You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
बीबीसी के अंतरराष्ट्रीय ऑडियंस में भारत पहले पायदान पर बरक़रार- GAM रिपोर्ट
बीबीसी ने अपने श्रोताओं, दर्शकों और यूज़र्स की संख्या बताने वाली वार्षिक रिपोर्ट जारी की है जिसके मुताबिक़ लगातार तीसरे साल सारी दुनिया में बीबीसी की सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले सबसे ज़्यादा लोग भारत में रहते हैं.
ग्लोबल ऑडियंस मेजर ( GAM) नाम की इस रिपोर्ट में बताया जाता है कि दुनिया भर में हर सप्ताह कितने लोग बीबीसी के कार्यक्रमों को देखते, सुनते या इसकी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं.
भारत में बीबीसी के अंतरराष्ट्रीय श्रोताओं, दर्शकों और पाठकों की संख्या 7 करोड़ 66 लाख है जो कि दुनिया में सबसे ज़्यादा है.
पिछले साल की तुलना में इसमें 7 फ़ीसद की बढ़ोतरी दर्ज़ की गयी है.
भारत में बीबीसी का कंटेंट अंग्रेज़ी, हिंदी के अलावा, तमिल, गुजराती, पंजाबी, मराठी, और तेलुगु जैसी भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध है.
बीबीसी की हिंदी भाषा सेवा ने पाठकों, श्रोताओं और दर्शकों की संख्या के लिहाज़ से पिछले साल के मुक़ाबले 17 फ़ीसद बढ़त हासिल की है.
50 करोड़ का लक्ष्य
नए आँकड़ों के बाद बीबीसी के पाठकों, दर्शकों और श्रोताओं की संख्या 50 करोड़ तक पहुंचने के क़रीब है. इसे बीबीसी ने साल 2022 के लिए एक लक्ष्य के रूप में निर्धारित किया था. और बीबीसी इस लक्ष्य को पार कर जाने की राह पर है.
बीबीसी की अंतरराष्ट्रीय सेवाएं हर सप्ताह औसतन 49.24 करोड़ लोगों तक पहुंचती है.
इनमें बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की भाषाई सेवाओं, वर्ल्ड सर्विस अंग्रेजी, वर्ल्ड न्यूज टीवी, बीबीसी.कॉम और बीबीसी मीडिया एक्शन के दर्शक, श्रोता और पाठक शामिल हैं.
बीबीसी हिन्दी को मिली 17 फीसद की बढ़त
बीबीसी हिंदी ने पिछले वर्ष के आंकड़ों की तुलना में इस साल 17 फीसद की बढ़त दर्ज़ की है. इसके बाद बीबीसी हिंदी सेवा के कुल ऑडियंस की संख्या 3 करोड़ 23 लाख हो गयी है.
वेबसाइट, टीवी कार्यक्रम, यूट्यूब चैनल, इंस्टाग्राम और पॉडकास्ट कार्यक्रमों के ज़रिए हर हफ़्ते कुल 3.23 करोड़ लोग बीबीसी हिंदी से जुड़ते हैं.
बीबीसी न्यूज इंटरनेशनल सर्विसेज की सीनियर कंट्रोलर लिलियन लैंडॉर ने कहा, "हम पिछले दशक में अपनी वैश्विक ऑडियंस को दोगुना करके काफ़ी ख़ुश हैं. हमें इस बात का गर्व है कि दुनिया भर में लगभग पचास करोड़ लोग बीबीसी की सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं.
वर्ल्ड सर्विस बेहद बहुमूल्य है जो पूरी दुनिया में एक अहम भूमिका निभाती है. हालिया दिनों में रूस और यूक्रेन की घटनाएं बताती हैं कि हमारी निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता दुष्प्रचार और ग़लत सूचनाओं के ख़िलाफ़ संघर्ष में हमारी ऑडियंस के लिए कितनी ख़ास है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)