ग्राउंड रिपोर्ट: पलवल मस्जिद की पाकिस्तान से फ़ंडिंग का सच

पलवल मस्जिद
इमेज कैप्शन, पलवल मस्जिद के बाहर का हिस्सा
    • Author, ज़ुबैर अहमद
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पलवल (हरियाणा) से
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 4 मिनट

दिल्ली से दो घंटे की दूरी पर उतावड़ मेवाती मुसलमानों का एक पिछड़ा गाँव है जहाँ सोमवार को दर्ज़नों मीडिया वाले आ धमके. फ़ोकस में थी एक मस्जिद जो बाहर से जितनी छोटी और अधूरी थी अंदर से उतनी ही बड़ी और सुंदर.

खुलफ़ए राशिदीन मस्जिद इतनी बड़ी है कि आस पास के गावों के 15 हज़ार मुसलमान एक साथ अंदर नमाज़ अदा कर सकते हैं. लेकिन मैं जब वहां पहुंचा तो मस्जिद काफ़ी खाली थी. छोटी बच्चियां और बच्चे क़ुरान पढ़ते ज़रूर नज़र आए. मुझसे कहा गया कि ये मस्जिद भी है और मदरसा भी.

इन दिनों यह मस्जिद सुर्ख़ियों में है. राष्ट्रीय जाँच एजेंसी या एनआइए का इल्ज़ाम है कि मस्जिद के इमाम मोहम्मद सलमान ने पाकिस्तान के हाफ़िज़ सईद (जमात उद दावा प्रमुख) की संस्था से पैसे लेकर मस्जिद बनाई है. इस मामले में पुलिस से बात करने की कोशिश की तो कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. पुलिस का कहना है कि एनआईए ही इस बारे में जानकारी देगी.

छोड़िए YouTube पोस्ट
Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट YouTube समाप्त

इमाम सलमान पिछले महीने गिरफ़्तार कर लिए गए. उनके साथ दो और लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. लेकिन गाँव के अधिकतर लोग इमाम सलमान पर लगे इल्ज़ाम को ग़लत मानते हैं.

कहां से आता है चंदा

मस्जिद का निर्माण 1998 में शुरू हुआ था और इसका उद्घाटन 2010 में हुआ. मुझे बताया गया कि अब तक इस पर 2 करोड़ रुपये खर्च किये जा चुके हैं.

निर्माण के समय से मस्जिद से जुड़े आस मुहम्मद नामी एक बुज़ुर्ग बोले, "सलमान के पिता एक बड़े धर्मगुरु थे जिनकी पहचान दुनिया भर में थी और उनमें से कुछ उन्हें मस्जिद की तामीर के लिए पैसे भेजते थे. मगर मस्जिद बनी है स्थानीय लोगों के चंदे से."

पलवल मस्जिद

आस मुहम्मद कहते हैं कि उन्हें ये नहीं जानकारी है कि कौन से देश से कौन से लोग, कितने पैसे भेजा करते थे.

आस मुहम्मद और वहां मौजूद लोगों ने हमें समझाने की कोशिश की कि मदरसों और मस्जिदों के लिए मुस्लिम मुल्कों में चंदा माँगना आम बात है.

पिछले हफ़्ते एनआईए की टीम को मस्जिद का दौरा करवाने वाले मुहम्मद इरशाद ने कहा कि पाकिस्तान से या पाकिस्तानी संस्था से चंदा नहीं आता.

लखु नाम के एक बगल के गाँव के सरपंच के मुताबिक़, "हाफिज सईद तो एक अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी है उससे पैसे कौन लेना चाहेगा."

मोहम्मद इरशाद ने कहा कि मस्जिद को स्थानीय हिंदुओं ने भी चंदा दिया है "कई हिंदुओं ने बिल्डिंग मटीरियल देकर इसकी मदद की है."

पलवल मस्जिद

'अगर पाकिस्तान से चंदा आता तो...'

