You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मशहूर फ़ैशन डिज़ाइनर रोहित बल का 63 साल की उम्र में हुआ निधन

भारत के जाने माने फ़ैशन डिज़ाइनर रोहित बल का शुक्रवार को निधन हो गया. वो 63 साल के थे और दिल से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे.

सारांश

  • भारत के जाने माने फ़ैशन डिज़ाइनर रोहित बल का शुक्रवार को निधन हो गया. वो 63 साल के थे और दिल से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे.
  • पीएम मोदी ने कांग्रेस के वादों को लेकर एक्स पर किए कई पोस्ट
  • कनाडा में पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के घर पर गोली चलाने के आरोप में अबजीत किंगरा नाम का शख़्स गिरफ़्तार.
  • डोनाल्ड ट्रंप ने लिखी बांग्लादेश में हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों के साथ हुई कथित हिंसा पर एक पोस्ट.
  • दिल्ली के शाहदरा में गोलीबारी की घटना में एक नाबालिग की मौत और एक 10 साल का बच्चा घायल.
  • देवेंद्र राणा की मौत पर पीएम मोदी ने जताया शोक, उमर अब्दुल्लाह ने शेयर की पुरानी तस्वीर.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत को दीजिए इजाज़त.

    कल कुछ नई और महत्वपूर्ण खबरों के साथ फिर आपसे जुड़ेंगे. लेकिन जाने से पहले आप आज की महत्वपूर्ण खबरें नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - बांग्लादेश के हिंदुओं और पीएम मोदी पर डोनाल्ड ट्रंप के बयान की वजह क्या है? पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - अमेरिका ने भारत की 19 कंपनियों पर क्यों लगाया प्रतिबंध? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - ‘लंदन रोड’: पाकिस्तान का दरवाज़ा समझी जाने वाली वो सड़क जो ‘डंकी रूट’ बन गई. इस रिपोर्ट को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - महाराष्ट्र में बाग़ी उम्मीदवारों ने बढ़ाया पार्टियों का सिरदर्द, नतीजों पर कितना होगा असर? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  2. मशहूर फ़ैशन डिज़ाइनर रोहित बल का 63 साल की उम्र में हुआ निधन

    भारत के जाने माने फ़ैशन डिज़ाइनर रोहित बल का शुक्रवार को निधन हो गया. वो 63 साल के थे और दिल से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे.

    फ़ैशन डिज़ाइन काउंसिल ऑफ़ इंडिया (एफ़डीसीआई) ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर उनके निधन की पुष्टि की है.

    एफ़डीसीआई ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा है कि 'लिजेंड्री डिज़ाइनर का निधन हो गया है. वो एफ़डीसीआई के संस्थापक सदस्य थे. वो पारंपरिक परिधान को आधुनिक अंदाज़ में पेश करने के लिए जाने जाते थे. बल का काम भारतीय फ़ैशन को परिभाषित करने वाला रहा है और उन्होंने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है.'

    मशहूर गारमेंट ब्रांड रेमंड के सीईओ गौतम सिंघानिया ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “एक बेहतरीन दोस्त को अलविदा कहना दिल तोड़ने वाला है. आपने अपने आस पास के लोगों के ज़िंदगियों में बहुत उजाला, मुस्कुराहट और करुणा का संचार किया."

    "आपके साथ बिताए हर पल, हर बातचीत के लिए मैं शुक्रगुज़ार हूं. शब्दों से परे आपको याद किया जाएगा, लेकिन आपकी स्पिरिट हम सबमें ज़िंदा रहेगी.”

  3. जम्मू कश्मीर के बडगाम में चरमपंथी हमले में दो मज़दूर घायल

    जम्मू-कश्मीर के बडगाम ज़िले में शुक्रवार शाम को एक चरमपंथी हमले में दो मज़दूर घायल हो गए.

    पीटीआई में छपी खबर के मुताबिक, आधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के दो व्यक्तियों पर गोली चलाई गई.

    उन्होंने बताया कि मध्य कश्मीर के मगाम के मज़हामा क्षेत्र में गोली लगने से सुफियान और उस्मान घायल हो गए हैं.

    अधिकारियों ने यह भी बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया है और अभी उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है.

