राजस्थानः सुप्रीम कोर्ट का हाई कोर्ट के फ़ैसले पर रोक लगाने से इनकार - आज की बड़ी ख़बरें

सुप्रीम कोर्ट

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान में कांग्रेस के 19 बाग़ी विधायकों को अयोग्य ठहराने के मामले में हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है. अब राजस्थान हाई कोर्ट शुक्रवार को बाग़ी विधायकों की याचिका पर फ़ैसला सुनाएगा.

राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष सीपी जोशी ने राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने के लिए बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर की थी.

स्पीकर जोशी ने पिछले सप्ताह सचिन पायलट समेत 19 बाग़ी विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों को आधार बताते हुए नोटिस जारी किया था.

स्पीकर के इस फ़ैसले को बाग़ी विधायकों ने राजस्थान हाई कोर्ट में चुनौती दी थी. अदालत ने मंगलवार को कहा कि वो शुक्रवार को उनकी याचिका पर फ़ैसला सुनाएगी.

हाई कोर्ट ने विधायकों के ख़िलाफ़ फ़ैसला आने से पहले कार्रवाई नहीं करने का भी आदेश दिया था.

कुवैत के शासक शेख़ सबाह बीमार

शेख़ अल-अहमद अल-सबाह

इमेज स्रोत, Reuters

कुवैत के 91 वर्षीय शासक शेख़ अल-अहमद अल-सबाह को गुरूवार सुबह इलाज के लिए अमरीका ले जाया गया है.

उनके कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि कुछ दिन पहले उनका एक ऑपरेशन हुआ था, लेकिन बीमारी क्या थी ये अभी नहीं बताया गया है. कुवैत के 91 वर्षीय अमीर पिछले वीकेंड से अस्पताल में भर्ती हैं.

देश की सरकारी एजेंसी कुना ने उनके दफ़्तर का बयान जारी किया है, जिसमें लिखा है कि वो आज तड़के इलाज पूरा करने के लिए अमरीका के लिए रवाना हो गए.

शेख़ सबाह ने 2006 में कुवैत का शासन संभाला. इससे पहले उन्होंने दशकों तक कुवैत के कई विभागों का दायित्व संभाला, जिनमें रक्षा और गृह मंत्रालय शामिल हैं. उन्हें कुवैत की आधुनिक विदेश नीति का निर्माता माना जाता है.

पिछले साल अमरीका यात्रा के दौरान उनकी तबीयत ख़राब हो गई थी, जिसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनकी मुलाक़ात को रद्द करना पड़ा.

अमीर की अनुपस्थिति में कुवैत के शहज़ादे या क्राउन प्रिंस शेख़ नवाफ़ अल-अहमद-अल-सबाह को कार्यकारी शासक बनाया गया है. वो कुवैत के अमीर के सौतेले भाई हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)