नौदीप कौर की ज़मानत पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट आज करेगा फ़ैसला

इमेज स्रोत, Sat Singh
- Author, सत सिंह
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
मज़दूरों के हक़ के लिए आवाज़ उठाने वाली 23 वर्षीय नौदीप कौर की ज़मानत याचिका पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट 22 फरवरी को सुनवाई करेगा. नौदीप कौर एक महीने से ज़्यादा समय से जेल में बंद हैं.
पंजाब के मुक्तसर की रहने वाली नौदीप कौर को सोनीपत पुलिस ने 12 जनवरी को गिरफ्तार किया था. उन पर कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में हत्या का प्रयास और अवैध वसूली के आरोप हैं.
नौदीप कौर हरियाणा के कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में उन मज़दूरों के साथ मिलकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थीं जिनके वेतन लंबित थे.
पुलिस ने उन्हें वहीं से गिरफ्तार किया और उनके ख़िलाफ़ दो मामले दर्ज किए. उन पर आईपीसी की धारा 148, 149, 186, 332, 353, 379-बी, 384 और धारा 307 (हत्या की कोशिश के लिए) के तहत मामला दर्ज किए गया. आरोप है कि नौदीप कौर ने पुलिसवालों पर लाठियों से हमला किया.
इससे पहले, बीते साल 28 दिसंबर को सोनीपत के कुंडली पुलिस स्टेशन में ही उनके ख़िलाफ़ एक और मामला दर्ज किया गया था. तब आरोप ये था कि उन्होंने फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मियों के साथ बुरा बर्ताव किया और उन पर हमला किया.
लेकिन नौदीप की बहन राजवीर का दावा है कि ये तमाम आरोप ग़लत हैं और श्रमिक, मज़दूर अधिकार संगठन के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे थे क्योंकि उनके वेतन लंबित थे.
क़ानूनी स्थिति

इमेज स्रोत, Sat Singh
नौदीप कौर फ़िलहाल हरियाणा में करनाल जेल में बंद हैं. 28 दिसंबर और 12 जनवरी को दर्ज दो मामलों में उन्हें ज़मानत मिल चुकी है.
अब 22 फरवरी को हत्या के प्रयास मामले में उनकी ज़मानत पर सुनवाई होना है. उनके वकील हरिंदर सिंह बैंस का कहना है कि इस मामले में सोनीपत के ज़िला एवं सत्र न्यायालय ने उनकी ज़मानत बीते सोमवार को नामंज़ूर कर दी थी.
वकील हरिंदर सिंह बैंस का कहना है कि नौदीप को कथित रूप से ग़ैर-क़ानूनी तरीके से हिरासत में रखने के मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर सुनवाई के लिए 24 फरवरी तारीख़ तय की है.
नौदीप की बहन राजवीर कौर ने बीबीसी को बताया है कि सोमवार को उन्हें हाईकोर्ट से न्याय मिलने की उम्मीद है. हरियाणा पुलिस ने नौदीप को कथित रूप से ग़ैर-क़ानूनी तरीके से हिरासत में रखा, कोर्ट ने इसे अपने संज्ञान में लिया है.
नौदीप के लिए समर्थन

इमेज स्रोत, Sat Singh
कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में अपना वेतन नहीं मिलने से नाराज़ मज़दूरों के लिए लड़ने वाली नौदीप कौर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अप्रत्याशित समर्थन मिला है.
अमरीकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भतीजी मीना हैरिस ने भी नौदीप की रिहाई के लिए ट्वीट किया था.
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को लिखा को वो नौदीप को कथित तौर पर ग़ैर-क़ानूनी तरीके से हिरासत में रखे जाने के मामले पर अपना जवाब दाख़िल करे.
पंजाब की मंत्री अरुणा चौधरी ने नौदीप की रिहाई के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग से दख़ल देने की मांग की है.
पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने भी आठ फरवरी को राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव से नौदीप के लिए जल्द राहत सुनिश्चित करने के लिए कहा था.
कई किसान, छात्र और नागरिक संगठनों ने नौदीप के समर्थन में आवाज़ उठाई है, जो मज़दूर अधिकार संगठन से भी जुड़ी हुई हैं.
इस सिलसिले में चंडीगढ़ और पंजाब-हरियाणा के कई ज़िलों में प्रदर्शन भी हुए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

















