You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अखिलेश यादव ने बीजेपी से पूछे ये सवाल, कहा- 'क्रोनोलॉजी' समझिए

पीएम मोदी ने एक चुनावी सभा में कहा था,''शहज़ादे घोषित करें कि चुनाव में ये अंबानी, अदानी से कितना माल उठाया है.

सारांश

  • बसपा प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को नेशनल कॉर्डिनेटर पद से हटा दिया है.
  • इसराइली सेना का कहना है कि उसने ग़ज़ा की तरफ़ वाले ‘रफ़ाह बॉर्डर पर ऑपरेशनल कंट्रोल’ हासिल कर लिया है.
  • इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू को अपने ही मुल्क में एक बार फिर विरोध प्रदर्शनों का सामना करना पड़ रहा है.
  • हरियाणा में बीजेपी सरकार को समर्थन देने वाले तीन निर्दलीय विधायकों ने अपना समर्थन वापस ले लिया है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल, प्रेरणा

  1. अखिलेश यादव ने बीजेपी से पूछे ये सवाल, कहा- 'क्रोनोलॉजी' समझिए

    पीएम मोदी ने बुधवार को अंबानी अदानी का नाम लेकर कांग्रेस को घेरा तो विपक्षी दलों की प्रतिक्रियाएं आईं.

    अब समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ''सबसे पहली बात ‘क्रोनोलॉजी’ समझिए. अपने ही प्रदेश के पुराने साथियों पर अपने प्रदेश में चुनाव संपन्न होने के अगले दिन ही आरोप क्यों लगाए गए?''

    पीएम मोदी ने एक चुनावी सभा में कहा था,''शहज़ादे घोषित करें कि चुनाव में ये अंबानी, अदानी से कितना माल उठाया है. काले धन के कितने बोरे भरकर मारे हैं. आज टेंपो भरकर नोट कांग्रेस के लिए पहुंची है क्या?"

    अखिलेश यादव ने कहा, ''आख़िरकार किसान की बोरी से चोरी करनेवालों ने ‘बोरी भरे काले धन’ का आरोप लगाकर ख़ुद ही ये स्वीकार कर लिया है कि देश में काला धन बोरी भर-भर कर उपलब्ध है.''

    वो बोले, ''देश के सबसे बड़े व्यापारिक घरानों के बारे में ऐसी बात कहकर भाजपाइयों ने पूरी दुनिया में भारत के उद्योग जगत की व्यापारिक संभावनाओं पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है.''

    अखिलेश बोले, ''पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाने का दावा करनेवाली भाजपा ने देश की छवि का ढोल ही फोड़ दिया है.''

    आगे पढ़िए अखिलेश ने और क्या कुछ कहा?

    ''ये बात नोटबंदी की असफलता को भी स्वीकार करती है क्योंकि वो मान रहे हैं, काला धन न केवल है बल्कि भरपूर चलन में भी है.''

    ''जनता पूछ रही है कि अगर आपको ये सब मालूम था तो आपकी एजेंसियाँ सक्रिय क्यों नहीं हुई?''

    ''भाजपा सरकार सब कुछ जानते हुए भी क्या सिर्फ़ इसीलिए चुप रही क्योंकि ‘इलेक्टोरल बांड’ का टेप उसके मुँह पर लगा हुआ था?''

    ''चंदा लेकर जानलेवा कोरोना वैक्सीन लगवानेवाली भाजपा सरकार क्या कोर्ट द्वारा असंवैधानिक घोषित किये जानेवाले अपने चुनावी चंदे को जनता का काल बननेवाला ‘काला धन’ घोषित करेगी?''

    ''भाजपा ने जिन पर आरोप लगाए हैं, क्या उनको दिये गये सारे ठेके, पट्टे रद्द कर देगी?''

    ''भाजपा क्या अगले चरण का चुनाव लड़ेगी या फिर तीसरे चरण को ही अंतिम चरण मानकर हार मान लेगी?''

  2. अमेरिका ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की सुरक्षा पर जताई चिंता

    अमेरिका के विदेश विभाग ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान समेत देश के दूसरे सभी क़ैदियों की सुरक्षा पर एक बार फिर चिंता ज़ाहिर की है.

    विदेश विभाग का कहना है कि क़ैदियों की सुरक्षा अमेरिका की प्राथमिकता है.

    अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने बीते मंगलवार एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अमेरिकी राजदूत डोनाल्ड ब्लूम और विपक्षी नेता उमर अयूब ख़ान समेत पीटीआई के नेताओं के बीच हुई मुलाक़ात की बात स्वीकारी.

    इस मुलाक़ात के बारे में और जानकारी देते हुए मिलर ने कहा कि दोनों ही पक्षों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ ही साथ पाकिस्तान को अमेरिका की तरफ़ से जारी आर्थिक सहयोग पर बात हुई है.

    पीटीआई के नेताओं से इमरान ख़ान के मुद्दे पर कोई बातचीत हुई है या नहीं? इस सवाल पर मिलर ने दोहराया कि पाकिस्तान के चुनाव में अमेरिका का कोई पक्ष नहीं है.