    इससे पहले 20 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल ज़िले में एक निर्माणाधीन सुरंग के पास चरमपंथी हमला हुआ था.

    इस हमले में एक डॉक्टर और छह मजदूरों समेत कुल सात लोगों की मौत हुई थी.

    इस हमले में दो मज़दूरों की मौक़े पर ही मौत हो गई थी जबकि डॉक्टर और अन्य चार मज़दूरों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी.

  4. पीएम मोदी के कांग्रेस को लेकर किए गए पोस्ट पर कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया ने दिया जवाब

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकांउट पर कांग्रेस के वादों को लेकर कई पोस्ट किए हैं. उसी के जवाब में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने एक्स अकांउट से अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने लिखा है, "श्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस पर उंगली उठाने से पहले बीजेपी की कर्नाटक में भयावह विरासत पर गौर करना चाहिए. हमने अपने लोगों से किए गए हर वादे को पूरा किया है- सभी 5 गारंटियां को 52,000 करोड़ रुपये से अधिक बजट के साथ लागू किया गया है, और 52,903 करोड़ रुपये की अतिरिक्त पूंजी के साथ कर्नाटक के भविष्य का निर्माण किया जा रहा है."

    "बीजेपी ने कर्नाटक को 40% कमीशन भ्रष्टाचार से ग्रस्त छोड़ दिया था, जिसने उन संसाधनों को खत्म कर दिया जो लोगों की ज़िंदगियों को बदल सकते थे. हम उसी 40% को दोबारा से उपयोग करके लोगों को लाभ दे रहे हैं. आपकी यहां क्या 'उपलब्धि' थी? भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना, कर्नाटक को कर्ज में डुबो देना और अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए प्रोपेगैंडा का इस्तेमाल करना?"

    "और यह ना भूलें, आपके नेतृत्व में, भारत का कर्ज वित्तीय साल 2025 तक 185.27 ट्रिलियन तक पहुंचने का अनुमान है, जो GDP का 56.8% है. यह सिर्फ खराब शासन नहीं है. यह बोझ आप हर भारतीय की पीठ पर डाल रहे हैं."

    "और विडंबना देखिए! जबकि कर्नाटक केंद्र के खजाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है, आपकी सरकार हमें हमारी उचित हिस्सेदारी से वंचित रखती है ताकि हम अपनी गारंटी योजनाओं को लागू न कर सकें. कर्नाटक द्वारा दिए गए हर एक रुपये के बदले हमें केवल 13 पैसे वापस मिलते हैं. यह ‘सहकारी संघवाद’ नहीं है; यह खुली लूट है. जहां कर्नाटक में कांग्रेस ने अपने वादे पूरे किए हैं, वहीं बीजेपी पूरे देश में भारतीयों को निराश करती रही है."

  5. अमेरिका में अक्टूबर के महीने में नौकरियों की दर में आई भारी गिरावट

    अमेरिका में अक्टूबर के महीने में नौकरी की वृद्धि दर में तेज़ी से गिरावट आई है क्योंकि तूफान और हड़तालों ने वहां की अर्थव्यवस्था को काफी प्रभावित किया है.

    श्रम विभाग के अनुसार, नियोक्ताओं ने पिछले महीने 12,000 नई नौकरियां जोड़ीं, जो सितंबर में निकाली गईं 2,23,000 नौकरियों की तुलना में काफी कम है.

    हालांकि भर्ती की रफ्तार धीमी ज़रूर हो गई है, लेकिन बेरोज़गारी दर 4.1% पर स्थिर रही है.

    श्रम विभाग ने कहा कि पिछले महीने स्वास्थ्य सेवा और सरकारी भूमिकाओं में बढ़ोत्तरी जारी रही, लेकिन हड़तालों के कारण नई विनिर्माण नौकरियों में कमी आई.

    एयरोस्पेस कंपनी बोइंग के लगभग 30,000 कर्मचारी 13 सितंबर से हड़ताल पर हैं, जिससे विमान उत्पादन में भारी गिरावट आई है. एक और विमान कंपनी टेक्सट्रॉन के कर्मचारी भी हड़ताल कर रहे हैं.

  6. पीएम मोदी ने कांग्रेस के वादों को लेकर एक्स पर किए कई पोस्ट

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकांउट पर कांग्रेस के वादों को लेकर कई पोस्ट्स किए हैं.

