BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

इमेज स्रोत, EPA
नमस्ते.
उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे, खुश होंगे और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे होंगे.
हम जानते हैं कि रोज़मर्रा की आपा-धापी के बीच आपके लिए देश-दुनिया की हर ख़बर पर नज़र रखना मुश्किल रहता होगा.
ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें, जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो.
ये पाँच ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हो गए.

UPSC टॉपर इशिता किशोर ने बताईं ये टिप्स
यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन यानी यूपीएससी की वर्ष 2022 में हुई सिविल सर्विसज़ परीक्षा के नतीजे आ गए हैं, और पहले चार स्थानों पर लड़कियों ने बाज़ी मारी है.
मंगलवार को आए नतीजों में दिल्ली यूनिवर्सिटी की ग्रेजुएट इशिता किशोर ने पहला स्थान हासिल किया है. दूसरे स्थान पर गरिमा लोहिया, तीसरे पर उमा हरती एन और चौथे स्थान पर स्मृति मिश्रा रही हैं.
गरिमा लोहिया और स्मृति मिश्रा भी दिल्ली विश्वविद्यालय की ग्रेजुएट हैं. हरती ने आईआईटी हैदराबाद से बीटेक की है.
अपनी कामयाबी के बाद इशिता ने क्या कुछ कहा, पूरी कहानी यहां पढ़िए.

इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN
टीम लखनऊ के आक्रामक मेंटॉर गौतम गंभीर की कहानी
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम प्ले-ऑफ से आख़िरकार बाहर हो गई और मुंबई के ख़िलाफ़ जिस अंदाज़ में वो बुरी तरीके से हारे उससे ये लगा कि ये टीम बड़े मुकाबले के दबाव में बिखर गई.
इस टीम के कप्तान यूं तो केएल राहुल थे जो टूर्नामेंट के शुरुआत में अपने साधारण स्ट्राइक रेट के चलते आलोचनाओं का शिकार हुए और बाद में अनफिट होने के चलते टूर्नामेंट से बाहर हुए तो क्रुणाल पंड्या को कप्तानी की ज़िम्मेदारी मिली.
इस टीम के कोच ज़िम्बॉब्वे के पूर्व कप्तान और इंग्लैंड के पूर्व कोच एंडी फ्लावर थे लेकिन सही मायने में देखा जाय तो लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के मेंटॉर गौतम गंभीर ही सबसे बड़ी शख़्सियत के तौर पर देखे गए.
गंभीर की पूरी कहानी यहां पढ़िए.

इमेज स्रोत, Getty Images
2000 रुपये के नोट बंद होने का नेपाल पर क्या होगा असर?
भारतीय रिज़र्व बैंक के पिछले सप्ताह दो हज़ार रुपये के नोट को चलन से बाहर करने के बाद भारत के साथ लंबी खुली सीमा वाले पड़ोसी देश नेपाल में इस निर्णय के असर को लेकर चर्चा हो रही है.
बीते शुक्रवार को जारी एक बयान में आरबीआई ने कहा था कि 2000 रुपये के नोट वैध रहेंगे और उन्हें 23 मई से 30 सितंबर के बीच बैंकों में जाकर बदला जा सकेगा.
याद रहे कि नवंबर 2016 में भारत के प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने अचानक पांच सौ रुपये और एक हज़ार रुपये के नोट बंद करने की घोषणा की थी. इसे नोटबंदी कहा गया था जिसका व्यापक असर हुआ था.
भारत के इस क़दम के छह साल बाद भी नेपाल से प्रतिबंधित नोटों को वापस लेने को लेकर दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बन सकी है.
पूरी कहानी यहां पढ़िए.

इमेज स्रोत, GoI/EPA
नए संसद भवन में स्थापित होने वाले सेंगोल की कहानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मई को संसद के नए भवन का उद्घाटन करेंगे. नए संसद भवन में 'सेंगोल' को स्थापित किया जाएगा. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए इसकी जानकारी दी.
अमित शाह ने कहा कि नए संसद भवन के उद्घाटन के दिन एक नई परंपरा भी शुरू होने जा रही है.
अमित शाह ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 14 अगस्त, 1947 को तमिल पुजारियों के हाथों सेंगोल स्वीकार किया था.
अमित शाह के अनुसार नेहरू ने इसे अंग्रेज़ों से भारत को सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के तौर पर स्वीकार किया था.
पूरी कहानी यहां पढ़िए.

इमेज स्रोत, Getty Images
थायरॉइड के बारे में जानिए हर ज़रूरी सवाल का जवाब
भारत में हर 10 में से एक शख़्स थायरॉइड की समस्या से जूझ रहा है. 2021 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में क़रीब 4.2 करोड़ थायरॉइड के मरीज़ हैं.
थायरॉइड के साथ सबसे बड़ी दिक़्क़त ये है कि क़रीब एक तिहाई लोगों को पता ही नहीं होता कि वे इससे पीड़ित हैं.
वैसे यह बीमारी महिलाओं में ज़्यादा पाई जाती है. गर्भावस्था और डिलिवरी के पहले तीन महीनों के दौरान, क़रीब 44 फ़ीसदी महिलाओं में थायरॉइड की समस्या पनप जाती है.
थायरॉइड को समझने के लिए हमने आंध्र प्रदेश के गुंटूर की मशहूर एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ बेल्लम भरणी से बात की. पूरी कहानी यहां पढ़िए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



















