बिहार के बक्सर रेप मामले में अभियुक्त गिरफ़्तार

इमेज स्रोत, Gopal Shoonya/BBC
- Author, नीरज प्रियदर्शी
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
बिहार के बक्सर में एक महिला के पिता ने मुरार थाने में अपनी बेटी के साथ गैंगरेप और उसके बच्चे की हत्या का मामला दर्ज कराया है.
मामले में दो लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है जबकि तीन अन्य अज्ञात हैं.
पुलिस ने एफ़आईआर में गैंगरेप का मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है.
अभियुक्तों में से एक ग़ैर अनुसूचित जाति का है जिस पर अनुसूचित जाति अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
एफ़आईआर में पिता का बयान
बक्सर के एसपी नीरज कुमार सिंह ने बीबीसी को बताया, "महिला और उनके परिवार वालों के बयान के आधार पर मुक़दमा दर्ज किया गया है. पुलिस की जांच भी इसी को आधार बनाकर हो रही है. दो नामजद में से एक अभियुक्त को गिरफ़्तार किया जा चुका है. अन्य की गिरफ़्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है."
घटना शनिवार की है. रविवार को दर्ज एफ़आईआर में पिता के बयान के मुताबिक़ "महिला अपने पांच साल के बच्चे के साथ बैंक में पैसा जमा कराने जा रही थी, तभी रास्ते में अभियुक्तों ने उसे पकड़ लिया. पास के जंगल में ले जाकर महिला का गैंगरेप किया. बच्चे की हत्या कर दी और दोनों को बांधकर फेंक नहर में फेंक दिया."
बक्सर के मुरार थाना के प्रभारी मनोज पाठक ने बीबीसी से कहा, "रविवार की सुबह गांववालों से ही पुलिस को इसकी सूचना मिली. तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस ने महिला और बच्चे को अपनी निगरानी में ले लिया. बहुत प्रयास के बाद भी बच्चे को नहीं बचा पाए क्योंकि उसकी मौत पहले ही डूबने से हो गई थी. महिला की मेडिकल जांच कराई गई है. मेडिकल रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ. हालांकि परिवारवालों का आरोप गैंगरेप का है, इसलिए पुलिस उस बिंदु पर भी जांच कर रही है."

इमेज स्रोत, BBC/Neeraj Priyadarshy
अभियुक्तों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज
पीड़िता महिला और उसके परिवारवालों ने जिन अभियुक्तों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराया है वे भी उन्हीं के गांव के हैं. उनके बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था.
महिला के पिता कहते हैं, "उनके साथ पहले से मामला चल रहा था एक बात को लेकर, लेकिन हमें यह कभी नहीं लगता था कि वे मेरी बेटी के साथ ऐसा करेंगे. मैं जब अपनी बेटी को नहर से बाहर निकाल रहा था तभी उसने मुझे उनका नाम बताया. बाद में उसने अपने 164 के बयान में भी उनका नाम लिया है."
गांव और स्थानीय इलाके में इस घटना की चर्चा प्रेम प्रसंग को लेकर भी है.
महिला के गांव के ही रहने वाले स्थानीय पत्रकार संजय कुमार के मुताबिक एक अभियुक्त के साथ संबंधों की चर्चा है पर यह भी सच है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है, मारपीट हुई है, उसके बच्चे की हत्या की गई है.
संजय ने बताया, "एक गिरफ़्तारी हुई है बाक़ी सभी लोग फ़रार हैं. घर में केवल महिलाएं हैं जो इस बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही हैं. पुलिस पीड़ित महिला के पति से भी पूछताछ कर रही है."

इमेज स्रोत, INDRANIL MUKHERJEE
क्या कह रही है पुलिस
बक्सर के एसपी नीरज कुमार सिंह के मुताबिक़, मजिस्ट्रेट के सामने दिया गया पीड़िता के 164 का बयान अभियुक्तों पर कार्रवाई के लिए पर्याप्त और ठोस आधार है.
उन्होंने कहा, "हालांकि पुलिस दूसरे बिंदुओं पर भी जांच कर रही है लेकिन मेडिकल रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो चुका है कि महिला के साथ दुष्कर्म किया गया है, इसलिए ढिलाई की कोई बात ही नहीं रह जाती है. बच्चे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद और भी सच्चाई सामने आएगी. एक अभियुक्त से पूछताछ में हमें जो जानकारियाँ मिली हैं उसके आधार पर हम जल्द ही बाकी अभियुक्तों को भी गिरफ़्तार कर लेंगे."
बक्सर के सदर अस्पताल में पीड़ित महिला का इलाज हो रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक़, महिला ख़तरे से बाहर है. लेकिन घटना के बाद से महिला के मन में डर है और बच्चे को खोने से वो सदमे में हैं.
महिला के पिता कहते हैं, "जो लोग तरह-तरह की बातें बना रहे हैं उन्हें एक बार मेरी बेटी की हालत देखनी चाहिए."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























