You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूएन एजेंसी ने कहा- ग़ज़ा में भूख के कारण ख़तरे में पूरी पीढ़ी का अस्तित्व

संयुक्त राष्ट्र एजेंसी का कहना है कि ग़ज़ा में भूख के कारण विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. यूएन एजेंसी ने कहा- ग़ज़ा में भूख के कारण ख़तरे में पूरी पीढ़ी का अस्तित्व

    संयुक्त राष्ट्र एजेंसी का कहना है कि ग़ज़ा में भूख के कारण विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि ग़ज़ा में गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में से 20 फ़ीसदी महिलाएं कुपोषण का शिकार हैं.

    संयुक्त राष्ट्र यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य एजेंसी (यूएनएफ़पीए) ने ग़ज़ा में "भुखमरी, मनोवैज्ञानिक आघात और स्वास्थ्य सेवा की गिरावट" के कारण बच्चों का जन्म मुश्किल हो सकता है.

    यूएनएफ़पीए ने चेतावनी दी है कि ये स्थितियां "एक पूरी पीढ़ी के अस्तित्व के लिए ख़तरा हैं."

    संगठन ने 2025 की पहली छमाही के आंकड़े पेश किए हैं, जिनके अनुसार जन्म दर में तेज़ी से गिरावट आएगी.

    यूएनएफ़पीए ने बताया है कि जनवरी से जून तक 220 माताओं की मौत हो गई है, यह 2022 में दर्ज मातृ मृत्यु की कुल संख्या से "20 गुना से भी अधिक" है.

  3. हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया- शिक्षा के लिए विश्व बैंक से असम लेगा 2750 करोड़ रुपये

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को बताया कि असम सरकार शिक्षा की विभिन्न गतिविधियों के लिए विश्व बैंक से 2 हज़ार 750 करोड़ रुपये का क़र्ज़ लेगी.

    कैबिनेट बैठक के बाद डिब्रूगढ़ में एक संवाददाता सम्मेलन में हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया "सरकार ने राज्य के शिक्षा क्षेत्र के लिए विश्व बैंक से 2,750 करोड़ रुपये उधार लेने का फ़ैसला किया है."

    उन्होंने कहा, "विश्व बैंक को इस राशि का 90 फ़ीसदी का भुगतान केंद्र सरकार और 275 करोड़ रुपये का भुगतान असम सरकार करेगी."

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राशि का उपयोग शिक्षकों को गणित और विज्ञान का प्रशिक्षण देने, प्रधानाध्यापकों को प्रबंधन प्रशिक्षण देने, विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर काम करने और छात्रों के स्कूल छोड़ने की दर को रोकने में किया जाएगा.

    उन्होंने कहा, "इस कोष से राज्य भर में 400 स्कूलों के पुनर्निर्माण पर प्रति स्कूल 3-5 करोड़ रुपये ख़र्च किए जाएंगे. इसके अलावा, 1,733 आंगनवाड़ी केंद्रों के आधुनिकीकरण के लिए प्रत्येक केंद्र पर 25 लाख रुपये ख़र्च किए जाएंगे."

  4. तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने इन्हें उपराष्ट्रपति बनाने की मांग की

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मांग करते हुए कहा है कि "अगला उपराष्ट्रपति तेलंगाना से होना चाहिए. तेलंगाना अपने हक़ का हक़दार है."

    उन्होंने कहा, "तेलुगु भारत में हिंदी के बाद दूसरी सबसे ज़्यादा बोली जाने वाली भाषा है. मैंने एनडीए से बंडारू दत्तात्रेय को भारत का अगला उपराष्ट्रपति नियुक्त करने की मांग की है."

    उन्होंने कहा, "बंडारू दत्तात्रेय को उपराष्ट्रपति बनाया जाए तो अच्छा होगा. मुझे नहीं पता कि धनखड़ जी ने इस्तीफ़ा क्यों दिया. यह दुर्भाग्यपूर्ण है."