    मिलर ने अमेरिकी सीनेट में बहुमत के नेता चक शूमर की तरफ़ से पाकिस्तान को दी गई चेतावनी पर बात की. रिपोर्टों के मुताबिक़ चक शूमर ने वाशिंगटन में पाकिस्तानी राजदूत से मिलकर जेल में बंद इमरान ख़ान की सुरक्षा को लेकर चिंता ज़ाहिर की थी.

    मिलर ने कहा कि इस मुलाक़ात के बारे में उन्हें ज़्यादा जानकारी नहीं है पर ज़ाहिर तौर पर अमेरिका पाकिस्तान या दुनिया में कहीं भी हर क़ैदी की सुरक्षा देखना चाहते हैं. प्रत्येक व्यक्ति, और प्रत्येक कैदी, क़ानून के तहत बुनियादी मानवाधिकारों और सुरक्षा का हकदार है.

  3. थाईलैंड गांजे के इस्तेमाल पर दोबारा लगा सकता है प्रतिबंध

    थाईलैंड के प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन ने कहा है कि वो देश में गांजे के इस्तेमाल को दोबारा ग़ैर-क़ानूनी बनाने के बारे में सोच रहे हैं.

    उनका कहना है कि बड़ी तादाद में युवा गांजे की ज़द में आ रहे हैं और इससे देश का भविष्य बर्बाद हो रहा है.

    उन्होंने कहा कि गांजे को केवल स्वास्थ्य और चिकित्सीय उपयोग तक ही सीमित रखा जाना चाहिए.

    थाईलैंड में दो साल पहले ही गांजे पर लगा प्रतिबंध हटाया गया था. ऐसा करने वाला वो एशिया का पहला देश था.

    देश में गांजे के कारोबार को मिली वैधता के बाद थाइलैंड में नशीले पदार्थों का साम्राज्य फलने-फूलने लगा. अनुमान लगाया गया था कि साल 2025 तक ये उद्योग एक अरब डॉलर से भी अधिक का हो जाएगा.

    थाइलैंड में जून 2022 तक गांजा रखने पर 5 साल तक की सज़ा का प्रावधान था और इसे उपजाने पर 15 साल तक जेल हो सकती थी.

    वहीं, दूसरी नशीली दवाओं के अपराधों में मौत की सज़ा मिलती थी.

    थाईलैंड की सियासत में गांजा एक अहम मुद्दा भी रहा है. विपक्षी पार्टियों का मानना है कि क़ानून लाने में जल्दबाज़ी की गई, जिससे नियमों और दिशानिर्देशों को लेकर लोगों में भ्रम पैदा हुआ.

  4. पीएम मोदी के अंबानी-अदानी वाले बयान पर राहुल गांधी ने दिया ये जवाब

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान पर जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने अदानी-अंबानी का नाम लेकर उन पर हमला किया था.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है, ''नमस्कार मोदी जी, थोड़ा सा घबरा गए क्या. आमतौर पर आप बंद कमरों में अदानी और अंबानी जी की बात करते हो. आपने पहली बार पब्लिक में अंबानी, अदानी बोला. आपको ये भी मालूम है कि ये टेम्पो में पैसा देते हैं. निजी अनुभव है क्या?''

    राहुल गांधी बोले- ''एक काम कीजिए. सीबीआई और ईडी को इनके पास भेजिए. पूरी जानकारी करिए. जांच करवाइए. जल्दी से जल्दी करवाइए. घबराइए मत मोदी जी. मैं देश को फिर दोहराकर कह रहा हूं कि जितना पैसा नरेंद्र मोदी जी ने इनको दिया है न.. उतना ही पैसा हम हिंदुस्तान के ग़रीबों को देने जा रहे हैं. इन्होंने 22 अरबपति बनाए हैं. हम करोड़ों लखपति बनाएंगे.''

    पीएम मोदी ने क्या कहा था?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तेलंगाना के करीमनगर में अदानी, अंबानी का नाम लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला किया था.

    उन्होंने कहा था, ''जब से चुनाव घोषित हुआ है, इन्होंने अंबानी, अदानी को गाली देना बंद कर दिया. मैं आज तेलंगाना की धरती से पूछना चाहता हूं कि शहज़ादे घोषित करें कि चुनाव में ये अंबानी, अदानी से कितना माल उठाया है. काले धन के कितने बोरे भरकर मारे हैं. आज टेंपो भरकर नोट कांग्रेस के लिए पहुंची है क्या."

    "क्या सौदा हुआ है. आपने रातों रात अंबानी, अदानी को गाली देना बंद कर दिया. ज़रूर दाल में कुछ काला है. पांच साल तक अंबानी, अदानी को गाली दी और रातों रात गालियां बंद हो गईं. मतलब कोई न कोई चोरी का माल, टेम्पो भर भरकर आपने पाया है. देश को जवाब देना पड़ेगा."

  5. मायावती बोलीं- 'हमारे संगठन में क्या चल रहा है, इस पर सपा कुछ ना कहे तो बेहतर'

    बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर किए एक पोस्ट पर मायावती ने समाजवादी पार्टी को घोर दलित विरोधी बताते हुए कहा है कि बीएसपी संगठन में क्या चल रहा है, इस पर सपा कोई टिप्पणी ना करे तो बेहतर होगा.

