हीराबेन मोदी: पीएम मोदी की मां के निधन पर दुनिया के नेता जता रहे हैं शोक, बाइडन से लेकर शहबाज़ शरीफ़ ने जताया दुख

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर दुनिया भर के नेताओं और सरकारों की ओर से शोक संदेशों का सिलसिला जारी है. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से लेकर पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन की सरकारों की ओर से हीराबेन के निधन पर दुख जताया गया है.

पीएम मोदी की मां का बुधवार को 100 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था. उन्हें बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती किया गया था.

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर संवेदनाएं प्रकट की हैं.

जो बाइडन ने अपने और अपनी पत्नी जिल बाइडन की तरफ़ से ट्विटर पर संदेश जारी किया है.

उन्होंने लिखा,''जिल और मैं पीएम मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. इस मुश्किल समय में प्रधानमंत्री और उनके परिवार के साथ हमारी प्रार्थनाएं हैं.''

चीन और पाकिस्तान ने भी जताया दुख

भारत में चीनी दूतावास की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी के निधन पर हमारी श्रद्धांजलि. इस वक्त हम शोक संतप्त परिवार के साथ हैं. उनकी आत्मा को शांति मिले.''

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया, ''मां को खोने से बड़ा नुकसान और कोई नहीं हो सकता है. प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर मेरी ओर से शोक संवेदनाएं.''

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. पीएम मोदी को भेजे शोक संदेश में हसीना ने कहा, ''भारी मन से, मैं, बांग्लादेश के लोगों और अपनी ओर से, आपकी प्यारी मां श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं.''

हीराबेन को एक गौरवान्वित मां बताते हुए उन्होंने कहा, ''हमने देखा है कि एक मां, प्रेरक और संरक्षक के रूप में आपके जीवन के हर पहलू में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण थी.''

श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्यारी मां के निधन से गहरा दुख हुआ. दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ''प्रचंड'' ने कहा कि मोदी की मां के निधन के बारे में जानकर उन्हें बहुत दुख हुआ है. उन्होंने ट्वीट किया, ''दुख की इस घड़ी में मैं प्रधानमंत्री मोदी जी और परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं."

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने एक ट्वीट में कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी, मैं आपकी प्यारी मां के निधन पर गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं. उनकी आत्मा को शांति मिले.

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलपोव ने ट्वीट कर कहा, ''सबसे बड़ी क्षति पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. मेरा दिल आपके लिए टूट जाता है. ओम शांति. ''

भारत में जर्मन राजदूत फिलिप एकरमैन ने ट्वीट किया, ''सम्मानित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए हम अपनी शोक संवेदना जाहिर करते हैं. उनके परिवार के दुख और शोक में हम भी शामिल हैं. ''

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)