You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पीएम मोदी को मिला नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, देश की संसद में भी बोले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे के अंतिम पड़ाव पर नामीबिया पहुंचे हैं, जहां उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ़ द मोस्ट एंशंट वेल्विचिया मिराबिलिस’ से नवाज़ा गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी, सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पीएम मोदी को मिला नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, देश की संसद में भी बोले

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे के अंतिम पड़ाव पर नामीबिया पहुंचे हैं, जहां उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ़ द मोस्ट एंशंट वेल्विचिया मिराबिलिस’ से नवाज़ा गया है.

    प्रधानमंत्री मोदी ने नामीबिया की संसद को भी संबोधित किया है.

    नामीबिया का सर्वोच्च सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी ने कहा, "ये सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार दिया जाना दोनों देशों की जनता के बीच दोस्ती का प्रतीक है."

    उन्होंने कहा, “नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है. यह हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती का प्रतीक है.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया के पौधे ‘वेल्विचिया मिराबिलिस’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि “नामीबिया के मज़बूत और सुंदर पौधों की तरह, हमारी दोस्ती भी समय की कसौटी पर खरी उतरी है.”

    “आपकी राष्ट्रीय वनस्पति वेल्विचिया मिराबिलिस की तरह, यह मित्रता भी समय के साथ और मज़बूत होती चली गई है.”

  3. लिंडा याकारिनो ने एक्स का सीईओ पद छोड़ने का किया फ़ैसला, ग्राहम फ़्रेज़र, टेक्नोलॉजी रिपोर्टर

    एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी एक्स की सीईओ लिंडा याकारिनो ने पद छोड़ने की घोषणा की है. वह जून 2023 से इस भूमिका में थीं.

    एक्स पर किए गए एक पोस्ट में याकारिनो ने मस्क को लेकर कहा कि वह "अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा, कंपनी में बदलाव और एक्स को एवरीथिंग ऐप में बदलने की ज़िम्मेदारी सौंपने के लिए उनकी बेहद आभारी हैं."

    मस्क ने फ़िलहाल याकारिनो के इस्तीफ़े पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    बीबीसी ने एक्स से भी प्रतिक्रिया मांगी है.

    याकारिनो इससे पहले एनबीसी यूनिवर्सल में विज्ञापन विभाग की प्रमुख थीं.

    उन्होंने उस समय एक्स (तब ट्विटर) को जॉइन किया था जब वेबसाइट से विज्ञापनदाता हट रहे थे और मस्क बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी कर चुके थे.

    अपने इस्तीफ़े की घोषणा में याकारिनो ने लिखा कि उन्होंने "दो असाधारण वर्षों" के बाद पद छोड़ने का फ़ैसला किया है.

    उन्होंने कहा, "जब एलन मस्क और मैंने पहली बार एक्स को लेकर उनके विज़न पर चर्चा की थी, तभी मुझे समझ आ गया था कि यह कंपनी के असाधारण मिशन को आगे बढ़ाने का जिंदगी में एक बार मिलने वाला मौक़ा होगा."

    याकारिनो के कार्यकाल के दौरान मस्क लगातार विवादों में रहे.

    हाल ही में मस्क के चैटबॉट ‘ग्रोक’ पर हिटलर के पक्ष में बात करने के आरोप लगे हैं.

    इस पर एक्स एआई ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह ऐसे "अनुचित" पोस्ट हटाने के लिए काम कर रहा है.

  4. एनवीडिया बनी दुनिया की पहली 4 ट्रिलियन डॉलर वाली कंपनी, शार्लेट एडवर्ड्स, टेक्नोलॉजी रिपोर्टर, बीबीसी न्यूज़

    एनवीडिया 4 ट्रिलियन डॉलर की मार्केट वैल्यू वाली दुनिया की पहली कंपनी बन गई है.

    बुधवार को चिप बनाने वाली इस कंपनी के शेयर में 2.4 फ़ीसदी का उछाल आया और इसके दाम 164 डॉलर तक पहुंच गए. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक की बढ़ती मांग का लाभ कंपनी को लगातार मिल रहा है.

    अमेरिका की इस कंपनी ने जून 2023 में पहली बार 1 ट्रिलियन डॉलर की मार्केट वैल्यू को छुआ था और तब से इसका बढ़ना जारी है.

