You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नवीन पटनायक ने पीएम मोदी की चुनौती का कुछ इस तरह से दिया जवाब

पीएम मोदी ने शनिवार को ओडिशा के कंधमाल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि बिना कागज के नवीन पटनायक जिलों के नाम तक नहीं बता सकते, ऐसे में वे राज्य की जनता का ध्यान क्या रखेंगे.

सारांश

  • बिजली आटे की बढ़ती क़ीमतों के विरोध में पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में व्यापक प्रदर्शन जारी, कई गिरफ़्तार
  • रफ़ाह से अब तक तीन लाख लोगों ने पलायन किया, इसराइली सेना ने और अधिक लोगों को इलाक़ा छोड़ने का आदेश दिया
  • दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत को एक मैच के लिए निलंबित किया गया, जुर्माना भी लगा
  • तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने 2019 में हुए पुलवामा हमले को मोदी सरकार की विफलता बताया है.
  • दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाले में 1 जून तक अंतरिम ज़मानत मिल गई है.
  • फ़लस्तीन को संयुक्त राष्ट्र का स्थायी सदस्य बनाने के प्रस्ताव का 143 देशों ने समर्थन किया है जबकि 9 देशों ने इसके ख़िलाफ़ मतदान किया.
  • आईपीएल 17 के 59वें मैच में गुजरात ने चेन्नई सुपर किंग्स को 35 रन से हराया है.

लाइव कवरेज

प्रवीण

  1. अमेरिका ने कहा- 'इसराइल ने शायद ग़ज़ा में अमेरिकी हथियारों से अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून तोड़ा है'

    अमेरिका ने अंदेशा जताया है कि इसराइल ने ग़ज़ा में जंग के दौरान अमेरिकी हथियारों के इस्तेमाल से कुछ मौक़ों पर अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून को तोड़ा है.

    हालांकि अमेरिकी सरकार ने यह भी कहा है कि इस बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं है. इसे लेकर अमेरिकी संसद में एक रिपोर्ट भी जमा हुई है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस बात की जांच के आदेश दिए हैं कि इसराइल ने पिछले साल से भेजे गए अमेरिकी हथियारों का इस्तेमाल किस तरह किया है.

    अमेरिका ने हाल ही में इसराइल से ग़ज़ा के रफ़ाह में कोई बड़ा अभियान न चलाने के लिए भी कहा है.

    अमेरिका ने यह भी कहा है कि अगर इसराइल रफ़ाह में कोई बड़ा अभियान चलाएगा तो वह हथियारों की सप्लाई पर रोक लगा देगा.

    हालांकि इसराइल की ओर से दावा किया जा रहा है कि रफ़ाह में बड़ा अभियान चलाए बिना वो हमास के ख़िलाफ़ जंग में जीत हासिल नहीं कर सकता.

    इसराइल के पीएम नेतन्याहू ने कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर इसराइल अकेले भी इस लड़ाई में खड़ा रहेगा.

    अमेरिका और अन्य संगठनों का मानना है कि अगर इसराइल रफ़ाह में कोई बड़ा अभियान चलाता है तो हज़ारों लोगों की जान जा सकती है.

  2. बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ आरोप तय होने पर महिला पहलवानों ने कहा- यह जीत की ओर एक क़दम है

    भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न के मुक़दमे में आरोप तय होने पर आंदोलन करने वाली महिला पहलवानों ने बयान जारी किया है.

    महिला पहलवानों का कहना है कि बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ आरोप तय होना जीत की ओर एक क़दम है.

    छह महिलाओं की तरफ़ से दाख़िल किए यौन उत्पीड़न के मुक़दमे में दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने आईपीसी की धारा 354 (महिलाओं से अभद्र व्यवहार) और 354ए (यौन उत्पीड़न) और धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत आरोप तय किए हैं.

    ओलंपिक मेडल विजेता साक्षी मलिक और विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस बयान को शेयर किया है.

    इसमें कहा गया है, ''बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मुक़दमे में आरोप तय होने पर महिला पहलवान खुश हैं.''

    ''यह महिला पहलवानों के ख़िलाफ़ यौन अपराधों के मुख्य अपराधी के विरुद्ध चल रहे हमारे 18 महीने के आंदोलन में एक बड़ा मील का पत्थर है. यह आंदोलन जनवरी 2023 में शुरू हुआ और अब तक जारी है.''

    ''हमें न्याय पालिका पर पूरा भरोसा है और हम निष्पक्ष सुनवाई और न्याय की आशा करते हैं.''

    बृजभूषण शरण सिंह उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से बीजेपी के सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष हैं.

    अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह के अलावा कुश्ती संघ के पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर पर भी आरोप तय किए हैं.

    अदालत ने कहा है कि उसे बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 354 (महिलाओं से अभद्र व्यवहार) और 354ए (यौन उत्पीड़न) और धारा 506 (आपराधिक धमकी) के पर्याप्त सबूत मिले हैं.

    तोमर के ख़िलाफ़ आईपीसी 506 के तहत आरोप तय किए गए हैं.

  3. बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    10 मई की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.