पाकिस्तान के यूएन में स्थाई प्रतिनिधि होंगे मुनीर अकरम, मलीहा की लेंगे जगह

इमेज स्रोत, pakun.org
मुनीर अकरम संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के नए स्थाई प्रतिनिधि होंगे. उन्हें मलीहा लोधी की जगह नियुक्त किया गया है.
पाकिस्तान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर अकरम की नियुक्ति को लेकर जानकारी दी गई है.
वेबसाइट के मुताबिक, "राजनयिक मुनीर अकरम को संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान का स्थाई सदस्य नियुक्त किया जा रहा है. वे डॉ. मलीहा लोधी की जगह लेंगे."
मलीहा लोधी ने भी ट्विटर पर दी गई प्रतिक्रिया के जरिए इस बदलाव की पुष्टि की है.

इमेज स्रोत, Twitter/Maleeha Lodhi
मलीहा ने ट्वीट किया है "यह मेरे लिए गर्व की बात रही कि मुझे देश के लिए काम करने का मौक़ा मिला और मैं इसके लिए बहुत शुक्रगुज़ार हूं कि मुझे चार सालों तक यह काम करने का मौक़ा मिला. दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण बहुपक्षीय मंच पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना बेहद ख़ास था. मैंने प्रधानमंत्री की यात्रा के बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा से अलग हटने का फ़ैसला किया था."
मलीहा ने एक अन्य ट्वीट में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को धन्यवाद किया है और मुनीर अकरम को शुभकामनाएं दी हैं.
एक ओर जहां मलीहा ने अपने ट्वीट के जरिए संकेत दिया है कि वो खुद ही इस जिम्मेदारी को छोड़ने का मन बना चुकी थीं, वहीं सोशल मीडिया पर कई लोगों का मानना है कि यह दबाव में लिया गया फ़ैसला है.
मलीहा ने फरवरी 2015 में संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थाई प्रतिनिधि का पद संभाला था.

इमेज स्रोत, Getty Images
यूएन में रह चुके हैं अकरम
उनकी जगह लेने के लिए चुए गए 74 वर्षीय अकरम इससे पहले भी संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के प्रतिनिधि के तौर पर काम कर चुके हैं. साल 2002 से लेकर 2008 के बीच वो संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के प्रतिनिधि थे.
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें सत्र में भाग लेकर पाकिस्तान लौटे प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने वतन वापसी के ठीक एक दिन बाद ही नए बदलाव की घोषणा की.
नई नियुक्ति के पीछे का कारण अभी तक सरकार की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है.
मुनीर अकरम के CV के मुताबिक़, वो साल 1967 में पाकिस्तान विदेश सेवा से जुड़े. उन्होंने पॉलीटिकल साइंस से एमए किया है और कराची यूनिवर्सिटी से कानून में स्नातक की डिग्री हासिल की है.
विदेश मंत्रालय मे लंबे समय से कार्यरत अकरम कई देशों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
कूटनीति और विदेश मामलों की अच्छी जानकारी रखने के लिए उन्हें 'हिलाल-ए-कायद-ए-आज़म' सम्मान से भी नवाज़ा जा चुका है. वह एक स्तंभकार भी हैं.
विवादों में रहीं मलीहा
मलीहा लोधी पिछले चार साल से संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रही थी.
हाल में कश्मीर मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रियाओं को लेकर भी वो चर्चा में रहीं. लेकिन उनके नाम के साथ कई विवाद भी जुड़े हुए हैं.
जिस समय सुषमा स्वराज भारत की विदेश मंत्री थी उस वक़्त का एक वाकया काफी चर्चा में रहा था.
साल 2017 संयुक्त राष्ट्र में सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान पर तीखे वार किए थे. यूएन में भारत को जवाब देने वाली थीं संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की स्थाई प्रतिनिधि मलीहा लोधी.
सुषमा स्वराज के 'पाकिस्तान को आतंक को बढ़ावा देने वाले राष्ट्र' पर मलीहा लोधी ने कहा था, "भारत की विदेश मंत्री ने जम्मू कश्मीर के मूल मुद्दे को नज़रअंदाज किया है."

इमेज स्रोत, TWITTER
दिखाई थी ग़लत तस्वीर
"मैं आप सभी और भारतीय विदेश मंत्री को आमंत्रित करती हूं कि आएं और संयुक्त राष्ट्र के नक्शे को देखिए. राज्य पर भारत का सैन्य कब्ज़ा अवैध है."
अपने बयान के दौरान मलीहा लोधी ने एक तस्वीर भी दिखाई थी, जिसमें एक महिला के चेहरे पर पैलेट गन से निशान थे.
'पाकिस्तान मिशन यून' ट्विटर अकाउंट से इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा गया था, "संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री को जवाब देते हुए लोधी ने पैलेट गन से घायल हुई कश्मीरी महिला की एक तस्वीर दिखाई और कहा- ये भारत का चेहरा है."
इस तस्वीर वाले ट्वीट को मलीहा लोधी ने भी री-ट्वीट किया. लेकिन वो तस्वीर कश्मीर नहीं ग़ज़ा पट्टी की थी.
यानी पाकिस्तान की संयुक्त राष्ट्र में स्थाई प्रतिनिधि तस्वीर का चुनाव करने में गलती कर बैठीं थीं. जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा था.
इसके अलावा एक हालिया मामला भी है. जिसमें मलीहा ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को विदेश मंत्री लिख दिया था.
लोधी ने ट्वीट किया था, "प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने आज सुबह ब्रिटेन के विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन से मुलाक़ात की."
उन्होंने ट्वीट के साथ दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक की एक तस्वीर भी साझा की थी.
हालांकि लोधी ने करीब एक घंटे बाद उस ट्वीट को हटाते हुए ग़लती के लिए माफ़ी भी मांग ली थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






















