You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया की पत्नी के भाई से सात घंटे तक हुई पूछताछ

कर्नाटक में कथित मुडा ज़मीन मामले में लोकायुक्त पुलिस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री की पत्नी के भाई और जे देवाराजु से सात घंटों तक पूछताछ की है.

सारांश

  • एशियाई टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत ने जीता ब्रॉन्ज
  • मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का हुआ निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई.
  • दक्षिण कोरिया की लेखिका हान कांग को इस साल का साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया है.
  • बांग्लादेश के क्रिकेटर शाकिब अल हसन ने शेख़ हसीना सरकार के ख़िलाफ़ देशभर में हुए प्रदर्शन के दौरान अपनी चुप्पी पर बिना शर्त माफी मांगी.
  • जम्मू-कश्मीर: उमर अब्दुल्लाह को नेशनल कॉन्फ़्रेंस के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और अश्वनी पासवान

  1. बांग्लादेशी क्रिकेटर शाकिब अल हसन ने देशवासियों से मांगी माफ़ी, क्या है वजह?

    बांग्लादेश के क्रिकेटर शाकिब अल हसन ने शेख़ हसीना सरकार के ख़िलाफ़ देशभर में हुए प्रदर्शन के दौरान अपनी चुप्पी पर बिना शर्त माफी मांगी है.

    शाकिब अल हसन के माफ़ी मांगने के बाद उनका बांग्लादेश में अपना आख़िरी टेस्ट मैच खेलना पक्का हो सकता है. ये मैच दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ होगा.

    शाकिब अल हसन ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, "सबसे पहले तो मैं उन सभी छात्रों को श्रद्धांजलि देना चाहता हूं जिन्होंने बलिदान दिया है. मैं उन लोगों को भी श्रद्धांजलि देना चाहूंगा जो भेदभाव विरोधी आंदोलन का नेतृत्व करते हुए शहीद हो गए .''

    बांग्लादेश में छात्रों के आंदोलन का समर्थन न करने की वजह से शाकिब अल हसन की काफी आलोचना हुई थी.

    हाल में भारत में टेस्ट सिरीज़ खेलने आए हसन अब तक 71 टेस्ट मैच खेल चुके हैं. उन्होंने कहा था कि अगर उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए तो वो अपना आख़िरी टेस्ट मैच बांग्लादेश में खेलना चाहेंगे.

    21 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ मीरपुर में खेला जाने वाला टेस्ट उनका आख़िरी टेस्ट मैच हो सकता है.

    चटगांव में दूसरा टेस्ट है. लेकिन माना जा रहा है कि वो पहला टेस्ट खेलने के बाद अमेरिका चले जाएंगे. शाकिब अल हसन अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ वहीं रहते हैं.

  2. LIVE: मशहूर उद्योगपति रतन टाटा को अंतिम विदाई देने का सिलसिला जारी

    फेसबुक पर देखने के लिए यहां क्लिक करें.

    मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए एनसीपीए में रखा गया है. ज़्यादा जानकारी के साथ दीपाली जगताप

  3. रतन टाटा के निधन पर अमेरिकी राजदूत ने कहा- भारत से मुझे शुभकामना भेजने वाले पहले शख़्स थे

    मशहूर भारतीय उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने एक पोस्ट शेयर किया है.

    उन्होंने लिखा है कि भारत और दुनिया ने आज एक बड़े दिल वाले बड़ी शख़्सियत को खो दिया.

    गार्सेटी ने लिखा है, "जब मुझे राजदूत के तौर पर नामांकित किया गया था तो भारत से पहली शुभकामना रतन टाटा ने भेजी थी, जिन्होंने मेरे होमटाउन के लिए बहुत कुछ किया, जिन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ़ सदर्न कैलिफ़ोर्निया के लिए बहुत कुछ किया. उन्होंने अपने देश की समृद्धि के बारे में सोचा और हमारी दुनिया के लिए काफ़ी कुछ किया. उनकी यादें ही हमारे लिए आशीर्वाद की तरह हैं."

    रतन टाटा का बुधवार देर रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था. वो 86 वर्ष के थे.

  4. अमेरिका के फ्लोरिडा में मिल्टन तूफान से कई मौतों की ख़बर, 20 लाख घरों में बिजली गुल

    अमेरिका में मिल्टन तूफान फ्लोरिडा पहुंच गया है.

