You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
भूकंप से हिला पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर, 22 की मौत, 300 घायल
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के कई शहरों में मंगलवार शाम को भूकंप के झटके महसूस किए गए.
अधिकारियों के मुताबिक़ भूकंप के असर से पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में 22 लोगों की मौत की ख़बर है. क़रीब 300 अन्य लोग घायल भी हुए हैं.
हालांकि मरने वालों की संख्या को लेकर कुछ मतभेद भी हैं.
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में मीरपुर के पुसिल डीआईजी गुलफ़राज़ ख़ान ने कहा है कि अब तक भूकंप से मरने वालों की तादाद 22 हो गई है और 300 से ज़्यादा लोग घायल हैं.
वहीं पाकिस्तान में प्राकृतिक आपदा से निपटने वाले इदारे एनडीएमए के चेयरमैन लेफ़्टिनेंट जनरल मोहम्मद अफ़ज़ल ने इस्लामाबाद में प्रेस से बात करते हुए कहा कि अभी वो केवल 10 लोगों के मारे जाने की पुष्टि कर सकते हैं. उनके अनुसार भूकंप में 100 लोग घायल हुए हैं.
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक़ भूकंप की तीव्रता 5.8 थी और इसका केंद्र पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के झेलम शहर से क़रीब पांच किलोमीटर दूर था.
पाकिस्तान मौसम विभाग की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी समयानुसार शाम 4 बजकर 43 मिनट पर एक आफ़्टर शॉक भी आया था. बयान में कहा गया है कि अगले 24 घंटों के दौरान हल्के से मध्यम शिद्दत के आफ़्टर शॉक भी आ सकते हैं.
भूकंप के असर से पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के अलावा पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद, लाहौर, पेशावर और कई शहरों से नुक़सान की ख़बर मिली है.
एनडीएमए के निदेशक कर्नल अलाउद्दीन ने बीबीसी को बताया कि पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के जातलां इलाक़े में 250 मकानों को नुक़सान पहुंचा है.
पाकिस्तानी सेना का कहना है कि सेना के लोग प्रभावित इलाक़ों में पहुंच गए हैं और राहतकार्यों में जुट गए हैं.
दिल्ली समेत भारत के कई शहरों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. हालांकि अब तक भारत से नुक़सान की कोई ख़बर नहीं मिली है.
श्रीनगर के ज़िला अधिकारी शाहिद चौधरी ने ट्वीट किया है कि श्रीनगर में सब सुरक्षित हैं और कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई ख़बर नहीं है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)