    वेडबुश सिक्योरिटीज़ के टेक विश्लेषक डेन आइव्स का कहना है कि ‘एनवीडिया के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है.’

    उन्होंने कहा, “इस वक़्त एनवीडिया ही इकलौती कंपनी है जो यह सब कर रही है. उसके चिप्स नया सोना और तेल हैं.”

    अप्रैल में उस समय एनवीडिया के शेयर में बड़ी गिरावट आई थी जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ़ नीति से वैश्विक बाज़ारों में उथल-पुथल मच गई थी.

    हालांकि ट्रंप की व्यापार नीतियों को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं.

    आठ साल पहले एनवीडिया का शेयर मूल्य इसके मौजूदा मूल्य के एक फ़ीसदी से भी कम था.

    तब इस कंपनी की ग्रोथ इसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी एएमडी से ग्राफ़िक्स कार्ड्स बनाने की होड़ के चलते हुई थी.

    हाल के वर्षों में एनवीडिया की तेज़ बढ़त जेनरेटिव एआई मॉडल्स जैसे चैटजीपीटी के लिए चिप्स की मांग से हुई है.

  5. झारखंड: मुहर्रम जुलूस में कथित भड़काऊ ऑडियो बजाने के आरोप में 7 लोग गिरफ़्तार, मोहम्मद सरताज आलम, रांची से बीबीसी हिंदी के लिए

    कोडरमा में मुहर्रम जुलूस के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ और आपत्तिजनक ऑडियो बजाने के आरोप में 100 लोगों के ख़िलाफ़ 7 जुलाई को एफ़आईआर दर्ज की गई, जिनमें से सात लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    गिरफ़्तारी की पुष्टि करते हुए कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बीबीसी को बताया, "ऑडियो को लेकर जिला प्रशासन की ओर से मुहर्रम जुलूस के लिए मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात राज्य कर पदाधिकारी संजय कुमार के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है.”

    थाना प्रभारी ने बताया कि आपत्तिजनक ऑडियो बजाने और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने के मामले में बीएनएस की धारा 189(2)/190/196/223 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    प्राथमिकी में एक युवक के पाकिस्तानी झंडा लहराने का भी आरोप है. वहीं मुहर्रम कमेटी के सदस्य नबील्ला का कहना है कि ये आरोप गलत हैं.

  6. दिल्ली दंगा: 8 अभियुक्तों की ज़मानत पर हाई कोर्ट ने फ़ैसला सुरक्षित रखा, उमंग पोद्दार,बीबीसी संवाददाता

    दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली दंगों की साज़िश के मामले में आठ अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाओं पर अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया है.

    ज़मानत याचिका दायर करने वालों में शरजील इमाम, उमर ख़ालिद, गुलफिशा फातिमा, खालिद सैफी, सलीम खान, शिफा उर-रहमान, अतहर खान और मीरान हैदर शामिल हैं.

    दिल्ली पुलिस का आरोप है कि इन लोगों ने सीएए (नागरिकता संशोधन अधिनियम) के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान अशांति फैलाने की साजिश रची थी, जिसके कारण फरवरी 2020 में राष्ट्रीय राजधानी में दंगे हुए.

    अभियुक्तों का कहना है कि वे कई सालों से जेल में हैं और अभी तक मुकदमा शुरू नहीं हुआ है. मुकदमे में हो रही देरी के कारण उन्हें रिहा किया जाना चाहिए.

    उन्होंने ये बात भी उठाई कि इस मामले में देवांगना कलिता और नताशा नरवाल जैसे अन्य अभियुक्तों को ज़मानत मिल चुकी है.

    आज दिल्ली पुलिस की ओर से बहस पूरी करते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अभियु्क्तों की ज़मानत याचिकाओं का विरोध किया. उन्होंने कहा कि दिल्ली दंगे "मात्र दंगा नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता पर एक हमला था."

    तुषार मेहता ने कहा कि इसका मकसद "वैश्विक स्तर पर भारत को बदनाम करना था" क्योंकि इसकी तारीख़ तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे के दौरान चुनी गई थी.

