You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

योगेंद्र यादव ने कहा- अब आम आदमी पार्टी के भविष्य पर सवाल है

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बहुमत मिला है

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और प्रवीण

  1. LIVE: दिल्ली चुनाव के नतीजों पर बीबीसी का ख़ास विश्लेषण

    दिल्ली चुनाव के अब तक आए नतीजों में आम आदमी पार्टी जहां पिछड़ती दिख रही है, वहीं बीजेपी बढ़त हासिल करती नज़र आ रही है. दिल्ली चुनाव के नतीजों पर चर्चा के लिए बीबीसी के ऑफ़िस में मौजूद एक्सपर्ट्स रविंदर बावा, रूप श्री नंदा, शरद गुप्ता और जय मुर्ग के साथ विशेष चर्चा.

    फ़ेसबुक पर ये कार्यक्रम देखने के लिए यहां क्लिक करें.

    अगर आप ये कार्यक्रम एक्स पर देखना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.

  2. पटपड़गंज सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अवध ओझा ने हार मानी, क्या बोले?

    दिल्ली की पटपड़गंज सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अवध ओझा ने हार मान ली है.

    अवध ओझा ने कहा, "जनता ने सम्मान दिया और मैं दूसरे स्थान पर हूँ. पहली बार राजनीतिक पारी शुरू की और मैं इस उपलब्धि से खुश हूँ."

    बीजेपी के रविंदर सिंह नेगी ने इस सीट पर जीत हासिल की है.

    आम आदमी पार्टी ने पूर्व डिप्टी सीएम और पटपड़गंज सीट से मौजूदा विधायक मनीष सिसोदिया को जंगपुरा से चुनावी मैदान में उतारा था.

    मनीष सिसोदिया ने भी जंगपुरा सीट से अपनी हार मान ली है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, मनीष सिसोदिया ने कहा- जंगपुरा सीट पर हम 600 वोट से हारे

    दिल्ली की जंगपुरा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि वह 600 वोट से हार गए हैं.

    नतीजों पर मनीष सिसोदिया ने कहा, "जंगपुरा सीट पर हमने मेहनत से चुनाव लड़ा और करीब 600 वोट से हारे. जो जीते हैं उनको बधाई. "

    दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट पर बीजेपी के तरविंदर सिंह से हारे. सिसोदिया ने इन चुनावों में अपनी सीट बदली दी थी.

    वहीं, कांग्रेस के फरहाद सूरी तीसरे नंबर पर रहे हैं.

  4. दिल्ली विधानसभा चुनाव: रुझानों में आम आदमी पार्टी के पिछड़ने पर क्या बोले अन्ना हज़ारे

    सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हज़ारे ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के अब तक के रुझानों में आम आदमी पार्टी के पिछड़ने पर पार्टी की नीतियों को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    उन्होंने ये भी कहा है कि इस हार के पीछे दिल्ली की शराब नीति में कथित घोटाला भी एक कारण है.

    अन्ना हज़ारे ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "मैं पहले से कहता हूं कि चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार का आचार शुद्ध होना, विचार शुद्ध होना, जीवन निष्कलंक होना और अपमान पीने की शक्ति होना. ये गुण अगर उम्मीदवार में है तो मतदाताओं को विश्वास आता है कि ये हमारे लिए कुछ करने वाला है."

    "मैं बार-बार बताता गया, लेकिन उनके दिमाग में नहीं आया और आख़िर में शराब की बात आ गई. शराब की बात क्यों आ गई क्योंकि पैसे में बह गए. शराब के कारण वो बदनाम हो गए. लोगों को भी मौका मिला कि वो ये कह सकें कि ये चरित्र के बारे में बोलता है और दूसरी तरफ़ शराब की बात करता है."

    अन्ना हज़ारे ने कहा कि इसके कारण वो (आम आदमी पार्टी) आज चुनाव में हार गए.

    अन्ना हज़ारे से पूछा गया कि क्या शराब नीति में भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन पर असर पड़ा है.

    इसपर उन्होंने कहा, "राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं. लेकिन जब आरोप लगते हैं तो ये आरोप कैसे गलत हैं वो जनता को दिखाना ज़रूरी है. ये साबित करना पड़ता है. जब साबित होगा तो कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है."

  5. दिल्ली चुनाव नतीजे: बाबरपुर से कौन आगे और कौन पीछे?

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 चुनाव नतीजों के रुझान आ रहे हैं

    चुनाव आयोग के मुताबिक, शुरुआती रुझान में दिल्ली की बाबरपुर सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार गोपाल राय आगे चल रहे हैं.

