पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान फ़ोर्सेज़ के बीच नए सिरे से सीमा पर झड़पें हुई हैं और दोनों देश एक-दूसरे पर संघर्ष-विराम तोड़ने का आरोप लगाया है.
बढ़े तनाव के कारण सीमा पर स्थित अफ़ग़ान शहर स्पिन बोल्दक से लोगों को रातों-रात अपने घर छोड़ने पड़ें.
क़ंधार शहर के एक मेडिकल सूत्र ने बीबीसी पश्तो को बताया कि स्थानीय अस्पताल में चार लोगों के शव लाए गए हैं.
अभी तक यह साफ़ नहीं है कि पाकिस्तान की ओर कोई हताहत हुआ है या नहीं.
पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच बार-बार छिटपुट लड़ाई होती रही है. इस बीच अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर देश के अंदर 'हवाई हमला' करने का भी आरोप लगाया है.
दोनों पक्षों ने पुष्टि की है कि रात भर गोलीबारी हुई, लेकिन चार घंटे तक चले इस संघर्ष की शुरुआत के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहराया है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के प्रवक्ता मुशर्रफ़ जैदी ने तालिबान पर 'बिना किसी उकसावे की गोलीबारी' करने का आरोप लगाया.
बयान के अनुसार, "हमारी सशस्त्र सेनाओं ने तुरंत, प्रभावी और कड़ी कार्रवाई की है. पाकिस्तान अपनी सीमाई अखंडता और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है."
वहीं, तालिबान के एक प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने 'एक बार फिर हमले शुरू किए' और उन्हें जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा.
रात में हुई झड़पें उस समझौते के कम से कम दो महीने से भी कम समय बाद हुई हैं, जब क़तर और तुर्की की मध्यस्थता में दोनों पक्षों ने संघर्षविराम पर सहमति जताई थी.