    ऐसी ख़बरें हैं कि तूफ़ान की वजह से अटलांटिक तट पर कई मौतें हुई हैं.

    तूफान की वजह से यहां बाढ़ आ गई है. तूफान की वजह से हालात और गंभीर होने का ख़तरा पैदा हो गया है.

    इसके और तेज होने की आशंका जताई जा रही है.

    राज्य में तेज हवाओं की वजह से सेंट पीटर्सबर्ग में एक बड़े बेसबॉल स्टेडियम की छत उड़ गई है.

    फ्लोरिडा के गवर्नर रोन डिसेंटिस लोगों को सुरक्षित निकालने का समय अब ख़त्म हो गया है. लाखों लोग पहले ही अपने घर से भाग चुके हैं. मिल्टन अब सारासोटा तक पहुंच चुका है.

    इससे पहले राष्ट्रपति जो बाइडन ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा था कि ये सदी के सबसे विनाशकारी तूफानों में से एक होगा.

    उन्होंने तूफान से लोगों की बचाने की सरकार की कोशिश के के ख़िलाफ़ डोनाल्ड ट्रंप के कथित दुष्प्रचार की आलोचना की है.

  5. रतन टाटा के निधन पर सचिन तेंदुलकर ने कहा- ‘मैं ख़ुशनसीब हूं जो मुझे उनके साथ वक़्त मिला’

    मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने दुख जताया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर रतन टाटा के साथ तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा है कि अपने जीवन में रतन टाटा राष्ट्र को आगे लेकर गए.

    सचिन तेंदुलकर ने लिखा, “मैं ख़ुशनसीब हूं कि मुझे उनके साथ वक़्त बिताने को मिला, लेकिन करोड़ों लोग जो उनसे नहीं मिले वो भी आज मेरी तरह वही दुख महसूस कर रहे हैं. उनका ऐसा प्रभाव है.”

    “पशुओं से लेकर परोपकार को लेकर उनके प्यार ने हमें दिखाया कि प्रगति का असल रास्ता तभी हासिल किया जा सकता है जब हम उनका ध्यान रखें जिनका ख़ुद को ध्यान रखने का अर्थ नहीं पता है.”

    “आत्मा को शांति मिले. मिस्टर टाटा, आपकी विरासत आपके ज़रिए बनाए गए संस्थानों और आपके ज़रिए अपनाए गए मूल्यों के माध्यम से ज़िंदा रहेगी.”

  6. रतन टाटा के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया शोक, जानिए क्या कहा?

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रतन टाटा के निधन पर शोक जताया है.

    ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''टाटा संस के मानद चेयरमैन के निधन से दुखी हूं. टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन भारतीय उद्योगों के अग्रणी नेताओं में शामिल थे. वो जनता के लिए परोपकार के काम में आगे थे."

    "उनके निधन से भारतीय समाज और इसके व्यापार जगत को कभी न पूरा होने वाला नुकसान हुआ है. उनके परिवार के सभी सदस्यों और सहकर्मियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.''

    ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में टाटा समूह की नैनो कार के निर्माण के लिए बनने वाले प्लांट के ज़मीन अधिग्रहण का विरोध किया था.

    इस प्लांट के ख़िलाफ़ राजनीतिक आंदोलन छेड़ने के बाद उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई थी. बाद में ये प्लांट गुजरात के साणंद ले जाया गया.

  7. रतन टाटा ने भारत और दुनिया को कैसे बदला, अमेरिका ने बताया

    मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर अमेरिका ने शोक जताया है.

    भारत में अमेरिका के वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''हम दिग्गज उद्योगपति, एक दूरदर्शी बिज़नेस लीडर और नेशनल आइकन के निधन पर शोकमय हैं."

    "इनोवेशन और परोपकार के प्रति रतन टाटा की अटूट प्रतिबद्धता ने भारत और दुनिया को बदल दिया. उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी. हम उनके परिवार, दोस्तों और भारत के लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं.''

    मुंबई के ब्रीच कैंड अस्पताल में बुधवार को रतन टाटा का निधन हो गया था. गुरुवार को उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स, मुंबई में रखा जाएगा.

    यहां आम लोग उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे.

  8. रतन टाटा के निधन पर झारखंड में एक दिन का राजकीय शोक

    रतन टाटा के निधन पर झारखंड सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है.

