ऑस्ट्रिया: स्कूल में गोलीबारी करने वाले संदिग्ध के घर से पुलिस को क्या-क्या मिला

ऑस्ट्रिया के ग्रात्ज़ शहर में मंगलवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी में दस लोगों की मौत हुई थी. पुलिस ने बताया था कि हमलावर संदिग्ध इसी स्कूल का पूर्व छात्र था.

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. अमेरिका और चीन के बीच व्यापार की रूपरेखा तय, लेकिन मंज़ूरी का है इंतज़ार

    अमेरिका और चीन के शीर्ष अधिकारी लंदन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और चीन के शीर्ष अधिकारी लंदन में बैठक कर रहे हैं

    अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव कम करने का रास्ता साफ़ होता दिख रहा है. दोनों देश व्यापार की एक रूपरेखा बनाने को लेकर सहमत हो गए हैं.

    दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों ने लंदन में दो दिन तक चली वार्ता के बाद यह घोषणा की है. दोनों देशों के बीच तय की गई योजना को मंज़ूरी के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग को भेजा जाएगा.

    अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने कहा कि इस समझौते के बाद दुर्लभ खनिजों और चुंबक पर लगाया गया प्रतिबंध समाप्त हो जाएगा.

    चीन के साथ हुई इस बैठक में आधुनिक प्रौद्योगिकी के लिए दुर्लभ खनिजों का मुद्दा शीर्ष पर था.

    पिछले महीने अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ़ को लेकर एक अस्थाई सहमति बनी थी लेकिन इसके बाद दोनों देश एक-दूसरे पर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगा रहे हैं.

    अमेरिका ने कहा है कि चीन से दुर्लभ धातुओं और चुंबक निर्यात धीमा रहा, यह स्मार्टफोन से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों तक हर चीज़ के निर्माण के लिए ज़रूरी है.

  2. एफ़बीआई चीफ़ काश पटेल ने बताया- पाकिस्तानी नागरिक को कनाडा से प्रत्यर्पित किया गया

    एफबीआई निदेशक काश पटेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एफ़बीआई निदेशक काश पटेल ने प्रत्यर्पण की जानकारी एक्स पर दी है

    अमेरिकी जांच एजेंसी एफ़बीआई के निदेशक काश पटेल ने बताया है कि 'कनाडा में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद शाहज़ेब ख़ान को आतंकी संगठन को सहायता पहुंचाने और आतंकी हमलों को अंजाम देने के प्रयास के आरोप में अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया है.'

    उन्होंने एक्स पर दी गई जानकारी में लिखा है, "ख़ान पर आरोप है कि पिछले साल ब्रुकलिन में एक यहूदी केंद्र पर हमला करने के लिए कनाडा से न्यूयॉर्क की यात्रा की और आईएसआईएस के समर्थन में 7 अक्टूबर 2024 को सामूहिक गोलीबारी करने की योजना बनाई."

    इस मामले से एक साल पहले ही इसी दिन हमास ने इसराइल पर हमला किया था.

    काश पटेल ने लिखा है कि एफ़बीआई टीमों ने ख़ान की मंशा का पता पहले ही लगाकर हमले को नाकाम कर दिया और उसे 4 सितंबर 2024 को कनाडा के अधिकारियों ने गिरफ़्तार कर लिया.

    उन्होंने लिखा, "अब वह अमेरिका आ गया है और उस पर अमेरिकी क़ानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी."

    काश पटेल ने लिखा है, "यह मामला दुनिया के हर कोने में बढ़ रहे आतंकवादी ख़तरे की और इसके साथ ही हमारे यहूदी समुदाय पर बढ़ रहे चिंताजनक ख़तरों की भी याद दिलाता है."

  3. लॉस एं​जेलिस में हिंसा के बाद मेयर ने आंशिक कर्फ़्यू की घोषणा की

    लॉस एं​जेलिस की मेयर करेन बास

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, लॉस एं​जेलिस की मेयर करेन बास ने कहा है कि वो ट्रंप से बातचीत करने के लिए संपर्क में हैं

    लॉस एं​जेलिस की मेयर करेन बास ने आव्रजन छापों के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शनों से निपटने के लिए लॉस एं​जेलिस में आंशिक कर्फ़्यू की घोषणा की है.