    उन्होंने कहा कि "लंबे समय से जेल में रहने की बात पर विचार किया जा सकता है, लेकिन तब नहीं जब आप देश की राजधानी में हिंसा फैलाना चाहते हों."

    शरजील इमाम के भाषणों और उमर ख़ालिद और गुलफिशा फातिमा के ख़िलाफ़ गवाहों के बयानों पर ज़ोर देते हुए तुषार मेहता ने कहा कि हिंसा भड़काने की एक सुनियोजित साजिश थी.

    उन्होंने कहा, "अब कहा जा रहा है कि बुद्धिजीवी जेल में हैं. मैं दिखाना चाहता हूँ कि ये 'बुद्धिजीवी' क्या कर रहे थे."

    इस मामले में 20 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस के मुताबिक़, इस मामले में 6 अभियुक्तों को ज़मानत मिल गई है, 12 अभी जेल में हैं और 2 अभियुक्त फ़रार हैं.

  7. रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, ट्रंप ने पुतिन की आलोचना की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस ने अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है. ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को कई चरणों में निशाना बनाया और 728 ड्रोन और 13 क्रूज़ या बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं.

    ज़ेलेंस्की ने इस हमले की निंदा की और कहा, "यह ठीक उस समय पर हुआ है जब शांति स्थापित करने और संघर्ष विराम हासिल करने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन केवल रूस ही है जो लगातार इन सभी प्रयासों को ठुकरा रहा है."

    यह हमला उस समय हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन को और हथियार भेजेगा.

    मंगलवार को, अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर अपनी नाराजगी ज़ाहिर की.

    ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "आप सच जानना चाहते हैं तो वह (पुतिन) हमसे हमेशा बहुत अच्छे से पेश आते हैं, लेकिन वह सब बेकार साबित होता है."

    क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, "हम इस पर काफी शांत है, ट्रंप का बोलने का तरीका आमतौर पर काफी कठोर होता है, और वह जिन शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, वे भी."

  8. गेल ने मुल्डर के 367 नाबाद रन की पारी पर कहा, 'वो घबरा गए और गलती कर दी'

    वेस्ट इंडीज के पूर्व कप्तान क्रिस गेल ने दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक कप्तान वियान मुल्डर की आलोचना की है.

    वियान मुल्डर ने इस सप्ताह की शुरुआत में ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ 367 रन पर नाबाद रहते हुए पारी घोषित कर दी थी और ब्रायन लारा के टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर के रिकॉर्ड का पीछा नहीं किया था.

    लारा के पूर्व साथी क्रिकेटर गेल ने कहा कि मुल्डर "शायद घबरा गए" और उन्होंने "गलती" की क्योंकि उन्होंने इस "ज़िंदगी में एक बार मिलने वाले मौके" का फ़ायदा नहीं उठाया.

    गेल ने टॉक स्पोर्ट्स से कहा, "अगर मुझे 400 रन बनाने का मौका मिलता, तो मैं 400 रन बनाता. ऐसे मौके बार-बार नहीं आते. आप नहीं जानते कि अगली बार ट्रिपल सेंचुरी का मौका कब मिलेगा. जब भी ऐसा मौका मिले, तो उसका पूरा फ़ायदा उठाना चाहिए."

    मुल्डर ने कहा था कि उन्होंने यह फ़ैसला लारा के रिकॉर्ड के प्रति सम्मान के कारण लिया.

  9. इंग्लैंड ने लॉर्ड्स टेस्ट के लिए टीम में किया ये बड़ा बदलाव

    लॉर्ड्स में गुरुवार से खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 का एलान कर दिया है. इंग्लैंड टीम ने एजबेस्टन में खेली टीम में एक बदलाव किया है.

    तेज़ गेंदबाज़ जोश टंग को बाहर कर जोफ्रा आर्चर को जगह दी गई है. आर्चर की चार साल बाद टेस्ट टीम में वापसी होने जा रही है.

    भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सिरीज फ़िलहाल 1-1 की बराबरी पर है. लीड्स में इंग्लैंड ने पांच विकेट से जीत हासिल की थी, जबकि एजबेस्टन में टीम इंडिया ने 336 रन से जीत हासिल कर इतिहास रचा था.

    टंग को बाहर करने का इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट का फ़ैसला इसलिए चौंकाने वाला है, क्योंकि वह मौजूदा सिरीज में दो टेस्ट में 11 विकेट लेकर सफल गेंदबाज़ रहे हैं.

