टी20 वर्ल्ड कप: भारत की धीमी शुरूआत, कोहली फिर जल्दी पवेलियन लौटे

सेमीफ़ाइनल में भारतीय क्रिकेटर विरोट कोहली एक बार फिर जल्दी आउट हो गए.

सारांश

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने अभिभाषण में आपातकाल का ज़िक्र किया. उन्होंने इसे भारतीय गणतंत्र का 'काला अध्याय' बताया.
  • राष्ट्रपति के अभिभाषण में आपातकाल के ज़िक्र को लेकर विपक्ष ने कहा, मौजूदा मुद्दों पर होनी चाहिए थी बात.
  • भारत-इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड ने टॉस जीत पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया. विरोट कोहली की शक्ल में भारत का पहला विकेट गिरा.
  • नीट-यूजी मामले में सीबीआई ने की पहली गिरफ्तारी. पटना से दो लोगों को गिरफ़्तार कर विशेष अदालत में पेश किया.
  • कीनिया में एक बार फिर सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी. दो दिन पहले हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद राष्ट्रपति ने वापस लिया था विवादित वित्त बिल.

लाइव कवरेज

मुकुन्द झा

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, आईसीसी टी20 विश्व कप के फ़ाइनल में पहुंचा दक्षिण अफ़्रीका, अफ़ग़ानिस्तान को दी 9 विकेट से मात

    आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के फ़ाइनल में पहुंची दक्षिण अफ़्रीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के फ़ाइनल में पहुंची दक्षिण अफ़्रीका

    आईसीसी टी20 विश्व के सेमीफ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को 9 विकेट से हराकर फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    दक्षिण अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान की पारी को 56 रनों पर ही रोक दिया था. इसके बाद 57 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका ने 8.5 ओवरों में ही मैच जीत लिया.

    मैच की बात करें तो पहले टॉस जीतकर अफ़ग़ानिस्तान ने बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था. पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी अफ़ग़ानिस्तान की टीम 11.5 ओवरों में 56 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. अफ़ग़ानिस्तान की तरफ़ से सिर्फ़ अज़मतुल्लाह ओमरज़ई ही 10 रन बना सके बाकी कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका.

    अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान राशिद भी महज़ आठ रन बनाकर ही पविलियन लौट गए. पावरप्ले में अफ़ग़ानिस्तान ने पांच विकेट गंवाकर सिर्फ़ 28 रन ही बनाए थे. वहीं 10 ओवर के बाद अफ़ग़ानिस्तान का स्कोर आठ विकेट गंवाकर 50 रन था.

    दक्षिण अफ़्रीका की तरफ़ से सबसे ज़्यादा मार्को यैंसन और तबरेज़ शम्सी ने तीन-तीन विकेट लिए. यैंसन ने तीन ओवर में 16 रन दिए और तीन बल्लोबाज़ों को चलता किया तो वहीं शम्सी ने महज़ 1.5 ओवर में छह देकर तीन विकेट झटके. कसीगो रबाडा और एनरिक नोर्खिया ने दो-दो विकेट लिए.

    अफ़ग़ानिस्तान के कुल 56 रनों में 13 रन एक्स्ट्रा से आए जिसमें छह बाई, छह वाइड और एक रन लेग बाई का था. वहीं दूसरी पारी में 57 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की टीम को दूसरे ओवर में पहला झटका लगा. क्विंटन डी कॉक को फज़लहक़ फ़ारूक़ी को पाँच रन पर चलता किया.

    इसके बाद क्रीज़ पर रीज़ा हेंड्रिक्स और कप्तानी एडन मारक्रम की जोड़ी जम गई. पावरप्ले ख़त्म होने के बाद दक्षिण अफ़्रीका का स्कोर एक विकेट गंवाकर 34 रन था.

