You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए
नमस्ते जी. कैसे हैं आप? उम्मीद है कि अच्छे होंगे.
आप अपनी व्यस्त ज़िंदगी से वक़्त निकालकर इस कहानी को पढ़ रहे हैं, आपका आभार.
हमें मालूम है कि बीता हफ़्ता आपके लिए काफ़ी व्यस्त रहा होगा. ऐसे में कई ज़रूरी चीज़ों को करते हुए आपसे कुछ ख़बरें छूटी होंगी.
ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो. ये पांच ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हैं.
ऋषि सुनक के पास कितनी संपत्ति है?
ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने वाले एशियाई मूल के पहले व्यक्ति हैं. वो ब्रिटेन के सबसे अमीर लोगों में से एक हैं, उनकी संपत्ति कई जानी-मानी हस्तियों से भी ज़्यादा है.
ऋषि सुनक की संपत्ति का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि वो ब्रिटेन के सबसे रईस फुटबॉल प्लेयर से क़रीब 10 गुना ज़्यादा अमीर हैं.
द संडे टाइम्स की 2022 के धनी लोगों की सूची में फुटबॉल प्लेयर पॉल पोग्बा सबसे अमीर फुटबॉलर हैं. इनकी संपत्ति क़रीब 77 मिलियन पाउंड बताई गई है.
सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति भी ब्रिटेन की सबसे अमीर महिलाओं की सूची में शामिल हैं. वो भारत के मशहूर उद्योगपति और इंफ़ोसिस कंपनी के संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति की बेटी हैं. सुनक ने अक्षता से साल 2009 में शादी की थी. सुनक ने कैलिफ़ोर्निया के स्टैनफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है. यहीं उनकी मुलाक़ात अक्षता से हुई थी.
'द संडे टाइम्स' में प्रकाशित सूची के मुताबिक़, ऋषि सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति साल 2022 में ब्रिटेन के सबसे रईस 250 लोगों में शामिल हैं. पूरी कहानी यहां पढ़ें.
पाकिस्तानी बीवी और पति हिन्दुस्तानी, वर्ल्ड कप में कैसे जूझ रहा यह परिवार
लखनऊ से ताल्लुक रखने वाले अली इक़बाल ने आज तक जो भी मैच ग्राउंड में जाकर देखा है, उसमें जीत भारत की ही हुई है. रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुक़ाबले के दौरान भी उनकी क़िस्मत का ये सिलसिला क़ायम रहा.
हालांकि कराची की रहने वाली उनकी पत्नी क़ुरअत-उल-ऐन ने उन्हें दो दिन के लिए व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया है. साल 2015 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के बाद भी कुछ ऐसा ही हुआ था.
भारत और पाकिस्तान का मैच जब भी हो और जहाँ भी खेला जाए, दोनों ही देशों के प्रशंसकों की भावनाएं वैसे ही उबाल पर होती हैं लेकिन जब एक घर में पति का संबंध भारत से और पत्नी का संबंध पाकिस्तान से हो तो सोचिए क्या हालात होते होंगे. भारत और पाकिस्तान के बँटवारे के दौरान अली और ऐन का परिवार भी भारत और पाकिस्तान में बँट गया था. हालांकि बाद में भी दोनों तरफ़ से आने-जाने का सिलसिला जारी रहा. पूरी कहानी यहां पढ़ें.
भारत में रोटी पर पांच और पराठे पर 18 फ़ीसदी जीएसटी क्यों है?
किसी पिज़्ज़ा को स्वादिष्ट बनाने के लिए उस पर क्या-क्या टॉपिंग किस तरह डाली जाएं ये तय करना एक चुनौती हो सकती है. अगर अधिक टॉपिंग डाल दी जाएं तो आटा गीला रह सकता है और अगर ग़लत मात्रा में डाल दी जाएं तो फिर स्वाद का मज़ा बिगड़ सकता है.
लेकिन अगस्त में पिज़्ज़ा की टॉपिंग बनाने वाली एक भारतीय कंपनी ने अदालत में अलग तरह की चुनौती पेश की.
ये टॉपिंग के टेस्ट के बारे में नहीं थीं. बल्कि ये टॉपिंग पर लगने वाले जीएसटी (गुड्स एंड सर्विसेज़ टैक्स) की दर को लेकर थी.
