त्रिची में खुला देश का पहला चाइल्ड फ्रेंडली पुलिस कॉर्नर

प्रकाशित

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सहयोग से पुलिस विभाग ने पहले चाइल्ड फ्रेंडली पुलिस कॉर्नर की शुरुआत की है. यह भारत में अपने तरह का पहला प्रयास है. तिरुचिरापल्ली क्षेत्र में क़रीब 10 जगहों पर इस तरह के पुलिस विंग की शुरुआत की गई है.

जुवेनाइल जस्टिस एक्ट साल 2015 में पास हुआ था. यह एक्ट बच्चों के ख़िलाफ़ हिंसा की घटनाओं की जांच करने और अपराध में शामिल बच्चों के पुनर्वास के लिए बनाया गया था. इस क़ानून में इस बात के दिशानिर्देश भी हैं कि बच्चों को अप्रोच कैसे किया जाए.

जुवेनाइल अपराधी को थाने नहीं लाया जाना चाहिए. पुलिस की वर्दी में जुवेनाइल से पूछताछ नहीं होनी चाहिए. किसी भी क़ीमत पर बच्चों को गिरफ़्तार या क़ैद नहीं किया जाना चाहिए. इन नियमों का पालन कराने और शिकायत दर्ज कराने वालों को अनुकूल वातावरण देने के लिए बाल मित्र पुलिस कॉर्नर यानी चाइल्ड फ्रेंडली पुलिस कॉर्नर बनाया गया है.

त्रिची सर्कल की डीआईजी एनी विजया के नेतृत्व में तमिलनाडु के पांच ज़िलों में बाल मित्र पुलिस कॉर्नर का गठन किया गया है. प्रत्येक ज़िले में दो पुलिस कॉर्नर बनाए गए हैं. यह सुनिश्चित करने के लिए कि पुलिस कॉर्नर में आते वक़्त बच्चे डरें नहीं, दीवारों को चित्रों और रंगों से सजाया गया है. डीआईजी एनी विजया ने बताया कि शिकायतों को संबंधित पुलिस स्टेशन के लॉ एंड ऑर्डर इंस्पेक्टर के नेतृत्व में महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा देखा जाएगा.

एनी विजया आगे कहती हैं, "कई महिलाएं जब क़ानून और व्यवस्था विंग के पास शिकायत दर्ज कराने के लिए आती हैं तो उनके साथ उनके बच्चे भी होते हैं. ऐसे में उन्हें बेहतर वातावरण देने के लिए ब्रेस्टफ़ीडिंग रूम की भी व्यवस्था की गई है. चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर की शिकायतों को लॉ एंड ऑर्डर विंग की शिकायतों की तरह ही निपटाया जाएगा. लेकिन चाइल्ड फ्रेंडली विंग में महिला अधिकारी होंगी."

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य आनंद कहते हैं, "तमिलनाडु देश में बच्चों के ख़िलाफ़ सबसे अधिक शिकायतों वाले राज्यों की सूची में सातवें स्थान पर है. बच्चों के ख़िलाफ़ हिंसा को कम करने और शिकायत के पंजीकरण को आसान बनाने के लिए आयोग के सहयोग से त्रिची पुलिस सर्कल में बाल मित्र पुलिस कॉर्नर की स्थापना की गई है."

जिन स्थानों पर स्थापना की गई है...

त्रिची ज़िले में, थिरुवेरुम्बुर और तुवरंकुरिची

करूर ज़िले में, वेंगामेदु और लालपेट्टई

पुदुक्कोट्टई ज़िले में, अवुदयार कोविल और पोन्नामारावथी

पेरम्बलुर ज़िले में, पेरम्बलुर कस्बा पुलिस स्टेशन और मंगलमेडु

अरियालुर ज़िला, उदयारपालायम और कूवागाम लॉ एंड ऑर्डर पुलिस स्टेशन

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)