सीएए लागू करने को लेकर बीजेपी अध्यक्ष का बड़ा बयान- प्रेस रिव्यू

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) हर हाल में लागू होगा और इसके लिए नियम बनाने की प्रक्रिया चल रही है.
द हिंदू की ख़बर के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के सिलीगुडी में एक रैली में उन्होंने कहा, "यह तय है कि सीएए लागू होगा. कोरोना वायरस की वजह से इसे लागू करने में देरी हुई है. लेकिन हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं. काम शुरू हो गया है और नियम बनाए जा रहे हैं."
अगस्त की शुरुआत में ऐसी ख़बरें आई थीं कि गृह मंत्रालय ने सीएए के नियम तय करने के लिए तीन महीने का समय और दिए जाने की मांग की थी.
बंगाल में सीएए को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है. सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस इस क़ानून के ख़िलाफ़ है और सड़क पर उतरकर विरोध भी जता रही है.

इमेज स्रोत, Getty Images
फ़ारूक़ अब्दुल्ला से ईडी ने की पूछताछ, कश्मीर घाटी में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्ला से मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में पूछताछ की. यह मामला जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) में आर्थिक धांधली का है.
आरोप है कि जब वे एसोसिएशन के अध्यक्ष थे, तब बड़े पैमाने पर इसमें आर्थिक धांधली हुई थी.
हिंदुस्तान टाइम्स की ख़बर के मुताबिक, फ़ारूक़ अब्दुल्ला से हुई पूछताछ को कश्मीर के राजनीति दलों के लोग राजनीति से प्रेरित कार्रवाई बता रहे हैं.
इस मामले से जुड़े कुछ लोगों ने बताया कि ईडी ने जेकेसीए के आर्थिक मामले की जांच को लेकर फ़ारूक़ अब्दुल्ला से कुछ स्पष्टीकरण मांगे हैं.
अख़बार के मुताबिक, ईडी के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत अब्दुल्ला के बयान रिकॉर्ड कर लिए गए हैं.
अधिकारी के मुताबिक, लोकसभा सांसद और पूर्व जेकेसीए अध्यक्ष से बीते साल जुलाई में भी चंडीगढ़ में पूछताछ की गई थी. इस दौरान उनसे इस आर्थिक धांधली में उनकी भूमिका और उनके फ़ैसलों को लेकर सवाल किए गए थे.
फ़ारूक़ अब्दुल्ला के बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि यह सब गुपकार घोषणा और पीपल्स एलाएंस से जुड़ा हुआ है.
जम्मू-कश्मीर के कई राजनीतिक दलों ने राज्य के विशेष दर्जे को वापस लाने और अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए मिलकल काम करने पर सहमति जताई है और इसमें शामिल राजनीतिक दलों ने गठबंधन किया है जिसे 'पीपल्स एलाएंस फ़ॉर गुपकार डिक्लेयरेशन' नाम दिया गया है.
बीते साल अगस्त में केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा ख़त्म करके इसे दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया था.

इमेज स्रोत, EPA
कोरोना वैक्सीन में काम आएगी डिजिटल हेल्थ आईडी: मोदी
नेशनल डिजिलट हेल्थ मिशन के तहत देश के हर नागरिक को यूनीक हेल्थ आईडी देने की घोषणा के दो महीने बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी से प्रतिरक्षा में डिजिटल हेल्थ आईडी का इस्तेमाल किया जाएगा.
एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा, "भारत कोविड-19 की वैक्सीन बनाने के अग्रिम चरण में है. उनमें से कुछ एडवांस स्टेज पर हैं."
उन्होंने कहा कि भारत पहले ही वैक्सीन डिलिवरी सिस्टम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है. डिजिटल हेल्थ आईडी के साथ यह डिजिटल नेटवर्क हमारे नागरिकों को कोविड इम्युनाइजेशन में मदद करेगा.
15 अगस्त को अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा था कि यूनीक हेल्थ आईडी में हर नागरिक की बीमारी, जांच, रिपोर्ट और दवाओं का भी ज़िक्र होगा. यह कॉमन डेटाबेस हर आईडी में होगा.

इमेज स्रोत, Getty Images
मध्य प्रदेश: महिला मंत्री पर टिप्पणी को लेकर घिरे कमलनाथ
मध्य प्रदेश की मंत्री इमरती देवी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की टिप्पणी पर सियासी पारा गरमा गया है.
जनसत्ता में छपी ख़बर के मुताबिक, एक चुनावी रैली में कमलनाथ ने इमरती देवी को कथित तौर पर 'आइटम' कहा, जिसके विरोध में राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर समेत कई बीजेपी नेता सोमवार को अलग-अलग जगहों पर धरने पर बैठ गए और दो घंटे तक मौन विरोध प्रदर्शन किया.
चुनाव आयोग ने कमलनाथ के बयान पर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी यह मामला चुनाव आयोग को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा है.
अख़बार के मुताबिक, चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया, "जब तक हमें एनसीडब्ल्यू से संदेश मिला, हम मध्य प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांग चुके थे."
उधर, बीजेपी नेता बिसाहूलाल सिंह का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वे कथित तौर पर कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी के लिए अपमानजनक शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं.
बीजेपी नेता के बयान को कांग्रेस उम्मीदवार ने अपमानजनक बताते हुए कहा कि वो उनके ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा करेंगे. उन्होंने कहा, "एक ओर भाजपा नेता मौन व्रत का नाटक कर रहे हैं दूसरी ओर महिलाओं का अपमान करते हैं. लोग सब देख रहे हैं."
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





















