केंद्र सरकार ने 'भारत जोड़ो यात्रा' रोकने को कहा तो कांग्रेस ने पूछा ये सवाल: प्रेस रिव्यू

कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा

इमेज स्रोत, TWITTER/BHARATJODO

प्रकाशित

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनके नेतृत्व में जारी 'भारत जोड़ो यात्रा' में कोविड नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने अपने पत्र में ये भी लिखा है कि ऐसा न होने की स्थिति में यात्रा स्थगित की जाए.

कांग्रेस पार्टी ने इस पर पलटवार करते हुए लिखा है कि क्या भारत सरकार को सिर्फ़ भारत जोड़ो यात्रा ही नज़र आ रही है.

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा है कि 'क्या इस तरह का पत्र राजस्थान में बीजेपी के अध्यक्ष सतीश पूनिया को भेजा गया है क्योंकि वो 'जन आक्रोश यात्रा' निकाल रहे हैं. क्या इस तरह का पत्र कर्नाटक बीजेपी को भी भेजा गया है जो इसी तरह की यात्रा निकाल रही है."

"अभी आप हवाई अड्डे पर जाइये और हवाई जहाज़ में बैठिए, न आपको मास्क लगाने को कहा जाएगा और न आपको सेनिटाइज़र दिया जाएगा. क्या भारत सरकार ने नियमों और प्रोटोकॉल की कोई घोषणा की है. क्या संसद का सत्र स्थगित कर दिया गया है?"

पवन खेड़ा, कांग्रेस प्रवक्ता
ANI
क्या भारत सरकार को सिर्फ़ राहुल गांधी, कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा ही दिख रही है, उन्हें कोई अन्य यात्रा नहीं दिख रही है? हम नियमों का पालन करेंगे बशर्ते आप नियमों की घोषणा करें.
पवन खेड़ा
प्रवक्ता, कांग्रेस

इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक ख़बर के मुताबिक़, मनसुख मांडविया ने कहा है कि 'मैंने मंत्रालय में विशेषज्ञों से बात की है जिसके आधार पर मैंने गहलोत और गांधी को पत्र लिखे हैं. मैंने ज़रूरी सावधानियां बरतते हुए कोविड नियमों का पालन करने के लिए कहा है. लेकिन आज सुबह से मुझसे सवाल पूछे जा रहे हैं. इस देश का स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते ये मेरी ज़िम्मेदारी है कि कोविड का फैलाव न हो."

उन्होंने ये भी कहा है कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी यात्रा में शामिल होने के बाद कोरोना संक्रमित हुए हैं.

ये पत्र सामने आने के बाद से केंद्र सरकार के रुख़ पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि जब कोरोना महामारी अपने चरम पर थी, उस दौर में कुंभ से लेकर बिहार और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हुए थे.

द टेलीग्राफ़ ने इस मुद्दे पर प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में मौजूदा दौर और उस दौर की तुलना की है जब पश्चिम बंगाल में चुनाव हो रहे थे.

राहुल गांधी, अमित शाह
Congress/BJP
कोरोना मामले - तब और अब

  • 2,031,97719 अप्रैल, 2021 को पश्चिम बंगाल में अमित शाह की रैली के दिन सक्रिय मामले

  • 3,40820 दिसंबर, 2022 को राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान सक्रिय मामले

    स्रोत: द टेलीग्राफ़

    इस रिपोर्ट के मुताबिक़, 19 अप्रैल 2021 को पश्चिम बंगाल में अमित शाह की रैली के दौरान देश में कोरोना के संक्रमित मामलों की संख्या बीस लाख के पार थी जो अब तीन हज़ार के पार है.

    इस रिपोर्ट में टेलीग्राफ़ ने कोरोना टास्क फ़ोर्स के अधिकारियों से हुई बातचीत का भी ज़िक्र किया है.

    अख़बार के मुताबिक़, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 2021 की शुरुआत में कुंभ मेले और चुनावी रैलियों के दौरान कोविड नियमों के उल्लंघन पर क़दम नहीं उठाए थे.