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बाबरपुर से अनिल कुमार वशिष्ठ को और कांग्रेस ने मोहम्मद इशराक खान को चुनावी मैदान में उतारा.

    बीजेपी के अनिल कुमार वशिष्ठ दूसरे नंबर पर और कांग्रेस के मोहम्मद इशराक खान तीसरे नंबर पर चल रहे हैं.

    हालांकि, अभी कई राउंड की मतगणना बची हुई है.

    ये भी पढ़ें-

  6. दिल्ली चुनाव नतीजे: रुझानों के हिसाब से बीजेपी-आप को कितना वोट प्रतिशत?

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए गिनती जारी है और शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी 40 से ज़्यादा सीटों पर आगे चल रही है.

    दिल्ली में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी इस समय 27 सीटों पर बढ़त बनाए हुए. इन चुनावों में तीसरी ताक़त कांग्रेस शुरुआती रुझानों के मुताबिक किसी भी सीट पर खाता नहीं खोल पा रही है.

    वोट प्रतिशत की बात करें तो सुबह साढ़े 11 बजे के रुझानों के अनुसार भाजपा को 46.92 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं, जबकि आप को 43.38 प्रतिशत मत मिल रहे हैं.

    कांग्रेस को 6.61 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं, लेकिन वो उसे सीट में बदलती नहीं दिख रही है. हालांकि, ये सभी आंकड़े शुरुआती रुझानों पर आधारित हैं और अभी कई राउंड की मतगणना बाकी है.

  7. दिल्ली में वोटों की गिनती जारी, नई दिल्ली-ओखला और जंगपुरा समेत इन बड़ी सीटों पर क्या है हाल?

    दिल्ली विधानसभा चुनाव में हुए मतदान की मतगणना जारी है. चुनाव आयोग ने शुरुआती रुझान जारी करना शुरू कर दिए हैं.

    हालांकि ये शुरुआती रुझान है और अभी कई राउंड की मतगणना बची हुई है.

    • चुनाव आयोग के अनुसार नई दिल्ली सीट पर शुरुआती रुझान में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला है. नई दिल्ली पर केजरीवाल कभी आगे हैं और कभी पीछे चल रहे हैं.
    • कालकाजी से बीजेपी के रमेश बिधूड़ी के आगे हैं. आतिशी दूसरे पर और अल्का लांबा तीसरे नंबर पर चल रही हैं.
    • जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया पीछे हैं और बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह आगे चल रहे हैं.
    • बाबरपुर से गोपाल राय आगे चल रहे हैं.
    • पटपड़गंज से अवध ओझा पीछे हैं. बीजेपी के रविंदर सिंह नेगी यहां से करीब सात हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं.
    • करावल नगर से कपिल मिश्रा करीब साढ़े 13 हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं.
    • मुस्तफ़ाबाद से बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट 21 हज़ार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं.
  8. ओवैसी की AIMIM पार्टी ने जिन दो सीटों पर दिल्ली चुनाव लड़ा, वहां क्या हाल है?

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझान में चुनाव आयोग के मुताबिक, मुस्तफ़ाबाद विधानसभा सीट से बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट आगे चल रहे हैं.

    मुस्तफ़ाबाद विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के आदिल अहमद ख़ान और कांग्रेस के अली मेहदी पीछे चल रहे हैं.

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पार्टी ने ताहिर हुसैन को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है और वो पीछे चल रहे हैं.

    हालांकि, ये सभी शुरुआती रुझान हैं और कई राउंड की मतगणना बची हुई है.

    वहीं एआईएमआईएम ने दिल्ली दंगों के अभियुक्त और जेल में बंद शिफ़ा-उर रहमान को ओखला के चुनावी मैदान में उतारा है और वो भी यहां से पीछे चल रहे हैं.

    ये भी पढ़ें-

  9. दिल्ली चुनाव नतीजे: ओखला विधानसभा सीट से अमानतुल्लाह खान फिलहाल पीछे, आगे कौन?

    चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों के शुरुआती रुझान में ओखला विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार मनीष चौधरी आगे चल रहे हैं.

    ओखला से आम आदमी पार्टी ने मौजूदा विधायक अमानतुल्लाह खान को चुनावी मैदान में उतारा है और वो पीछे चल रहे हैं.

    कांग्रेस की ओर से अरीबा खान चुनावी मैदान में हैं.

    वहीं एआईएमआईएम ने दिल्ली दंगों के अभियुक्त और जेल में बंद शिफ़ा-उर रहमान को ओखला के चुनावी मैदान में उतारा है. एआईएमआईएम के उम्मीदवार उतारने के बाद इस सीट पर मुकाबला रोचक माना जा रहा था.