    मायावती ने लिखा, '' सपा का चाल, चरित्र व चेहरा, हमेशा की तरह आज भी, जबरदस्त दलित, अति-पिछड़ा व संविधान में इनको दिए गए आरक्षण आदि के अधिकारों की विरोधी पार्टी का है. प्रमोशन में आरक्षण को खत्म करना और इस सम्बंध में बिल को संसद में फाड़ना आदि इनके ऐसे कार्य हैं जिसे माफ करना मुश्किल है.''

    मायावती ने ऐसा क्यों कहा?

    असल में बीएसपी सुप्रीमो ने मंगलवार देर रात अपने भतीजे और पार्टी के नेशनल को-ऑर्डिनेटर आकाश आनंद को उनके पद से हटाने का ऐलान किया था.

    मायावती ने ‘पूर्ण परिपक्वता’ हासिल करने तक का हवाला देते हुए उन्हें अपने उत्तराधिकारी की ज़िम्मेदारियों से भी मुक्त कर दिया था.

    जिसके बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट किया.

    अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने ये दावा किया है कि बीएसपी ने अपने संगठन में बड़े बदलाव का जो भी क़दम उठाया है उसके पीछे असली कारण ये है कि बीएसपी की एक भी सीट आती हुई नहीं दिख रही है.

    उन्होंने शाहजहांपुर में बहुजन समाज के लोगों से भी समाजवादियों की मदद करने की अपील की है.

    उन्होंने कहा, ''भारतीय जनता पार्टी से सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी कर रही है. मैं बहुजन समाज के लोगों से अपील करना चाहूंगा कि बाबा साहब के संविधान, आरक्षण को बचाने के लिए समाजवादियों की मदद करें.''

  6. हरियाणा में तीन निर्दलीय विधायकों के समर्थन वापस लेने पर क्या बोले नायब सैनी?

    हरियाणा की मौजूदा सरकार से अपना समर्थन वापस ले चुके तीन निर्दलीय विधायकों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने टिप्पणी की है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, ''कुछ समय पहले विश्वास मत हुआ था. कांग्रेस का इतिहास रहा है कि वो कभी भी जनता की मांगे पूरी नहीं कर सकी है. तो अपने फ़ायदे के लिए, वो कुछ लोगों की ख़्वाहिश को पूरा करती है. हमारे वो विधायक अच्छे लोग हैं लेकिन किसी प्रकार से बात में आ गए हैं, दलदल में फंस गए हैं.''

    नायब सैनी ने दावा किया कि चार दिनों पहले ही उनकी इन विधायकों से मुलाक़ात हुई थी.

    कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ''भ्रष्टाचार को बढ़ाना कांग्रेस की फितरत रही है और जब कहीं भ्रष्टाचार बढ़ता है, तो उसका असर ग़रीब के अरमानों पर पड़ता है.''

    हरियाणा में क्या हुआ है?

    बीते रोज़ तीन निर्दलीय विधायकों ने राज्य में सत्तारूढ़ नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार से समर्थन वापस लेने का एलान किया.

    ये तीन निर्दलीय विधायक हैं- चरखी दादरी से सोमबीर सांगवान, नीलोखेड़ी से धर्मपाल गोंदर और पुंडली से रणधीर गोलन.

    तीनों स्वतंत्र विधायकों ने बीजेपी की राज्य सरकार से समर्थन वापसी के एलान के साथ-साथ कांग्रेस को समर्थन देने की भी घोषणा की है.

  7. जेपी नड्डा और अमित मालवीय के ख़िलाफ़ समन जारी, सात दिनों के अंदर होना होगा पेश

    कर्नाटक पुलिस ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय को समन जारी किया है.

    दोनों ही नेताओं को सात दिनों के भीतर बेंगलुरु के हाई ग्राउंड पुलिस स्टेशन में पेश होना होगा.

    रमेश बाबू नाम के एक शख़्स ने बीते 5 मई को बीजेपी कर्नाटक के एक्स हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई थी.

    जिसके बाद इस मामले में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष यानी जेपी नड्डा और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई.

    शिकायतकर्ता का दावा था कि इस वीडियो को पोस्ट करने के पीछे का मक़सद अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों के ख़िलाफ़ दुर्भावना, नफ़रत और घृणा फैलाना है.

    इससे पहले कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भी बीजेपी से इस पोस्ट को हटाने के लिए कहा था लेकिन जब पार्टी ने ऐसा नहीं किया तो चुनाव आयोग ने इसे हटाने के लिए मंगलवार को एक्स को नोटिस भेजा.

    वीडियो में क्या था?

    कर्नाटक बीजेपी के इस वीडियो में मुस्लिमों को आरक्षण दिए जाने को लेकर किए जा रहे दावों के संदर्भ में कांग्रेस को घेरा गया था.