  10. वडोदरा पुल दुर्घटना: मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की मदद देगी राज्य सरकार

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वडोदरा पुल हादसे के मृतकों के परिवार और घायलों के लिए मुआवज़े की घोषणा की है.

    सीएम भूपेंद्र पटेल ने एक्स पर पोस्ट किया, "गंभीरा पुल का एक हिस्सा ढहने से हुई दुर्घटना बेहद दुखद है. राज्य सरकार इस त्रासदी से प्रभावित हर परिवार के साथ पूरी संवेदना के साथ है. राज्य सरकार दुर्घटना में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिजनों को 4 लाख रुपये की मदद देगी."

    "इसके अलावा, दुर्घटना में घायल हर व्यक्ति को 50 हज़ार रुपये की मदद दी जाएगी और घायलों के इलाज की सभी व्यवस्था भी राज्य सरकार करेगी."

    बता दें कि बुधवार को गुजरात में आणंद और पादरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल का बीच का हिस्सा ढह गया. इस हादसे में अब तक नौ लोगों के मौत की पुष्टि हुई है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से पीएम नेशनल रिलीफ़ फंड से मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये की मदद देने की घोषणा की गई है.

  11. चुरू में जगुआर विमान दुर्घटना में दोनों पायलटों की मौत: भारतीय वायु सेना

    भारतीय वायु सेना ने राजस्थान के चूरू ज़िले में बुधवार को हुए जगुआर विमान दुर्घटना में दोनों पायलटों की मौत होने की जानकारी दी है.

    भारतीय वायु सेना के मीडिया को-ऑर्डिनेशन सेंटर ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारतीय वायुसेना का एक जगुआर ट्रेनर विमान आज राजस्थान के चुरू के पास एक रूटीन ट्रेनिंग मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया."

    "इस दुर्घटना में दोनों पायलटों की मौत हो गई है. किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. भारतीय वायुसेना दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ है."

    वायु सेना के मुताबिक़ इस दुर्घटना की वजह का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है.

  12. राजस्थान: वायु सेना का लड़ाकू विमान 'जगुआर' क्रैश, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के चूरू ज़िले के रतनगढ़ में बुधवार दोपहर क़रीब डेढ़ बजे भारतीय वायु सेना का लड़ाकू विमान 'जगुआर' क्रैश हो गया. रतनगढ़ के भानूड़ा गांव में विमान का मलबा दूर तक बिखरा पाया गया है.

    हादसे पर शुरुआती जानकारी साझा करते हुए नाम नहीं छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया, "यह दो सीट वाला जगुआर विमान था. अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है."

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने जगुआर क्रैश में दो लोगों की मौत होने की बात कही है.

    घटना से जुड़ी तस्वीरों में भी विमान का मलबा दूर तक बिखरा हुआ दिखा रहा है.

    हालांकि, हादसे में हुई मौत को लेकर बीबीसी के सवाल पर चूरू ज़िले के पुलिस अधीक्षक जय यादव ने इस क्रैश में मृतकों की संख्या पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है.

  13. भारत की सबसे उम्रदराज हथिनी का निधन, पन्ना टाइगर रिज़र्व की ‘दादी मां’ वत्सला नहीं रही, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    पन्ना टाइगर रिज़र्व की सबसे बुज़ुर्ग हथिनी वत्सला की मंगलवार दोपहर 1:30 बजे हिनौता हाथी कैंप के पास मौत हो गई.

    उम्र के चलते कमज़ोर हो चुकी हथिनी वत्सला नाले पास गिर गई थी. बाद में अस्पताल में इलाज में दौरान उसकी मौत हो गई.

    पन्ना टाइगर रिज़र्व की फील्ड डायरेक्टर अंजना तिर्की ने बीबीसी को बताया, “मंगलवार की दोपहर वत्सला का निधन हो गया. वत्सला को वर्किंग, लिविंग एलिफेंट्स में सबसे उम्रदराज या ओल्डेस्ट एलीफेंट माना जाता था.”

