ट्रंप-जेलेंस्की के बीच हुई तीखी बहस, अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- यूक्रेन जंग नहीं जीत सकता

ट्रंप ने जेलेंस्की पर सवाल उठाते हुए कहा, "आपका रवैया समझौता करने वाला नहीं है. यूक्रेन को रूस के साथ युद्ध में जीत नहीं मिल सकती है."

सारांश

  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया और अफ़ग़ानिस्तान के बीच क्रिकेट मैच खेला जा रहा है. ऑस्ट्रेलिया को 274 रनों का टारगेट मिला है.
  • कर्नाटक सरकार को इडली में ऐसे विषाक्त पदार्थ मिले हैं, जो कैंसर का कारण बन सकते हैं. यह बात फ़ूड सेफ़्टी विभाग की छापामार कार्रवाई में सामने आई है.
  • इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जोस बटलर ने इंग्लैंड की वनडे और टी20 क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ दी है. उन्होंने कहा, "यह मेरे और टीम के लिए सही समय है."
  • बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा है कि उनके और गीतकार-लेखक जावेद अख़्तर के बीच सुलह हो गई है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और हिमांशु दुबे

  1. ब्रिटिश पीएम स्टार्मर से मिलने के बाद ट्रंप ने टैरिफ़ पर क्या कहा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के साथ

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ब्रिटेन के बीच 'बहुत जल्द' ट्रेड डील हो सकती है.

    ब्रिटेन के पीएम किएर स्टार्मर के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इसका ऐलान किया.

    ट्रंप ने किएर स्टार्मर से व्हाइट हाउस में मुलाक़ात के दौरान ‘रियल ट्रेड डील’ का ज़िक्र किया. इसका मतलब ये है कि ट्रंप ब्रिटेन पर टैरिफ़ लगाने की मंशा नहीं रखते.

    इससे ये आशंकाएं फ़िलहाल ख़ारिज हो गई हैं कि ट्रंप ब्रिटेन के ख़िलाफ़ टैरिफ़ लगा सकते हैं.

    दरअसल वो अमेरिका के कुछ ट्रेड पार्टनरों के ख़िलाफ़ टैरिफ़ लगाने की चेतावनी दे चुके हैं और चीन पर टैरिफ़ लगा भी चुके हैं.

    स्टार्मर की इस अमेरिकी यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है. कहा जा रहा है कि ब्रिटिश पीएम यूक्रेन मामले और अमेरिका की व्यापार नीतियों के कुछ मुद्दों पर ट्रंप को प्रभावित कर सकते हैं.

  2. महाराष्ट्र: पुणे में बस में महिला से बलात्कार का अभियुक्त गिरफ़्तार

    पुणे में बस में महिला से कथित बलात्कार का अभियुक्त गिरफ़्तार
    इमेज कैप्शन, पुणे में बस में महिला से कथित बलात्कार का अभियुक्त गिरफ़्तार

    महाराष्ट्र में पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड पर एक युवती के साथ बस में बलात्कार के मुख्य अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    पुणे पुलिस ने गुरुवार की रात को अभियुक्त दत्तात्रेय गाडे को गिरफ़्तार किया.

    पुलिस ने बताया कि यह हमला एक युवती पर हुआ जो पुणे से फलटण जा रही थी. इस घटना के सामने आने के बाद पुणे पुलिस इस मामले के अभियुक्त दत्तात्रेय गाडे की तलाश कर रही थी.

    राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर के मुताबिक़, इस मामले में अभियुक्त की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई.

    पुलिस के मुताबिक़, "पीड़िता पुणे में काम करती है. वो पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड पर आई थी. उस समय, अभियुक्त उसके पास आया और उसे अपना परिचय दिया. उसने उससे मीठी-मीठी बातें कीं और उसे अपने विश्वास में ले लिया. जब उसने उससे पूछा कि वह कहाँ जा रही है, तो उसने कहा कि वह फलटण जा रही है. तब अभियुक्त ने उसे बताया कि फलटण बस यहाँ नहीं बल्कि कहीं और रुकती है. और वो उसे बस दिखाने के बहाने कहीं और ले गया.’’

  3. नेपाल में भूकंप के तेज़ झटके, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी असर

    भूकंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल में भूकंप के झटके

    नेपाल में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए. भारत के नेशनल सेंटर फ़ॉर सिस्मोलॉजी ने कहा है भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है.

    इस भूकंप के झटके बिहार और पश्चिम बंगाल के उत्तरी इलाक़ों में भी महसूस किए गए हैं.

    सिलिगुड़ी में कई लोगों ने झटके महसूस होने की बात साझा की है.

    फ़िलहाल किसी नुक़सान की कोई ख़बर नहीं आई है.

    नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 2.36 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई.

    भूकंप का केंद्र धरती से 10 किलोमीटर की गहराई में रहा.

    नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया है कि शुक्रवार तड़के आए भूकंप का केंद्र सिंधुपालचौक में भैरव कुंड के पास था.

    सिंधुपालचौक जिले के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, अभी तक जानमाल के नुक़सान की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है.

    हालांकि सहायक मुख्य जिला अधिकारी गणेश नेपाली ने बीबीसी को बताया कि जिला जेल में भूकंप के कारण घबराहट में भागने से एक कैदी को मामूली चोटें आईं हैं.

  4. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    ग़ज़ा पर ट्रंप के एआई वीडियो पोस्ट करने के पीछे क्या है उनकी मंशा?

    गेट: ऐसी परीक्षा जिसके अंक के आधार पर मिल सकती है सीधे सरकारी नौकरी, जानिए अहम जानकारी

    यूपी के दुधवा बफ़र ज़ोन में गांव वालों ने बाघिन को पीट-पीट कर मारा

    कुंभ में नहाती महिलाओं के बेचे गए वीडियो, क्या है पूरा मामला और क्या कहता है क़ानून?