    वीडियो में एक तरह से दावा किया गया है कि कांग्रेस अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को मिलने वाले आरक्षण में सेंध करके मुसलमानों को देना चाहती है.

    जबकि कांग्रेस की ओर से मुसलमानों को आरक्षण देने की कोई बात नहीं की गई है.

    कांग्रेस ने बीजेपी के इस वीडियो के ख़िलाफ़ चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई थी.

  8. एस्ट्राज़ेनेका का बड़ा फ़ैसला, दुनिया भर के बाज़ारों से वापस ली जाएगी कोविड वैक्सीन

    फ़ार्मास्युटिकल कंपनी एस्ट्राज़ेनेका ने कहा है कि वो दुनिया भर की बाज़ारों से अपनी कोविड वैक्सीन वापस लेने जा रही है.

    कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में इसे पूर्ण रूप से व्यापारिक फ़ैसला बताया है.

    एस्ट्राज़ेनेका का कहना है कि कोविड के नए वेरिएंट को लक्षित करने वाली कई दूसरी वैक्सीन बाज़ार में उपलब्ध हो जाने से उनकी डिमांड में गिरावट आई है.

    एस्ट्राज़ेनेका ने बीते दिनों ब्रिटेन की अदालत में जमा किए गए दस्तावेज़ों में पहली बार ये माना था कि उसके कोरोना की वैक्सीन से कुछ लोगों को कुछ असामान्य साइड इफ़ेक्ट हो सकते हैं.

    कोरोना का टीका लगवाने वाले कई लोगों ने मिलकर इस दवा कंपनी पर वैक्सीन के साइड इफेक्ट को लेकर हर्ज़ाने का केस किया है.

    ये मुक़दमा दायर करने वाले कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने इस वैक्सीन की वजह से अपने कई रिश्तेदारों को खो दिया और कई अन्य मामलों में कंपनी की कोरोना वैक्सीन से लोगों को गंभीर नुक़सान पहुंचा है.

    हालांकि तमाम अध्ययन ये दावा भी करते हैं कि एस्ट्राज़ेनेका समेत तमाम कंपनियों की कोरोना वैक्सीन ने दुनिया भर में करोड़ों लोगों की जान बचाई है. केवल एस्ट्राज़ेनेका ने पहले साल में 60 लाख से भी ज़्यादा लोगों की जान बचाई है.

  9. ज़रा भी ग़लती की, तो राम मंदिर पर बाबरी नाम का ताला लग जाएगा: अमित शाह

    उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगर ग़लती से भी इंडिया गठबंधन की सरकार आई, तो राम मंदिर पर बाबरी नाम का ताला लग जाएगा.

    अमित शाह लखीमपुर खीरी से मौजूदा सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के लिए प्रचार करने पहुंचे थे.

    तक़रीबन आधे घंटे लंबे चले भाषण में केंद्रीय गृहमंत्री ने समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव के एक बयान को रेखांकित करते हुए कहा, ''उन्होंने कहा था राम मंदिर बेकार है. इसलिए याद रखना... ज़रा भी ग़लती की तो ये राम मंदिर पर बाबरी नाम का ताला लगाने का काम करेंगे.''

    राम गोपाल यादव ने क्या कहा था?

    एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में राम गोपाल यादव से पूछा गया कि प्रधानमंत्री राम मंदिर में दर्शन नहीं करने को बड़ा मुद्दा बता रहे हैं. वो कह रहे हैं कि ये राम का अपमान है.

    इस पर सपा नेता ने कहा, ''हम रोज़ राम के दर्शन करते हैं. वो मंदिर तो बेकार का है. मंदिर ऐसे बनाए जाते हैं? मंदिर ऐसे नहीं बनते. पुराने मंदिर देख लीजिए कैसे बनते हैं, दक्षिण से लेकर उत्तर तक. राम मंदिर का नक्शा ठीक नहीं बना है. वास्तु के लिहाज़ से ठीक नहीं बनाया गया है उसे.''

    सपा सांसद अपने इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं के निशाने पर हैं.

    अमित शाह ने राम मंदिर पर और क्या बोला?

    गृहमंत्री ने राम मंदिर के मुद्दे पर बोलते हुए कहा, ''70 साल से कांग्रेस पार्टी कोर्ट के केस के बहाने धोखा देती रही. मोदी जी को आपने दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया तो केस भी जीता, भूमि पूजन भी किया और 24 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कर के जय श्रीराम कर दिया. और जब प्राण प्रतिष्ठा हो रही थी तो ट्रस्ट वालों ने अखिलेश, डिंपल, राहुल, प्रियंका, सोनिया, खड़गे... सबको निमंत्रण दिया मगर वो प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में नहीं गए. क्योंकि वो अपने वोट बैंक से डरते हैं.''

    फिर अमित शाह ने जनसभा में मौजूद लोगों से पूछा, ''उनका वोट बैंक कौन है, जानते हो न? आप नहीं हो, इस मुग़ालते में मत रहना.

  10. भारतीय युवाओं को रूस-यूक्रेन युद्ध में धकेलने का आरोप, सीबीआई ने चार लोगों को किया गिरफ्तार

    भारतीय युवाओं को अच्छी नौकरी का लालच देकर रूसी सेना में भर्ती करवाने वाले मानव तस्करी गिरोह से कथित तौर पर जुड़े चार लोगों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है.