    उन्होंने कहा कि "भारत का उपराष्ट्रपति तेलंगाना से होना चाहिए. पिछली बार चर्चा थी कि वेंकैया नायडू को राष्ट्रपति बनाया जाएगा, लेकिन उनके साथ अन्याय हुआ और उन्हें दिल्ली से वापस भेज दिया गया."

    उन्होंने कहा, "एक तेलुगु भाषी व्यक्ति को उसके घर वापस भेज दिया गया. इसलिए, इसे ठीक करने के लिए बंडारू दत्तात्रेय को हरियाणा के राज्यपाल का कार्यभार सौंपा गया."

    उन्होंने कहा, "जब वह केंद्रीय मंत्री थे, तो उनका पद जी किशन रेड्डी को सौंप दिया गया था. बांदी संजय तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष थे, लेकिन अब एक ब्राह्मण रामचंद्र राव को यह ज़िम्मेदारी दी गई है."

    उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "इस प्रकार, दक्षिण में, विशेष रूप से तेलंगाना में, सभी ओबीसी का कद एनडीए ने कम कर दिया. सौ ख़ून माफ़ करने के लिए, अगर बंडारू दत्तात्रेय को उपराष्ट्रपति बनाया जाए तो अच्छा होगा."

  5. चौथे टेस्ट में दूसरे सत्र तक भारत ने 3 विकेट गंवाकर बनाए 149 रन

    भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफ़र्ड स्टेडियम में चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है.

    इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है और भारत ने दूसरे सत्र में टी ब्रेक तक 3 विकेट खोकर 149 रन बना लिए हैं.

    भारत ने दूसरे सत्र तक 52 ओवर खेले हैं, जिसमें यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और शुभमन गिल के विकेट गंवाए हैं.

    इस वक़्त क्रीज़ पर 26 रन बनाकर साई सुदर्शन और 3 रन बनाकर ऋषभ पंत जमे हुए हैं. इस मैच में भारत की ओर से अब तक सबसे अधिक 58 रन यशस्वी जायसवाल ने बनाए हैं.

  6. एसआईआर को लेकर बिहार विधानसभा में नी​तीश और तेजस्वी में हुई बहस

    बिहार में चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) को लेकर बुधवार को ​बिहार विधानसभा में हंगामा देखने को मिला.

    विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हम एसआईआर प्रक्रिया का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल ज़रूर है."

    उन्होंने कहा, "स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न पर अपनी बात रखने का मौक़ा सभी दलों को मिलना चाहिए. लालू जी कहते हैं- वोट की चोट लोकतंत्र का अधिकार है. चुनाव आयोग को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए."

    उन्होंने सवाल किया, "2003 में इसी प्रक्रिया को पूरा करने में डेढ़ साल लग गया था. अभी बिहार में बारिश का समय है, लोग कैसे फॉर्म भरेंगे?"

    तेजस्वी ने कहा, "आधार और राशन कार्ड को इस प्रक्रिया से क्यों नहीं जोड़ा जा रहा? लोगों को बांग्लादेशी, नेपाली और म्यांमारी कहा जा रहा है, ये बहुत ही आपत्तिजनक है."

    उन्होंने कहा, "जिन वोटर्स ने पिछले बिहार चुनाव में वोट दिया, क्या वे फ़र्ज़ी हैं? इसका मतलब क्या यह है कि नीतीश कुमार फ़र्ज़ी तरीके़ से चुनकर मुख्यमंत्री बने? "

    तेजस्वी यादव की बातों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी निंदा की.

    उन्होंने विधानसभा में कहा, "जब तुम्हारी उम्र कम थी तो तुम्हारे माता-पिता मुख्यमंत्री रहे. उस समय की स्थिति पता है? हमने आपको (महागठबंधन) छोड़ दिया क्योंकि आप लोग अच्छा काम नहीं कर रहे थे."

    उन्होंने कहा, "इस साल चुनाव होने वाला है. हमारी सरकार ने बहुत काम किया है. हमने महिलाओं के लिए बहुत काम किया. आरजेडी ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया. हमने मुसलमानों के लिए काम किया. तुम बच्चा हो. तुम क्या जानते हो?"