    मूल रूप से केरल के नीलांबुर वन मंडल में पली-बढ़ी वत्सला को 1971 में मध्य प्रदेश लाया गया था. 1993 में उसे पन्ना राष्ट्रीय उद्यान लाया गया. 2003 से उसकी विशेष देखभाल की जा रही थी.

    2020 में मोतियाबिंद के कारण वत्सला की दृष्टि चली गई थी, लेकिन साथी हाथी और महावतों की मदद से वो जंगल में घूमती रही.

    वत्सला का जीवन कई बार संकट में भी आया. 2003 और 2008 में नर हाथी रामबहादुर ने उस पर जानलेवा हमला किया था. इससे वत्सला के पेट में गंभीर चोटें आई थीं, लेकिन डॉक्टरों की मेहनत से उसे नया जीवन मिला.

    वत्सला के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट कर लिखा, “वत्सला का सौ वर्षों का साथ आज विराम पर पहुंचा. पन्ना टाइगर रिज़र्व में 'वत्सला' ने अंतिम सांस ली. वह मात्र हथिनी नहीं थी, हमारे जंगलों की मूक संरक्षक, पीढ़ियों की सखी और मध्य प्रदेश की संवेदनाओं की प्रतीक थी.”

    मध्य प्रदेश के वाइल्डलाइफ एक्टिविस्ट अजय दुबे ने कहा, “वत्सला न केवल पन्ना बल्कि मध्य प्रदेश का एक गौरव थी. हाथियों के संरक्षण का एक अच्छा उदाहरण था उसका सर्वाइवल. पन्ना टाइगर रिज़र्व ने इस मामले में बहुत अच्छा काम किया है. वाइल्डलाइफ की ट्रेनिंग में यह एक मिसाल बनेगी कि आखिर किसी वन्यप्राणी से आप कैसे बॉन्ड बनाएं और कैसे उनके संरक्षण में बेहतरी लाई जा सकती है.”

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. माली: एक सप्ताह बाद भी नहीं चला तीन अगवा भारतीयों का पता

    माली में तीन भारतीयों के अपहरण के एक सप्ताह बाद भी उनकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

    उनके परिवारों का कहना है कि उन्हें अभी भी उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है और वे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.

    भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि माली में एक सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले इन लोगों का पिछले मंगलवार को "सशस्त्र हमलावरों" के एक समूह ने अपहरण कर लिया.

    माली सरकार ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन अपहरण की यह घटना ऐसे दिन हुई है, जब अल-कायदा से जुड़े समूह - जमात नुसरत अल-इस्लाम वाल मुस्लिमीन (जेएनआईएम) ने दावा किया है कि उसने अफ्रीकी देश में कई हमले किए हैं.

    सरकारी आंकड़ों के अनुसार, माली में लगभग 400 भारतीय रहते हैं. माली के साथ भारत का 1990 के दशक से व्यापारिक संबंध रहा है.

  16. गुजरात में पुल दुर्घटना में नौ लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

    गुजरात के आणंद और पादरा को जोड़ने वाले पुल का बीच का हिस्सा ढह जाने से नौ लोगों की मौत हो गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर शोक जताया है.

    प्रधानमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है, "गुजरात के वडोदरा ज़िले में एक पुल के ढहने से हुई जनहानि बेहद दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदना. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं."

    उन्होंने लिखा है, "प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे."

    वडोदरा के पुलिस अधीक्षक रोहन आनंद ने मीडिया को बताया , "प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है और नौ को बचा लिया गया है. बचाए गए लोगों की हालत सामान्य है."

    उन्होंने कहा, "अभी भी दो ट्रक पानी में हैं और उन्हें बाहर निकाले जाने के बाद ही पता चलेगा कि उनमें कोई जीवित या मृत व्यक्ति फंसा है या नहीं."

    बीबीसी गुजराती के अनुसार, बुधवार की सुबह वडोदरा ज़िले के बाहरी इलाके में मही नदी पर बना यह पुल टूट गया. इसके कारण कई वाहन नदी में गिर गए.

    घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है.

    सड़क एवं भवन विभाग के मुख्य अभियंता सीपी पटेल ने बीबीसी गुजराती से कहा, "यह पुल 1985 में खोला गया था."

    पुल हादसा कैसे हुआ, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा. हम सभी पुलों का मॉनसून पूर्व और मॉनसून पश्चात निरीक्षण करते हैं. रिकॉर्ड देखने के बाद ही पता चलेगा कि इस पुल की स्थिति क्या थी?"