    सीबीआई ने बयान जारी कर बताया कि एजेंसी ने 7 मई को केरल के रहने वाले अरुण और येसुदास, कन्याकुमारी के निजिल जोबी बेनसम और मुंबई के रहने वाले एंटोनी मिशेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

    बयान के मुताबिक, इन लोगों पर मानव तस्करी गिरोह से जुड़े होने का आरोप है. एजेंसी का आरोप है कि ये लोग भारतीय युवाओं को अच्छी सैलरी का लालच देकर रूस भेजते थे और वहां पर सेना की ट्रेनिंग देकर युवाओं को युद्ध क्षेत्र में फ्रंटलाइन पर तैनात करवाया जाता था.

    एजेंसी के मुताबिक सोशल मीडिया के जरिए ये लोग भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे. सीबीआई का कहना है कि मानव तस्करी से जुड़े इस गिरोह के एजेंट्स कई राज्यों में फैले हुए हैं.

    एजेंसी का कहना है कि अभियुक्त निजली जोबी बेनसन रूस में ट्रांसलेट का काम करता था जो रूस में रहकर भारतीय युवाओं को सेना में भर्ती करवाने का काम करता था.

    • 'रूसी सेना' में क्या कर रहे हैं भारतीय युवा, यूक्रेन से लड़ने युद्ध के मैदान तक कैसे पहुंचे, पूरी कहानी
  11. प्रियंका गांधी का पीएम मोदी को जवाब- 'अंबानी, अदानी पर राहुल हर रोज सच्चाई सामने रख रहे हैं'

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी ने अचानक अंबानी, अदानी को गाली देना बंद कर दिया है.

    प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "आज नरेंद्र मोदी ने कहा- राहुल गांधी जी अदानी का नाम नहीं ले रहे हैं. सच्चाई ये है कि राहुल गांधी जी हर दिन अदानी की बात करते हैं, वे रोज अदानी की सच्चाई आपके सामने रखते हैं, उसका खुलासा करते हैं."

    उन्होंने कहा, "राहुल गांधी जी आपको रोज बताते हैं कि नरेंद्र मोदी की बड़े-बड़े उद्योगपतियों के साथ सांठगांठ है. नरेंद्र मोदी ने अपने मित्रों के 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए, लेकिन किसानों का एक रुपये माफ नहीं किया. नरेंद्र मोदी इस बात का जवाब दें."

    प्रियंका गांधी ने कहा, "इस देश की जितनी भी संपत्ति है, सारी अपने करोड़पति मित्रों को दे दी है. देश के बंदरगाह, हवाई अड्डे, देश का कोयला, देश की जो बिजली बनाने वाली हैं.... अपने खरबपति मित्रों को दे दी."

    पीएम मोदी ने क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तेलंगाना के करीमनगर में अदानी, अंबानी का नाम लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला किया.

    उन्होंने कहा, "कांग्रेस के शहज़ादे पिछले पांच साल से सुबह उठते ही माला जपना शुरू करते थे. जब से उनका राफ़ेल वाला मामला ग्राउंडेड हो गया, तब से उन्होंने एक नई माला जपना शुरू किया. पांच साल से एक ही माला जपते थे. पांच उद्योगपति, पांच उद्योगपति, पांच उद्योगपति. फिर धीरे-धीरे कहने लगे, अंबानी-अदानी, अंबानी अदानी, अंबानी अदानी."

    पीएम मोदी ने कहा, "लेकिन जब से चुनाव घोषित हुआ है, इन्होंने अंबानी, अदानी को गाली देना बंद कर दिया. मैं आज तेलंगाना की धरती से पूछना चाहता हूं कि शहज़ादे घोषित करें कि चुनाव में ये अंबानी, अदानी से कितना माल उठाया है. काले धन के कितने बोरे भरकर मारे हैं. आज टेंपो भरकर नोट कांग्रेस के लिए पहुंची है क्या."

    उन्होंने कहा, "क्या सौदा हुआ है. आपने रातों रात अंबानी, अदानी को गाली देना बंद कर दिया. ज़रूर दाल में कुछ काला है. पांच साल तक अंबानी, अदानी को गाली दी और रातों रात गालियां बंद हो गईं. मतलब कोई न कोई चोरी का माल, टेंपो भर भरकर आपने पाया है. देश को जवाब देना पड़ेगा."

  12. आईपीएल में दिल्ली के ख़िलाफ़ मैच के बाद संजू सैमसन पर लगा जुर्माना

    आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन पर उनकी मैच फ़ीस का 30 फ़ीसदी जुर्माना लगाया गया है.

    आईपीएल की ओर से जारी बयान के मुताबिक़ संजू सैमसन ने दिल्ली की टीम के ख़िलाफ़ मैच में आचार संहिता का उल्लंघन किया है.

    हालाँकि आईपीएल के बयान में ये नहीं बताया गया है कि संजू सैमसन पर किस मामले में ये जुर्माना लगाया गया है.

