बिहार विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग यूं करेगा बदलाव-प्रेस रिव्यू

इमेज स्रोत, AFP
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने सोमवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख़ों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी.
चुनाव आयोग की टीम अगले दो-तीन दिनों में बिहार जाने वाली है. सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोविड 19 के कारण चुनाव से जुड़े मानकों में तब्दीली आएगी ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा सके. बिहार में कुल 7.29 करोड़ मतदाता हैं. इकनॉमिक टाइम्स ने इस ख़बर को दूसरे पन्ने पर छापा है.
सुनील अरोड़ा ने कहा, ''एक मतदान केंद्र पर अधिकतम मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1000 की जाएगी. इसका नतीजा यह होगा कि पोलिंग बूथ 40 फ़ीसदी बढ़ जाएंगे. मतलब 65 हज़ार से बढ़कर एक लाख मतदान केंद्र हो जाएंगे. इस बदलाव को ज़मीन पर उतारने के लिए व्यवस्था भी बढ़ानी होगी. बिहार की स्थिति की हाल ही में दो उप-चुनाव आयुक्तों ने समीक्षा की है.''
सुनील अरोड़ा ने कहा कि दुनिया भर के चुनाव आयोग महामारी के कारण मुश्किल स्थिति से जूझ रहे हैं.
अरोड़ा ने कहा कि महामारी में चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती है. चुनाव आयुक्त ने कहा कि भारत के लिए इसलिए और मुश्किल है क्योंकि यहां मतदाताओं की संख्या बहुत ज़्यादा है. उन्होंने कहा कि भौगोलिक और भाषिक विविधता भी चुनाव आयोग के लिए चुनौती की तरह होती है.
अरोड़ा ने कहा, ''बिहार में मतदाताओं की संख्या 2015 में 6.7 करोड़ से बढ़कर 2020 में 7.29 करोड़ हो गई है.'' सुनील अरोड़ा ने ये बातें एक अंतरराष्ट्रीय वेबिनार में कही हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत से चीन से यथास्थिति बहाल करने को कहा
भारत ने सोमवार को चीन से कहा कि टकराव वाले इलाक़े पैंगोंग त्सो, चुशूल और गोग्रा-हॉटस्प्रिंग से अपने सैनिकों को वापस बुलाए. भारत ने कहा कि चीन इस मामले में ठोस कार्रवाई करते हुए अपने सैनिकों को पूरी तरह से पीछे हटाए. टाइम्स ऑफ इंडिया ने इस ख़बर को पहले पन्ने पर छापा है.
अख़बार के अनुसार पैंगोंग त्सो-चुशूल में भारतीय सेना कई रणनीतिक ऊंचाई पर है. भारत ने चीन से सोमवार को छठे चरण की सैन्य बातचीत में कहा कि पूर्वी लद्दाख में पूरी तरह से यथास्थिति बहाल होनी चाहिए. अख़बार के अनुसार इस बातचीत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. भारत की तरफ़ से इस बातचीत का नेतृत्व 14 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह कर रहे हैं.
विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच 10 सितंबर को मॉस्को में तनाव घटाने के लिए पाँच सूत्री फॉमूले पर बनी सहमति को ज़मीनी स्तर पर आगे बढ़ाना अब भी दोनों देशों के लिए चुनौती है. इस बार की सैन्य बातचीत में भारत ने विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी नवीन श्रीवास्तव को भी अपने प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया है. सेना मुख्यालय ने लेफ्टिनेंट जनरल पीजीके मेनन को भी इस वार्ता में विशेष तौर पर भेजा है. मेनन 14वीं कोर का अगला कमांडर बनने वाले हैं. दोनों देशों के बीच बातचीत नौ बजे रात तक जारी थी.

इमेज स्रोत, Getty Images
सियासी घमासान के बीच रबी फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी
कृषि बिल को लेकर संसद से सड़क तक मचे घमासान में एक तरफ़ जहां विपक्ष सरकार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ख़त्म करने का आरोप लगा रहा है वहीं अचानक से केंद्र सरकार ने रबी फसलों की एमएसपी ने में बढ़ोतरी कर दी. इस ख़बर को दैनिक जागरण ने पहले पन्ने पर प्रमुखता से प्रकाशित किया है.
अख़बार ने लिखा है, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में रबी सीजन की फसलों की एमएसपी के मसौदे पर मुहर लगाई गई है. फ़ैसले की जानकारी केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने लोकसभा को दी. उन्होंने बताया कि गेहूँ की क़ीमत में 50 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है, जो 1975 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा. वहीं जौ का मूल्य 1600 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है.''
अख़बार के अनुसार दलहन फसलों में चने की क़ीमत 225 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाकर 5100 रूप भी ऊपर कर दिया गया. मसूर के एमएसपी में 300 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है जो अब 4,800 से बढ़कर 5100 रुपए प्रति क्विंटल हो गया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





















