You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोलीवियरे ने ट्रंप को कनाडा चुनावों से दूर रहने को कहा

कनाडा के कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोलीवियरे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तंज पर प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, कीर्ति रावत

  1. अमेरिका का दावा- हफ़्तों तक चले हमलों में 800 हूती ठिकानों को निशाना बनाया गया

    अमेरिकी सेना ने यमन में 800 से अधिक हूती ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है. अमेरिकी सेना का कहना है कि उसने 15 मार्च से यमन में हूती आंदोलन के ख़िलाफ़ लगातार हवाई और नौसैनिक हमले किए.

    रविवार को हाल के अभियानों की जानकारी देते हुए एक बयान में, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने "सैकड़ों हूती लड़ाकों और कई हूती नेताओं को मारा है".

    अमेरिका ने कहा है कि वह लाल सागर और अदन की खाड़ी में ईरान समर्थित हूतियों के खतरे को ख़त्म करने की कार्रवाई कर रहा है.

    यमन में, हूतियों - जो देश के बड़े हिस्से को नियंत्रित करते हैं - ने कहा कि रविवार को राजधानी सना पर अमेरिकी हमले में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है.

    हूतियों की ओर से चलाए जा रहे स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि लाल सागर तट पर अमेरिकी हवाई हमलों में कम से कम 74 लोगों की मौत हुई और 171 अन्य घायल हो गए.

    बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने हूतियों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों पर बड़े पैमाने पर हमले करने का आदेश दिया था और धमकी दी थी कि उन्हें "पूरी तरह से नष्ट कर दिया जाएगा".

  2. क्या क्राइमिया पर अपना दावा छोड़ देगा यूक्रेन? ज़ेलेंस्की से मुलाक़ात के बाद ट्रंप ने ये बताया

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 'लगता है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की शांति समझौते के तहत रूस को क्राइमिया सौंपने के लिए तैयार हैं.'

    ट्रंप से पूछा गया था कि क्या उन्हें लगता है कि यूक्रेनी राष्ट्रपति अपने दक्षिणी प्रायद्वीप का नियंत्रण छोड़ने के लिए तैयार हैं, जिस पर 2014 में रूस ने अवैध रूप से कब्ज़ा कर लिया था.

    इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "मुझे ऐसा लगता है."

    ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी अपील की है कि वे "गोलीबारी बंद करें और एक समझौते पर हस्ताक्षर करें" ताकि ये जंग ख़त्म हो सके.

    ट्रंप का मानना है कि यह दो हफ़्ते के अंदर हासिल किया जा सकता है.

    ट्रंप ने ये बात वेटिकन से लौटने के बाद पत्रकारों से कही.

    ट्रंप ने 26 अप्रैल को पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के दौरान ज़ेलेंस्की के साथ एक संक्षिप्त बैठक की थी.

    ट्रंप ने कहा कि बैठक अच्छी रही और क्राइमिया पर बहुत संक्षिप्त चर्चा हुई.

    ट्रंप की इस हालिया टिप्पणी पर फ़िलहाल यूक्रेन और रूस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  3. रूस-यूक्रेन युद्ध में अपने सैनिक भेजने पर क्या बोला उत्तर कोरिया का सरकारी मीडिया

    उत्तर कोरिया ने पहली बार पुष्टि की है कि उसने रूस-यूक्रेन युद्ध में रूस की ओर से लड़ने के लिए अपनी सेना भेजी है.

    ये जानकारी उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज़ एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी (केसीएनए) की एक रिपोर्ट में दी गई है.

    न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, उत्तर कोरिया की सेना ने दावा किया कि उसके सैनिकों ने नेता किम जोंग उन के आदेश पर कुर्स्क सीमा क्षेत्र को "पूरी तरह से मुक्त" कराने में रूसी सेना की मदद की.

    दक्षिण कोरिया और पश्चिमी देशों की ख़ुफ़िया एजेंसियां अरसे से कहती रही हैं कि उत्तर कोरिया ने पिछले साल कुर्स्क में हजारों सैनिक भेजे थे.

    केसीएनए ने कहा कि सैनिकों को तैनात करने का फैसला उत्तर कोरिया और रूस के बीच आपसी रक्षा संधि के अनुसार लिया गया था.

    हाल ही में रूसी चीफ ऑफ स्टाफ वालेरी गेरासिमोव ने उत्तर कोरियाई सैनिकों की "बहादुरी" की तारीफ़ की थी.

    वालेरी गेरासिमोव ने यह भी दावा किया कि रूस ने देश के पश्चिमी कुर्स्क क्षेत्र पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है, वहीं यूक्रेन ने इस दावे का खंडन किया है.

  4. वैंकूवर में भीड़ में कार घुसाने वाले संदिग्ध को अदालत में पेश किया गया, 11 लोगों की हुई थी मौत

    कनाडा के वैंकूवर में 27 अप्रैल को लापु लापु दिवस समारोह के दौरान एक कार भीड़ में घुस गई. इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई.

    कार चलाने वाले संदिग्ध को गिरफ़्तार कर हिरासत में ले लिया गया है. संदिग्ध की पहचान 30 साल के काई-जी एडम लो के तौर पर हुई है. संदिग्ध वैंकूवर का ही रहने वाला है.

    पुलिस ने संदिग्ध को अदालत में पेश किया. काई-जी पर हत्या के कई मुकदमें चलाए जाएंगे.

    वैंकूवर पुलिस का कहना है कि इस घटना के पीड़ितों की उम्र 5 से 65 वर्ष के बीच है, वहीं कुछ पीड़ितों की पहचान नहीं हो पाई है.

    क्या थी घटना

    ये घटना भारतीय समय के अनुसार रविवार सुबह साढ़े आठ बजे लापु लापु दिवस के उत्सव के दौरान हुई.

    वैंकूवर पुलिस के कार्यवाहक पुलिस प्रमुख स्टीव राय ने बताया था कि इस घटना में मरने वालों में पुरुष और महिलाएं दोनों ही शामिल हैं.

    राय ने बताया था कि इस मामले की 100 से अधिक पुलिस अधिकारी जांच कर रहे हैं.

    राय ने बताया कि इस घटना के पीछे का कारण तो स्पष्ट नहीं है लेकिन साक्ष्य और अपने विश्वास के आधार पर वह कह सकते हैं कि यह आतंकवादी घटना नहीं है.

    फिलीपींस में हर साल 27 अप्रैल को लापु-लापु दिवस मनाया जाता है. लापु लापु स्पेनिश उप निवेशवाद के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वाले राष्ट्रीय नायक थे.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. आप कल की कुछ अहम ख़बरें भी नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - जेएनयू छात्रसंघ चुनाव: अध्यक्ष समेत तीन पदों पर लेफ़्ट की जीत, एबीवीपी के खाते में संयुक्त सचिव का पद

    - चीन में प्लास्टिक सर्जरी के बढ़ते मामले और इसकी भारी क़ीमत चुकाते लोग

    - कनाडा में कैसे होता है प्रधानमंत्री का चुनाव, जानिए रेस में कौन-कौन हैं शामिल

    - पहलगाम हमलाः तनाव और बढ़ा तो अमेरिका किस तरफ़ होगा, भारत या पाकिस्तान?