    मैच में संजू सैमसन ने अपने विवादित कैच को लेकर आपत्ति जताई थी और अंपायर के साथ वे बहस करते नज़र आए थे. माना जा रहा है कि इसी कारण उन पर ये जुर्माना लगाया गया है.

    संजू सैमसन की टीम ये मैच 20 रनों से हार गई थी. एक समय राजस्थान की टीम काफ़ी मज़बूत नज़र आ रही थी.

    संजू सैमसन शानदार पारी खेल रहे थे. जब वे 86 रन बनाकर खेल रहे थे, उस समय बाउंड्री लाइन पर उनका कैच होप ने लपक लिया.

    फ़ील्ड पर मौजूद अंपायर ने इसे थर्ड अंपायर को रेफ़र किया, क्योंकि ऐसा लग रहा था कि शायद कैच लेते समय उनका पैर बाउंड्री लाइन से छू गया था. लेकिन थर्ड अंपायर ने संजू सैमसन को आउट करार दिया. और मैच का पासा यहीं से पलट गया.

    संजू सैमसन का ये कैच काफ़ी विवादित रहा क्योंकि कई लोगों ने ये दावा किया कि होप का पैर बाउंड्री लाइन से छू गया था और इसे छक्का दिया जाना चाहिए था.

    इस हार के बावजूद संजू सैमसन की टीम राजस्थान रॉयल्स 16 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर बनी हुई है. कोलकाता की टीम पहले नंबर पर है.

  13. एयर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने अचानक ली छुट्टी, बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द

    एयर इंडिया एक्सप्रेस के कई कर्मचारियों के एक साथ छुट्टी लेने के बाद कंपनी ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच 70 से ज़्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं.

    एजेंसी ने इसके पीछे सीनियर क्रू मेंबर्स के छुट्टी पर जाने को वजह बताया है.

    वहीं समाचार एजेंसी पीटीआई ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि कंपनी, कर्मचारियों के एक साथ छुट्टी पर जाने के पीछे की वजहों का पता लगाने और मुद्दे का समाधान करने की कोशिश कर रही है.

    सोशल मीडिया पर कई यात्री अपनी फ्लाइटें अचानक रद्द होने की शिकायतें भी कर रहे हैं.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन में नौकरी की नई शर्तों का विरोध कर रहे हैं.

  14. पीएम मोदी बोले- 'शहज़ादे ने अंबानी-अदानी को गाली देना बंद किया.. ज़रूर दाल में कुछ काला है'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तेलंगाना के करीमनगर में अदानी, अंबानी का नाम लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला किया.

    उन्होंने कहा, "कांग्रेस के शहज़ादे पिछले पांच साल से सुबह उठते ही माला जपना शुरू करते थे. जब से उनका राफ़ेल वाला मामला ग्राउंडेड हो गया, तब से उन्होंने एक नई माला जपना शुरू किया. पांच साल से एक ही माला जपते थे. पांच उद्योगपति, पांच उद्योगपति, पांच उद्योगपति. फिर धीरे-धीरे कहने लगे, अंबानी-अदानी, अंबानी अदानी, अंबानी अदानी."

    पीएम मोदी ने कहा, "लेकिन जब से चुनाव घोषित हुआ है, इन्होंने अंबानी, अदानी को गाली देना बंद कर दिया. मैं आज तेलंगाना की धरती से पूछना चाहता हूं कि शहज़ादे घोषित करें कि चुनाव में ये अंबानी, अदानी से कितना माल उठाया है. काले धन के कितने बोरे भरकर मारे हैं. आज टेंपो भरकर नोट कांग्रेस के लिए पहुंची है क्या."

    उन्होंने कहा, "क्या सौदा हुआ है. आपने रातों रात अंबानी, अदानी को गाली देना बंद कर दिया. ज़रूर दाल में कुछ काला है. पांच साल तक अंबानी, अदानी को गाली दी और रातों रात गालियां बंद हो गईं. मतलब कोई न कोई चोरी का माल, टेंपो भर भरकर आपने पाया है. देश को जवाब देना पड़ेगा."

    अंबानी-अदानी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से पीएम मोदी को निशाना बनाते रहे हैं. उनका सरकार पर आरोप रहा है कि अदानी समूह को आगे बढ़ाने के लिए ग़लत तरीक़े से फ़ैसले लिए गए हैं.

    साल भर पहले राहुल गांधी संसद में अपनी साथ वे तस्वीरें लेकर आए थे जिसमें नरेंद्र मोदी, गौतम अदानी के साथ एक प्लेन में बैठे हुए दिखाई दे रहे थे.

    ये तस्वीरें दिखाते हुए राहुल गांधी ने गौतम अदानी के साथ पीएम मोदी के रिश्तों पर सवाल उठाए थे.

    • अदानी की तरक्की पर राहुल के मोदी से सवाल, बीजेपी ने किया पलटवार
  15. दुष्यंत चौटाला ने मांगा हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी का इस्तीफ़ा

    हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री और जननायक जनता दल के नेता दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा सरकार के संकट पर प्रतिक्रिया दी है.

    पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "चलो मुख्यमंत्री आज ये तो मान चुके कि वो कमज़ोर हो चुके और ये कमज़ोरी मानने वाला मुख्यमंत्री मुझे लगता है कि नैतिक आधार पर प्रदेश का नेतृत्व करने लायक नहीं है."

    मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर तीन निर्दलीय विधायकों ने राज्य सरकार से समर्थन वापस लेने की घोषणा की थी.

    इन तीन विधायकों में दादरी से सोमबीर सांगवान, नीलोखेड़ी से धर्मपाल गोंदर और पूंडरी से रणधीर गोलन शामिल थे.

    विधायकों के समर्थन वापस लेने के बाद हरियाणा की सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार अल्पमत में दिखाई दे रही है.

    फ़िलहाल सरकार का नेतृत्व नायब सिंह सैनी कर रहे हैं, जिन्हें हाल ही में मनोहर लाल की जगह मुख्यमंत्री बनाया गया था.

    मुश्किल में बीजेपी सरकार?

    हरियाणा विधानसभा में विधायकों की कुल संख्या 90 है जिसमें दो सीटें अभी ख़ाली हैं.

    राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल से विधायक थे, लेकिन अब वे लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं, जिसके चलते यह सीट खाली हुई है. इस सीट पर 25 मई को उपचुनाव होगा.

    दूसरी सीट रानियां है. बीजेपी में शामिल होने के बाद रानियां सीट से निर्दलीय विधायक चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था. उन्हें बीजेपी ने हिसार लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है.

    विधानसभा में बीजेपी के पास 40, कांग्रेस के पास 30, जननायक जनता पार्टी के पास 10, निर्दलीय 6, इंडियन नेशनल लोकदल और हरियाणा लोकहित पार्टी(एचएलपी) के पास 1-1 एक विधायक हैं.

    मौजूदा विधानसभा की 88 सीटों के आधार पर बीजेपी को 45 विधायकों का समर्थन चाहिए.

    हरियाणा विधानसभा में विधायकों की संख्या- 90

    मौजूदा विधानसभा- 88 (दो सीटें रिक्त)

    बीजेपी- 40

    कांग्रेस- 30

    जेजेपी- 10

    हरियाणा लोकहित पार्टी- 1

    इंडियन नेशनल लोक दल- 1

    निर्दलीय- 6 (तीन विधायकों ने बीजेपी से समर्थन वापस लिया)

  16. 'राम मंदिर पर बाबरी ताला' बयान को लेकर कपिल सिब्बल ने उठाए सवाल

    राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर सवाल उठाए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सत्ता में आई तो वह 'राम मंदिर पर बाबरी ताला' लगा देगी.

    कपिल सिब्बल ने कहा, "हमारे प्रधानमंत्री जी को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए. उन्होंने कहा कि मुझे 400 सीटें इसलिए चाहिए, जिसके बाद कांग्रेस बाबरी मस्जिद का ताला, राम मंदिर पर नहीं लगा सकेगी."

    उन्होंने कहा, "ये किस किस्म का बयान है. सुप्रीम कोर्ट ने फ़ैसला दिया. राम मंदिर आपने बना दिया. वहां आप गए. वहां हिंदुस्तान की जनता जा रही है. ऐसा बयान देने की आपको क्या ज़रूरत है. ज़रूरत इसलिए है क्योंकि आपकी एक्सपायरी डेट आ चुकी है, नहीं तो आप ऐसा बयान नहीं देते. आप इस देश के प्रधानमंत्री हैं. मेरे प्रधानमंत्री हैं."

    7 मई को मध्य प्रदेश के धार में पीएम मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा था, "मोदी को 400 सीटें चाहिए, ताकि मैं कांग्रेस और इंडी गठबंधन की हर साज़िश को रोक सकूं. मोदी को 400 सीटें चाहिए ताकि कांग्रेस कश्मीर में धारा 370 को फिर से वापस लाकर चिपका न दे. खेल बिगाड़ न दे."

    "मोदी को 400 सीटें चाहिए ताकि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर पर बाबरी ताला न लगा दे."

  17. हरियाणा सरकार के संकट पर पूर्व सीएम मनोहर लाल ने किया ये दावा

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तीन निर्दलीय विधायकों के राज्य सरकार से समर्थन वापस लेने पर प्रतिक्रिया दी है.

    बुधवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “ये चुनावी माहौल में कौन किधर जाता है, इसका कोई फ़र्क पड़ने वाला नहीं है. बहुत सारे विधायक हमारे भी संपर्क में हैं. इसलिए किसी को चिंता नहीं करनी चाहिए. बहुत सारे विधायक हमारे संपर्क में हैं. कब कौन क्या करेगा, चुनाव अभी लंबा चलेगा.”

    मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर चरखी दादरी से सोमबीर सांगवान, नीलोखेड़ी से धर्मपाल गोंदर और पूंडरी से रणधीर गोलन ने समर्थन वापस लेने की घोषणा की थी.

    तीनों स्वतंत्र विधायकों ने कांग्रेस को समर्थन देने की भी घोषणा की है.

