You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ताइवान में भूकंप का ज़ोरदार झटका, कई इमारतें गिरने की आशंका
ताइवान के शहर हुआलीन में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया है जिसकी वजह से कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है.
ताइवान के अधिकारियों के अनुसार इस भूकंप की वजह से अभी तक कम से कम दो लोगों के मारे जाने की सूचना है जबकि सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं.
भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 11 बजकर 50 मिनट पर आया. सोशल मीडिया पर आ रही तस्वीरों में सड़कों और ऊंची इमारतों में काफी नुकसान दिखाया जा रहा है.
ख़बरों के मुताबिक आंशिक रूप से धराशाई हुई एक होटल में कई लोग फंसे हुए हैं जिन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है.
स्थानीय मीडिया के अनुसार 10 मंजिला मार्शेल होटल के बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर में होटल के कम से कम तीन कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका है.
एक प्रत्यक्षदर्शी ज़ीना स्टारबक ने बीबीसी को बताया, ''हम जानते हैं कि होटल में कई लोग फंसे हुए हैं, होटल के भीतर लाइट जलती हुई देखी जा सकती है, अंदर फंसे लोग अपने मोबाइल से रौशनी कर खुद के फंसे होने की सूचना दे रहे हैं.''
हुआलीन दमकल विभाग के अनुसार जिन इमारतों को थोड़ा बहुत नुकसान पहुंचा है वहां से कम से कम 28 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है.
इसके साथ ही आपातकालीन कर्मचारियों की मदद के लिए सेना को भी बुला लिया गया है. भूकंप की वजह से हाइवे और पुलों को भी नुकसान पहुंचा है.
ताइवान की भौगोलिक स्थिति कुछ इस तरह है कि वहां दो भूगर्भीय प्लेटें आपस में मिलती हैं. इसकी वजह से भूकंप नियमित रूप से आते रहते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)