ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन जारी, रज़ा पहलवी के पक्ष में लगे नारे

ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन भी जारी हैं. ये राजधानी तेहरान और बड़े शहरों शीराज़ और मशहद में हो रहे हैं. बीबीसी वेरीफ़ाई ने वीडियो से इसकी पुष्टि की है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर बोले ट्रंप, 'मैं दख़ल नहीं देता तो 3.5 करोड़ लोग मारे जाते'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप इससे पहले भी भारत-पाकिस्तान संघर्ष में 'करोड़ों लोगों की जान बचाने' की बात कह चुके हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष को लेकर बयान दिया है.

    उन्होंने अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को संबोधित करते हुए कहा, "पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु युद्ध छिड़ जाता. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर मैं हस्तक्षेप नहीं करता तो 35 मिलियन (3.5 करोड़) लोग मारे जाते."

    ट्रंप ने अपने संबोधन के दौरान अन्य देशों के संघर्ष का भी ज़िक्र किया और कहा कि उन्होंने अपने पहले 10 महीने के कार्यकाल में 'आठ युद्ध ख़त्म' कराए.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को (भारतीय समयानुसार- बुधवार) अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में अपना वार्षिक संबोधन दिया. यह संबोधन 'स्टेट ऑफ़ द यूनियन' के नाम से जाना जाता है.

  2. अमेरिका के साथ बैठक से पहले ईरानी विदेश मंत्री ने परमाणु हथियार पर क्या कहा

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Valentin Flauraud / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और ईरान के बीच गुरुवार को जिनेवा में बैठक होनी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि उनका देश किसी भी स्थिति में 'परमाणु हथियार नहीं बनाएगा'.

    हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपने लोगों के लिए 'शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक का लाभ' लेने के अधिकार को भी कभी नहीं छोड़ेगा.

    अराग़ची ने यह बयान ऐसे वक़्त में दिया है, जब ईरान के परमाणु कार्यक्रमों को लेकर उसकी अमेरिका के साथ तनातनी चल रही है.

    परमाणु कार्यक्रमों से जुड़े समझौते को लेकर गुरुवार, 26 फ़रवरी को स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक होनी है.

    अब्बास अराग़ची ने इस बैठक को लेकर कहा, "पिछले दौर की बैठकों में बनी समझ के आधार पर ईरान जल्द से जल्द एक उचित और न्यायसंगत समझौते पर पहुंचने के दृढ़ संकल्प के साथ जिनेवा में अमेरिका के साथ बातचीत फिर से शुरू करेगा."

    उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता संभव है, लेकिन 'यह तभी संभव है जब कूटनीति को प्राथमिकता' दी जाए.

  3. डोनाल्ड ट्रंप ने जजों के सामने टैरिफ़ पर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को 'निराशाजनक' और 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kenny Holston-Pool/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बावजूद 'टैरिफ़ लागू रहेंगे'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संसद (कांग्रेस) में संबोधन के दौरान 'बेहतरीन आर्थिक बदलावों' का श्रेय अपने टैरिफ़ को दिया.

    उन्होंने सदन में बैठे सुप्रीम कोर्ट के नौ में से चार जजों की ओर देखते हुए कोर्ट के हालिया फ़ैसले को "निराशाजनक" और "दुर्भाग्यपूर्ण" बताया.

    हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के टैरिफ़ को रद्द कर दिया था. कोर्ट ने टैरिफ़ को 'अवैध' बताया था और कहा था कि टैरिफ़ लगाने का अधिकार अमेरिकी संसद के पास है.

    ट्रंप ने कहा कि कोर्ट के फ़ैसले के बावजूद टैरिफ़ "पूरी तरह स्वीकृत और परखे गए वैकल्पिक क़ानूनी प्रावधानों के तहत लागू रहेंगे".

    हालांकि, इसके लिए उन्हें कांग्रेस की मदद की ज़रूरत होगी. सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद ट्रंप की ओर से लागू किए गए 15 फ़ीसदी टैरिफ़ को अगर संसद मंज़ूरी नहीं देती है तो वह 150 दिनों में समाप्त हो जाएंगे.

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी संसद में कहा, 'वापसी कर रहा है हमारा देश'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Win McNamee/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने अपनी आर्थिक नीतियों की तारीफ़ की

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश 'फिर से वापसी कर रहा' है. उन्होंने अपने आर्थिक एजेंडे की भी जमकर तारीफ़ की है.

    इसके अलावा ट्रंप ने अमेरिका की सीमाओं को 'सबसे मज़बूत और सुरक्षित' कहा है. उन्होंने ये बातें अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में अपने वार्षिक संबोधन 'स्टेट ऑफ़ द यूनियन' के दौरान कही.

    इमिग्रेशन ट्रंप के चुनाव अभियान का अहम मुद्दा था. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उनके प्रशासन ने अवैध आव्रजन और सीमा पार से आने वाले फेंटानिल को रोकने में प्रगति की है.

    ट्रंप ने कहा, "चार साल तक लाखों अवैध प्रवासी हमारी सीमाओं से बिना रोक-टोक और बिना जांच के दाखिल हुए, अब हमारे पास अमेरिकी इतिहास की सबसे मजबूत और सबसे सुरक्षित सीमा है."