  7. ग़ज़ा में पिछले 24 घंटों में 113 लोग मारे गए: हमास

    हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ग़ज़ा में इसराइली सेना के हमले में पिछले 24 घंटों में 113 लोग मारे गए हैं.

    इसके अलावा 534 अन्य घायल हुए हैं.

    मंत्रालय ने कहा है कि कई लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हैं और आपातकालीन सेवाएं उन तक नहीं पहुंच पा रही हैं.

    अपने बयान में मंत्रालय ने कहा कि सात अक्तूबर 2023 से अब तक 59,219 लोगों की मौत हुई है, जबकि लगभग डेढ़ लाख लोग घायल हुए हैं.

    वहीं, इसराइली रक्षा बल (आईडीएफ़) की ओर से जारी एक ऑपरेशनल अपडेट में कहा गया है कि वह ग़ज़ा पट्टी में अभियान चला रहा है.

    बयान में कहा गया है कि उन्होंने ग़ज़ा में "लगभग 120 आतंकवादी ठिकानों" पर हमला किया है, जिसमें "कई आतंकवादी" जबालिया में हवाई हमलों में मारे गए हैं, जब वे इसराइली सुरक्षा बलों की ओर बढ़ रहे थे.

  8. आयरलैंड में एक भारतीय पर हुए हमले के बाद दूतावास ने ये कहा

    आयरलैंड के डबलिन में एक भारतीय नागरिक पर हमले की घटना के बाद डबलिन स्थित भारतीय दूतावास ने बयान दिया है.

    भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "टालाघट में हाल ही में एक भारतीय पर शारीरिक हमला हुआ है. दूतावास पीड़ित और उनके परिवार के संपर्क में है. पीड़ित को सभी सहायता मुहैया कराई जा रही है."

    दूतावास ने ये भी कहा कि भारतीय अधिकारी इस मामले की जाँच कर रहे आयरलैंड के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं.

    घटना 19 जुलाई की बताई जा रही है. जब एक 40 वर्षीय भारतीय नागरिक पर एक ग्रुप ने हिंसक हमला किया और उनके कपड़े फाड़ दिए. इस हमले में घायल शख्स के चेहरे, हाथों और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं.

    आयरिश पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इसे हेट क्राइम के तौर पर देखा जा रहा है.

  9. इसराइल की सेना ने माना- ग़ज़ा में चर्च पर 'गलती से हमला' हुआ

    इसराइली सेना ने पिछले सप्ताह ग़ज़ा के एकमात्र कैथोलिक चर्च पर हुए हमले को लेकर जानकारी दी है. इस हमले में तीन लोग मारे गए और कई घायल हुए थे.

    इसराइली सेना (आईडीएफ) ने कहा है कि जांच से पता चला है कि इलाके में उसके सैनिकों की कार्रवाई में "चर्च पर अनजाने में और दुर्घटनावश हमला हुआ."

    इस घटनाक्रम के बाद, "धार्मिक इमारतों, आश्रयों और अन्य संवेदनशील स्थलों के पास गोलीबारी करने के दिशा-निर्देशों को और स्पष्ट किया गया है."

    इस घटना के बारे में इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और पोप लियो के बीच हुई बातचीत के बाद आईडीएफ ने इस बात को दोहराया कि उसे "नागरिकों को हुई किसी भी क्षति के लिए खेद है."

  10. पांच साल बाद चीनी पर्यटकों को वीजा देगा भारत

    भारत पांच साल बाद चीनी पर्यटकों को वीजा देगा.

    बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि वीजा देने की शुरुआत गुरुवार यानी 24 जुलाई से होगी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक भारत 24 जुलाई से चीनी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा शुरू कर रहा है.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भारत के इस फ़ैसले पर खुशी जाहिर की है.

    उन्होंने लिखा है, "भारत चीनी पर्यटकों को फिर से वीजा देने जा रहा है. यह एक सकरात्मक कदम है. दोनों देशों में आवाजाही काफ़ी फ़ायदेमंद होगी."

    "दोनों देशों के बीच पर्यटन सुविधा बेहतर करने के लिए चीन भारत के साथ लगातार संपर्क और बातचीत कर रहा है."