    उन्होंने लिखा है, "अब कांग्रेस पार्टी को बुरी तरीके से यह एहसास हो रहा है कि अवास्तविक वादे करना आसान है, लेकिन उन्हें ठीक से लागू करना कठिन या असंभव है. वे लोगों से लगातार चुनाव प्रचार के दौरान ऐसे वादे करते हैं, जो उन्हें भी पता है कि वे कभी भी पूरा नहीं कर पाएंगे. अब वे लोगों के सामने बुरी तरह से बेनकाब हो चुके हैं."

    "आज किसी भी राज्य को देख लें जहां कांग्रेस की सरकार है - हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना - वहां विकास की दिशा और वित्तीय स्थिति बद से बदतर होती जा रही है. उनकी तथाकथित गारंटियां अधूरी रह गई हैं, जो इन राज्यों के लोगों के साथ एक बड़ा धोखा है. ऐसी राजनीति के शिकार गरीब, युवा, किसान और महिलाएं हैं, जिन्हें न केवल इन वादों का लाभ नहीं मिलता, बल्कि उनकी मौजूदा योजनाएं भी कमज़ोर होती जा रही हैं."

    "देश के लोगों को कांग्रेस द्वारा प्रायोजित झूठे वादों की संस्कृति के प्रति सतर्क रहना होगा. हाल ही में हमने देखा कि कैसे हरियाणा की जनता ने उनके झूठ को खारिज कर दिया और एक ऐसी सरकार को चुना जो स्थिर, प्रगति केंद्रित और कार्यशील है."

    "पूरे भारत में यह एहसास बढ़ रहा है कि कांग्रेस को वोट देना गैर-शासन, खराब अर्थव्यवस्था और अभूतपूर्व लूट के लिए वोट देना है."

    "भारत के लोग विकास और प्रगति चाहते हैं, न कि कांग्रेस के वही पुराने झूठे वादे."

    "कर्नाटक में, कांग्रेस विकास कार्यों को पूरा करने की चिंता किए बिना आपसी राजनीति और लूट में व्यस्त है. इतना ही नहीं, वे मौजूदा योजनाओं को भी वापस लेने जा रही है."

    "हिमाचल प्रदेश में, सरकारी कर्मचारियों की सैलरी समय पर नहीं दी जा रही है. तेलंगाना में, किसान उस कर्ज माफी का इंतजार कर रहे हैं, जिसका कांग्रेस ने वादा किया था."

    "पहले छत्तीसगढ़ और राजस्थान में उन्होंने कुछ भत्तों का वादा किया था, जिन्हें पांच साल तक कभी लागू नहीं किया गया. ऐसे कई उदाहरण हैं, जो बताते हैं कि कांग्रेस कैसे काम करती है."

  7. अरविंद सावंत के बयान के बाद उनके ख़िलाफ़ शाइना एनसी ने दर्ज करवाई एफ़आईआर

    नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिवसेना (शिंदे गुट) नेता शाइना एनसी ने शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता और दक्षिणी मुंबई के सांसद अरविंद सावंत के ‘इंपोर्टेड माल’ वाले बयान के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करवा दी है.

    अरविंद सावंत के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता के सेक्शन 79 और सेक्शन 356 (2) के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    एफ़आईआर दर्ज करवाने के बाद शाइना एनसी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बयान दिया.

    उन्होंने कहा, "ये है एफ़आईआर की कॉपी. हम सब जानते हैं कि ये महाविनाश अघाड़ी महिलाओं का सम्मान नहीं करते हैं."

    "अरविंद सावंत जी क्या कहते हैं कि आप ‘इंपोर्टेड माल’ है. माल यानि आइटम. 20 साल हुए हैं मुझे सावर्जनिक जीवन में. आप सब पत्रकार हो या कार्यकर्ता जानते हो कि किस निष्ठा के साथ मैंने काम किया है."

    "मां मुंबा देवी का आशीर्वाद है. मैं महिला हूं, लेकिन माल नहीं हूं और हम जैसी प्रोफेशनल महिला हो, सक्षम महिला हो, कोई भी महिला हो. उनके प्रति आप अभद्र टिप्पणी करने वाले हैं. तो एफ़आईआर दर्ज करके कानून अपना काम करेगा."