    ओखला में बीते दो चुनाव में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुक़ाबला रहा है.

    ये भी पढ़ें-

  10. मिल्कीपुर उपचुनाव: उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर सीट पर कौन आगे और कौन पीछे?

    दिल्ली विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों के बीच उत्तर प्रदेश की एक सीट पर उपचुनाव का फ़ैसला भी आज होना है.

    मिल्कीपुर सीट पर मतगणना जारी है और यहां तीन राउंड की गणना हो चुकी है.

    सवेरे दस बजे तक इस सीट पर भाजपा के चंद्रभानु पासवान 17 हज़ार से ज़्यादा वोट से आगे चल रहे हैं.

    यहां उनका प्रमुख मुकाबला समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद से है. अजीत प्रसाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और फ़ैज़ाबाद सीट से सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे हैं.

    इस सीट पर आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संतोष कुमार फिलहाल तीसरे नंबर पर चल रहे हैं.

  11. दिल्ली चुनाव नतीजे: आप के कौन से नेता रुझानों में आगे चल रहे हैं?

    चुनाव आयोग के मुताबिक़, शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से आगे चल रहे हैं.

    इस सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है.

    हालांकि, ये सभी शुरुआती रुझान हैं और कई राउंड की मतगणना बाकी है.

    बाबरपुर सीट से आप नेता गोपाल राय आगे चल रहे हैं. यहां उनका मुकाबला भाजपा के अनिल कुमार वशिष्ठ से है.

    दूसरी ओर, ग्रेटर कैलाश सीट से सौरभ भारद्वाज आगे चल रहे हैं. इस सीट पर भाजपा की शिखा रॉय पीछे चल रही हैं.

  12. दिल्ली चुनाव नतीजे: जंगपुरा से मनीष सिसोदिया आगे, पटपड़गंज से अवध ओझा पीछे

    डाटानेट के मुताबिक़, शुरुआती रुझान में दिल्ली के जंगपुरा से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया आगे चल रहे हैं.

    जंगपुरा सीट से बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस के फ़रहाद सूरी पीछे चल रहे हैं.

    मनीष सिसोदिया पटपड़गंज सीट छोड़कर आए हैं जहां से आप ने अवध ओझा को टिकट दिया था.

    पटपड़गंज से बीजेपी के रविंदर सिंह नेगी आगे चल रहे हैं.

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आए अधिकतर एग्ज़िट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है.

    शुरुआती रुझान में भी बीजेपी आगे चल रही है.'

  13. दिल्ली चुनाव नतीजे: कालकाजी से बीजेपी के रमेश बिधूड़ी आगे, आतिशी पीछे

    शुरुआती रुझान में दिल्ली की कालकाजी सीट से बीजेपी के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी आगे चल रहे हैं. कालकाजी से आम आदमी पार्टी की आतिशी पीछे चल रही हैं.

    कांग्रेस ने अल्का लांबा को यहां से उम्मीदवार बनाया है.

    आतिशी और अल्का लांबा ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है.

    दिल्ली में आए अधिकतर एग्ज़िट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है.

    आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने कहा कि ये एग्ज़िट पोल गलत साबित होंगे.

  14. नई दिल्ली सीट से बीजेपी के प्रवेश वर्मा आगे, अरविंद केजरीवाल पीछे

    दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों के शुरुआती रुझान में नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा आगे चल रहे हैं.

    आम आदमी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से चुनावी मैदान में उतारा है.

    वहीं, कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को उम्मीदवार बनाया है.

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आए अधिकतर एग्ज़िट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है.

    वहीं आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अपनी सरकार बनाने का दावा किया है.

  15. दिल्ली चुनाव नतीजे: बीजेपी 2 सीटों पर आगे, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का क्या है हाल

    दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतगणना के शुरुआती रुझान आने लगे हैं. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़ फ़िलहाल बीजेपी दो सीटों पर आगे चल रही है.

    वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का अभी तक खाता नहीं खुला है.

    फिलहाल दिल्ली में आतिशी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार है. वहीं बीजेपी और कांग्रेस को इस बार उम्मीद है कि उन्हें जीत मिलेगी.

    अधिकतर एग्ज़िट पोल्स में बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है.

    हालांकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने कहा कि ये एग्ज़िट पोल ग़लत साबित होंगे.

  16. दिल्ली चुनाव नतीजे: शुरुआती रुझानों में कौन आगे?

    दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझान आना शुरू हो गए हैं.