    साल 2020 में गलवान में हुए घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के रिश्तों में काफ़ी तल्खी आ गई थी. इसके बाद दोनों ही देशों की तरफ़ से एक-दूसरे पर कई पाबंदियां लगा दी गई थी.

    दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधरने पर जुलाई 2025 में पांच साल बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू हुई.

    पिछले साल अक्तूबर में रूस के कज़ान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच पांच साल बाद औपचारिक बातचीत हुई. इसके बाद द्विपक्षीय संबंधों में सुधार शुरू हुआ है.

  11. पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने बांग्लादेश की क्रिकेट टीम को दी बधाई

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने टी20 सिरीज़ में उनके देश को हराने वाली बांग्लादेश टीम को बधाई दी है.

    उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की भी उनके 'ऊर्जावान' प्रदर्शन के लिए सराहना की.बांग्लादेश ने तीन टी20 मैचों की सिरीज़ के शुरुआती दो मुक़ाबले जीतकर सिरीज़ भी अपने नाम कर ली है.

    बांग्लादेश ने इससे पहले 16 जुलाई को श्रीलंका के ख़िलाफ़ खत्म हुई टी20 सिरीज़ में भी जीत हासिल की थी.22 जुलाई को खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबले में बांग्लादेश ने भारत को 8 रनों ने अंतर से हरा दिया था.

    बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 133 रन बनाए थे, जबकि जवाब में पाकिस्तान की टीम 19.2 ओवरों में सिर्फ़ 125 रन ही बना सकी.शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, और स्पोर्ट्समैनशिप की यही सच्ची भावना है. उम्मीद करनी चाहिए कि दोनों देशों के बीच खेल का ये रिश्ता जारी रहेगा और लोगों को आपस में जोड़ेगा."

  12. ग़ज़ा में भूख से पिछले 24 घंटों में 10 लोगों की मौत: हमास

    हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि अस्पतालों ने पिछले 24 घंटों में भूखमरी के कारण 10 और मौतें दर्ज की हैं.

    मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि इसके साथ ही 2023 में 7 अक्तूबर के हमलों के बाद से भूख के कारण होने वाली मौतों की कुल संख्या 111 हो गई है.

    ग़जा के दक्षिण में स्थित अपने अस्पताल में डॉ. अहमद अल-फर्रा हर दिन कुपोषित और कमजोर मरीजों का उपचार कर रहे हैं.

    खान यूनिस स्थित नासेर अस्पताल में शिशु रोग विभाग के प्रमुख डॉ. अल-फर्रा ने बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के न्यूजडे कार्यक्रम को बताया कि तीन दिनों से भोजन नहीं मिला है: "न आटा, न सब्जियां, कुछ भी उपलब्ध नहीं है."

    उन्होंने बताया कि उनकी यूनिट में आने वाले बच्चे अलग-अलग स्तर की भुखमरी से गुज़र रहे हैं. इसमें से कुछ, कुपोषित होते हैं और अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ देते हैं.

    उन्होंने कहा, "हमें डर था कि हम इस संवेदनशील बिंदु पर पहुंच जाएंगे और अब हम वहां पहुंच गए हैं."

    इससे पहले, मंत्रालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया था कि पिछले 48 घंटों में 12 बच्चों सहित 33 लोगों की मौत हो गई है.

    उन्होंने बताया कि 2023 में युद्ध शुरू होने के बाद से कुपोषण के कारण मरने वालों की कुल संख्या 101 है, इसमें से 80 बच्चे हैं.

    वहीं, मई के अंत में अमेरिका और इसराइल समर्थित ग़ज़ा ह्यूमैनेटेरियन फ़ाउंडेशन (जीएचएफ़) की ओर से राहत वितरण शुरू होने के बाद से लगभग हर दिन राहत सामग्री पाने की कोशिश में फ़लस्तीनियों के मारे जाने की ख़बरें आ रही हैं.

