You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
काजल हिंदुस्तानी कौन हैं जिन्होंने गुजरात पुलिस के सामने किया सरेंडर
रामनवमी के दिन गुजरात के गिर सोमनाथ ज़िले के एक कार्यक्रम में भड़काऊ भाषण देने के कारण कथित तौर पर हुई सांप्रदायिक झड़प के सिलसिले में काजल हिंदुस्तानी नाम की एक हिंदूवादी कार्यकर्ता को गिरफ़्तार किया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, काजल हिंदुस्तानी ने रविवार की सुबह ऊना में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. वो बीते एक सप्ताह से गिरफ़्तारी से बच रही थीं.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण के बाद उन्हें कोर्ट मे पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
गिर सोमनाथ के एसपी श्रीपाल शेषमा से 'द इंडियन एक्सप्रेस' अख़बार ने पूछा कि काजल हिंदुस्तानी को पुलिस रिमांड में क्यों नहीं लिया गया, इस सवाल पर एसपी ने कहा कि उनका भाषण पहले से ही सार्वजनिक है इसलिए रिमांड लेने का सवाल ही नहीं है.
इस बारे में 2 अप्रैल को दर्ज हुई एफआईआर में काजल हिंदुस्तानी पर आईपीसी की धारा 295ए के तहत आरोप लगाए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, उनके भाषण के बाद ऊना में दो समुदाय के बीच दो दिनों तक सांप्रदायिक तनाव बना रहा. एक अप्रैल की रात को पत्थर भी फेंके गए.
पुलिस ने इस बारे में भीड़ के खिलाफ एक एफ़आईआर दर्ज की और 80 से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया था.
कौन हैं काजल हिंदुस्तानी
गुजरात के जामनगर की रहने वालीं काजल हिंदुस्तानी का असली नाम काजल सिंहला है. वो अकसर विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रमों में नज़र आती रही हैं.
वो ट्विटर बायोडेटा में ख़ुद को उद्यमी, रिसर्च एनालिस्ट, सोशल एक्टिविस्ट और नेशनलिस्ट बताती हैं और कहती हैं कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है.
ट्विटर पर उनके 92 हज़ार से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उन्हें फॉलो करते हैं. वे विश्व हिन्दू परिषद के कार्यक्रमों में अक्सर शामिल होती रही हैं.
उनकी वेबसाइट बीते कुछ दिनों से अधिक ट्रैफ़िक होने के बाद से ठप पड़ी हुई है. अपनी वेबसाइट में वो दावा करती हैं कि उन्होंने 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी नेता ओम बिड़ला के लिए राजस्थान में चुनाव प्रचार किया था.
चुनाव जीतने के बाद ओम बिड़ला स्पीकर के पद के लिए चुने गए थे.
काजल हिंदुस्तानी अपने भाषणों में एक समुदाय विशेष पर विवादित टिप्पणियां करती रही हैं. उनका कहना है कि उस समुदाय की महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है.
उन्होंने अपने कई भाषणों में एक ख़ास समुदाय की महिलाओं की हिंदू पुरुषों से शादी के कई फ़ायदे भी गिनाए हैं.
ये भी पढ़ें..
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप कर सकते हैं. आप हमें फेसबुक,ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)