    सुबह 8 बजकर 30 मिनट तक के रुझानों में आम आदमी पार्टी 17 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि भाजपा 24 पर आगे चल रही है.

    इसके अलावा कांग्रेस एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं.

    दिल्ली में 70 विधानसभा सीटे हैं और किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की ज़रूरत है.

  17. दिल्ली चुनाव नतीजे: कालकाजी से उम्मीदवार सीएम आतिशी और अल्का लांबा ने क्या कहा?

    दिल्ली की कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार आतिशी और कांग्रेस की प्रत्याशी अल्का लांबा ने अपनी-अपनी जीत की उम्मीद जताई.

    दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "ये अच्छाई और बुराई की लड़ाई रही है. काम और गुंडागर्दी की लड़ाई रही है. मुझे पूरा भरोसा है कि कालकाजी और दिल्ली के लोग अच्छाई के साथ खड़े होंगे. आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े होंगे."

    "अरविंद केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे."

    अल्का लांबा ने पत्रकारों से कहा, "मुझे नहीं लगता है कि कालकाजी के लोगों ने कहीं से भी रमेश बिधूड़ी को पसंद किया है."

    उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली से चुनाव हार रहे हैं.

    अल्का लांबा ने कहा, "आतिशी ने मुख्यमंत्री रहते हुए कोई काम नहीं किया है."

  18. दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना हुई शुरू, थोड़ी देर में आएंगे रुझान

    दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है. दिल्ली में मुख्य मुक़ाबला आप, बीजेपी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है.

    अधिकतर एग्ज़िट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है. इस पर आम आदमी पार्टी ने कहा कि ये ग़लत साबित होंगे और उन्हें 50 से अधिक सीटे मिलेगी.

    वहीं कांग्रेस को वापसी की उम्मीद है.

    साल 2013 के विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आप विधानसभा चुनाव में उतरी और उसने अपने पहले ही चुनाव में 70 में 28 सीटें जीत लीं.

    वहीं बीजेपी ने 30 से अधिक जीती थीं. इसके बाद तो वो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई.

    2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को अपने दम पर बहुमत मिला था.

    वहीं साल 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी.

  19. दिल्ली चुनाव नतीजे: मनीष सिसोदिया और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष क्या बोले?

    दिल्ली की जंगपुरा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया और दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अपनी-अपनी पार्टी की जीत की उम्मीद जताई.

    दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "आश्वस्त हैं कि हमारी सरकार बनेगी. दिल्ली के लिए और भी बहुत कुछ काम करना है. बच्चों की शिक्षा के लिए और काम करना है."

    वहीं देवेंद्र यादव ने कहा, "मेहनत की है और जीतेंगे. दिल्ली की जनता चाहती है कि कांग्रेस जीते."

    "बहुत सारे एग्ज़िट पोल हमारे पक्ष में नहीं रहे हैं, लेकिन मुझे अपनी मेहनत पर विश्वास है. मुझे विश्वास है कि दिल्ली की जनता एक और बार कांग्रेस को मौका देगी."

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आए अधिकतर एग्ज़िट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है.

    आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने कहा है कि ये एग्ज़िट पोल ग़लत साबित होंगे.

  20. दिल्ली चुनाव नतीजे: मतगणना से पहले कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी के नेता क्या बोले?

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान की गिनती से पहले कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने बयान दिया है. तीनों ही दल ने जीत की उम्मीद जताई है.

    नई दिल्ली सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "इंतज़ार करते हैं. मुझे उम्मीद है कि हमने अच्छा किया है."

    "वोटर के रिस्पांस के हिसाब से वोट पड़ेगा तो अच्छा रिज़ल्ट आएगा."

    वहीं आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बताया, "लोगों ने अरविंद केजरीवाल का हमेशा साथ दिया है. अब भी साथ देंगे. अरविंद केजरीवाल लोगों की लड़ाई लड़ रहे थे."

    "ऐसा चुनाव था कि अरविंद केजरीवाल पूरे सिस्टम के ख़िलाफ़ लड़ रहे थे. बीजेपी, कांग्रेस, सीबीआई, ईडी, चुनाव आयोग, गुंडों और पैसे की ताक़त के ख़िलाफ़ लड़ रहे थे."

    अनुराग ढांडा ने विश्वास जताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार बनाने जा रही है.

    दिल्ली के करोल बाग से बीजेपी के उम्मीदवार दुष्यंत गौतम ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "जो डबल इंजन की सरकार पूरे देश में चल रही है, उसको देखते हुए दिल्ली ने भी मन बनाया है. दिल्ली में भी डंबल इंजन की सरकार चले."

    ये भी पढ़ें-