थाईलैंड में जवान ने की गोलीबारी, 20 लोगों की मौत

प्रकाशित

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तर-पूर्व में स्थित नकोन रेटचासीमा शहर में एक जवान की गोलीबारी में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है.

बीबीसी थाई ने रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता से बात की है जिनका कहना है कि जकराफंथ थोमा नामक जूनियर अफ़सर ने सैन्य कैंप से हथियार चुराने से पहले अपने कमांडिंग अफ़सर पर हमला किया था.

इसके बाद उसने उत्तर-पूर्व बैंकॉक के शहर के शॉपिंग सेंटर और बौद्ध मंदिर पर गोलीबारी की. संदिग्ध हमलावर अभी कहीं पर छिपा हुआ है.

स्वास्थ्य मंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने पुष्टि की है कि घटनास्थल पर 16 लोगों की मौत हुई जबकि चार ने अस्पताल में दम तोड़ा.

उन्होंने बताया कि इस घटना में 31 लोग ज़ख्मी हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर बनी हुई है. आशंका है कि मरने और घायल होने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

सोशल मीडिया पर दे रहा था अपडेट्स

स्थानीय मीडिया के फ़ुटेज में दिख रहा है कि संदिग्ध हमलावर अपनी कार से शॉपिंग सेंटर के बाहर निकल रहा है और लोगों पर गोलियां बरसा रहा है. कई फ़ुटेज में इमारत के बाहर आग दिखाई दे रही है.

कुछ रिपोर्टों के अनुसार गोली लगने से एक गैस का सिलेंडर फट गया, जिससे आग लग गई. संदिग्ध ने अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है जिसमें वह आग के सामने खड़ा है.

प्रशासन ने शॉपिंग सेंटर को सील कर दिया है और संदिग्ध को ढूंढ रही है. पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि वो घरों में ही रहें.

संदिग्ध के हमले का क्या मक़सद था, यह अभी साफ़ नहीं है. हमले के दौरान संदिग्ध सोशल मीडिया पर पोस्ट भी कर रहा था एक पोस्ट में वो पूछ रहा था कि वो कहां सरेंडर करे.

इस शख़्स ने पिस्तौल और गोलियों के साथ एक तस्वीर पोस्ट की थी और लिखा था- 'रोमांच पैदा करने का समय आ गया है' और 'कोई मौत से नहीं बच सकता.'

फ़ेसबुक ने अब इस शख़्स के पेज को हटा दिया है.

इस बीच सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रयुत चान-ओचा घटनाक्रम पर नज़र बनाए हुए हैं और उन्होंने मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है.

जन स्वास्थ्य मंत्री लोगों से अपील की है कि घटनास्थल के पास के अस्पताल में जाकर रक्तदान करें.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)