    "एक चीज़ समझना चाहिए जब एक महिला के प्रति आप अभद्र टिप्पणी करते हैं, आपको लगता है कि हर महिला चुप रहेगी. ये महाराष्ट्र की महिला मुंहतोड़ जवाब देगी."

  8. तीसरे टेस्ट के पहले दिन न्यूज़ीलैंड हुई ऑलआउट, भारत के भी चार विकेट गिरे

    भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म हो गया है. यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    तीसरे टेस्ट के पहले दिन के खेल का अंत होने तक भारत ने पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 86 रन बनाए हैं.

    इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी 235 रन पर सिमट गई थी. टीम इंडिया न्यूजीलैंड से अभी पहली पारी में 149 रन पीछे है.

    न्यूजीलैंड की ओर से पहली पारी में डेरिल मिचेल ने सबसे ज़्यादा 82 रन बनाए और विल यंग ने 71 रन की पारी खेली.

    वहीं कप्तान रोहित शर्मा 18 और विराट कोहली 4 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे.

    न्यूजीलैंड के एजाज़ पटेल को 2 और मैट हेनरी को 1 विकेट मिला.

  9. झारखंडः हिमंत बिस्वा सरमा के ख़िलाफ़ कोर्ट में मामला दर्ज, आनंद दत्त, रांची से बीबीसी हिन्दी के लिए

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया गया है. यह पलामू ज़िले के मेदिनीनगर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट में दर्ज कराया गया है.

    यह मामला बसपा प्रत्याशी कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने करवाया है. उनका कहना है कि हिमंता ने हुसैनाबाद का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की है.

    बता दें, बीती 23 अक्तूबर को बीजेपी के प्रत्याशी कमलेश सिंह के नामांकन में हिमंत बिस्वा सरमा हुसैनाबाद पहुंचे थे. नामांकन के बाद हुई जनसभा में उन्होंने कहा था कि "ये हुसैन कौन है? यह हुसैन कहां से आया? जिसके नाम पर इलाके का नाम हुसैनाबाद रखा गया."

    उन्होंने आगे कहा था, "अगर बीजेपी की सरकार आती है, तो हुसैनाबाद का नाम बदल दिया जाएगा. यह झारखंड के किसी महापुरुष के नाम पर होगा. साथ ही इसे ज़िला भी घोषित किया जाएगा."

    बीबीसी से बात करते हुए कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने कहा, "असम के सीएम ने हुसैन को टारगेट किया है. आप किसी का नाम ऐसे विकृत नहीं कर सकते हैं. इसलिए मैंने कोर्ट से आग्रह किया है कि उनके ऊपर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में सुसंगत धाराओं में केस दर्ज करें."

    उन्होंने कहा, "यहां मुद्दा भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, सिंचाई आदि का है. लेकिन वो नमक घोटाले के आरोपी, जिनके ऊपर मनी लॉड्रिंग का मामला चल रहा है, उन्हें हुसैनाबाद से अपना प्रत्याशी बना देते हैं."

    वहीं पूरे मामले पर बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, "पहले औरंगजेब रोड का नाम बदला गया, इलाहाबाद प्रयागराज हो गया. सीएम हेमंत सोरेन पर चाहे जितने मुकदमा कराएं, हमारी सरकार आते ही नाम बदला जाएगा. ये हुसैनाबाद की जनता की मांग है."

  10. स्पेन में अब इस इलाक़े के लोगों को दी गई घर में रहने की सलाह

    स्पेन के मौसम विभाग ने देश के दक्षिण-पश्चिम भाग में स्थित तटीय इलाके हुलेवा में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है.

    यह चेतावनी स्पेन के स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजे से और 12 बजे के बीच लागू है जिसमें लगातार 12 घंटों तक 140 मिलीमीटर की तेज़ बारिश की आशंका जताई गई है.

    अपडेट में कहा गया है, "चेतावनी वाले इलाके में अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है."

    प्रांत के अन्य क्षेत्रों में "ऑरेंज" अलर्ट जारी किया गया है.