    बास ने कहा कि कर्फ़्यू आज रात 8 बजे से कल सुबह 6 बजे तक रहेगा. उन्होंने कहा कि पूरे शहर में "काफ़ी नुक़सान" हुआ है, ऐसे में यह ज़रूरी है.

    लॉस एंजेलिस पुलिस प्रमुख जिम मैकडॉनेल ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही अशांति के बाद लोगों की जान बचाने और संपत्ति की सुरक्षा के लिए कर्फ़्यू एक आवश्यक उपाय है.

    उन्होंने कहा कि अगर कोई भी इस दौरान कर्फ़्यू को तोड़ता है तो उसे गिरफ़्तार कर लिया जाएगा.

    उन्होंने बताया कि शनिवार को 27 लोग, रविवार को 40, सोमवार को 114 और आज अभी तक 197 लोग गिरफ़्तार किए गए हैं.

    बास ने कहा है कि वह राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत करने के लिए संपर्क में हैं. उन्होंने कहा, "वह चाहती हैं कि ट्रंप आईसीई छापे बंद कर दें."

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्रियों का आईएसएस जाने का एक्सियम-4 मिशन फिर टला

    नासा के एस्ट्रोनॉट

    इमेज स्रोत, @NASASpaceOps

    इमेज कैप्शन, शुभांशु शुक्ला के साथ चार अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के रॉकेट से अंतरिक्ष में जाएंगे

    भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुंभाशु शुक्ला का एक्सियम-4 मिशन एक बार फिर टल गया है.

    'स्टैटिक फायर' परीक्षण के बाद बूस्टर की जांच के दौरान लिक्विड ऑक्सीजन लीक का पता चलने के बाद मिशन को रोक दिया गया है.

    इसरो ने कहा है कि लीक ठीक किए जाने के बाद फिर से इस मिशन को मंज़ूरी दी जाएगी.

    वहीं स्पेसएक्स ने कहा है कि लीक ठीक करने के बाद वह नई लॉन्च की तारीख की घोषणा करेगा.

    इस मिशन के तहत भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन यानी आईएसएस भेजा जाना है.

    इससे पहले शुभांशु शुक्ला को आठ जून को अंतरिक्ष स्टेशन की ओर रवाना होना था, लेकिन ख़राब मौसम की वजह से इसे 11 जून के लिए टाल दिया था.

  5. ऑस्ट्रिया के एक स्कूल में गोलीबारी में मरने वालों की संख्या 11 हुई

    गोलीबारी में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देती हुई युवतियां

    इमेज स्रोत, Matej Povse/Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोलीबारी में मारे गए लोगों की याद में तीन दिन का शोक घोषित किया गया है

    ऑस्ट्रिया के ग्राज़ शहर के एक सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को हुई गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हुई है. इसे अब तक की सबसे बड़ी गोलीबारी की घटना बताया जा रहा है.

    इस घटना को लेकर ऑस्ट्रिया में तीन दिन का शोक घोषित किया गया है. पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को स्थानीय समयानुसार 10 बजे पूरे देश में एक मिनट का मौन रखा जाएगा.

    ग्राज़ हमले में कुल दस लोग मारे गए और अंत में बंदूकधारी ने भी स्कूल के शौचालय में ख़ुद को गोली मार ली. जिससे इस घटनाक्रम में मरने वालों की संख्या 11 हो गई.

    पुलिस ने कहा है कि यह बंदूकधारी स्कूल का पूर्व छात्र बताया जा रहा है. इसकी उम्र करीब 21 साल थी. उसने गोलीबारी के लिए पिस्तौल और बन्दूक का इस्तेमाल किया था.

    गृह मंत्री गेरहार्ड कार्नर ने बताया है, "इस हमले में छह महिलाएं और तीन पुरुष मारे गए. पुलिस के अनुसार, इस घटना में 12 अन्य लोग घायल हुए हैं, इसमें से कुछ गंभीर रूप से घायल हैं."

    ऑस्ट्रिया के शिक्षा मंत्री क्रिस्टोफ विडेरकेहर ने बताया है, "जिस स्कूल में हमला हुआ है, वह अगले आदेश तक बंद रहेगा."

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.