भारत में जीएसटी को पांच साल पहले लागू किया गया था. देशभर में एक समान रूप से लगने वाले इस कर ने भारत में टैक्स में बढ़ोतरी की है. दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत में हर महीने सिर्फ़ जीएसटी से ही अब 17 अरब डॉलर से अधिक कर जुटाया जाता है. अदालत में खेड़ा ट्रेडिंग कंपनी ने तर्क दिया है कि उसकी मोज़रेला टॉपिंग को पनीर माना जाए जिस पर कम दर से 12 प्रतिशत जीएसटी लगती है.
कंपनी का कहना है कि इस टॉपिंग के दो-तिहाई से अधिक हिस्से में पनीर और दूध से बने ठोस पदार्थ ही होते हैं. लेकिन हरियाणा राज्य की एक अदालत इससे अलग राय रखती है. अदालत का कहना है कि इस टॉपिंग को सही मायनों में सिर्फ़ पनीर नहीं माना जा सकता है. पूरी कहानी यहां पढ़िए.
जाह्नवी कपूर को क्या श्रीदेवी की बेटी होने का 'नुकसान' भी झेलना पड़ा है?
श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी जाह्नवी कपूर ने अपने करियर की शुरुआत फ़िल्म 'धड़क' के साथ की थी. फ़िल्म में उनके साथ ईशान खट्टर थे.
'धड़क' मराठी की सुपरहिट फ़िल्म 'सैराट' का हिंदी रीमेक थी. एक ओर जहां 'सैराट' को जमकर तारीफ़ मिली वहीं 'धड़क' के लिए लोगों की प्रतिक्रिया काफ़ी मिली-जुली थी.
ख़ासकर जाह्नवी कपूर के लिए. लोगों ने उनके लुक, उनकी डायलॉग डिलीवरी और एक्टिंग सभी कुछ को उनकी माँ से तुलना करते हुए देखा.
एक दौर ऐसा भी रहा जब जाह्नवी की एक्टिंग को लेकर काफ़ी नकारात्मक बातें भी सुनने को मिलीं लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी. जाह्नवी के लिहाज़ से जो सबसे अच्छी बात रही वो ये कि उन्होंने किरदारों के साथ प्रयोग करना कभी नहीं छोड़ा.
उन्होंने हर बार एक नये तरह का किरदार चुना. वो चाहे गुंजन सक्सेना की फ़्लाइट-गर्ल का किरदार हो, या फिर शॉर्ट मूवी घोस्ट-स्टोरीज़ का किरदार. रूही और गुड लक जेरी के किरदार भी एक-दूसरे से अलग और चैलेंजिंग थे. पूरी कहानी यहां पढ़िए.
कोरोना संक्रमण और हार्ट अटैक, क्या सालों बाद अचानक हो सकती है मौत?
भारत में पिछले एक साल में दिल संबंधी बीमारी के कारण मौत की कई घटनाएं सामने आई हैं. लोगों को अचानक बैठे-बैठे, नाचते, कसरत करते हुए हार्ट अटैक आने के वीडियो सामने आए हैं.
वीडियो में दिख रहा है लोग हार्ट अटैक के कारण अचानक गिर जाते हैं और उनकी मौत हो जाती है. कुछ लोगों को पहले से दिल संबंधी बीमारियों होने की बात भी सामने आई है. इस समय भारत में कोरोना संक्रमण के मामले तो काफ़ी कम हो गए हैं, लेकिन इसके दूरगामी प्रभावों को लेकर डॉक्टर पहले भी आगाह करते रहे हैं. ऐसे में जानते हैं कि कोरोना संक्रमण और दिल से जुड़ी बीमारियों का क्या संबंध है? वहीं, वैक्सीन भी किस तरह से प्रभाव डालती है.
सामान्य श्वसन संबंधी समस्याओं (जुकाम से लेकर निमोनिया तक) के अलावा इस बात पर भी ध्यान देना ज़रूरी है कि कोविड-19 और श्वसन संबंधी अन्य वायरस से दिल से जुड़ी बीमारियों का ख़तरा बढ़ सकता है. अन्य महामारियों के बाद मिली जानकारियों से पता चलता है कि ये लक्षण जीवन प्रत्याशा को कम कर देते हैं यानी समय से पहले लोगों की मौत हो सकती है. पूरी कहानी यहां पढ़िए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)