    वहीं 8.3 ओवर में एक विकेट गंवाकर दक्षिण अफ़्रीका ने 50 रन पूरे किए. दूसरे विकेट के लिए हेंड्रिक्स और मारक्रम ने 42 गेंदों में 50 रन जुटाए. तीन विकेट लेने वाले मार्को यैंसन को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.

    अब 27 जून की शाम को भारत और इंग्लैड के बीच दूसरा सेमीफ़ाइनल मुकाबला खेला जाना है. इस मैच में जो भी टीम विजयी होगी वो फ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका से भिड़ेगी. दक्षिण अफ़्रीका पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फ़ाइनल में पहुंचा है और मौजूदा विश्वकप में दक्षिण अफ़्रीका ने एक भी मुकाबला नहीं हारा.

  2. बीजेपी के सीनियर नेता लालकृष्ण आडवाणी एम्स में भर्ती

    एम्स के प्राइवेट वॉर्ड में भर्ती हैं लालकृष्ण आडवाणी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एम्स के प्राइवेट वॉर्ड में भर्ती हैं लालकृष्ण आडवाणी

    बीजेपी के कद्दावर नेता और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को बुधवार देर रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के मुताबिक 96 वर्ष के आडवाणी को एम्स के प्राइवेट वॉर्ड में भर्ती करवाया गया है और यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं.

    आडवाणी को किन कारणों से भर्ती करवाया गया है, इसे लेकर अभी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और वो डॉक्टरों की निगरानी में हैं.

    हाल ही में लोकसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद बीजेपी के कई बड़े नेता आडवाणी से मिलने के लिए उनके घर पर गए थे. इससे पहले मार्च महीने में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया था.

    8 नवंबर 1927 को पाकिस्तान के कराची में जन्मे आडवाणी सन् 1942 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे. साल 1986 से 1990, साल 1993 से 1998 और फिर 2004 से लेकर 2005 वो बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं. 1999 से लेकर 2004 की एनडीए सरकार में आडवाणी देश के उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री भी रहे.

  3. सेमीफ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को महज़ 56 रन पर ऑलआउट किया

    दक्षिण अफ़्रीका ने 56 रनों पर ही रोक दी अफ़ग़ानिस्तान की पारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिण अफ़्रीका ने 56 रनों पर ही रोक दी अफ़ग़ानिस्तान की पारी

    आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 का पहला सेमीफ़ाइनल मुकाबला दक्षिण अफ़्रीका और अफ़ग़ानिस्तान के बीच त्रिनिदाद में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी अफ़ग़ानिस्तान की टीम 56 रनों पर ही सिमट गई.

    अफ़गानिस्तान 11.5 ओवरों में 56 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. सिर्फ़ अज़मतुल्लाह ओमरज़ई ही 10 रन बना सके बाकी कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका. अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान राशिद भी महज़ आठ रन बनाकर ही पविलियन लौट गए.

    पहले पावरप्ले की बात करें तो छह ओवर में अफ़ग़ानिस्तान ने पांच विकेट गंवाकर सिर्फ़ 28 रन ही बनाए. वहीं 10 ओवर के बाद अफ़ग़ानिस्तान ने आठ विकेट गंवाकर महज़ 50 रन ही बनाए.

    दक्षिण अफ़्रीका की तरफ़ से सबसे ज़्यादा मार्को यैनसेन और तबरेज़ शम्सी ने तीन-तीन विकेट लिए. यैनसेन ने 3 ओवर में 16 रन दिए और तीन बल्लोबाज़ों को चलता किया तो वहीं शम्सी ने महज़ 1.5 ओवर में छ: देकर तीन विकेट झटके. कसीगो रबाडा और एनरिक नोर्खिया ने दो-दो विकेट लिए.

    अफ़ग़ानिस्तान के कुल 56 रनों में 13 रन एक्स्ट्रा से आए जिसमें छ: बाई, छ: वाइड और एक लेग बाई का था.

  4. नमस्कार,

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    26 जून की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.