    पिछले एक घंटे में, एंडालूसिया आपातकालीन सेवा के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने इस अलर्ट की जानकारी दी है, जिसमें बताया गया है कि अरासेना, आंदेवालो और कोंडाडो क्षेत्रों में बारिश के लिए ऑरेंज और तूफानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

    सुबह के शुरुआती घंटों में, उसी अकाउंट ने "रेड अलर्ट" की जानकारी दी थी, जो उस समय एक बड़े क्षेत्र को कवर कर रहा था. लोगों से यात्रा करने से बचने की अपील की गई थी.

  11. इसराइल में हिज़्बुल्लाह के रॉकेट हमलों से 7 लोगों की मौत, महीनों बाद हुआ सबसे घातक हमला

    उत्तरी इसराइल में गुरुवार को हिज़्बुल्लाह के दो अलग-अलग रॉकेट हमलों में 7 लोगों की मौत हो गई है. अधिकारियों के मुताबिक, ये हमला महीनों से हो रहे हमलों में सबसे घातक दिन साबित हुआ है.

    इसराइली और थाई अधिकारियों के अनुसार, लेबनान की सीमा पर स्थित मेटुला कस्बे के पास रॉकेट गिरने से एक इसराइली किसान और चार थाई कृषि मज़दूर मारे गए हैं.

    बाद में, तटीय शहर हाएफ़ा के बाहरी इलाके में स्थित किबुत्ज़ अफ़ेक के पास ज़ैतून के बाग में एक इसराइली महिला और उसका वयस्क बेटा भी हमले में मारे गए हैं.

    हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि उसने हाएफ़ा के उत्तरी इलाके में स्थित क्रायोट क्षेत्र की ओर और मेटुला के सामने स्थित लेबनानी कस्बे खियम के दक्षिण में इसराइली बलों पर रॉकेटों की बौछार की थी.

    गुरुवार को दूसरे रॉकेट हमले में किबुत्ज़ अफ़ेक के पास एक कृषि क्षेत्र को निशाना बनाया गया, जो मेटुला से लगभग 65 किलोमीटर (40 मील) दक्षिण-पश्चिम में और लेबनानी सीमा से 28 किलोमीटर दूर है.

    सेना ने कहा कि पश्चिमी गलील क्षेत्र,जहाँ किबुत्ज़ स्थित है, उसके साथ-साथ मध्य गलील और ऊपरी गलील की ओर कुल 55 तोप के गोले फायर किए गए. कुछ तोप के गोलों को रोक दिया गया और कुछ खुले मैदान में गिर गए.

  12. न्यूज़ीलैंड की टीम तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 235 पर सिमटी, जडेजा ने झटके पांच विकेट

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन में भारत ने न्यूज़ीलैंड की टीम को 235 रनों पर ऑलआउट कर दिया है.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने सबसे ज़्यादा 82 रन बनाए और विल यंग ने 71 रन की पारी खेली.

    भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने 65 रन देकर 5 विकेट लिए और वहीं वॉशिंगटन सुंदर 4 विकेट लेने में कामयाब रहे.

    हालांकि न्यूज़ीलैंड ने पहले दो मुकाबले जीतकर सिरीज़ में 2-0 से अजेय बढ़त बना रखी है.

    न्यूज़ीलैंड ने बेंगलुरु में खेला गया पहला टेस्ट 8 विकेट से और पुणे में खेला गया दूसरा टेस्ट 113 रन से अपने नाम किया था.

    वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत के लिए इस मुकाबले में जीत दर्ज करना ज़रूरी है.

  13. जापान में साइकिल चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने पर हो सकती है छह महीने की जेल

    जापान में शुक्रवार को लागू किए गए एक नए नियम के तहत साइकिल चलाते समय मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल करने वालों को छह महीने तक जेल की सज़ा काटनी पड़ सकती है.

    जापान के संशोधित सड़क क़ानून का उल्लंघन करने वालों को अधिकतम छह महीने जेल की सज़ा या 100,000 येन या 55,167 भारतीय रुपये का जुर्माना हो सकता है.

    जापान की स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, कोविड महामारी के दौरान लोगों ने सार्वजनिक परिवाहन साधनों के बजाय साइकिल का इस्तेमाल ज़्यादा करना शुरू कर दिया था.

