अक्तूबर में 18 लाख घट गए ईपीएफ़ओ में पैसे जमा कराने वाले कर्मचारीः प्रेस रिव्यू

कर्मचारी

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक ईपीएफ़ओ में दर्ज कंपनियों की संख्या में अक्तूबर में 30800 की गिरावट दर्ज की गई है. इससे संकेत मिले हैं कि कंपनियां अनुमान के अनुसार लॉकडाउन से नहीं उबर पा रही हैं और आर्थिक तंगी की वजह से लोगों को नौकरी से निकाल रही हैं.

अधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक सितंबर 2020 में ईपीएफ़ओ में कुल 534869 संस्थान पंजीकृत थे जबकि अक्तूबर में संख्या 504044 रही. मई के बाद से ये पहली गिरावट है. अक्तूबर में गिरावट से पहले मई के बाद से हर महीने हालात सुधर रहे थे. ईपीएफ़ओ में फंड जमा कराने वाले कर्मचारियों की संख्या भी अक्तूबर में 18 लाख घट गई.

फ़ाइज़र की वैक्सीन के सामने है बड़ी चुनौती

वीडियो कैप्शन, Cover Story: कहां तक पहुंची कोरोना वैक्सीन रेस

द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक भारत सरकार का कहना है कि देश में फ़ाइज़र का टीका लगाने के सामने बड़ी चुनौती है. भारत में इस समय पांच वैक्सीन का ट्रायल चल रहा है और सरकार को उम्मीद है कि इनमें से कोई ना कोई कामयाब ज़रूर होगी.

भारत में ऑक्सफ़र्ड एक्स्ट्राज़ेनेका, भारतीय कंपनी भारत बायोटेक, रूस की स्पुतनिक वी का फ़ेज़ थ्री ट्रायल चल रहा है. इसके अलावा कैडिला की वैक्सीन फ़ेज दो का ट्रायल पूरा कर चुकी है जबकि बायोलॉजिकल ई की वैक्सीन भी फ़ेज एक-दो के ट्रायल में है.

सरकार का कहना है कि वह फ़ाइज़र और मॉडर्ना की वैक्सीन पर भी नज़र बनाए हुए है लेकिन फ़ाइज़र की वैक्सीन को कोल्ड स्टोरेज में रखने को लेकर बड़ी चुनौतियां पेश आएँगी. सरकार को ये भी लगता है कि ये वैक्सीन भारत की मांग को पूरा नहीं कर पाएगी.

कोरोना

इमेज स्रोत, Getty Images

बीते सप्ताह दिल्ली में कोरोना वायरस के सबसे ज़्यादा मामले देखे गए. रोज़ाना औसतन सौ लोगों की मौत भी दर्ज हुई. हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली सरकार शादियों में शिरकत करने वालों लोगों की संख्या 50 तक सीमित करना चाहती है. वहीं सरकार हॉटस्पॉट बनने वाले बाज़ारों में लॉकडाउन लगाने की शक्तियां भी केंद्र सरकार सरकार से मांग रही है.

वीडियो कैप्शन, दिल्ली में कोरोना के मामले फिर बढ़े, क्या लगेगा लॉकडाउन?

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को ये सुझाव दिए. राजधानी दिल्ली के अस्पतालों में बिस्तरों की किल्लत होती जा रही है. केजरीवाल ने गवर्नर अनिल बैजल के पास ये दोनों प्रस्ताव भेजे हैं. अधिकारियों के मुताबिक अनिल बैजल शादियों से जुड़े प्रस्ताव पर स्वंय ही फैसला लेंगे जबकि लॉकडाउन के प्रस्ताव को एनडीएमए और गृह मंत्रालय के पास भेजेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की जो बाइडन से बात

जो बाइडन

इमेज स्रोत, Reuters

द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए जो बाइडन से फ़ोन पर बात की है. मोदी ने ट्विटर पर बताया है कि उन्होंने बाइडन से भारत-अमरीका के रणनीतिक रिश्तों पर बात की और भारत प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की.

प्रधानमंत्री मोदी ने उपराष्ट्रपति चुनी गईं कमला हैरिस को भी मुबारकबाद दी है. बाइडन ने मंगलवार को इसराइल, चिली और दक्षिण अफ्रीका के नेताओं से भी बात की है.

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के साथ सार्वजनिक तौर पर नज़दीकियां दिखाई हैं. मोदी ट्रंप के साथ अहमदाबाद और ह्यूस्टन में हुए कार्यक्रमों में दिखे थे. ट्रंप ने अभी चुनावों में हार स्वीकार नहीं की है

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)