    ट्रंप ने दावा किया, "सीमा के पार से आने वाले घातक फेंटानिल की तस्करी में एक साल में रिकॉर्ड 56 प्रतिशत की कमी आई है."

    इसके अलावा ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में महंगाई पिछले पांच सालों में सबसे निचले स्तर पर है.

    उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर यह आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में "अमेरिका के इतिहास की सबसे ज़्यादा महंगाई रही."

  5. डोनाल्ड ट्रंप का अमेरिकी संसद में संबोधन, डेमोक्रेटिक सांसदों ने क्यों किया विरोध

    अल ग्रीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप के संबोधन से पहले डेमोक्रेटिक सांसद अल ग्रीन को संसद से बाहर ले जाया गया है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप संसद यानी कांग्रेस में अपना वार्षिक 'स्टेट ऑफ़ द यूनियन' संबोधन दे रहे हैं. इस दौरान सदन में सांसदों की कई सीटें खाली दिखीं.

    विरोध कर रहे ज़्यादातर डेमोक्रेट सांसद सदन में मौजूद नहीं हैं. क़रीब 50 सांसदों की ओर से बहिष्कार की ख़बरें हैं.

    ट्रंप के संबोधन से पहले टेक्सस से डेमोक्रेटिक सांसद अल ग्रीन को संसद से बाहर ले जाया गया है.

    ट्रंप के सदन में एंट्री करने के समय से ही ग्रीन एक तख्ती पकड़े हुए थे. वह काले लोगों के साथ हो रहे भेदभाव को लेकर अपना विरोध जता रहे थे.

    यह विरोध उस नस्लवादी वीडियो के संदर्भ में था, जिसे ट्रंप ने साझा किया था. इस वीडियो में अमेरिका के पहले काले राष्ट्रपति बराक़ ओबामा को एक 'बंदर' के रूप में दिखाया गया था.

    ग्रीन को पिछले साल भी ट्रंप के भाषण में खलल डालने के कारण बाहर किया गया था.

  6. पीएम मोदी का इसराइल दौरा: विपक्षी नेता याएर लैपिड ने हिन्दी में पोस्ट कर किया स्वागत

    यायर लैपिड

    इमेज स्रोत, Eyal Warshavsky/SOPA Images/LightRocket via Getty

    इमेज कैप्शन, याएर लैपिड ने पीएम मोदी को इसराइल का 'सच्चा मित्र' कहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता याएर लैपिड ने हिन्दी में सोशल मीडिया पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इसराइल में स्वागत किया है.

    उन्होंने पीएम मोदी को इसराइल का 'सच्चा मित्र' बताया है.

    लैपिड ने मंगलवार देर रात एक्स पर लिखा, "सारा इसराइल कल (25 फ़रवरी) प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए उत्सुक है. वह इसराइल के सच्चे मित्र हैं. इसराइल और भारत के बीच का संबंध केवल एक रणनीतिक संबंध नहीं है, बल्कि राष्ट्रों के बीच गहरी मित्रता का बंधन है."

    प्रधानमंत्री मोदी आज यानी बुधवार, 25 फ़रवरी को इसराइल पहुंचेंगे. वह दो दिवसीय दौरे पर इसराइल जा रहे हैं.

  7. टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान को हराकर इंग्लैंड सेमीफ़ाइनल में पहुंचा

    इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया

    इमेज स्रोत, SARKAR / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, इंग्लैंड ने सुपर-8 स्टेज में लगातार दो मैच जीत लिए हैं

    टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुक़ाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को दो विकेट से हरा दिया है. इंग्लैंड ने यह रोमांचक मुक़ाबला महज़ पांच गेंद रहते जीता.

    इसी के साथ इंग्लैंड की टीम इस टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. इंग्लैंड ने सुपर-8 स्टेज में लगातार दो मैच जीत लिए हैं.

    इंग्लैंड की इस जीत में कप्तान हैरी ब्रूक की अहम भूमिका रही. ब्रूक ने महज़ 51 गेंदों पर 100 रन बनाकर इंग्लैंड को जीत के क़रीब पहुंचाया.

    हालांकि, उनके आउट होने के बाद इंग्लैंड ने अपने दो और विकेट गंवा दिए और मैच एक बार फिर फंसता नज़र आया. लेकिन, अंत में जीत इंग्लैंड के नाम रही.

    पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफ़रीदी ने चार विकेट झटके. जबकि मोहम्मद नवाज़ और उस्मान तारिक़ के खाते में दो-दो विकेट आए.

    इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी और इंग्लैंड के सामने 165 रन का लक्ष्य रखा था.

    पाकिस्तान के लिए ओपनर बल्लेबाज़ साहिबज़ादा फ़रहान ने सबसे अधिक 63 रन बनाए. उनके अलावा बाबर आज़म और फ़ख़र ज़मान ने 25-25 रन की पारी खेली.

    इंग्लैंड की ओर से लिएम डॉसन ने सबसे अधिक तीन विकेट झटके. वहीं जोफ़्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने दो-दो विकेट लिए.

    स्कोर:

    पाकिस्तान: 164/9 (20 ओवर)

    इंग्लैंड: 166/8 (19.1 ओवर)

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.