    जिसके बाद जापान में साइकिल चालकों से जुड़ी दुर्घटनाओं में भी इजाफ़ा देखने को मिला था.

    जापान में लागू किए गए इस नए नियम के मुताबिक़, साइकिल चलाते समय शराब के नशे में होने पर भी तीन साल तक की सज़ा का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा इसमें 500,000 येन यानी 275,948 भारतीय रूपयों तक के जुर्माने का प्रावधान है.

    स्थानीय मीडिया के अनुसार साल 2023 में जापान में 72,000 से ज़्यादा साइकिल दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जो देश में होने वाली सभी यातायात दुर्घटनाओं के 20 फ़ीसदी हिस्से से भी ज़्यादा है.

  14. कमला हैरिस की लास वेगास की रैली में शामिल हुईं जेनिफ़र लोपेज़ ने क्या कहा?

    डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस ने लास वेगास की अपनी रैली में प्रशंसकों को संबोधित किया.

    अपने संबोधन में मौजूदा अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा, “अमेरिका डोनाल्ड ट्रंप के पैदा किए गए विभाजन से थक चुका है.”

    कमला हैरिस ने रैली को संबोधित करते हुए यह भी कहा, “हम कठिन संघर्षों से नहीं डरती हैं और हम जीतेंगे.”

    हैरिस ने यह भी कहा कि अगर वह जीत जाती हैं तो हर दिन उनका ध्यान अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर होगा. हैरिस के मुताबिक़, “वे न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी करेंगी और कामकाजी लोगों के लिए लड़ेंगी.”

    कमला हैरिस की लास वेगास की रैली में मशहूर अमेरिकी गायिका जेनिफ़र लोपेज़ भी शामिल हुईं.

    जेनिफ़र लोपेज़ कमला हैरिस के मंच पर मौजूद थीं. उन्होंने कहा, “ये अभी तक का सबसे अहम मंच है जिस पर मैं शामिल हुई हूं.”

    जेनिफ़र लोपेज़ ने कहा, “मैं महिलाओं की ताकत में यकीन रखती हूं. महिलाओं के पास इस चुनाव में बदलाव लाने की ताकत है.”

  15. नमस्कार

    अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक ख़बरों को पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक दिन भर की ख़बरों को पहुंचाने की ज़िम्मेदारी निभाएंगीं.

    दोपहर दो बजे तक हमारे बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी खबरें उनके लिंक के साथ नीचे दी जा रही हैं. आपको उन ख़बरों को पढ़ना चाहिए.

    - उत्तर प्रदेश विधानसभा उप चुनाव: ओबीसी वोटरों को रिझाने के लिए बीजेपी ने खेला समाजवादी पार्टी का दांव- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    -अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों का मध्य-पूर्व के हालात पर क्या होगा क्या असर- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - शेख़ हसीना के हटने के बाद बांग्लादेश के साथ बढ़ती चीन की नज़दीकियां- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - न्यूज़ीलैंड से सिरीज़ हारने के बाद भारतीय टेस्ट टीम के सीनियर खिलाड़ियों पर उठते सवाल- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

  16. उद्धव गुट के नेता अरविंद सावंत के ‘इंपोर्टेड माल’ वाले बयान पर शिंदे गुट की महिला उम्मीदवार ने दिया ये जवाब

    महाराष्ट्र में मुंबादेवी विधानसभा से शिवसेना (शिंदे गुट) की उम्मीदवार शाइना चुडासमा मुनोत ने अरविंद सावंत के ‘इंपोर्टेड माल’ वाले बयान पर पलटवार किया है.

    शाइना ने दक्षिणी मुंबई के सांसद और शिव सेना (उद्धव गुट) के नेता अरविंद सावंत पर पलटवार करते हुए एक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “महिला हूँ, माल नहीं.”

    समाचार एजेंसी पीटीआई को बयान देते हुए उन्होंने कहा, "ये वही अरविंद सावंत हैं जिनके लिए साल 2014 और साल 2019 में हमने प्रचार किया. एक बहन के तौर पर हमने उनके लिए प्रचार किया. लेकिन यह उनकी मनस्थिति, सोच और विचार है कि वे कहते हैं कि यह महिला माल है. माल का मतलब आईटम होता है.”