  17. राज ठाकरे को अपनी भूमिका बदलने की ज़रूरत है: राम दास अठावले

    भाषा विवाद पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के विवादित बयान पर केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के अध्यक्ष रामदास अठावले ने प्र​तिक्रिया दी है.

    रामदास अठावले ने एएनआई से कहा, "मुझे लगता है कि निशिकांत दुबे भाजपा के सीनियर नेता भी हैं और तीन-चार बार से वह संसद के सदस्य हैं."

    उन्होंने कहा, "मुंबई में जो हो रहा है, ये बात अच्छी नहीं है. मराठी बोलो, नहीं तो थप्पड़ मारेंगे, इसमें मनसे की भूमिका उचित नहीं है. मैं इतना बताना चाहता हूं कि मुंबई में रहने वाले कम से कम 70 से 80 फ़ीसदी ग़ैर मराठी लोग मराठी बोलते हैं और मराठी समझते हैं."

    उन्होंने कहा, "दस बीस प्रतिशत को मराठी नहीं आती होगी लेकिन वह मराठी सीख सकते हैं. मनसे को अपनी भूमिका में बदलाव करना चाहिए. उन्हें समझना चाहिए कि आप यहां आए हैं तो मराठी तो बोलो."

    रामदास अठावले ने कहा, "बिहार से ख़बर आई है कि वहां एक मराठी को बोला कि तुम भोजपुरी में बोलो. वो हिंदी बोल सकता है लेकिन भोजपुरी नहीं बोल सकता है. उसको भी वहां मारा है."

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मनसे की भूमिका से पूरे देश में रहने वाले मराठियों की जिंदगी को ख़तरा पैदा हो सकता है."

    उन्होंने कहा, "निशिकांत दुबे ने जो बयान दिया है वह स्वीकार्य तो नहीं है लेकिन उन्होंने यह सभी मराठी लोगों के लिए नहीं, बल्कि केवल उन लोगों के लिए कहा है जो दादागिरी कर रहे हैं."

    रामदास अठावले ने कहा, "यह भाजपा का बयान नहीं है, यह उनकी निजी राय है... राज ठाकरे को अपनी भूमिका बदलने की जरूरत है. हमें भी मराठी पर गर्व है, लेकिन हिंदी का इतना विरोध करना सही नहीं है. हिंदी अपनी राष्ट्र भाषा है."

    बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को मराठी भाषा विवाद पर बयान दिया था.

    उन्होंने दावा किया था कि महाराष्ट्र के पास कोई प्राकृतिक संपदा नहीं है जबकि बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के पास ये सब है.

  18. गुजरात: पुल टूटने से कई वाहन माही नदी में गिरे, तीन लोगों की मौत

    गुजरात के आणंद और पादरा को जोड़ने वाले पुल का बीच का हिस्सा ढह जाने से तीन लोगों की मौत हो गई.

    बीबीसी गुजराती के अनुसार, वडोदरा ज़िले के बाहरी इलाके में माही नदी पर बना यह पुल टूट गया. इसके कारण कई वाहन नदी में गिर गए.

    घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार , चार दशक पुराने इस पुल से वाहन गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और पांच को बचा लिया गया.

    गुजरात सरकार के प्रवक्ता मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा, "आणंद और पादरा को जोड़ने वाले पुल का मध्य भाग ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई है और पांच को बचा लिया गया है. पांच-छह लोगों का इलाज कर उन्हें छुट्टी दे दी गई है."

    उन्होंने बताया, "मुख्यमंत्री ने हमें पुल विशेषज्ञों और तकनीकी विशेषज्ञों से दुर्घटना के कारणों की जांच कराने का निर्देश दिया है.1985 में बनने के बाद से इस पुल की समय-समय पर मरम्मत की जाती रही है."

    उन्होंने कहा, "इस पुल की मरम्मत की गई थी, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना घटी है. मुख्यमंत्री ने 212 करोड़ रुपये की लागत से एक नया पुल बनाने की स्वीकृति दी थी."