सरपंच लखु ने मस्जिद के बाहर खड़े होकर उसकी तरफ़ इशारा करके कहा कि अगर पाकिस्तान या किसी और देश से पैसे आते तो मस्जिद की तामीर अब तक पूरी नहीं हो जाती? मस्जिद का बाहरी हिस्सा कई जगहों पर अधूरा है.

वीडियो कैप्शन, मस्जिद जाते हिंदू

दर्जनों मीडिया वालों की उपस्थिति में वहां के मुसलमानों के चेहरों पर सवालिया निशान थे. कुछ ने बार-बार ये पूछा, "आज आप लोग क्यों आए हैं?" गांव वालों के हिसाब से इमाम सलमान की गिरफ़्तारी पिछले महीने हुई थी.

इमाम सलमान के पक्ष में सभी बोल रहे थे. झुंड में खड़े बुजुर्ग नसरू ने एक दस्तावेज़ हवा में लहराकर कहा कि ''मैंने मस्जिद में पैसे कम पड़ जाने के बाद अपनी ज़मीन बेच दी और मस्जिद के निर्माण में लगा दी. ये देखिए इस दस्तावेज़ को. सलमान की बिकी ज़मीन का ये दस्तावेज़ है."

पलवल मस्जिद

लेकिन जो लोग सर्वसम्मति से कह रहे थे उसे मोहम्मद इरशाद ने शब्दों में इस तरह से पिरोया, "मस्जिद एक इस्लामी मरकज़ भी है जिसे पास के 84 गांवों की मदद से बनाया गया है. इसकी पूरी ज़मीन 10 एकड़ है जो पंचायत ने दान की थी. लेकिन 100 के क़रीब परिवारों और दुकानदारों ने ज़मीन के एक बड़े हिस्से पर क़ब्ज़ा कर कर रखा है. इनकी क़ीमत करोड़ों में है. हम इन्हें यहाँ से हटाना चाहते हैं. इन लोगों ने हम पर मुक़दमा कर दिया है और हमें बदनाम करने के लिए इमाम सलमान और मस्जिद के ख़िलाफ़ बयान दिया है."

वीडियो कैप्शन, जब मस्जिद में पहुंचा एक हिंदू लड़का

मस्जिद के बाहर दिल्ली जाने वाली सड़क पर लगातार कई दुकानें हैं जिनके मालिकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सलमान और उनके साथियों के ख़िलाफ़ मुक़दमा ज़रूर किया है, लेकिन एनआइए से उनके बारे में कुछ नहीं कहा. उनकी दुकानें और मकान मस्जिद बनने से पहले से ही है.''

नसरु नाम के एक दुकानदार ने कहा, "एनआईटी (उनका मतलब था एनआईए) का नाम हमने कभी सुना भी नहीं है. हम उनसे कभी मिले भी नहीं."

पलवल मस्जिद
इमेज कैप्शन, पलवल मस्जिद

अनसुलझे सवाल

सोचने वाली बात ये है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के रिश्तेदार हैं और पीढ़ियों से इस गांव में रहते आ रहे हैं. वो आपस में मिलते भी हैं, फ़ंक्शन और शादियाँ भी अटेंड करते हैं, लेकिन जब से मुक़दमा शुरू हुआ है दोनों पक्ष एक-दूसरे के शत्रु जैसे बन गए हैं.

मस्जिद वाली ज़मीन और उस पर अवैध क़ब्ज़ा इस दुश्मनी की ख़ास वजह है.

अब ये सवाल कि इमाम मुहम्मद सलमान के ख़िलाफ़ दूसरे पक्ष ने बयान दिया कि नहीं ये एनआईए ही बता सकेगी. इमाम सलमान ने हाफ़िज़ सईद की दुबई-स्थित संस्था से चंदा लिया या नहीं इसका सच अदालत में मुक़दमे के दौरान ही सामने आएगा.

वीडियो कैप्शन, पंजाब का वो गांव जहां हिंदुओं और सिखों ने बनवाई मस्जिद

ये भी पढ़ें:

वीडियो कैप्शन, वो जगह जहां मंदिरों और मस्जिदों का वास्तुशिल्प लगभग एक सा है

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)