    इससे पहले अपने एक बयान में अरविंद सावंत ने बिना नाम लिए हुए शाइना के लिए कहा था, “उनकी हालत देखिए आप. ज़िदगी भर वो भाजपा में रहीं. फिर वो दूसरी पार्टी में गईं. हमारे यहां इंपोर्टेड माल नहीं चलता. हमारे यहां ओरिजनल माल चलता है.”

    गौरतलब है कि शाइना अरसे से बीजेपी में थी और अक्सर टीवी डिबेट्स में पार्टी का पक्ष रखती थीं. लेकिन मौजूदा विधानसभा चुनावों में वे शिवसेना (शिंदे) के टिकट पर मुंबादेवी ने चुनाव लड़ रही हैं.

  17. पीएम आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष डॉ. बिबेक देबरॉय का निधन, पीएम ने जताया शोक

    प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष और अर्थशास्त्री डॉ. बिबेक देबरॉय का 69 साल की उम्र में निधन हो गया.

    उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के ज़रिए शोक व्यक्त किया.

    अपनी पोस्ट में पीएम ने लिखा, “मैं डॉ. देबरॉय को काफ़ी समय से जानता था. मैं आकादमिक जगत के प्रति उनकी समझ और जुनून को हमेशा याद रखूंगा. मैं उनके निधन से दुखी हूं और उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाए हैं.”

    अपने एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा, “डॉ. बिबेक देबरॉय एक महान विद्वान थे. वे अर्थशास्त्र, इतिहास, संस्कृति, राजनीति, अध्यात्म और कई दूसरे मामलों के पारंगत जानकार थे.”

    पीएम ने बिबेक को याद करते हुए लिखा,''अपने कामों के ज़रिए उन्होंने भारत की बौद्धिकता पर एक अमिट छाप छोड़ी है. उन्हें हमारे प्रचीन ग्रंथों पर काम करना और युवाओं के लिए उन्हें आसान बनाना बहुत पसंद था.''

    प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद एक स्वतंत्र निकाय के तौर पर काम करती है.

    इसका गठन भारत सरकार ख़ास तौर पर प्रधानमंत्री को आर्थिक मामलों पर सलाह देने के लिए किया गया है.

  18. भारत के ख़िलाफ़ तीसरे टेस्ट में न्यूज़ीलैंड ने लंच ब्रेक तक बनाए 92 रन, खेल हुआ शुरू

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड की टीम ने लंच ब्रेक होने तक तीन विकेट खोकर 92 रन बना लिये हैं.

    लंच होने तक विल यंग और डेरल मिशेल क्रीज़ पर मौजूद थे. विल यंग 38 और डेरल मिशेल 11 रन बना कर खेल रहे हैं.

    इस मैच में न्यूज़ीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. भारत के लिए अभी तक वॉशिंगटन सुंदर ने दो और रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिए हैं.

    न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर है. जहां तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ को यह टीम 2-0 से पहले ही जीत चुकी है.

    इसी के साथ घरेलू ज़मीन पर 12 साल बाद बारतीय टीम को पहली टेस्ट सिरीज़ में हार का सामना करना पड़ा था.

    इस टेस्ट सिरीज़ का पहला टेस्ट मैच बेंगलुरु में खेला गया था. जिसे न्यूज़ीलैंड की टीम ने 8 विकेट से जीता था.

    दूसरा टेस्ट मैच पुणे में खेला गया था जिसमें न्यूज़ीलैंड को 113 रनों से जीत मिली थी.

  19. कनाडा में पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के घर पर गोली चलाने के आरोप में अबजीत किंगरा नाम का शख़्स गिरफ़्तार

    कनाडा पुलिस ने पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के कनाडा के घर पर इस साल दो सितंबर को हुई फ़ायरिंग और आगजनी के सिलसिले में एक भारतीय व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है.

    एपी ढिल्लों का नाम लिए बिना कनाडा पुलिस की अधिकारी नैंसी सग्गर ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर ये जानकारी दी है.

    उन्होंने अपने संदेश में कहा, "कॉलवुड इलाके के रावेनवुड रोड पर गोलीबारी करने और दो गाड़ियों में आग लगाने की घटना 2 सितंबर 2024 को सामने आई थी. उस घर में मौजूद एक व्यक्ति को सुरक्षित निकाल लिया गया था. इसके बाद फ़ायर डिपार्टमेंट ने आकर आग बुझा दी थी."

