जर्मनी में एक ही फ़्लैट में मिले पांच बच्चों के शव

इमेज स्रोत, Reuters
पश्चिमी जर्मनी के सोलिंगन शहर के एक रिहायशी इलाक़े में एक फ़्लैट में पांच बच्चों के शव मिले हैं.
पुलिस का कहना है कि उन्हें बच्चों की 27 वर्षीय मां पर संदेह है.
पुलिस के मुताबिक़, महिला ने इसके बाद डसेलडोर्फ़ के नज़दीक एक रेलवे स्टेशन के पास ख़ुद की भी जान लेने की कोशिश की थी.
हालांकि बच्चों की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है और इस संबंध में अभी बहुत विस्तार से जानकारी भी उपलब्ध नहीं है. स्थानीय समयानुसार, दोपहर को आपातकालीन सेवा को सूचित किया गया.
यह अपार्टमेंट हसेल्डेल क्षेत्र के एक रिहायशी इलाक़े में स्थित है.
पुलिस के मुताबिक़, उनके पास स्थानीय समयानुसार एक बजकर 45 मिनट के क़रीब एक फ़ोन आया. जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां उसे पांच बच्चों के शव मिले.
तीन लड़कियां और दो लड़के.
बच्चों की उम्र एक साल से लेकर आठ साल के बीच थी.
ऐसा बताया जा रहा है कि छठा बच्चा जोकि 11 साल का है, ज़िंदा बचने में कामयाब रहा है.
बच्चों की दादी घटनास्थल से क़रीब 60 किलोमीटर की दूरी पर रहती हैं.
जर्मन न्यूज़ वेबसाइट बिल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक़, उन्होंने ही आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कॉल किया था.

इमेज स्रोत, Reuters
पुलिस प्रवक्ता स्टीफ़न ने बताया कि ख़ुद की जान लेने की कोशिश में बच्चों की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं.
पुलिस प्रवक्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुलिस इन सबके पीछे की वजह तलाशने की कोशिश कर रही है.
पुलिस का कहना है कि बच्चों की मां से बात करके इस दुखद घटना के बारे में और इसके पीछे की वजह के बारे में पता किया जा सकता है.
फिलहाल के लिए इस ब्लॉक के सभी फ्लैट्स को सील कर दिया गया है. घटनास्थल पर पुलिस की गाड़ी, एंबुलेंस और फ़ॉरेंसिक टीम मौजूद है.
पुलिस इस मामले में और अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






