    हाल ही में बीजेपी ने हरियाणा में मनोहर लाल को बदलकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया था. उसी दौरान दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जननायक जनता पार्टी ने सरकार से अपना समर्थन वापस लिया था.

    मुश्किल में बीजेपी सरकार?

    हरियाणा विधानसभा में विधायकों की कुल संख्या 90 है जिसमें दो सीटें अभी ख़ाली हैं.

    विधानसभा में बीजेपी के पास 40, कांग्रेस के पास 30, जननायक जनता पार्टी के पास 10, निर्दलीय 6, इंडियन नेशनल लोकदल और हरियाणा लोकहित पार्टी(एचएलपी) के पास 1-1 एक विधायक हैं.

    मौजूदा विधानसभा की 88 सीटों के आधार पर बीजेपी को 45 विधायकों का समर्थन चाहिए.

  18. रफ़ाह हमला: इसराइल को जाने वाली बमों की खेप अमेरिका ने रोकी

    अमेरिका का कहना है कि रफ़ाह हमले को देखते हुए उसने इसराइल को जाने वाली बमों की खेप को रोक दिया था.

    बाइडन प्रशासन के एक बड़े अधिकारी के मुताबिक खेप में 1800 बम 907 किलोग्राम के और 1700 बम करीब 220 किलोग्राम के थे.

    इसराइल ने ग़ज़ा के रफ़ाह पर हमला करने की बात कही है, जिसे देखते हुए उसने वहां रहने वाले क़रीब एक लाख लोगों से अपनी जगह छोड़ने के लिए कहा है.

    हमले की चेतावनी देते हुए सेना ने इसराइली सीमा के नज़दीक पूर्वी इलाक़ों में रह रहे लोगों से ख़ान यूनिस और अल-मवासी जाने के लिए कहा है.

    अमेरिका कई बार कह चुका है कि जब तक रफ़ाह में शरण लिए हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए कोई योजना नहीं सामने आती है, तब तक वह रफ़ाह में इसराइली हमले का समर्थन नहीं करेगा.

    कई महीनों से इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू इस बात पर ज़ोर दे रहे हैं कि जब तक रफ़ाह में हमास के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर ऑपरेशन नहीं चलाया जाएगा, तब तक युद्ध में जीत हासिल नहीं की जा सकती.

  19. भारत-कनाडा के बीच तनाव पर क्या बोले उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा

    कनाडा में भारत के उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा ने मंगलवार को कहा कि दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने के लिए कोशिशें की जा रही हैं.

    ख़ालिस्तान का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कनाडा की धरती पर ऐसे मुद्दे फिर से उभर रहे हैं जो भारत की क्षेत्रीय अखंडता के लिए ख़तरा हैं.

    मॉन्ट्रियल काउंसिल ऑन फ़ॉरेन रिलेशंस के एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत की क्षेत्रीय अखंडता पर बुरी नज़र डालना लक्ष्मण रेखा को पार करने जैसा है.

    उन्होंने कहा कि भारत का भाग्य विदेशी नहीं बल्कि भारतीय तय करेंगे. हाल ही में कनाडा पुलिस ने ख़ालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के आरोप में तीन भारतीयों को गिरफ़्तार किया है.

    निज्जर की 18 जून 2023 को एक गुरुद्वारे की पार्किंग में हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. निज्जर कनाडा के वैंकूवर स्थित गुरु नानक सिख गुरुद्वारा के अध्यक्ष भी थे.

    कनाडा का कहना है कि इस हत्या में भारत के शामिल होने के उनके पास पुख़्ता सबूत हैं. निज्जर की हत्या के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव जारी है.

  20. कोर्ट में स्टॉर्मी डेनियल्स से डोनाल्ड ट्रंप का पहली बार हुआ आमना-सामना

    अमेरिका के मैनहटन कोर्ट में पहली बार पूर्व अडल्ट स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आमना-सामना हुआ है.

    ट्रंप पर साल 2016 के राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले चुप रहने के लिए स्टॉर्मी डेनियल्स को गैर क़ानूनी रूप से 1.30 लाख डॉलर देने का आरोप है, जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है.

    स्टॉर्मी ने करीब पूरा दिन पूर्व राष्ट्रपति की तरफ ध्यान नहीं दिया, जब तक उन्हें डोनाल्ड ट्रंप को पहचानने के लिए नहीं कहा गया.

    स्टॉर्मी ने कोर्ट में दावा किया कि पूर्व राष्ट्रपति ने उनके साथ यौन संबंध बनाए. हालांकि ट्रंप ने इन आरोपों से इनकार किया है.

    ट्रंप ने यह स्वीकार किया है कि उनके वकील रहे माइकल कोहेन ने स्टॉर्मी को चुप रहने के लिए पैसे दिए थे.

    स्टॉर्मी ने ट्रंप के साथ अपनी मुलाकात की इतनी बारीक तरीके से जानकारी दी कि जिसके बाद जज को कहना पड़ा कि कुछ चीज़ें अनकहीं छोड़ दी जाएं तो बेहतर हैं.