    अधिकारी ने बताया कि इस मामले में 30 अक्तूबर को विनिपेग के 25 वर्षीय अबजीत किंगरा को गिरफ़्तार कर लिया गया है. किंगरा पर हथियारों के अवैध इस्तेमाल और आगजनी का अभियोग लगाया गया है.

    नैंसी सग्गर ने बताया कि पुलिस को एक और संदिग्ध की तलाश है.

    उन्होंने बताया, "उस हमले के एक अन्य संदिग्ध 23 वर्षीय विक्रम शर्मा के ख़िलाफ़ वारंट जारी किए गए हैं. पुलिस का अनुमान है कि वो अब भारत में है."

    क्या हुआ था 2 सितंबर को

    एक्स पर कनाडा पुलिस ने एक प्रेस रिलीज़ में शेयर किया है. उसमें दो सितंबर की वारदात का ब्योरा है.

    प्रेस रिलीज़ के मुताबिक पुलिस ने दो सितंबर को कारों में आग लगी हुई देखी. साथ ही पुलिस को इस बात के सुबूत भी मिले कि एक घर और कार में कई गोलियां चलाई गई थीं.

    अबजीत किंगरा को ओंटारियो में गिरफ्तार किया गया था और शुक्रवार को उनको ओंटारियो कोर्ट में पेश किया जाएगा.

    पुलिस ने कहा है कि उसके पास फ़िलहाल दूसरे संदिग्ध विक्रम शर्मा की कोई भी तस्वीर नहीं है.

    लेकिन पुलिस ने उनके हुलिए के बारे में अंदेशा लगाते हुए उनको ‘पांच फुट नौ इंच लंबे, 90 किलोग्राम के वज़न वाले, काली आखों और भूरे बाल वाला दक्षिण एशियाई व्यक्ति’ बताया है.

    एपी ढिल्लों नई पीढ़ी के लोकप्रिय पंजाबी सिंगर हैं जो पिछले कुछ वर्षों में काफ़ी चर्चित रहे हैं.

    एपी ढिल्लों ने ब्राउन मुंडे और इनसेन जैसे सुपरहिट गाने दिए हैं. वे भारत में कई बड़े खेल आयोजनों में भी परफॉर्म कर चुके हैं.

  20. देवेंद्र राणा की मौत पर पीएम मोदी ने जताया शोक, उमर अब्दुल्लाह ने शेयर की पुरानी तस्वीर

    जम्मू कश्मीर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और नगरोटा विधानसभा से विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह ने शोक व्यक्त किया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, "देवेंद्र सिंह राणा का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है. वह एक वरिष्ठ नेता थे, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर की प्रगति के लिए लगन से काम किया. उन्होंने हाल ही में विधानसभा चुनाव जीता था और जम्मू-कश्मीर में भाजपा को मजबूत बनाने में भी बड़ी भूमिका निभाई थी. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं."

    गृह मंत्री अमिथ शाह ने देवेंद्र सिंह राणा की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा,''जम्मू-कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेता और नगरोटा विधानसभा से विधायक देवेंद्र सिंह राणा के असामयिक निधन से अत्यंत दुखी हूँ. जम्मू-कश्मीर की शांति व विकास और जनता के हितों के लिए सदैव समर्पित रहने वाले देवेंद्र ने क्षेत्र की प्रगति में अमूल्य योगदान दिया. उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ.''

    जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह ने एक भावुक पोस्ट में लिखा,''कल देर रात आई भयानक ख़बर असल में मुझे समझ नहीं आ रही है. मुझे पता है कि पिछले कुछ सालों में हमारे बीच मतभेद रहे हैं देवेंद्र लेकिन मैं उस समय को याद करना पसंद करता हूं तो हमने साथ में बिताए.''

    उमर अब्दुल्लाह ने लिखा,''आप हमसे बहुत जल्द दूर चले गए, हमें आपकी कमी खलेगी. ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे.''

    भाजपा नेता और विधायक देवेंद्र सिंह राणा का गुरुवार को हरियाणा के फ़रीदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया था. वह केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के भाई थे.