देशों और दुनिया को मज़बूती प्रदान करना जारी रखेगा.”

    बयान में कहा गया है कि डॉ. मनमोहन सिंह ‘एक प्रतिबद्ध नौकरशाह थे. और इससे ऊपर, वह एक दयालु और विनम्र इंसान थे.’

    “2008 में सीनेट फॉरेन रिलेशंस कमेटी के चेयरमैन के तौर पर और उप राष्ट्रपति के तौर पर 2009 में हुई अमेरिकी यात्रा के दौरान उनसे मिलने का मुझे मौका मिला था. 2013 में उन्होंने मेज़बानी की थी. जैसा तब हमने चर्चा की थी, अमेरिकी-भारत संबंध दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण संबंध हैं. और साथ मिलकर, साझेदार और दोस्त के रूप में, हमारे राष्ट्र हमारे सभी लोगों के लिए गरिमापूर्ण और असीमित क्षमता वाले भविष्य का द्वार खोल सकते हैं.”

    गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को होगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, दिल्ली के निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं. डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय लाया जा चुका है जहां से अंतिम यात्रा निकलेगी.

  4. मनमोहन सिंह को आज अंतिम विदाई, उससे पहले कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा पार्थिव शरीर, लाइव

  5. पंजाब कांग्रेस चीफ़ बोले- अटल बिहारी वाजपेयी का स्मारक बन सकता है तो मनमोहन सिंह का क्यों नहीं?

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्मारक बनाए जाने को लेकर विवाद तूल पकड़ता जा रहा है.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से चिट्ठी लिखे जाने पर केंद्रीय गृह मंत्रलाय ने कहा है कि स्मारक स्थल का आवंटन किया जाएगा.

    लेकिन मनमोहन सिंह के स्मारक की मांग को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बाद पंजाब के कांग्रेस चीफ़ अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का बयान आया है.

    पंजाब कांग्रेस चीफ़ ने कहा, “हम मांग कर रहे हैं कि सरकार को स्मारक के लिए जगह मुहैया करनी चाहिए. अगर अटल बिहारी वाजपेयी को जगह दी जा सकती है तो मनमोहन सिंह को क्यों नहीं? वह देश के एकमात्र सिख प्रधानमंत्री थे...जब स्मारक बनाया जाएगा, आने वाली पीढ़ियां उससे प्रेरणा लेंगी.”

    कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, "यह कोई मुद्दा नहीं है. पीएम मोदी की सरकार को पहले ही इसके बारे में सोचना चाहिए था. पूरा देश चाहता है कि उनका अंतिम संस्कार वहीं होना चाहिए जहां स्मारक बनाया जाएगा. यह केवल कांग्रेस, पंजाब या सिख समुदाय की ही मांग नहीं है, यह पूरी दुनिया के भारतीयों की मांग है."

    इससे पहले कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कांग्रेस अध्यक्ष की चिट्ठी का ज़िक्र करते हुए कहा, “हमारे देश के लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं कि भारत सरकार उनके वैश्विक क़द, उत्कृष्ट उपलब्धियों के रिकॉर्ड और दशकों तक राष्ट्र की उल्लेखनीय सेवा के अनुरूप उनके अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए कोई स्थान क्यों नहीं ढूंढ सकी. यह कुछ और नहीं, भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का जानबूझकर किया गया अपमान है.”

    गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को होगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, दिल्ली के निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं. डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय लाया जा चुका है जहां से अंतिम यात्रा निकलेगी.

  6. मनमोहन सिंह के स्मारक स्थल के लिए आवंटित होगी जगह, गृह मंत्रालय ने क्या कहा

    गृह मंत्रालय ने कहा है कि भारत सरकार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटन करेगी.

    पीआईबी पर जारी बयान के अनुसार, गृह मंत्रालय ने कहा है कि इस संबंध में उनके परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सूचना दे दी गई है.

    गुरुवार को देर रात जारी बयान में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से सरकार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक स्थल के आवंटन के लिए अनुरोध प्राप्त हुआ था.

    कैबिनेट मीटिंग के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खड़गे और मनमोहन सिंह के परिवार को सूचना दे दी थी कि सरकार स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी.

    बयान के अनुसार, इस बीच अंतिम संस्कार और अन्य औपचारिकताएं की जा सकती हैं क्योंकि जगह आवंटन के साथ ट्रस्ट बनाना होगा.

    शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था.

    गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, कांग्रेस मुख्यालय से उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी.

  7. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया दुख

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर ट्रूडो ने लिखा, “मनमोहन सिंह का निधन भारत और दुनिया के लिए एक क्षति है. सबसे लंबे समय तक काम करने वाले नेता के रूप में उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को बदल दिया, लाखों लोगों को ग़रीबी से ऊपर उठाया और कनाडा समेत दुनिया के साथ मज़बूत रिश्ते क़ायम किए.”

    डॉ. मनमोहन सिंह को प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री और भारत के आर्थिक सुधारों के शिल्पकार के रूप में जाना जाता है.

    उनके निधन पर अमेरिका, रूस, फ़्रांस, श्रीलंका, मालदीव, अफ़ग़ानिस्तान समेत दुनिया के कई देशों के नेताओं ने शोक प्रकट किया है.

    गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा.

  8. मनमोहन सिंह के निधन पर पाकिस्तान से आई प्रतिक्रिया, डिप्टी पीएम इसहाक़ डार ने क्या कहा

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पाकिस्तान से पहली प्रतिक्रिया आई है.

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार ने सोशल मीडिया पर डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताया है.

    उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “पाकिस्तान के चकवाल ज़िले के एक गांव में पैदा हुए डॉ. सिंह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री और राजनीतिक शख़्सियत थे. वह अपनी बुद्धिमत्ता और सौम्य व्यवहार के लिए जाने जाएंगे.”

    उन्होंने लिखा, “अर्थशास्त्र के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के अलावा, डॉ. सिंह ने क्षेत्रीय शांति को बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दिखाया. क्षेत्रीय मुद्दों के प्रति उनका नज़रिया उनके उस विश्वास को प्रतिबिंबित करता था कि सामूहिक प्रगति के लिए आपसी समझदारी, संवाद और सहयोग ज़रूरी है.”

    “प्रधानमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारत पाकिस्तान के द्विपक्षीय रिश्तों को सुधारने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई.”

    गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा.

    कांग्रेस ने मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने की मांग की है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम नरेंद्र मोदी को इस बारे में एक चिट्ठी लिखी है.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    - मनमोहन सिंह: चकवाल के 'गाह' गांव का 'मोहना', जिनके बचपन के दोस्त करते रहे उनका इंतज़ार. पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - मनमोहन सिंह के पीएम रहते हुए लिए गए वे 7 फ़ैसले, जिसने देश की दिशा और दशा बदल दी. विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    - मनमोहन सिंह के साथ काम करने वालों और क़रीबी लोगों ने उन्हें किस तरह से याद किया. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सलमान रुश्दी और उनकी किताब 'सैटेनिक वर्सेज़' फिर से चर्चा में क्यों है? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.