    मुख्यमंंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,'' झारखंड जैसे देश के पिछड़े राज्य को विश्व में पहचान दिलाने वाले टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन एवं पद्मविभूषण श्री रतन टाटा जी के देहावसान पर एक दिवसीय राज्यकीय शोक की घोषणा की जाती है.''

    टाटा समूह का झारखंड से खास जुड़ाव रहा है. टाटा ग्रुप ने अपना पहला स्टील प्लांट जमशेदपुर में लगाया था.

    जमशेदपुर के लोगों का कहना है रतन टाटा जब भी यहां आते थे लोगों से बड़ी आत्मीयता से मिलते हैं. उनका इस शहर से खास जुड़ाव रहा है.

    रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था.

    रतन टाटा का जन्म 28 दिसंबर 1937 को हुआ था. 9 अक्टूबर 2024 को उन्होंने अंतिम सांस ली.

    भारत सरकार ने रतन टाटा को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था.

  9. रतन टाटा के असिस्टेंट ने दी श्रद्धांजलि, कहा- गुडबाय माई डियर लाइटहाउस!

    रतन टाटा के युवा असिस्टेंट शांतनु नायडू ने अपने बॉस को श्रद्धांजलि दी है.

    शांतनु नायडू ने लिंक्डइन पोस्ट के ज़रिये उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ''उनकी दोस्ती ने मेरे अंदर जो खालीपन छोड़ा है उसे पूरी ज़िंदगी भरने की कोशिश करूंगा. दुख प्यार के लिए चुकाई जाने वाली कीमत है. गुडबाय माई डियर लाइटहाउस.''

    रतन टाटा के ऑफिस में काम करने वाले 30 साल के जनरल मैनेजर नायडू ने उनके साथ एक फोटो शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

    दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात निधन हो गया था. गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स, मुंबई में रखा जाएगा.

  10. रतन टाटा को श्रद्धांजलि दे सकेंगे आम लोग, यहां रखा जाएगा पार्थिव शरीर

    दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात निधन हो गया. गुरुवार को उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (एनसीपीए) मुंबई में रखा जाएगा.

    उनके निधन के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है. महाराष्ट्र में उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है.

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनका पार्थिव शरीर एनसीपीए में सुबह दस बजे से शाम 3.30 बजे तक आम लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा.

    झारखंड सरकार ने उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी.

    रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था.

    रतन टाटा का जन्म 28 दिसंबर 1937 को हुआ था. 9 अक्टूबर 2024 को उन्होंने अंतिम सांस ली. भारत सरकार ने रतन टाटा को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था.

  11. अमेरिका में मिल्टन तूफ़ान फ्लोरिडा पहुंचा, 20 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया

    अमेरिका में मिल्टन तूफान से तबाही की आशंका को देखते हुए सुरक्षा की तैयारी जोरों पर है.

    अब ये फ्लोरिडा के सारासोटा की ओर बढ़ता दिख रहा है. तूफान के मद्देनजर फ्लोरिडा में प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों को खाली करने के आदेश दिए हैं. लगभग 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है.

    फ्लोरिडा के गवर्नर रोन डिसेंटिस लोगों को सुरक्षित निकालने का समय अब ख़त्म हो गया है. लाखों लोग पहले ही अपने घर से भाग चुके हैं. मिल्टन अब सारासोटा तक पहुंच चुका है.

    इससे पहले राष्ट्रपति जो बाइडन ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा था कि सदी का सबसे विनाशकारी तूफानों में से एक होगा. उन्होंने तूफान से लोगों की बचाने की सरकार की कोशिश के के ख़िलाफ़ डोनाल्ड ट्रंप के कथित दुष्प्रचार की आलोचना की है.

  12. नमस्कार बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आज आप तक ताज़ा ख़बरें लेकर हाज़िर हूं. कल के लाइव पन्ने की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    आप हमारी वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    रतन टाटा ज़िंदगी भर सादगी में रहे, लेकिन टाटा समूह के कारोबार को चमका कर रखा.

    हरियाणा विधानसभा चुनाव: वो सीटें जहाँ निर्दलीय और छोटे दलों ने बिगाड़ा कांग्रेस का 'खेल'

    मध्य-पूर्व संघर्ष: जानिए, वो वजहें जिनसे ख़त्म होता नहीं दिखता ये संकट

    हिमालय की पहाड़ियों में तीन दिनों तक फंसी महिला पर्वतारोहियों ने 80 घंटों में क्या कुछ झेला