    आणंद के कलेक्टर प्रवीण चौधरी ने बीबीसी को बताया, "बचाव अभियान वडोदरा की तरफ से किया जा रहा है, हमने सिर्फ़ ट्रैफ़िक रोका है. यह पुल भी वडोदरा ज़िले में आता है. आणंद और सौराष्ट्र से वडोदरा जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया है. यह पुल 1983 से 1984 के आसपास बना था."

    गुजरात कांग्रेस के नेता अमित चावड़ा ने कहा, "इस पुल से बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं. ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों होती हैं? अगर पुल ख़तरनाक है, तो इसे बंद कर देना चाहिए या इसकी मरम्मत कर देनी चाहिए. यह घटना सरकार की गंभीर लापरवाही के कारण हुई है."

    आप नेता इसुदान गढ़वी ने कहा, "यह पुल हादसा मानवीय है. एक ट्रक और एक पिकअप वाहन समेत चार वाहन नदी में गिर गए हैं. आज किसी पुल को पार करते या उसके नीचे से गुजरते समय डर लगता है. अगर पुल जर्जर था, तो यातायात क्यों नहीं रोका गया?"

  19. बिहार: मतदाता पुनरीक्षण के ख़िलाफ़ राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का मार्च

    बिहार में चल रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण पर रोक लगाने की मांग को लेकर आज महागठबंधन ने ​प्रदेश में बंद का एलान किया है.

    इस बिहार बंद में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस, वाम दल और वीआईपी पार्टी सहित महागठबंधन के सभी घटक दल शामिल हैं.

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव राजधानी पटना में महागठबंधन के इस मार्च में शामिल हैं.

    इस मार्च को देखते हुए बिहार निर्वाचन आयोग के कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. महागठबंधन ने इस पुनरीक्षण को बिहार चुनाव के बाद कराने की मांग की है.

    कांग्रेस नेता कन्हैया यादव ने कहा, "लोकतंत्र की रक्षा के लिए हम सड़क पर उतरे हैं क्योंकि कहा जाता है कि सड़कें सूनी हो जाएं तो संसद आवारा हो जाती है. इसलिए सड़क पर उतरना ज़रूरी है."

    पप्पू यादव ने कहा, "चुनाव आयोग ने (लोगों की) ज़िंदगी तबाह कर दी है."

    विपक्षी दलों का कहना है कि जिन 11 दस्तावेजों की मांग की जा रही है, वह बड़ी संख्या में ग़रीबों के पास नहीं हैं.

    ऐसे में उनके नाम मतदाता सूची से कट सकते हैं. इस बीच बिहार के कई जिलों से ट्रेनों के रोके जाने की ख़बर आ रही है.

    सड़कों पर भी चक्काजाम की स्थिति बनती हुई नजर आ रही है.

    कई जगहों से आ रहे वीडियो में राजनीतिक कार्यकर्ता टायर जलाकर प्रदर्शन करते नज़र आ रहे हैं.

  20. गुजरात में महिसागर नदी पर बना पुल टूटा, चार गाड़ियां गिरीं

    गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार को माही नदी पर बना गंभीरा पुल टूट गया.

    यह पुल मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ता है और वडोदरा को आणंद से जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित था.

    बीबीसी गुजराती के अनुसार, पुल टूटने से चार वाहन नदी में गिर गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया. अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, लेकिन किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

    घटनास्थल से मिली तस्वीरों में एक ट्रक पुल की टूटी रेलिंग पर फंसा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि कुछ अन्य वाहन नदी में गिरे हुए देखे जा सकते हैं.

    वहां मौजूद वीडियो फुटेज में स्वास्थ्यकर्मी पीड़ितों को नदी से निकालते और एंबुलेंस में ले जाते हुए नजर आ रहे हैं. पुल पर पुलिस बल की मौजूदगी भी देखी गई है.

    यह पुल आणंद जिले के गंभीरा से वडोदरा के पादरा और भरूच को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित था. प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है.

    सड़क एवं भवन विभाग के सचिव पीआर पटेलिया ने बताया," महिसागर नदी पर सुबह हुई घटना की जानकारी आई है. इसमें एक स्पैन डैमेज हुआ है. अभी एक दुर्घटना हुई है, इसकी रिपोर्ट हम ले रहे हैं. हमने एक्सपर्टस की एक टीम भेजी है ."