  13. चौथे टेस्ट मैच में भारतीय टीम में तीन बदलाव, अंशुल कंबोज कर रहे डेब्यू

    भारत और इंग्लैंड की टीम सिरीज़ के चौथे टेस्ट के लिए आमने-सामने हैं. इंग्लैड इस सिरीज़ में दो मैच जीतकर आगे चल रही है, वहीं भारत सिर्फ़ एक मैच जीतने में कामयाब रहा है.

    मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफ़र्ड मैदान में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है. भारत लगातार चौथी बार टॉस हार गया है.

    ईएसपीएन के मुताबिक़, टॉस जीतने के बाद बेन स्टोक्स ने कहा कि उन्होंने परिस्थितियों को देखते हुए पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया.

    उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने ब्रेक का भरपूर उपयोग किया है और उनकी टीम एक फ़्रेश माइंडसेट के साथ यह मैच खेलने उतर रही है.

    भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि वह असमंजस की स्थिति में थे इसलिए टॉस हारना उनके लिए अच्छा है.

    इस मैच के लिए भारत ने टीम में तीन बदलाव किए हैं.

    साई सुदर्शन, शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज को चौथे टेस्ट में मौका दिया गया है, वहीं पिछले टेस्ट में खेले करुण नायर, आकाश दीप और नीतीश कुमार रेड्डी बाहर हैं.

    रेड्डी पहले ही चोट के चलते सिरीज़ से बाहर हो चुके हैं. भारत की तरफ़ से गेंदबाज़ अंशुल कंबोज इस मैच में डेब्यू कर रहे हैं.

    अंशुल हरियाणा क्रिकेट टीम की तरफ़ से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलते हैं. कंबोज ने रणजी ट्रॉफ़ी की एक पारी में सभी 10 विकेट हासिल किए थे और रणजी में ऐसा कारनामा करने वाले सिर्फ़ तीसरे गेंदबाज़ बने थे.

  14. इसराइली हवाई हमलों में कम से कम 17 फ़लस्तीनियों की मौत- सिविल डिफ़ेंस

    हमास संचालित ग़ज़ा सिविल डिफ़ेंस के प्रवक्ता के अनुसार, बुधवार सुबह से ग़ज़ा पर इसराइल के हवाई हमलों में कम से कम 17 फ़लस्तीनियों की जान गई है.

    मृतकों में चार बच्चे और एक नवजात भी शामिल हैं. प्रवक्ता ने बताया कि तीन अलग-अलग हवाई हमलों में दो आवासीय अपार्टमेंट और एक तंबू शिविर को निशाना बनाया गया.

    इन हमलों में मारे गए 17 लोगों में एक ही परिवार के आठ सदस्य भी शामिल हैं. प्रवक्ता के मुताबिक़, हमलों में 24 अन्य लोग घायल हुए हैं.

    उन्होंने बताया कि खोज और बचाव दल अब भी घटनास्थलों पर शवों को निकालने और घायलों की मदद में लगे हुए हैं.

    इसराइली सेना ने अब तक इन घटनाओं पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  15. प्रधानमंत्री मोदी ब्रिटेन और मालदीव दौरे पर रवाना, दौरे से पहले क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को ब्रिटेन और मालदीव के दौरे के लिए रवाना हो गए हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यात्रा पर रवाना होने से पहले दोनों देशों के साथ संबंधों को लेकर अहम टिप्पणी की. तीन दिवसीय यह यात्रा 23 से 26 जुलाई के बीच होगी.

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है, जिसमें हाल के वर्षों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. हमारा सहयोग व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य और जनसंपर्क सहित कई क्षेत्रों में फैला हुआ है."

    इस दौरान पीएम मोदी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से मुलाकात करेंगे.

    उन्होंने कहा, "ब्रिटिश प्रधानमंत्री से मेरी मुलाकात के दौरान हमें हमारी आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा, जिसका उद्देश्य दोनों देशों में समृद्धि, विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है."ब्रिटेन के बाद प्रधानमंत्री मालदीव जाएंगे, जहां वो मालदीव के स्वतंत्रता दिवस की 60वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोहों में शामिल होंगे.