    कोविड- 19 टास्क फ़ोर्स के दो सदस्यों ने बीते साल अख़बार को बताया था कि स्वास्थ्यकर्मियों ने भीड़ जुटने से रोकने और मास्क पहनने की सलाह दी थी, लेकिन फ़ैसले लेने वालों ने चुनावी रैलियों और कुंभ मेले को नहीं रोका.

    एक विशेषज्ञ ने नाम न बताने की शर्त पर कहा था - 'कौन सुन रहा था. फैसले लेने वाले कहीं और व्यस्त थे. कई मौकों पर टास्क फोर्स एक मुखौटे जैसी संस्था थी - एक इको चैंबर जैसी, जहां नीतियों और सही कदम उठाने से जुड़ी चर्चाएं दुर्लभ थीं.'

    सरकारी और अकादमिक संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ भारत में कोविड से होने वाली भारी मौतों के लिए सरकारों और आम लोगों की ओर से कोविड नियमों के उल्लंघन को ज़िम्मेदार मानते हैं.

    भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास

    इमेज स्रोत, TWITTER/NITIAayog

    इमेज कैप्शन, भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास

    आरबीआई गवर्नर की चेतावनी - क्रिप्टो करेंसी से आएगा अगला आर्थिक संकट

    भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार को कहा कि निजी क्रिप्टोकरेंसी की वजह से अगला वित्तीय संकट आ सकता है.

    दास ने कहा कि आरबीआई के लिए एक मुख्य चिंता यह है कि क्रिप्टोकरेंसी का कोई अपना मूल्य नहीं है.

    इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित ख़बर के मुताबिक़, शक्तिकांत दास ने बिज़नेस स्टैंडर्ड समूह की इनसाइड समिट के दौरान दिवालिया क्रिप्टो एक्सचेंज एफ़टीएक्स का उदाहरण भी दिया.

    उन्होंने कहा, "हमारा मानना ये है कि निजी क्रिप्टोकरेंसी को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए क्योंकि अगर इन्हें आगे बढ़ने दिया गया और नियमन करते हुए बढ़ने दिया गया तो मेरे शब्द याद रखिएगा कि अगला आर्थिक संकट निजी क्रिप्टो करेंसी से आएगा.

    बीते एक साल में जो कुछ हुआ है जिसमें एफ़टीएक्स वाला मसला भी शामिल है. मुझे नहीं लगता कि मुझे इस विषय पर हमारे रुख़ के बारे में कुछ और कहने की ज़रूरत है."

    क्रिप्टो करेंसी की एक्सचेंज फ़र्म एफ़टीएक्स के पूर्व सीईओ सैम बैंकमैन-फ्ऱाइड को पिछले हफ़्ते बहामास में गिरफ़्तार किया गया है.

    अमेरिकी अधिकारियों ने बैंकमैन-फ्ऱाइड पर इक्विटी निवेशकों को धोखा देने का आरोप लगाया है.

    भारत के केंद्रीय बैंक ने निजी क्रिप्टोकरेंसी को मान्यता देने से इनकार कर दिया है और बार-बार उनमें ट्रेडिंग के ख़िलाफ़ चेतावनी दी है.

    राजस्थान

    इमेज स्रोत, TWITTER/bharatjodo

    राजस्थान में गहलोत और पायलट के बीच नहीं थमा विवाद

    राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राजस्थान के अलवर में सचिन पायलट और अशोक गहलोत के साथ दोनों के बीच हुए हालिया विवाद पर बैठक की.

    अमर उजाला में प्रकाशित ख़बर के मुताबिक़, अलवर के सर्किट हाउस में हुई इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और कुछ चुनिंदा मंत्री भी शामिल हुए.

    इस बैठक में राहुल गांधी ने गहलोत और पायलट को शांत रहने की हिदायत दी है.

    राहुल गांधी ने कहा है कि 'जो पार्टी के लिए मेहनत करेगा, उसे मेहनत का फल ज़रूर मिलेगा. कौन क्या कर रहा है, यह सबको पता है.'

    कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पार्टी की अनुशासन समिति 24 दिसंबर को राजस्थान में कांग्रेस नेताओं व विधायकों की अनुशासनहीनता की जांच रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपेगी.

    समिति की रिपोर्ट आने के बाद राजस्थान कांग्रेस में फिर तनाव बढ़ सकता है.

    ये भी पढ़ें:-

    (बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)