    उन्होंने कहा, "मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के निमंत्रण पर मैं वहां जा रहा हूं. यह हमारे द्विपक्षीय कूटनीतिक संबंधों का 60वां साल भी है. मैं राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू और अन्य नेताओं से मिलकर आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करूंगा."प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह यात्रा "हमारे लोगों को लाभ पहुंचाएगी और 'नेबरहुड फ़र्स्ट' नीति को आगे बढ़ाएगी.".

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक ख़बरें पहुंचा रही थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ प्रमुख ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े के बाद उपराष्ट्रपति पद पर चुनाव आयोग ने दिया ये अपडेट

    चुनाव आयोग ने बुधवार को बताया है कि उपराष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.

    निर्वाचन आयोग ने प्रेस नोट जारी कर कहा, "निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव, 2025 से संबंधित तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं. तैयारियां पूरे होते ही उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा जल्द से जल्द कर दी जाएगी."

    जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सोमवार को भेजे अपने इस्तीफ़े में धनखड़ ने कहा कि वह ‘स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने’ के लिए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं.

    चुनाव आयोग ने बताया है कि उसने संसद के दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों के निर्वाचक मंडल का गठन आरंभ कर दिया है.

    आयोग ने कहा है कि वह उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारियों की सूची को अंतिम रूप दे रहा है.

  18. बिहार में एसआईआर पर संसद परिसर में 'इंडिया' गठबंधन का विरोध प्रदर्शन, विपक्ष और सरकार ने क्या कहा?

    बुधवार को संसद के दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा हो गया.

    हंगामे को देखते हुए दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

    पहले जब लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई थी तो हंगामा होने पर इसे 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था.

    इस बीच सदन परिसर में 'इंडिया' गठबंधन ने बिहार में हो रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

    आरजेडी सांसद मनोज झा ने संसद परिसर में न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "किसी पार्टी के इशारे पर जब (मतदान से) बेदखली की परियोजना चलाते हैं तो इतिहास भुगतेगा."

    वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने संसद परिसर में कहा, "वोट बंदी हो रही है तो हम इसके ख़िलाफ़ हैं."

    विपक्ष के आरोप पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "सरकार हर विषय पर चर्चा करने के लिए तैयार है. सदन तो चलने दीजिए. एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है."

    बिहार में ऐसे समय में चुनाव आयोग एसआईआर करा रहा है जब इस साल के आखिर में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं.

  19. ट्रंप के भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने के दावे पर राहुल गांधी ने क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 'भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को रोकने की' टिप्पणी पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    कांग्रेस सांसद राहुल गांघी ने संसद परिसर में न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "वो क्यों इतनी बार यह कह रहे हैं."

    दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को उन्होंने रुकवाया. उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच संघर्ष परमाणु युद्ध में बदल सकता था.

    उन्होंने व्हाइट हाउस में कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान के अलावा कांगो डेमोक्रेटिक रिपब्लिक और रवांडा के बीच युद्ध रुकवाए."

    ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष का ज़िक्र करते हुए कहा, "उन्होंने पांच विमान मार गिराए. मैंने उन्हें फोन किया और कहा, ‘सुनो, अब और व्यापार नहीं.' वो दोनों शक्तिशाली परमाणु संपन्न देश हैं और कौन जानता है कि इसका क्या नतीजा होता. मैंने इसे रुकवा दिया."

  20. जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े पर मल्लिकार्जुन खड़गे बोले, 'सरकार को जवाब देना चाहिए'

    कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़े देने पर प्रतिक्रिया दी है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से कहा, "सरकार को जवाब देना चाहिए है कि जगदीप धनखड़ ने इस्तीफ़ा क्यों दिया. इसका कारण क्या है? इसके पीछे क्या राज है?"

    "हमें लगता है कि दाल में कुछ काला है. उनका स्वास्थ्य भी ठीक है. वो बीजेपी और आरएसएस को जितना डिफेंड करते थे, शायद खुद आरएसएस और बीजेपी के लोग भी नहीं करते थे."

    जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सोमवार को भेजे अपने इस्तीफ़े में धनखड़ ने कहा कि वह ‘स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने’ के लिए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं.